माघ मेला 2026: बनारस में रेलवे ने पूरी की तैयारी, सुरक्षा और टिकटिंग से लेकर स्पेशल ट्रेनों तक की व्यवस्था
स्टेशन डायरेक्टर अर्पित गुप्ता ने बताया माघ पूर्णिमा का पहला स्नान 03 जनवरी को है. भीड़ के मद्देनजर ॉहोल्डिंग एरिया तैयार किया जा रहा है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 2, 2026 at 7:58 PM IST
वाराणसी: माघ मेला-2026 के लिए रेलवे ने अपनी तैयारी कर ली है. लाखों की संख्या में श्रद्धालु वाराणसी से होकर प्रयागराज के लिए जाएंगे. ऐसे में आसानी से बड़ी संख्या में वहां पहुंचने का साधन भारतीय रेलवे ही है. महाकुम्भ-2025 में भी इसी तरह से लोगों ने वाराणसी से जाकर स्नान किया था और पुण्य कमाया था.
ऐसे में रेलवे को उम्मीद है कि इस बार भी काशी से लाखों की संख्या में श्रद्धालु प्रयागराज माघ मेले के लिए जाएंगे. इसके लिए उनके स्टेशन पर रुकने की व्यवस्था के साथ ही टिकटिंग, सुरक्षा आदि की भी व्यवस्था की जा रही है, जिससे किसी को परेशानी न हो.
मुख्य परिसर में होल्डिंग एरिया बनाया जा रहा: स्टेशन डायरेक्टर अर्पित गुप्ता ने बताया कि माघ पूर्णिमा का पहला स्नान 03 जनवरी को होगा. निश्चित तौर पर वाराणसी में भीड़ बढ़ेगी. इसे देखते हुए रेलवे मुख्य परिसर में होल्डिंग एरिया तैयार कर रहा है. इस होल्डिंग एरिया में टिकटिंग, अनाउंसमेंट, बिजली आदि की पूरी व्यवस्था की जाएगी.

उन्होंने कहा कि अतिरिक्त सुरक्षा बल की मांग की गयी थी, वे भी हमारे पास पहुंचने शुरू हो गए हैं. उन्हें हम फुट ओवर ब्रिज, प्लेटफॉर्म या सर्कुलेटिंग एरिया में तैनात करेंगे, जिससे कि कहीं पर कोई भीड़ इकट्ठा न होने पाए और कोई अप्रिय घटना न हो.

24 घंटे डॉक्टर, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड रहेगी मौजूद: अर्पित गुप्ता ने कहा कि हमने अपनी मेडिकल टीम को भी निर्देश दिया है कि 24 घंटे स्टेशन पर एक डॉक्टर उपलब्ध रहेगा. जिला प्रशासन की सहायता से हमने एक एंबुलेंस और एक फायर ब्रिगेड की गाड़ी की 24x7 की मदद मांगी थी. इसे जिला प्रशासन ने मंजूरी दे दी है.

स्टेशन पर इसकी व्यवस्था भी चौबीस घंटे रहेगी. इसके साथ ही, हमने अतिरिक्त टिकटिंग स्टाफ की भी मांग की गयी है. अतिरिक्त बुकिंग काउंटर्स खोले जाएंगे. हमारे यहां 25 मशीन इस्तेमाल की जाती हैं. इसके अलावा मोबाइल यूटीएस में टिकटिंग स्टाफ घूम-घूमकर टिकट बांट सकता है. उनकी भी तैनाती हम यहां करेंगे.

