मानसून का गदर! मध्य प्रदेश में IMD का पहला रेड अलर्ट, हैवी रेन के साए में हरदा-खंडवा
मध्य प्रदेश में मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी, हरदा-खंडवा समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 50 किमी घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं. विश्वास चतुर्वेदी की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : July 3, 2026 at 12:59 PM IST
भोपाल: मध्य प्रदेश में इस बार 9 दिन की देरी से आया दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूरे शबाब पर आ गया है. बीते 2 से 3 दिनों में मानसून ने प्रदेश के करीब 99 प्रतिशत हिस्से को कवर कर लिया है. इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल ने शुक्रवार के लिए सीजन का पहला रेड अलर्ट जारी कर दिया है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार हरदा और खंडवा जिलों में अत्याधिक भारी बारिश की संभावना है, जिसके चलते प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है. इसके साथ ही प्रदेश के अन्य 44 जिलों में भी झमाझम बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं.
9 दिन की देरी के बाद पूरे सूबे में छाया मानसून
मध्य प्रदेश में मानसून ने इस साल 24 जून को एंट्री ली थी. शुरुआती सुस्ती के बाद गुरुवार को मानसून ने उज्जैन, ग्वालियर और चंबल संभाग के बचे हुए जिलों में भी प्रवेश किया. मौसम विभाग के रिकार्ड के अनुसार, अब नीमच जिले के कुछ ऊपरी हिस्सों को छोड़कर पूरा मध्य प्रदेश मानसूनी बादलों की चपेट में है. हालांकि शुरुआती आंकड़ों को देखें तो अब तक प्रदेश के 38 जिलों में सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है. इसके विपरीत भोपाल, इंदौर और देवास जैसे प्रमुख शहरों में अब तक सबसे ज्यादा पानी गिर चुका है.

इन जिलों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के लिए मानसून की स्थिति को देखते हुए तीन श्रेणियों में चेतावनी जारी की है. इसके अनुसार हरदा और खंडवा जिलों में गरज-चमक और 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश का अनुमान है. मौसम केंद्र के अनुसार यहां 4 से 8 इंच तक पानी गिर सकता है. इन दोनों जिलों में रेड अलर्ट है.
वहीं बैतूल, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, धार और देवास जिलों के लिए अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. इन इलाकों में भी वज्रपात का खतरा बना हुआ है. इसके अलावा राजधानी भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, राजगढ़, रायसेन, नर्मदापुरम, सागर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, और बालाघाट समेत कुल 44 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.
- मध्य प्रदेश में बारिश का कहर, उज्जैन में तेज धार में बहे सहायक सचिव, इंदौर में 2 युवक की मौत
- सीहोर में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, बारिश से सोयाबीन, मक्का और धान का बढ़ेगा प्रोडक्शन
- मूसलाधार बारिश से देवास बना तालाब, नदी-नालों में उफान, बाल-बाल बची युवक की जान
तापमान में भारी गिरावट, लोगों को मिली राहत
लगातार हो रही बारिश के चलते मध्य प्रदेश के कई शहरों में दिन के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है. राजधानी भोपाल में गुरुवार शाम को सिर्फ 2 घंटे के भीतर हुई आधा इंच बारिश की वजह से तापमान में सीधे 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई. दोपहर के समय जहां पारा 31.4 डिग्री पर था, वहीं शाम होते-होते यह गिरकर 26.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया. इसी तरह पिछले 24 घंटों में प्रदेश के 16 बड़े शहरों और कस्बों में भारी बारिश रिकार्ड की गई है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है.
क्या कहते हैं मौसम विज्ञानी
मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के अनुसार, ''उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे ओडिशा तट के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. इसके साथ ही एक चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है, जो समुद्र तल से 7.6 किमी की ऊंचाई तक फैला हुआ है. इन दोनों मजबूत सिस्टम्स के सक्रिय होने के कारण अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मध्य प्रदेश की ओर आ रही है.'' मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी 2 से 3 दिनों तक पूरे प्रदेश में बारिश का यह दौर इसी तरह जारी रहेगा और कुछ अन्य क्षेत्रों में भी भारी बारिश की स्थिति बन सकती है.

