ETV Bharat / state

जूली बोले-प्याज के गिरते दामों से परेशान किसान खुदकुशी को मजबूर, सरकार करे मदद

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार प्याज किसानों की पीड़ा नहीं समझ पा रही है.

Tikaram Julie, Leader of Opposition in the Assembly
टीकाराम जूली, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष (ETV Bharat Alwar)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : November 15, 2025 at 2:46 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

अलवर: विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार दोनों ही किसानों की पीड़ा नहीं समझ पा रही है. जिले में लाल प्याज के गिरते भाव से किसान आत्महत्या को मजबूर हैं, लेकिन सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही. जूली ने प्याज की सरकारी खरीद एवं एमएसपी तय करने की मांग की.

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने शनिवार को अलवर कार्यालय में मीडिया से कहा कि प्रदेश का किसान पहले से कर्ज में डूबा है. अब प्याज की कीमतों में भारी गिरावट और लागत मूल्य नहीं मिलने से किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं. अलवर के लाल प्याज की विदेशों तक अच्छी मांग है. कई साल से अलवर के प्याज विदेशों में भेजे जाते रहे हैं. इससे किसानों को लाल प्याज के अच्छे भाव मिलते रहे, लेकिन इस साल अलवर में लाल प्याज के गिरते दामों ने किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी.

पढ़ें: अलवर को चाहिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ताकि सुधर सके लाल प्याज की गुणवत्ता...किसानों को होगा फायदा, जानिए कैसे

नेता प्रतिपक्ष जूली ने कहा कि फसलों की सही कीमत नहीं मिलने से किसान प्याज की फसल मंडी नहीं ला रहे. केंद्र ने किसानों की आमदनी दोगुनी करने का वादा किया, लेकिन आय बढ़ाने के बजाय किसानों के हितों पर कुठाराघात किया जा रहा है. प्याज का लागत मूल्य नहीं मिलने से किसान खेत में फसल नष्ट करने को मजबूर हैं. वे फसल नदी या नालों में फेंक रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की आस ही नहीं, बल्कि कमर भी टूट गई. ऐसी स्थिति में केन्द्र व राज्य सरकार को किसानों की आर्थिक मदद करनी चाहिए.