शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोपी SDRF का सिपाही गिरफ्तार, मकान के नाम पर 9 लाख ठगे
मैट्रीमोनियल साइट के जरिए युवती से बढ़ाई थी जान पहचान. हुसैनगंज पुलिस ने आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 10, 2026 at 12:49 PM IST
लखनऊ : हुसैनगंज पुलिस ने SDRF में तैनात सिपाही को युवती के यौन शोषण और धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया है. आरोपी सिपाही ने मैट्रीमोनियल साइट के जरिए युवती से पहचान बढ़ाई थी. इसके बाद शादी का झांसा देकर होटल ले जाकर दुष्कर्म किया और फिर मकान दिलाने के नाम पर नौ लाख रुपये भी हड़प लिए. आरोपी सिपाही बहराइच का रहने वाला है.
हुसैनगंज थाना प्रभारी शिवमंगल सिंह के मुताबिक युवती कानपुर की रहने वाली है. युवती की तहरीर के अनुसार वर्ष 2024 में उसकी जान पहचान मैट्रीमोनियल साइट के जरिए बहराइच निवासी शोभित भल्ला से हुई थी. शोभित वर्तमान में बिजनौर स्थित SDRF मुख्यालय में सिपाही पद पर तैनात है. बातचीत के दौरान शोभित ने युवती को शादी का भरोसा दिया और होटल ले जाकर दुष्कर्म किया.
आरोप है कि शोभित ने डरा-धमकाकर आर्थिक ठगी की और लखनऊ में मकान दिलाने का लालच दिया. इसके एवज में कई बार में 9 लाख रुपये ले लिए. युवती ने शादी का दबाव बनाया तो शोभित मुकर गया और जान से मारने की धमकी देने लगा. इसके बाद युवती ने हुसैनगंज थाने में तहरीर दी थी. SDRF सिपाही शोभित भल्ला को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया गया है. वहीं पुलिस विभाग भी आरोपी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की तैयारी कर रहा है.

