ETV Bharat / state

अब कीजिए लखनऊ दर्शन; पर्यटकों के लिए इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस को हरी झंडी, यह रहेगा किराया और रूट

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने दिखाई हरी झंडी, शहर की ऐतिहासिक विरासतों के साथ विधानसभा से पर्यटक होंगे रूबरू.

लखनऊ दर्शन बस सेवा की शुरुआत.
लखनऊ दर्शन बस सेवा की शुरुआत. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 6, 2026 at 1:56 PM IST

|

Updated : January 6, 2026 at 5:05 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ: देश के विभिन्न राज्यों के साथ ही विदेश से आने वाले सैलानी अब शहर की ऐतिहासिक विरासतों को करीब से जान सकेंगे. इन विरासतों तक पहुंचने के लिए उन्हें बहुत परेशान भी नहीं होना पड़ेगा. लखनऊ दर्शन बस सेवा में टिकट बुक कराने के बाद शहर के उन स्थलों का भ्रमण आराम से कर सकेंगे, जिन्हें देखने की ख्वाहिश होगी. उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने मंगलवार को 1090 चौराहे से 'लखनऊ दर्शन' बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. बुधवार से यह बस सेवा आम जनता के लिए उपलब्ध होगी. इस मौके पर पर्यटन मंत्री ने एलान किया कि कुछ दिनों बाद बस सेवा को प्रेरणा पार्क तक ले जाएंगे, साथ ही यह भी बताया कि पर्यटक बाहर से सिर्फ विधानसभा नहीं देखेंगे, यह बस अंदर परिसर तक गाइड के साथ जाएगी और विधानसभा के बारे में पर्यटकों को जानकारी दी जाएगी.

इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस (Video Credit; ETV Bharat)

उद्घाटन अवसर पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने 'लखनऊ दर्शन' इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा के दो सफल मॉक ड्रिल के बाद अब शहरवासियों और पर्यटकों को 7 जनवरी से नियमित सिटी टूर का अनुभव मिलेगा. यह पहल न सिर्फ लखनऊ की विरासत को नए अंदाजज में प्रस्तुत करेगी, बल्कि सतत पर्यटन को भी सशक्त बनाएगी.

सुबह साढ़े आठ से 11:30 बजे वाली बस सेवा का रूट: मंत्री ने बताया कि लखनऊ दर्शन बस सेवा पर्यटकों के लिए सुबह और शाम दोनों समय उपलब्ध होगी. सुबह की बस सेवा 08:30 बजे से 11:30 बजे तक की होगी. यात्रा की शुरुआत 1090 चौराहे से होगी. यात्रा के दौरान पर्यटक राजभवन, जीपीओ व हजरतगंज के आकर्षण से रूबरू होंगे. इसके बाद पर्यटकों को बेगम हजरत महल पार्क, ग्लोब पार्क, छतर मंजिल होते हुए वर्ष 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े ऐतिहासिक रेजीडेंसी परिसर (40 मिनट) घुमाया जाएगा. बस सिब्तैनाबाद इमामबाड़ा से गुजरते हुए बस फिर हजरतगंज पहुंचेगी, जहां विधान सभा भवन (40 मिनट) का विशेष भ्रमण कराया जाएगा. इसके बाद राजभवन, कैथेड्रल चर्च के रास्ते बस यूपी दर्शन पार्क पहुंचेगी. यहां 30 मिनट तक घुमाया जाएगा. आगे यह यात्रा आंबेडकर पार्क, गोमती रिवर फ्रंट के सुंदर रास्तों से गुजरते हुए 1090 चौराहे पर संपन्न होगी. इस टूर पैकेज में रेजीडेंसी और उत्तर प्रदेश दर्शन पार्क में प्रवेश के लिए टिकट शामिल रहेगा, साथ ही विधान सभा भवन में विशेष प्रवेश की व्यवस्था भी की गई है.

Photo Credit; ETV Bharat
डबल डेकर बस (Photo Credit; ETV Bharat)

शाम वाली बस सेवा का रूट: लखनऊ दर्शन बस सेवा पर्यटकों के लिए शाम के समय 4 बजे से 7 बजे के लिए तय की गई है. 1090 चौराहा, गोमती नगर से शुरू होने वाली यह बस यात्रियों के साथ यूपी दर्शन पार्क (30 मिनट) पहुंचेगी. आंबेडकर पार्क, गोमती रिवर फ्रंट, कैथड्रिल चर्च, राजभवन के रास्ते पर्यटक यूपी विधानसभा (40 मिनट) पहुंचेंगे. इसके बाद सिब्तैनाबाद इमामबाड़ा से होते हुए रेजीडेंसी पहुंचेंगे, जहां लाइट एंड साउंड शो का आनंद लेंगे. आगे यह यात्रा छतर मंजिल, ग्लोब पार्क, बेगम हजरत महल पार्क और जीपीओ के रास्ते फूड वैली पहुंचकर संपन्न होगी. मंत्री ने बताया कि कुछ दिन बाद इस बस को प्रेरणा पार्क तक चलाया जाएगा.

यह रहेगा बस का किराया: पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि लखनऊ दर्शन बस सेवा के लिए यात्री अपनी सुविधा के अनुसार सुबह या शाम के टूर पैकेज का चयन कर सकते हैं. वयस्कों (12 वर्ष से अधिक आयु) के लिए प्रति व्यक्ति किराया 500 रुपए और बच्चों (05 से 12 वर्ष आयु) के लिए 400 रुपए प्रति यात्री भुगतान करना होगा. यात्रा के दौरान यात्रियों को हल्का जलपान उपलब्ध कराया जाएगा. ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के उद्देश्य से 31 जनवरी तक टिकट बुकिंग पर 10 प्रतिशत की छूट भी दी जाएगी. यात्री https://www.upstdc.co.in/ से टिकट बुक कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें: यूपी में जनगणना; छह लाख कर्मचारी तैनात होंगे, जानिए कब होगी जाति की गणना, सबकुछ डिजिटल

Last Updated : January 6, 2026 at 5:05 PM IST