ETV Bharat / state

मसूरी नवविवाहिता होमस्टे डेथ मिस्ट्री, महिला की मौत की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश, पढ़ें पूरी खबर

दिल्ली का नवविवाहित दंपति मसूरी के पास होमस्टे में रुका था, जहां कमरे में नवविवाहिता अचेत अवस्था में मिली थी.

MUSSOORIE NEWLYWED MURDER
मसूरी में महिला की रहस्यमयी मौत मामला (Photo-ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : July 9, 2026 at 7:22 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मसूरी: पहाड़ों की रानी मसूरी में पति के साथ घूमने आई दिल्ली की एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत अब गंभीर जांच का विषय बन गई है. धनोल्टी मार्ग स्थित टिपरीधार के एक होम स्टे में हुई इस घटना के बाद जिला प्रशासन ने पूरे प्रकरण की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश जारी कर दिए हैं. मामले में पहले ही कोतवाली मसूरी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जा चुका है. घटना ने पर्यटन नगरी में सनसनी फैला दी है और कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

पति संग घूमने आई थी नवविवाहिता: संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम मसूरी राहुल आनंद ने बताया कि मृतका की पहचान पी. राधा गायत्री (27 वर्ष) पत्नी सौम्या श्रीचरण निवासी शकरपुर, दिल्ली (वर्तमान पता किदवई नगर ईस्ट, दिल्ली) के रूप में हुई है. वह अपने पति के साथ मसूरी घूमने आई थीं और धनोल्टी मार्ग के टिपरीधार स्थित कियाना होम स्टे में ठहरी हुई थीं. बताया गया कि 15 जून 2026 को होम स्टे के कमरे में राधा गायत्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी थी.

हत्या या हादसा? हर पहलू की होगी गहन जांच: मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी देहरादून ने अब इसकी मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं. एसडीएम मसूरी राहुल आनंद को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है. जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि आखिर नवविवाहिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई. क्या यह आत्महत्या थी, दुर्घटना थी या फिर किसी आपराधिक साजिश का परिणाम? इन सभी बिंदुओं पर गहन पड़ताल की जाएगी. प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के पास इस घटना से जुड़ी कोई जानकारी, दस्तावेज या साक्ष्य हैं तो वे 17 जुलाई तक जांच अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं, ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा सके.

पुलिस जांच के साथ चलेगी मजिस्ट्रेटी पड़ताल इस मामले में कोतवाली मसूरी में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा पहले ही दर्ज है और पुलिस अपनी विवेचना कर रही है. अब मजिस्ट्रेटी जांच के समानांतर प्रशासनिक स्तर पर भी पूरे घटनाक्रम की समीक्षा होगी. जांच में होमस्टे के रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल, फॉरेंसिक साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा संबंधित व्यक्तियों के बयान भी अहम भूमिका निभा सकते हैं.

कई सवालों के जवाब तलाश रही जांच: दिल्ली से पति के साथ सैर-सपाटे के लिए आई नवविवाहिता की अचानक हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. घटना के समय कमरे में क्या परिस्थितियां थीं, मौत से पहले दंपती के बीच क्या हुआ, होम स्टे स्टाफ ने क्या देखा और मेडिकल रिपोर्ट क्या संकेत देती है इन सभी पहलुओं पर अब जांच एजेंसियां और प्रशासनिक टीम बारीकी से काम करेगी.

मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश के बाद इस चर्चित मामले में अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह केवल एक संदिग्ध मौत थी या इसके पीछे कोई आपराधिक षड्यंत्र छिपा है.

पढ़ें-