ETV Bharat / state

जगन गुर्जर की तीये की बैठक में गुर्जर समाज की महापंचायत, पगड़ी रस्म तक मांगे पूरी करने का दिया अल्टीमेटम

गुर्जर समाज के युवा नेता प्रहलाद खटाना का आरोप है कि जगन की हत्या सुनियोजित साजिश के तहत की गई है.

Mahapanchayat of Gurjar community on Tiya of Jagan Gurjar
जगन गुर्जर की तीये की बैठक में गुर्जर समाज की महापंचायत, (ETV Bharat Dholpur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : July 3, 2026 at 7:50 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बाड़ी (धौलपुर): पूर्व दस्यु जगन गुर्जर के अंतिम संस्कार के अगले दिन बुधवार को उसके पैतृक गांव भभूतिपुरा में तीये की बैठक के साथ गुर्जर समाज की महापंचायत आयोजित की गई. महापंचायत में समाज के पंच-पटेलों और विभिन्न क्षेत्रों से आए जन-प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर जगन गुर्जर हत्याकांड में न्याय की मांग उठाई. महापंचायत में समाज की ओर से सरकार और प्रशासन को पगड़ी की रस्म तक लंबित मांगों पर कार्रवाई करने का अल्टीमेटम दिया गया. समाज का कहना है,कि यदि निर्धारित समय तक मांगें पूरी नहीं की गईं तो आगामी रणनीति बनाकर आंदोलन शुरू किया जाएगा.

युवा नेता प्रहलाद खटाना ने कहा कि अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में जगन गुर्जर की हत्या होना जेल प्रशासन और सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है. उनका आरोप है कि यह हत्या सुनियोजित साजिश के तहत की गई है. उन्होंने बताया कि हत्या के बाद प्रशासन ने अजमेर जेल में बंद जगन के भाई पप्पू गुर्जर को धौलपुर जेल शिफ्ट करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है.

गुर्जर समाज की ये हैं मांगें, देखें वीडियो (ETV Bharat Dholpur)

पढ़ें: जगन गुर्जर हत्याकांड: आरोपी विष्णु प्रोडक्शन वारंट पर जेल से गिरफ्तार, पूछताछ में खुलेंगे राज

उन्होंने बताया कि इसके अलावा हत्याकांड की सीबीआई जांच और जगन के परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी गई थी, जिन पर अभी तक अमल नहीं हुआ है. प्रहलाद खटाना ने कहा कि महापंचायत में समाज के पंच-पटेलों ने जगन के परिवार को न्याय दिलाने का संकल्प लिया है. यदि पगड़ी की रस्म तक सरकार और प्रशासन ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो गुर्जर समाज आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा.

People present at the Gurjar community's Mahapanchayat
गुर्जर समाज की महापंचायत में मौजूद लोग (ETV Bharat Dholpur)

पढ़ें: डकैत जगन गुर्जर की हत्या में सरकार के लोगों और अधिकारियों का हाथ, CBI से जांच करवाएं : बेनीवाल

यह है मामला: पिछले दिनों अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में बंद कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की कथित रूप से गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी. हत्या का आरोप उसी बैरक में बंद बंदी विष्णु जाट पर है. इस घटना के बाद गुर्जर समाज में व्यापक आक्रोश है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग लगातार उठाई जा रही है.