संभल में बुलडोजर एक्शन से पहले ही मदीना मस्जिद-मदरसा को हटा लिया गया, 20 निर्धन परिवारों में जमीन आवंटित
सरकारी जमीन से मदीना मस्जिद-मदरसे के अवशेषों को जिला प्रशासन ने पूरी तरह से कब्जा मुक्त करवा लिया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 4, 2026 at 5:09 PM IST
|Updated : January 4, 2026 at 8:59 PM IST
संभल: संभल में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाई गई मस्जिद और मदरसे की कहानी आज खत्म हो गई. सलेमपुर सालार गांव की गाटा संख्या 537 पर करीब 25 सालों से अवैध रूप से कब्जा करके बनाई गई मदीना मस्जिद और मदरसे के अवशेषों को जिला प्रशासन ने पूरी तरह से कब्जा मुक्त करवा लिया है. और जमीन 20 निर्धन परिवारों को आवंटित भी कर दी गई है.
रविवार को जिला अधिकारी डॉ राजेंद्र पेंसिया ने बताया कि यह भूमि निर्धन व्यक्तियों के लिए आरक्षित थी, लेकिन पिछले कुछ दशकों से इस पर कब्जा कर लिया गया था, जिसको आज प्रशासन ने हटवा कर जमीन निर्धन परिवारों को आवंटित कर दिया है. इस पर जल्द ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान भी बनाए जाएंगे.
”एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने कहा, “शासन की मंशा साफ है कि किसी भी समाज या गरीबों के जमीन पर माफिया या बाहुबलियों को कब्जा नहीं करने दिया जाएगा. इसी नीति के तहत सलेमपुर सालार गांव में मस्जिद और मदरसे को हटवाया गया है, चार महीने पहले ही मस्जिद कमीटी को नोटिस दिया गया था, जिसके बाद स्वयं ही मस्जिद कमेटी ने मदरसे और मस्जिद को हटा कर जमीन प्रशासन के हवाले कर दिया. ”एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने कहा कि "कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई थी, 6 थानों की फोर्स 2 प्लाटून पीएसी और स्थानीय पुलिस बल तैनात थे. प्रशासन की सख्त कार्रवाई और ग्राम समाज के सहयोग से यह मिशन पूरा किया गया.
वहीं तहसीलदार धीरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, 14 जून 2018 को लेखपाल की रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ था कि हाजी शमीम ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर मस्जिद का निर्माण कराया है, इस रिपोर्ट के आधार पर तहसीलदार न्यायालय में ग्राम सभा बनाम हाजी शमीम मुतवल्ली के नाम से मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसकी सुनवाई करते हुए न्यायालय ने हाजी शमीम पर अवैध निर्माण हटाने के साथ ही 8.78 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया था, इसके बावजूद निर्माण नहीं हटाया गया, जिसके बाद आज प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की तैयारी की और बुलडोजर कार्रवाई के लिए पहुंचा, लेकिन उससे पहले ही गांव के लोगों ने मस्जिद को पूरी तरह हटा लिया था.
यह भी पढ़ें : संभल में सरकारी जमीन पर बनी अवैध मस्जिद खुद ढहा रहे लोग, 4 जनवरी को होना था बुलडोजर का एक्शन
यह भी पढ़ें : संभल में जामा मस्जिद के पास कब्रिस्तान की 8 बीघा जमीन पर वर्षों से कब्जा; 22 मकान और दुकान चिह्नित, चलेगा बुलडोजर!

