'बाबूजी के लिए दारू..', बिहार में शराब के साथ पकड़ा गया होमगार्ड जवान, SP ने किया निलंबित
मधुबनी में होमगार्ड जवान के बैग से शराब की बोतल मिलने पर बड़ा एक्शन लिया गया है. एसपी ने दिया गिरफ्तारी का आदेश. पढ़ें खबर-

Published : December 23, 2025 at 12:49 PM IST
मधुबनी: बिहार के मधुबनी जिले के बिस्फी थाना क्षेत्र में एक होमगार्ड जवान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में जवान निजी बाइक पर कहीं जा रहा था. इस दौरान कुछ युवकों ने उसके बैग की तलाशी ली तो उसमें से शराब की बोतल निकली. जिसके बाद जवान बोतल को फेंकने की भी कोशिश करता नजर आया.
एसपी ने लिया सख्त एक्शन: मामला सामने आते ही मधुबनी के पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार हरकत में आए. उन्होंने वीडियो की जांच कराई और दोषी पाए गए होमगार्ड जवान विजय कुमार को तत्काल निलंबित कर दिया. इसके बाद उन्हें सेवा से बर्खास्त करने का आदेश जारी किया गया है.
एफआईआर दर्ज, गिरफ्तारी का आदेश: एसपी ने जवान के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए. साथ ही उनकी गिरफ्तारी कर जेल भेजने का आदेश दिया गया. होमगार्ड कमांडेंट को भी सूचना भेजी गई है, ताकि उन्हें हमेशा के लिए ब्लैकलिस्ट किया जा सके.
मद्य निषेध पर जीरो टॉलरेंस नीति: एसपी योगेंद्र कुमार ने स्पष्ट किया कि मद्य निषेध कानून को लेकर पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है. पुलिस विभाग का कोई व्यक्ति हो या आम नागरिक, शराबबंदी का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सरकारी सेवा में रहते हुए ऐसा उल्लंघन गंभीर अपराध है.
बिस्फी थाना में प्रतिनियुक्त BHG सिपाही का सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त एक वीडियो के संदर्भ में अद्यतन प्रतिवेदन:- #HainTaiyaarHum#BiharPolice#Bihar @bihar_police @BiharHomeDept @IPRDBihar pic.twitter.com/GNOUzBCvII
— Madhubani Police (@MadhubaniPol) December 22, 2025
“मद्य निषेध को लेकर जीरो टॉलरेंस पॉलिसी पर हम लोग काम कर रहे हैं. पुलिस विभाग में कोई व्यक्ति हो या आम शख्स, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.”- योगेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक, मधुबनी
बिहार में शराबबंदी की चुनौतियां बरकरार: बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद अवैध शराब कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा. इस घटना से एक बार फिर सवाल उठे हैं कि कानून लागू करने वाले ही अगर नियम तोड़ें तो आम लोग कैसे मानेंगे.
पुलिस की सतर्कता जरूरी: यह मामला पुलिस महकमे के लिए सबक है. वहीं एसपी की त्वरित कार्रवाई से संदेश दिया है कि गुनाहगार कोई भी हो, सजा मिलेगी. फिलहाल वायरल वीडियो की गहन जांच जारी है, ताकि पूरी सच्चाई सामने आए.
ये भी पढ़ें-
बिहार में ट्रक ड्राइवर से रिश्वत में आलू मांगना पड़ा भारी, 11 होमगार्ड निलंबित
बिहार में फिर पकड़ा गया फर्जी दरोगा, गृह रक्षक भर्ती में दिखा रहा था रौब
पहले फर्जी IPS, इसके बाद Hero, अब 'ठग' बना मिथलेश मांझी, नौकरी के नाम पर 12 युवकों से ठगी का आरोप

