ETV Bharat / state

MP वालों सावधान! बंगाल की खाड़ी में बना खतरनाक सिस्टम, कड़केगी बिजली, 3 दिन भारी बारिश

मध्य प्रदेश में फिर बिगड़ा मौसम, 50 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 3 दिन अति भारी बारिश की चेतावनी. विश्वास चतुर्वेदी की रिपोर्ट.

MADHYA PRADESH WEATHER UPDATES
मध्य प्रदेश में फिर बिगड़ा मौसम (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : August 31, 2026 at 9:18 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

भोपाल: मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो गया है. बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और सक्रिय मानसून ट्रफ के असर से प्रदेश के बड़े हिस्से में बारिश का दौर तेज हो गया है. मौसम विभाग ने 31 अगस्त को कई जिलों में भारी बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. वहीं अगले तीन दिन भी प्रदेश में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहने की संभावना है. इस दौरान कुछ जिलों में अति भारी बारिश होने की चेतावनी है.

आज इन जिलों में बारिश का अलर्ट, बिजली गिरने का खतरा
मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के अनुसार, ''31 अगस्त को पूर्वी मध्य प्रदेश में मानसून ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है. इनमें रीवा, मऊगंज, सतना, मैहर, पन्ना, छतरपुर, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडोरी, सिवनी, मंडला और बालाघाट में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

वहीं रीवा, मऊगंज, सतना, चित्रकूट, मैहर, पन्ना, छतरपुर और खजुराहो में मध्यम से भारी बारिश और तीव्र वज्रपात की चेतावनी है. इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, शिवपुरी, विदिशा, सागर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, गुना, दमोह, सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर और बड़वानी समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के आसार हैं.''

IMD HEAVY RAIN ALERT MP
भोपाल में जगह जगह भरा बारिश का पानी (ETV Bharat)

3 सितंबर तक कई जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का असर अगले 72 घंटे तक बना रह सकता है. 1 सितंबर को सीधी, उमरिया और मंडला में अति भारी बारिश की संभावना है, जबकि रायसेन, नर्मदापुरम, सिंगरौली, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, डिंडोरी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर और मैहर में भारी बारिश हो सकती है.

2 सितंबर को सतना, शहडोल, डिंडोरी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, दमोह और छतरपुर में अति भारी बारिश का खतरा है. वहीं, विदिशा, सीहोर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, अनूपपुर, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, पन्ना, सागर और मैहर में भारी बारिश हो सकती है.

3 सितंबर को नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, पन्ना, दमोह, छतरपुर और निवाड़ी में अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है. विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, बैतूल, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, छिंदवाड़ा, मंडला, बालाघाट, सागर, टीकमगढ़ और मैहर में भी तेज बारिश हो सकती है.

BANSAGAR DAM GATES OPENED
3 दिन अति भारी बारिश की चेतावनी (ETV Bharat)

नदी-नालों से रहें दूर, जलभराव वाले रास्तों पर न जाएं
लगातार बारिश के कारण सतना, चित्रकूट और शहडोल सहित कई इलाकों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है. बाणसागर बांध के गेट भी खोले गए हैं. ऐसे में निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति और कच्चे मकानों व अस्थायी ढांचों को नुकसान का खतरा बढ़ सकता है. प्रशासन और मौसम विभाग की चेतावनी को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है.

बीते 24 घंटे में इन जिलों में हुई बारिश
​बीते 24 घंटे के दौरान मध्य प्रदेश के विंध्य और महाकौशल अंचल में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, रीवा, सतना, मैहर, पन्ना, वारासिवनी (बालाघाट) और रामनगर में भारी से अति भारी वर्षा हुई है. ​इसके अलावा सीधी, सिंगरौली, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, खजुराहो (छतरपुर), कटनी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, रायसेन, नर्मदापुरम, भोपाल, दतिया, ग्वालियर, सागर, विदिशा और टीकमगढ़ में हल्की से मध्यम दर्ज की बारिश और गरज-चमक देखने को मिली. इन जिलों के कई नदी-नाले उफान पर आ गए.