ETV Bharat / state

मध्य प्रदेश में बारिश का कहर, उज्जैन में तेज धार में बहे सहायक सचिव, इंदौर में 2 युवक की मौत

मध्य प्रदेश में भारी बारिश के बाद उफान पर हैं नदी-नाले, जलमग्न हुई सड़कें, नाले में बहे कई लोग, इंदौर में 2 लोगों की मौत.

MADHYA PRADESH HEAVY RAINS
भारी बारिश के बाद नाले में बहे कई लोग (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : July 3, 2026 at 10:28 AM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

उज्जैन/मंडला/इंदौर: मध्य प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार शाम झमाझम बारिश हुई. जिसके बाद नदी-नाले उफान पर आ गए. इस दौरान उज्जैन के इंगोरिया थाना क्षेत्र के गांव गांवड़ी लोधा में सहायक सचिव नाले में बह गए, जिनका शुक्रवार सुबह तक कोई सुराग नहीं लग पाया. वहीं, एक युवक रपट पुलिया पार करने के दौरान बाइक सहित पानी के तेज बहाव के साथ बह गया. गनीमत रही कि वह तैरने जानता था, जिससे तैरकर वह किनारे पहुंचा और झाड़ियां पकड़ कर अपनी जान बचा ली. लेकिन इस घटना में उसी बाइक पानी में बह गई. वहीं, इंदौर में नाले में बहकर 2 युवकों की मौत हो गई है.

सहायक सचिव नहीं मिला कोई सुराग

इंगोरिया थाना प्रभारी दीपेश व्यास ने बताया, "गांवड़ी लोधा ग्राम पंचायत के सहायक सचिव सूर्य प्रताप सिंह सोनगरा गुरुवार शाम 07:30 बजे करीब घर लौट रहे थे. तभी नाले पर बनी पुलिया को बाइक से पार करने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वे बाइक सहित बह गए." इस मामले में होमगार्ड की प्लाटून कमांडर शीला ने बताया, "बड़नगर से जवानों को भेज दिया गया है. रात होने के कारण रेस्क्यू संभव नहीं हो पाया है. रेस्क्यू टीम सुबह 6 बजे रवाना होगी." रात के करीब 1 बजे सहायक सचिव की बाइक मिली, तो लोगों को उम्मीद जगी, लेकिन शुक्रवार सुबह तक सहायक सचिव का कोई सुराग नहीं मिला है.''

उज्जैन में बाइक सहित नाले में बहे सहायक सचिव (ETV Bharat)

लोगों ने पुलिया पार नहीं करने की दी सलाह, नहीं मानी

गुरुवार शाम तेज बारिश के चलते जगोटी-खेड़ा खजुरिया मार्ग पर झालड़ा खाल की रपट पुलिया पर पानी का बहाव तेज हो गया. जिससे दोनों ओर आवागमन बंद हो गया. पुलिया पर बहते पानी को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. इसी दौरान शाम करीब 7 बजे जगोटी निवासी केशु पिता आत्माराम आंजना अपने खेत से मोटरसाइकिल लेकर घर लौट रहे था. ग्रामीणों ने उन्हें तेज बहाव के कारण पुलिया पार नहीं करने की सलाह दी, लेकिन वह मोटरसाइकिल हाथ में पकड़कर रपटा पार करने लगा.

पुलिया पार करने के दौरान उज्जैन में बाइक सहित पानी में बहा युवक (ETV Bharat)

मदद करने वाले लोग भी तेज बहाव देख पीछे हटे

इस दौरान वह पानी की तेज धार के साथ बहने लगा, तो 2 अन्य लोगों ने उसकी मदद करने की कोशिश की. लेकिन पानी का दबाव इतना अधिक था कि दोनों को पीछे हटना पड़ा. वहीं केशु ने मोटरसाइकिल नहीं छोड़ी और देखते ही देखते बाइक समेत पानी के तेज बहाव में बह गया. कुछ दूरी तक बहने के बाद युवक ने तैरते हुए किनारे पर मौजूद पेड़ की झाड़ियों को पकड़ लिया और किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया. इस हादसे में उसकी जान तो बच गई, लेकिन मोटरसाइकिल पानी में बह गई, जिसका देर रात तक कोई पता नहीं चल सका.

MP PEOPLE SWEPT AWAY IN STREAMS
उज्जैन में नाले में बह गए सहायक सचिव (ETV Bharat)

इंदौर में नाले में बह कर 2 युवकों की मौत

भारी के कारण इंदौर के लसूडिया और द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में रहने वाले 3 युवक तेज बहाव के नाले में बह गए. जिसमें से 2 युवकों की मौत हो गई. जिसमें से 1 युवक का शव बरामद कर लिया गया और दूसरे का शव पुलिस तलाश रही है.

बताया गया कि लसुड़िया थाना क्षेत्र में रहने वाला गोलू पवार अपने पिता को खाना देने के लिए जा रहा था. इसी दौरान उसका पैर फिसल गया, जिससे वह नाले में चला गया और बह गया. इसकी जानकारी परिजन को लगी, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पुलिस ने देर रात रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, तो कुछ मीटर दूरी पर उसका शव मिला.

MP RIVERS STREAMS SPATE FOLLOWING
उज्जैन में पानी में डूबा मंदिर (ETV Bharat)

वहीं, दूसरी घटना इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र की है, जहां अहीर खेड़ी निवासी महेश चौहान अपने साथी मनीष के साथ बाइक से घर जा रहा था. इसी दौरान दोनों बाइक एक नाले को क्रॉस कर रहे थे. तभी अचानक से बाइक सहित दोनों बह गए. जैसे-तैसे कर मनीष तो बाहर निकल आया, लेकिन महेश का कुछ पता नहीं चला. इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और उसकी तलाश कर रही है.

भारी बारिश के चलते मंडला में जलमग्न हुई सड़कें (ETV Bharat)

मंडला में जलमग्न हुई सड़कें

मंडला नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 14 सुभाष वार्ड में पहली ही बारिश पूरी सड़क जलमग्न हो गई. गंदा पानी कई घरों में घुस गया. करीब एक घंटे बाद सड़क से पानी तो उतर गया, लेकिन पूरी सड़क पर कीचड़ और गंदगी फैल गई. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जनसुनवाई के दौरान नगरपालिका अधिकारियों ने 1 सप्ताह में समस्या के समाधान का भरोसा दिया था, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जलभराव के कारण भविष्य में कोई दुर्घटना, जनहानि या अन्य अप्रिय घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी नगरपालिका प्रशासन की होगी.