ETV Bharat / state

Cervical Cancer Vaccination; यूपी में 46 लाख किशोरियों को लगेगी मुफ्त वैक्सीन

किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी स्थित अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अभियान का शुभारंभ किया.

Cervical Cancer Vaccination; यूपी में मुफ्त वैक्सीन
Cervical Cancer Vaccination; यूपी में मुफ्त वैक्सीन (Photo Credit : ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : March 1, 2026 at 8:45 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ : “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और बेटी को सर्वाइकल कैंसर से बचाओ” इसी संदेश के साथ उत्तर प्रदेश में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई. इस कार्यक्रम से डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक एवं विभागीय अधिकारी केजीएमयू से वर्चुअल माध्यम से जुड़े. अभियान का शुभारंभ अवसर पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि बेटियों को सर्वाइकल (गर्भाशय) कैंसर से बचाने के लिए टीकाकरण बेहद जरूरी है और प्रदेश सरकार उनकी सेहत और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सजग है.

किशोरियों को प्रमाणपत्र भी वितरित करते डिप्टी सीएम.
किशोरियों को प्रमाणपत्र भी वितरित करते डिप्टी सीएम. (Photo Credit : ETV Bharat)






अभियान का आगाज किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) स्थित अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में हुआ. इस दौरान वैक्सीन लगवाने वाली किशोरियों को प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए. डिप्टी सीएम ने बताया कि प्रदेश में लगभग 46 लाख किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. यह टीका सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा.


तीन माह चलेगा जागरूकता अभियान : डिप्टी सीएम ने कहा कि आगामी तीन महीनों तक व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा. परिजनों को जागरूक कर बेटियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा. एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसे लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति से बचना चाहिए. टीकाकरण अभियान में एक भी बेटी वंचित न रहे. इसके लिए ग्राम प्रधान, बाल विकास एवं महिला कल्याण विभाग संयुक्त रूप से अभियान को सफल बनाएंगे.


ब्रजेश पाठक ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले कैंसर के कुल मामलों का लगभग 22.86 प्रतिशत है. गर्भाशय कैंसर के नए मामलों और उससे होने वाली मृत्यु दर में वृद्धि चिंता का विषय है. ऐसे में एचपीवी टीकाकरण बेटियों को एक मजबूत सुरक्षा कवच प्रदान करेगा. कार्यक्रम में राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, एमएलसी मुकेश शर्मा, विधायक डॉ. नीरज बोरा, अपर मुख्य सचिव अमित कुमार घोष, केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक पिंकी जोएल, परिवार कल्याण के महानिदेशक डॉ. एचडी अग्रवाल, अपर मिशन निदेशक धीरेंद्र सिंह सचान, डॉ. केके सिंह, सीएमओ लखनऊ डॉ. एनबी सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें : बेटियों को कैंसर से बचाने के लिए देशभर में शुरू होगा मुफ्त HPV टीकाकरण, जानें कहां और कैसे लगवाएं वैक्सीन

यह भी पढ़ें : पुरुषों की ये तीन आदतें महिलाओं में बढ़ाती हैं सर्वाइकल कैंसर का खतरा, जानें क्यों है यह इतनी खतरनाक बीमारी