पानी के बहाने दरवाजा खुलवाया, महिला को अकेले देख बंधकर बनाकर तीन लाख की लूट
बेतिया में अपराधियों ने तीन लाख के सामान लूट लिए. महिला को अकेले देख बंधकर बनाकर घटना को अंजाम दिए.

Published : December 26, 2025 at 6:38 PM IST
बेतिया: बिहार के बेतिया में लूट की घटना सामने आयी है. मझौलिया थाना क्षेत्र के बहुआरवा पंचायत वार्ड नंबर-12 में गुरुवार की देर रात्रि अपराधियों ने बेखौफ होकर सनसनीखेज लूट की वारदात को अंजाम दिया. दो नकाबपोश बदमाशों ने पानी पीने के बहाने घर का दरवाजा खुलवाया और अंदर घुसते ही महिला को बंधक बना लिया.
संपत्ति लूटकर फरार: महिला को बंधक बनाने के बाद आराम से लाखों रुपये की संपत्ति लूटकर फरार हो गए. इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ हैं. पीड़ित महिला की पहचान अशोक दास की पत्नी संगीता देवी के रूप में हुई है. जानकारी मिलने के बाद पुलिस छानबीन में जुट गयी है.
ससुर और पति दिल्ली में करते हैं मजदूरी: पीड़ित महिला संगीता देवी ने बताया कि उनके ससुर और पति दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं, जबकि वह अपने तीन साल की बेटी और दो साल के बेटे के साथ घर में अकेली रहती हैं. गुरुवार की रात दो अज्ञात व्यक्ति घर पहुंचे और 'पानी पीना है' कहकर गेट खुलवाया. जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला, दोनों बदमाशों ने मुंह दबाकर उन्हें पकड़ लिया. हाथ-पैर व मुंह बांध दिया.
"गर्दन पर चाकू रखकर कान, नाक और गले के गहने जबरन उतार लिए. एक बदमाश ने अलमीरा खोलकर उसमें रखे करीब 25 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के गहने समेत लगभग तीन लाख रुपये मूल्य का सामान ले लिए." - संगीता देवी, पीड़िता
जांच में जुटी पुलिस: वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश छत के रास्ते पीछे कूदकर फरार हो गए. इस मामले में सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ विवेक दीप के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची. एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है.
"दो बदमाशों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है. सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है. पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है." -विवेक दीप, एसडीपीओ, बेतिया
ये भी पढ़ें:

