ETV Bharat / state

रामगंज मंडी में गौ माता महोत्सव, बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री करेंगे श्रीराम कथा का वाचन

मदन दिलावर अपने विधानसभा क्षेत्र रामगंज मंडी में गौ माता महोत्सव का आयोजन करवा रहे हैं. पंडित धीरेंद्र शास्त्री 23-25 जनवरी को श्रीराम कथा सुनाएंगे.

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (ETV Bharat File Photo)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 4, 2026 at 2:49 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर अपने विधानसभा क्षेत्र रामगंज मंडी में एक बड़े धार्मिक आयोजन की तैयारी कर रहे हैं. इस आयोजन के तहत बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 23 से 25 जनवरी तक गौ माता महोत्सव में श्रीराम कथा का वाचन करेंगे. इससे पहले 22 जनवरी को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी. मंत्री मदन दिलावर ने बताया कि यह आयोजन गौ माता के संरक्षण और समाज में जागरूकता लाने के उद्देश्य से किया जा रहा है. साथ ही पंडित धीरेंद्र शास्त्री गौ माता संरक्षण की अपील भी करेंगे.

गौवंश के साथ हो रही क्रूरता पर चिंता: दिलावर ने कहा कि वर्तमान समय में गौवंश की स्थिति चिंताजनक है. गौ माता को सड़कों से खदेड़ा जा रहा है और वे निराश्रित होकर भटकने को मजबूर हैं. शिक्षा मंत्री ने कहा कि गौ माता को डंडे मारकर बाहर निकाल दिया जाता है, वे इधर-उधर भटकती रहती हैं. कई बार उन्हें ट्रकों में भरकर बूचड़खानों तक ले जाया जाता है. इसके अलावा पॉलिथीन के अत्यधिक उपयोग से सड़कों पर फेंकी गई पॉलिथीन खाने से गौवंश की मौत हो जाती है. मंत्री ने बताया कि राजस्थान में हर साल सड़कों पर गोवंश से टकराने की घटनाओं में करीब 5000 लोगों की जान चली जाती है. ऐसे में गौ माता और आमजन दोनों की सुरक्षा जरूरी है.

शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर (ETV Bharat Jaipur)

इसे भी पढ़ें- आचार्य धीरेंद्र शास्त्री कोटा में करेंगे राम कथा, लगेगा दिव्य दरबार

पुरानी परंपराओं को पुनर्जीवित करने का आह्वान: मदन दिलावर ने कहा कि गौ माता के संरक्षण को लेकर पंडित धीरेंद्र शास्त्री से अनुरोध किया गया था कि गौ माता महोत्सव में आकर श्रीराम कथा कहें और लोगों को याद दिलाएं कि पहले गांवों में ग्वाले नियुक्त होते थे, जो गौवंश को चराने ले जाते थे और शाम को सभी गायें अपने घर लौट आती थीं. उस समय घरों में गोबर और गोमूत्र के उपयोग से स्वच्छता और पवित्रता बनी रहती थी, छोटी-मोटी बीमारियों के कीटाणु स्वतः समाप्त हो जाते थे. इसी परंपरा और गौ संरक्षण की भावना को पुनर्जीवित करने के लिए यह आयोजन किया जा रहा है.

सबसे बड़ा गौ संरक्षण से जुड़ा धार्मिक आयोजन: मंत्री ने दावा किया कि गौ माता महोत्सव के नाम से यह धीरेंद्र शास्त्री का पहला आयोजन होगा और इसे हिंदुस्तान का सबसे बड़ा गौ संरक्षण से जुड़ा धार्मिक कार्यक्रम बनाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने राजस्थान के सभी निवासियों, गोभक्तों और धर्म प्रेमियों से 23, 24 और 25 जनवरी को रामगंज मंडी पहुंचकर कथा श्रवण करने की अपील की.

इसे भी पढ़ें- बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री 25 से 27 फरवरी तक पुष्कर में पहली बार करेंगे हनुमंत कथा

सामाजिक बुराइयों को दूर करने में धर्मगुरुओं की भूमिका: मदन दिलावर ने कहा कि सामाजिक बुराइयों को दूर करने में धर्मगुरुओं की अहम भूमिका होती है, क्योंकि जनता उनका सम्मान करती है और उनकी बातों का समाज पर गहरा प्रभाव पड़ता है. यदि सभी धर्मगुरु गलत कुरीतियों के खिलाफ संदेश दें, तो सकारात्मक असर जरूर दिखता है. आज कई धर्मगुरु यह प्रयास कर रहे हैं और समाज में इसका प्रभाव नजर आने लगा है.