बनारस स्टेशन से पांच स्पेशल ट्रेनें चलेंगी: स्टेशन डायरेक्टर अर्पित गुप्ता ने बताया कि बनारस स्टेशन से 05 स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा, जो हमारे वाराणसी कैंट स्टेशन से होकर गुजरेंगी. यात्री इसका लाभ उठा सकते हैं. इसके अलावा प्रयागराज, रामबाग और झूंसी से भी रिंग रेल की व्यवस्था की गई है. इसकी समय सारिणी पहले ही जारी की जा चुकी है. इसके अलावा कुछ ट्रेनें रेगुलर आधार पर प्रयाग स्टेशन पर रुकती नहीं थीं, उनका अतिरिक्त दो मिनट का ठहराव भी दिया गया है.
1.5 लाख से 2.0 लाख के बीच रहती है यात्रियों की संख्या: अर्पित गुप्ता ने कहा, हमने ट्रेनों की जानकारी अपने स्टाफ के साथ शेयर की है और उनकी काउंसिलिंग भी की है. उन्हें यह निर्देश दिए गए हैं कि अगर भीड़ में कोई किसी तरह की मदद मांगता है या कुछ भी पूछता है तो उनका मार्गदर्शन किया जाए. उनकी पूरी मदद की जाए.

सामान्य तौर पर वाराणसी जंक्शन स्टेशन पर सामान्य दिनों में 90,000 से 1,00,000 लाख की संख्या में यात्री रहते हैं. वहीं, त्योहार के सीजन में 1.5 लाख से 2.0 लाख के बीच में यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है. वाराणसी से होकर जाने के लिए स्पेशल ट्रेनों की समय सारिणी तैयार कर ली गई है.
वाराणसी मार्ग से विशेष रिंग रेल ट्रेनों का संचालन: माघ मेला-2026 के लिए वाराणसी मार्ग से विशेष रिंग रेल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा. ट्रेन संख्या 05101 जौनपुर, गाजीपुर सिटी, छपरा, थेवई, सिवान, बेतिया, मऊ, बलिया, जौनपुर के रास्ते चलेगी. इसकी तिथि 01 जनवरी से 17 फरवरी, 2026 तक रहेगी. इसका वाराणसी आगमन 1:35 बजे और प्रस्थान 1:40 बजे रहेगा. ट्रेन संख्या 05102 जौनपुर, बनारस, मऊ, बेतिया, सिवान, थेवई, छपरा, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर के रास्ते चलेगी.

इसकी तिथि 01 जनवरी से 17 फरवरी, 2026 तक रहेगी. इसका वाराणसी आगमन 6:15 बजे और प्रस्थान 6:20 बजे रहेगा. इसी तरह ट्रेन संख्या 05101 की दूसरी ट्रिप में वाराणसी आगमन 11:35 बजे और प्रस्थान 11:40 बजे होगा. साथ ही, ट्रेन संख्या 05102 की दूसरी ट्रिप में वाराणसी आगमन 16:50 बजे और प्रस्थान 16:55 बजे होगा.
02 जनवरी से 17 फरवरी, 2026 तक इन ट्रेनों का संचालन: वाराणसी मार्ग से चलने वाली ट्रेनों में 02 जनवरी से 17 फरवरी, 2026 तक की ट्रेनों में ट्रेन संख्या 04120 प्रयागराज, प्रयागराज रामबाग, बनारस, जौनपुर जंक्शन, जौनपुर सिटी, अयोध्या प्रयागराज के रास्ते चलेगी. वाराणसी आगमन 00:00 बजे और प्रस्थान 00:10 बजे होगा. वहीं, ट्रेन संख्या 04114 प्रयागराज, प्रयागराज रामबाग, बनारस, जौनपुर, अयोध्या प्रयागराज के रास्ते चलेगी. वाराणसी आगमन 4:15 बजे और प्रस्थान 4:25 बजे होगा.

वाराणसी आगमन 4:15 बजे और प्रस्थान 4:25 बजे होगा. साथ ही, ट्रेन संख्या 04111 प्रयागराज रामबाग, बनारस, जौनपुर, जौनपुर सिटी, अयोध्या, प्रयागराज के रास्ते चलेगी. साथ ही, ट्रेन संख्या 04113 प्रयागराज, प्रयागराज रामबाग, बनारस, जौनपुर, अयोध्या, प्रयागराज के रास्ते चलेगी.
यह भी पढ़ें- रायबरेली की मॉडर्न रेल कोच फैक्ट्री ने रचा इतिहास, एक महीने में बनाए 212 कोच, वंदे भारत के भी डिब्बे तैयार

