ETV Bharat / state

लखनऊ में रफ्तार का कहर; कार की टक्कर से बाइक सवार दंपती की मौत

​बीबीडी इंस्पेक्टर राम सिंह ने बताया कि हादसे में पति-पत्नी की मौत हुई है. कार चालक के खिलाफ मुक़दमा दर्ज किया गया है.

Photo Credit: ETV Bharat
सीता देवी और देवेंद्र कुमार की मौत. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : March 2, 2026 at 10:07 PM IST

|

Updated : March 2, 2026 at 10:16 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ: लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में दंपती की जान चली गई. बाराबंकी में भर्ती एक रिश्तेदार का हालचाल जानकर बाइक से लौट रहे दंपती को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी. अनौरा कला के पास हुए इस हादसे में देवेंद्र कुमार और उनकी पत्नी सीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गए थे. अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया.

टक्कर के कारण काफी दूर गिरे पति-पत्नी: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दंपती बाइक समेत सड़क पर काफी दूर जाकर गिरे. मूल रूप से बाराबंकी के निवासी देवेंद्र कुमार (38) लखनऊ की एक फैक्ट्री में काम करते थे. वह अपनी पत्नी सीता देवी (36) के साथ चिनहट के बेहटा इलाके में किराए पर रहते थे. सोमवार दोपहर जब वे अपनी बाइक (UP41 BD 3990) से वापस लौट रहे थे, तभी अनियंत्रित कार ने उन्हें पीछे से रौंद दिया.

अस्पताल में इलाज के दौरान मौत: दुर्घटना की सूचना मिलते ही बीबीडी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने राहगीरों की मदद से लहूलुहान दंपती को तुरंत डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया. घाव इतने गहरे और चोटें इतनी गंभीर थीं कि डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका. डॉक्टरों ने अंततः दोनों को मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

मासूम बच्चों के सिर से उठा साया: इस हादसे ने दो मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता का साया हमेशा के लिए छीन लिया है. देवेंद्र कुमार के भाई संजीव कुमार ने बताया कि पीछे दो छोटे बच्चे, बेटा आदित्य और बेटी अदिति रह गए हैं. इन बच्चों की परवरिश और भविष्य को लेकर अब परिवार चिंता में है. पुलिस ने दुर्घटना करने वाली कार को कब्जे में ले लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है.

पुलिस को फरार आरोपी की तलाश: बीबीडी इंस्पेक्टर राम सिंह ने बताया कि कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपी चालक दुर्घटना के बाद मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश तेज कर दी गई है. पुलिस की टीमें गठित की गई हैं, ताकि जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जा सके. फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और विधिक प्रक्रिया पूरी की.

यह भी पढ़ें- बनारस में 3 लाख पौधे लगाने के रिकॉर्ड पर उठे सवाल, निगम ने कहा- पौधों को नुकसान पहुंचाने वालों पर होगी FIR

Last Updated : March 2, 2026 at 10:16 PM IST