नोएडा में हत्या, बिहार में गिरफ्तारी, जानिए कैसे 5 लीटर शराब ने पुलिस को हत्यारे तक पहुंचाया
नोएडा के एक कमरे में शराब पार्टी, फिर सुबह एक लाश मिलती है, 1300 KM दूर बिहार से एक युवक गिरफ्तार. रिपोर्ट-मनीष

Published : August 18, 2026 at 9:06 AM IST
कटिहार: नोएडा के चर्चित महक अहमद हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी रमन राज का कनेक्शन अब कटिहार से जुड़ गया है. हत्या के मामले में नोएडा पुलिस जिस आरोपी की तलाश में कटिहार पहुंची थी, उसे कटिहार पुलिस ने करीब 5 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. अब नोएडा पुलिस आरोपी को अपने कब्जे में लेने की तैयारी में जुटी है.
क्या था मामला? : नोएडा के बरौला स्थित नेस्ट रेंटल पैनोरमा बिल्डिंग में 8 अगस्त को असम निवासी महक अहमद का शव बरामद होने के बाद सामने आए हत्याकांड में नया मोड़ आ गया है. इस मामले में कटिहार नगर थाना क्षेत्र के नया टोला निवासी रमन राज का नाम सामने आने के बाद नोएडा पुलिस उसकी तलाश में कटिहार पहुंची थी.

8 अगस्त की रात महक का शव बरामद : बताया जा रहा है कि बीटेक डिग्रीधारी रमन राज नोएडा की उसी बिल्डिंग के दूसरे फ्लोर पर किराए के कमरे में रहता था, जहां महक अपनी सहेली के साथ रहती थी. पुलिस के अनुसार, महक और रमन के बीच दोस्ती थी. 8 अगस्त की रात महक का शव रमन के कमरे से बरामद होने के बाद वह वहां से फरार हो गया.
कटिहार पहुंची नोएडा पुलिस : महक की मौत के बाद नोएडा पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए रमन राज की तलाश शुरू की. जांच के दौरान उसका संबंध कटिहार से सामने आने के बाद नोएडा पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए कटिहार पहुंची. लेकिन इसी बीच कटिहार में आरोपी की गिरफ्तारी ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया.

5 लीटर शराब ने पुलिस को हत्यारे तक पहुंचाया : कटिहार पुलिस ने रमन राज को शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार उसके पास से करीब 5 लीटर शराब बरामद की गई. शराबबंदी कानून के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
नोएडा में हत्या, बिहार में गिरफ्तारी : कटिहार डीएसपी विशाल आनंद के मुताबिक, ''नोएडा के महक अहमद हत्याकांड में रमन राज का नाम सामने आया है. हत्या के मामले में फरार आरोपी के कटिहार में पकड़े जाने के बाद अब नोएडा पुलिस उसकी कस्टडी लेने की प्रक्रिया में जुटी है.''
महक हत्याकांड में रमन से पूछताछ : ऐसे में एक तरफ नोएडा पुलिस महक हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए रमन से पूछताछ करना चाहती है, तो दूसरी तरफ कटिहार में शराब बरामदगी के मामले में उस पर कानूनी कार्रवाई शुरू हो चुकी है.

एक केस की तलाश दूसरे केस में गिरफ्तारी : महक हत्याकांड की जांच में रमन राज की भूमिका क्या है, महक की मौत कैसे हुई और वह नोएडा से फरार होकर कटिहार कैसे पहुंचा इन सवालों के जवाब अब उसकी गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद सामने आने की उम्मीद है. फिलहाल नोएडा के चर्चित हत्याकांड का आरोपी कटिहार में शराब के मामले में जेल पहुंच चुका है. अब दोनों राज्यों की पुलिस की कार्रवाई इस मामले की आगे की दिशा तय करेगी.
ये भी पढ़ें-
गोलियों की गूंज से दहला मोकामा, गोशाला में सो रहे किसान के सिर और कनपटी में मारी गोली
बिहार में पति-पत्नी की दर्दनाक मौत, चार मासूमों के सिर से उठा मां-बाप का साया

