भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता हरीश चंद्र श्रीवास्तव बने उर्वरक विभाग के राजभाषा सलाहकार
केंद्र सरकार की राजभाषा सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष के रूप में राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल शामिल हैं.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 27, 2026 at 2:55 PM IST
लखनऊ : यूपी भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता हरीश चंद्र श्रीवास्तव को भारत सरकार के रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय (उर्वरक विभाग) की हिंदी सलाहकार समिति (राजभाषा सलाहकार समिति) में सदस्य के रूप में नामित किया गया है. यह समिति हिंदी भाषा के आधिकारिक उपयोग को बढ़ावा देने, राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन और संबंधित सलाह प्रदान करने के लिए गठित की जाती है.
मंत्रालय के उप-निदेशक (राजभाषा) विमला दहिया द्वारा जारी कार्यालय आदेश के मुताबिक समिति का पुनर्गठन 18वीं लोकसभा के गठन के बाद किया गया है. समिति की अध्यक्षता केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा कर रहे हैं. उपाध्यक्ष के रूप में राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल शामिल हैं. समिति में कुल 13 सदस्य हैं. जिनमें संसद सदस्य, विशेषज्ञ और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हैं. प्रदेश प्रवक्ता हरीश चंद्र श्रीवास्तव को सदस्य नामित किए जाने पर उन्होंने बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया.
हिंदी सलाहकार समिति के कार्य : समिति का कार्य संविधान में राजभाषा संबंधी प्रावधानों, केंद्रीय हिंदी समिति के नीतिगत निर्णयों, राजभाषा अधिनियम व नियम तथा राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय की तरफ से इस विषय में जारी किए गए अनुदेशों और निर्देशों के अनुसार रसायन और उर्वरक मंत्रालय और इसके अधीन आने वाले सभी कार्यालयों में होने वाले सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रयोग की समीक्षा करना और सलाह देना है.
समिति का कार्यकाल : हिंदी सलाहकार समिति का कार्यकाल तीन साल का होता है. विशेष परिस्थितियों में ही इस कार्यकाल को बढ़ाया या घटाया जा सकता है. सांसद तभी तक समिति के सदस्य रहते हैं जब तक उनका कार्यकाल बना रहता है. पदेन सदस्य संबंधित पद पर कार्य करने तक ही सदस्य बने रह सकते हैं. किसी सदस्य के त्यागपत्र या मृत्यु से खाली हुई जगह पर आने वाला नया नामित सदस्य समिति के शेष कार्यकाल तक के लिए ही सदस्य रहता है.
यह भी पढ़ें : विपक्षी दल दुष्प्रचार से देश में आग लगाने से बाज आएंः हरीश चंद्र श्रीवास्तव

