'दोस्ती से प्यार और फिर शादी..' दिलचस्प है बिहार के राहुल और जापान की मरीना की लव स्टोरी
मधेपुरा में इन दिनों जापानी दुल्हन की चर्चा है. बिहार के राहुल और जापान की मरीना की शादी की हर कोई तारीफ कर रहे हैं.

Published : December 20, 2025 at 7:10 PM IST
मधेपुरा: 'टोक्यो की उस बिजनेस पार्टी में मैंने कभी नहीं सोचा था कि मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी कहानी शुरू हो जाएगी. पहले दोस्ती, प्यार और फिर शादी.' यह कहानी बिहार के मधेपुरा जिले के रौता गांव निवासी राहुल यादव की है. देखने में जितने स्वीट हैं, उतनी ही मधुर दोनों इनकी प्रेम कहानी है. सिर्फ प्यार ही नहीं बल्कि इनकी शादी की चर्चा जिले ही नहीं बल्कि बिहार में हो रही है.
राहुल मरीना की लव स्टोरी: सुदिष्ट यादव आज जापानी बहु पाकर काफी खुश हैं. परिवार के लोगों के चेहरे पर उस वक्त मुस्कान छा जाती है, जब जापानी बहु 'हेलो..जी' कहकर बात करती है. बिहारी दूल्हा राहुल यादव भी फूले नहीं समा रहे हैं. आज उनका प्यार मुकम्मल हो गया. आईये जानते हैं इनकी लव स्टोरी.
बिजनेस पार्टी में मुलाकात: राहुल यादव एक आईआईटीयन हैं. दिल्ली में प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद आईआईटी कानपुर से बीटेक किया. प्लेसमेंट होने के बाद जापान के एक अंतरराष्ट्रीय कंपनी होंडा में उनकी नौकरी लगी. साल 2020 से जापान में ही इंजीनियर हैं. इस दौरान एक बिजनेस पार्टी में उनकी मुलाकात एक जापानी लड़की मरीना से हुई, जो तोशीघिया लिमिटेड के ओवरसीज डिपार्टमेंट में ग्लोबल सेल्स मैनेजर है.
पहले दोनों में दोस्ती हुई: दोनों के बीच पहले काम के सिलसिले में बातचीत हुई और फिर दोस्ती हो गयी. राहुल बताते हैं कि अलग-अलग देशों के होने के बावजूद एक दूसरे को समझने की कोशिश की. दोनों में रिश्ता आसान नहीं था, क्योंकि राहुल बताते हैं कि जापान के लोग थोड़े संकोची होते हैं. हालांकि मरीना के साथ उनकी दोस्ती अच्छी रही. दोनों एक दूसरे को समझने लगे.

दोस्ती प्यार में बदला: जब भी दोनों मिलते एक-दूसरे के देश के खान-पान संस्कृति, त्योहार की बात करते. एक-दूसरे के बचपन की बातें करते. राहुल बताते हैं कि यह दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदलने लगा. इसके बाद दोनों ने अपने-अपने परिवार से बातचीत की. दोनों के परिवार की रजामंदी के बाद जापान के टोक्यो में ही शादी कर ली. शादी करने बाद बिहार अपने गांव पहुंचे.
"मैंने कभी नहीं सोचा था कि मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी कहानी शुरू हो जाएगी. दो अलग देशों, दो अलग संस्कृतियों के बावजूद हम एक-दूसरे को समझने लगे. दो साल तक हमने एक-दूसरे के साथ वक्त बिताया. नवंबर 2025 में टोक्यो में शादी की और अपनी दुनिया एक कर ली." -राहुल कुमार, आईआईटीयन

'भारत आना चाहती थी मरीना': राहुल बताते हैं कि मरीना शुरू से चाहती थी कि हमलोग इंडिया आए और यहां शादी की रस्म को पूरा करें. उसे यहां आकर बहुत अच्छा लगा. वो भारत को समझती है. हमारे परिवार को समझती है. शादी के बाद दोनों कपल अपने-अपने गांव पहुंचे और बहुभोज का आयोजन किया गया.

मरीना के माता-पिता भी खुश: मरीना के साथ उनके माता-पिता भी बिहार पहुंचे. मरीना बौद्ध धर्म के अनुयायी दंपती कनाको और अतुशी ओहासी की पुत्री हैं. दोनों अपनी बेटी और दामाद के परिवार को देखकर काफी खुश नजर आए. गांव के लोग भी दोनों की शादी से काफी खुश हैं जापानी दुल्हन को देखने के लिए पहुंच रहे हैं.
ये भी पढ़ें: अमेरिका की सफायर बनी बिहार की बहू, चर्चा में देसी दूल्हा और विदेशी दुल्हन की लव स्टोरी

