सिरमौर बस हादसे में मजिस्ट्रेट जांच के आदेश, इस वजह से हुआ एक्सीडेंट!
इस हादसे ने सार्वजनिक परिवहन में ओवरलोडिंग की समस्या पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : January 10, 2026 at 5:54 PM IST
सिरमौर: हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के हरिपुरधार क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर हुए भीषण निजी बस हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है. इस दर्दनाक हादसे में 14 लोगों की जान चली गई, जबकि 75 से अधिक लोग घायल हुए हैं. हादसे की गंभीरता को देखते हुए अब इसकी मजिस्ट्रेट जांच कराई जाएगी. हिमाचल प्रदेश इन डेथ स्टडी ऑफ रोड एक्सीडेंट कमेटी इस पूरे मामले की जांच करेगी, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके.
एसडीएम संगड़ाह करेंगे जांच की अगुवाई
डीसी सिरमौर प्रियंका वर्मा ने जानकारी दी कि संगड़ाह के एसडीएम की अध्यक्षता में जांच कमेटी का गठन किया गया है. यह कमेटी हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच करेगी और 15 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपेगी. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.
सड़क पर जमे पाले के कारण हुआ हादसा?
प्रारंभिक जांच के अनुसार, सड़क पर जमा पाला इस भीषण हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है. आशंका जताई जा रही है कि पाले के कारण बस अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ. हादसे में घायल हुए कई यात्रियों ने भी सड़क पर अत्यधिक फिसलन होने की पुष्टि की है. हालांकि प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण पूरी तरह स्पष्ट हो पाएंगे. हादसे में घायल लोगों का इलाज नाहन, सोलन, राजगढ़, चंडीगढ़ पीजीआई और शिमला के आईजीएमसी अस्पताल में चल रहा है. कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका विशेष निगरानी में उपचार किया जा रहा है.
ओवरलोडिंग पर उठे सवाल
गौरतलब है कि 11 जनवरी से गिरिपार क्षेत्र में पारंपरिक माघी पर्व शुरू होने वाला है. शनिवार और रविवार की छुट्टी के कारण बड़ी संख्या में लोग त्योहार मनाने के लिए अपने घर लौट रहे थे. लेकिन यह यात्रा कई परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दर्द बन गई. इस हादसे ने दुर्गम क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन में ओवरलोडिंग की गंभीर समस्या को एक बार फिर उजागर कर दिया है. बताया जा रहा है कि बस में क्षमता से लगभग दोगुनी सवारियां मौजूद थीं. डीसी प्रियंका वर्मा ने भी माना कि हादसे के समय बस में अत्यधिक यात्री सवार थे.
प्रशासन ने दी फौरी राहत
डीसी सिरमौर ने बताया कि मृतकों और घायलों के परिजनों को नियमानुसार फौरी राहत प्रदान कर दी गई है. साथ ही प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा भी दिया गया है.
ये भी पढ़ें: हिमाचल नंबर की कार और पंजाब रोडवेज में हुई जोरदार भिड़ंत, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

