बिना कोटा JEE ADVANCED: कोई कोचिंग नहीं, बड़ा बैकग्राउंड नहीं, फिर भी UP Government स्कूल के 11 छात्र सफल, मिला शानदार सम्मान
जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने जेईई मेंस, जेईई एडवांस्ड और बोर्ड परीक्षाओं में नाम रोशन किया है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : June 2, 2026 at 2:47 PM IST
|Updated : June 2, 2026 at 3:36 PM IST
लखनऊ : समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने जेईई मेंस, जेईई एडवांस्ड तथा बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया है. विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.

समाज कल्याण विभाग के उप निदेशक जे. राम ने बताया कि मिर्जापुर के मड़िहान स्थित सर्वोदय विद्यालय को डॉ. अरुण कुमार तिवारी, ट्रस्टी एक्स नवोदयन फाउंडेशन तथा टाटा एआईजी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) सहयोग से जेईई और नीट की निःशुल्क तैयारी के लिए ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के रूप में विकसित किया गया है. इस पहल का सकारात्मक परिणाम सामने आया है और इस वर्ष सर्वोदय विद्यालयों के 11 विद्यार्थियों ने जेईई मेंस परीक्षा में सफलता हासिल की है.

मड़िहान सर्वोदय विद्यालय की छात्राएं दामिनी पटेल, अंवाला वर्मा, सृष्टि, शिवानी और रागनी ने जेईई मेंस परीक्षा उत्तीर्ण की है. प्रीति ने जेईई एडवांस्ड के लिए क्वालीफाई कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है. प्रीति और दामिनी का चयन आईआईटी मंडी के बीबीए एवं एमबीए कार्यक्रमों के लिए भी हुआ है. इसके अलावा देवरिया के मेहरौना सर्वोदय विद्यालय के विकास यादव और अंकित सिंह, बाराबंकी के तीरगांव विद्यालय के अभिषेक मिश्रा, बस्ती के जोगियाटप्पा भानपुर विद्यालय के अमित कुमार तथा मिर्जापुर के परसिया विद्यालय के ऋषिकेश भारती ने भी जेईई मेंस में सफलता प्राप्त की है.
बोर्ड परीक्षाओं में भी सर्वोदय विद्यालयों के छात्रों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है. यूपी बोर्ड से संबद्ध गाजियाबाद के निडौरी सर्वोदय विद्यालय की छात्राओं अंजलि पुंडीर और अंशिका ने जनपद स्तर पर क्रमशः चौथा और छठा स्थान प्राप्त किया. उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छात्रों को क्रमशः 31 हजार और 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि, प्रशस्ति पत्र तथा मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया. यह सम्मान कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा और मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने प्रदान किया.
समाज कल्याण विभाग प्रदेश में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए कक्षा 6 से 12 तक के 103 आवासीय जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय संचालित कर रहा है. इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग भी उपलब्ध कराई जा रही है. जिससे ग्रामीण और वंचित वर्ग की प्रतिभाओं को नई उड़ान मिल रही है.

