IG विकास वैभव का एक्शन, जहानाबाद साइबर थाने के इंस्पेक्टर को किया सस्पेंड
मगध आईजी विकास वैभव ने जहानाबाद साइबर थाने के इंस्पेक्टर पंकज कुमार को गंभीर लापरवाही पर सस्पेंड कर दिया है. पढ़ें कबर-

Published : May 29, 2026 at 11:20 AM IST
गया: बिहार में मगध क्षेत्र आईजी विकास वैभव का बड़ा एक्शन हुआ है. जहानाबाद साइबर थाने में पोस्टेड इंस्पेक्टर पंकज कुमार को सस्पेंड कर दिया गया है. इन पर मखदुमपुर (टेहटा) थाना कांड संख्या 321/25 एवं कांड संख्या 437/24 के अनुसंधान में गंभीर लापरवाही पाई गई थी. जहानाबाद एसपी की जांच रिपोर्ट और आईजी विकास वैभव की समीक्षा के बाद यह कार्रवाई हुई है.
आईजी की कार्रवाई से हड़कंप: सस्पेंड किए गए इंस्पेक्टर पंकज कुमार साइबर थाना जहानाबाद में पोस्टेड थे. उक्त कांडों में तत्कालीन अनुसंधानकर्ता थे. पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार के द्वारा कांड में गिरफ्तार अभियुक्तों को रिमांड पर लेकर पूछताछ नहीं की गई. वहीं, फरारियों के विरुद्ध न्यायालय से वारंट प्राप्त करने के लिए समय पर आवेदन समर्पित नहीं किया गया, जिससे कांड के आरोपितों को लाभ मिला.
कर्रवाई से पहले कराई गई पूरी जांच: समीक्षा के दौरान गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद आईजी मगध क्षेत्र विकास वैभव ने यह बड़ी कार्रवाई की. इससे पहले इसकी पूरी रिपोर्ट जहानाबाद एसपी से मंगाई गई. जांच रिपोर्ट और आईजी के समीक्षा के बाद साइबर थाना में पोस्टेड इंस्पेक्टर पंकज कुमार के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया गया.
साइबर थाना में पोस्टेड इंस्पेक्टर पर गंभीर आरोप: आईजी के हवाले से प्राप्त जानकारी के अनुसार जहानाबाद साइबर थाना में पोस्टेड इंस्पेक्टर पंकज कुमार पर गंभीर आरोप सामने आए थे. बताया जाता है, कि उक्त कांडो में अनुसंधान पदाधिकारी के रूप में रहे पंकज कुमार ने कांड के अनुसंधान में प्रगति और रिमांड से जुड़ा कोई स्पष्ट रिकॉर्ड स्टेशन डायरी में दर्ज नहीं किया था. इससे पूरे जांच की पारदर्शिता और गंभीरता पर सवाल था.
निलंबन की कार्रवाई की अनुशंसा: आईजी कार्यालय मगध द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक जहानाबाद द्वारा मामले की विशेष समीक्षा एवं प्रतिवेदन में उपकरणों उक्त कांडों के अनुसंधान में लापरवाही, उदासीनता, शिथिलता एवं अनुशासनहीनता का उल्लेख किया गया था और निलंबन की कार्रवाई की अनुशंसा की गई थी.
विभागीय कार्रवाई का निर्देश: आईजी विकास वैभव ने बताया कि समीक्षा में यह भी पाया गया कि अनुसंधान में बरती गई लापरवाही के कारण गंभीर प्रकृति के लूट, डकैती जैसे कांडों में अभियुक्त को न्यायालय से लाभ प्राप्त हुआ. इससे अनुसंधान की गुणवत्ता प्रभावित हुई और अपराध नियंत्रण एवं विधि व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की प्रबल संभावना उत्पन्न हुई. इस गंभीर लापरवाही के कारण इंस्पेक्टर पंकज कुमार को सस्पेंड किया गया. पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार वर्तमान पदस्थापना साइबर थाना जहानाबाद को तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन यापन भता पर निलंबित करते हुए उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.
"कांडों के अनुसंधान में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार के खिलाफ कार्रवाई की गई है. उन्हें सस्पेंड कर दिया गया है. वहीं, विभागीय जांच के भी निर्देश दिए गए हैं. वह साइबर थाना जहानाबाद में पोस्टेड थे. एसपी जहानाबाद की जांच रिपोर्ट के बाद और समीक्षा के दौरान यह कार्रवाई की गई है." -विकास वैभव, आईजी, मगध क्षेत्र गया
ये भी पढ़ें-
बिहार में निगरानी विभाग का एक्शन, 37000 रुपए घूस लेते पकड़ा गया स्वास्थ्य विभाग का क्लर्क
बिहार में 40 हजार की घूस लेते दो राजस्व कर्मी गिरफ्तार, जमीन म्यूटेशन के लिए मांगी थी रकम

