मध्य प्रदेश में 72 घंटे खतरनाक, मौसम विभाग की चेतावनी, नोट कर लें ये डेट
भारतीय मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के लिए जारी किया अति भारी बारिश का अलर्ट, 24 से 26 अगस्त खतरनाक बारिश के आसार.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : August 24, 2026 at 2:59 PM IST
|Updated : August 24, 2026 at 4:40 PM IST
भोपाल : पिछले कई दिनों से मध्य प्रदेश में जारी मूसलाधार बारिश फिलहाल नहीं रुकेगी. आईएमडी ने इसी बीच मौसम को लेकर एक और अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश में अगले 72 घंटे खतरनाक बारिश हो सकती है. खासतौर पर पूर्वी मध्य प्रदेश के लिए भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

24 से 26 अगस्त खतरनाक, कोटा भी हो सकता है पूरा
आईएमडी के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, 24 अगस्त को मध्य प्रदेश के ज्यादातर हिस्से बारिश देखेंगे. वहीं, पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश का असर बहुत ज्यादा रहेग. इतना ही नहीं 25-26 अगस्त को बारिश का सिस्टम और स्ट्रॉन्ग हो सकता है. ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि औसत से पीछे चल रहे मध्य प्रदेश में बारिश का कोटा सितंबर तक पूरा भी हो सकता है. मध्य प्रदेश में अब तक औसतन 27.4 इंच बारिश हो जानी थी, लेकिन 23 अगस्त तक 24.4 इंच बारिश दर्ज की गई. इस लिहाज से 3 इंच कम बारिश हुई है. हालांकि, अगस्त के आखिरी कुछ दिनों बारिश कोटे के काफी करीब पहुंच सकती है.

मध्य प्रदेश के डैमों की ऐसी है स्थिति
जल संसाधन विभाग के मुताबिक फिलहाल मध्य प्रदेश के प्रमुख डैमों में अच्छा जल भराव देखने मिला है.कोलार 82%, राजघाट 86%, बरगी 86%, इंदिरा सागर 54%, गांधी सागर 67%, बाण सागर 65%, बारना 76% और तवा 46% तक भर चुका है. जबलपुर के बरगी डैम को गेट कई बार खोले जा चुके हैं. लेकिन छिंदवाड़ा, इंदौर और उज्जैन संभाग के डैमों की स्थिति बहुत खराब है. अगर बारिश का दौर ऐसे ही जारी रहा तो प्रमुख डैम लबालब हो सकते हैं, लेकिन एक सी बारिश नहीं होना कई क्षेत्रों के लिए चिंता का विषय भी है.
| डैम | जल भराव |
| तवा | 46% |
| इंदिरा सागर | 54% |
| गांधी सागर | 67% |
| कोलार | 82% |
| राजघाट व बरगी | 86% |
आज इन क्षेत्रों में होगी भारी बारिश
सोमवार यानी 24 अगस्त को सीधी, रीवा, सिंगरौली, उमरिया, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, छिंदवाड़ा, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल और पन्ना में भारी बारिश हो सकती है. वहीं, राजधानी भोपाल के साथ-साथ इंदौर, उज्जैन, सीहोर, मुरैना, श्योपुर समेत कई शहरों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
सभी जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग के मुताबिक 25-26 अगस्त के बीच बारिश में और तेजी देखी जाएगी. पूर्व क्षेत्र के साथ-साथ मध्य प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में जोर दार बारिश की संभावना जताई जा रही है. नदी-नालों के उफान पर होने से सभी जिलों को अलर्ट पर रखा गया है. वहीं, डैमों में भी पानी की आवक पर नजर रखी गई है.
अगस्त के अंत में बारिश दिखाएगी रौद्र रूप
आईएमडी के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर सुप्रीत के मुताबिक, '' पूर्व मध्य प्रदेश के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना है, जिसके प्रभाव से भारी और कहीं-कहीं अति भारी बारिश हो रही है. पिछले 24 घंटों में मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में 12 से 20 सेमी तक की बारिश दर्ज की गई है. ये सिस्टम अगले 2-3 दिन तक सक्रिय रहेगा.''
यह भी पढ़ें-
- उफनती नदी में टायर ट्यूब के सहारे स्कूल पहुंच रहे मास्साब, ई-अटेंडेंस का डर, जान जोखिम में
- मानसून में सफारी के लिए बेस्ट है बांधवगढ़, 12 महीने टाइगर दिखने की गारंटी, 47 दिन में पहुंचे 2000 टूरिस्ट
बारिश के साथ तूफानी हवाओं का भी अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक 25 अगस्त से पूर्व व पश्चिमी मध्य प्रदेश में बारिश के साथ तूफानी हवाएं भी चल सकती है. बारिश के साथ हवा की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटा हो सकती है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की संभावना भी जताई जा रही है और खतरे को देखते हुए बारिश के दौरान खुले स्थानों से बचने की सलाह भी दी गई है.

