ETV Bharat / state

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का ऐलान: स्कूलों को डिजिटल बनाया जाएगा, तालेड़ा में 19 एग्रो-बेस्ड प्लांट होगा

बूंदी के नवनिर्मित टाउन हॉल में 850 सीटों की क्षमता होगी. यह 20.47 करोड़ रुपए की लागत से बना है.

Lok Sabha Speaker Om Birla
टाउन हॉल का लोकार्पण ओम बिरला (ETV Bharat Bundi)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 1, 2026 at 5:41 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

बूंदी: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को नगर परिषद परिसर में नवनिर्मित टाउन हॉल का लोकार्पण किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि विकास एक सतत प्रक्रिया है, कुछ कार्य तुरंत दिखते हैं और कुछ में समय लगता है, लेकिन जिस रोडमैप पर सरकार चल रही है, उससे कोटा–बूंदी को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जाएगा. जो वादे जनता से किए गए हैं, वे पूरे होंगे, लेकिन उसके लिए धैर्य और निरंतर प्रयास आवश्यक है.

बिरला ने कहा कि बूंदी केवल भौगोलिक इकाई ही नहीं, बल्कि शौर्य, बलिदान और ऐतिहासिक विरासत की पहचान है. इसी विरासत से प्रेरणा लेकर विकास की दिशा तय की जा रही है. उन्होंने कहा कि विधानसभा और संसद में जब कोटा–बूंदी के मुद्दे उठते हैं, तो पूरे देश में इस क्षेत्र की पहचान बनती है. बिरला ने कार्यक्रम के दौरान कोटा–बूंदी एयरपोर्ट को क्षेत्र के विकास की रीढ़ बताते हुए कहा कि इसका सबसे बड़ा लाभ बूंदी व कोटा को मिलेगा. पर्यटन बढ़ेगा, व्यापारियों को नए अवसर मिलेंगे और रोजगार के द्वार खुलेंगे. उन्होंने घोषणा की कि 2027 तक कोटा से हवाई सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी. बिरला ने संबोधन के दौरान चुटकी लेते हुए कहा कि बूंदी के एक वरिष्ठ नेता बोलते हैं कि उन्होंने विधानसभा में आवाज उठाई तो एयरपोर्ट का नाम कोटा-बूंदी हुआ. बिरला ने कहा कि यह डबल इंजन की सरकार है, न झुकती है और न रुकती है. उन्होंने कहा, 'मैं बता दूं कि एयरपोर्ट के जो प्रस्ताव हमने भेजे थे, उसी में एयरपोर्ट का नाम कोटा-बूंदी था.' बिरला ने कहा कि आज के समय में कृषि, उद्योग और पर्यटन तीनों के विकास के लिए एयरपोर्ट अत्यंत आवश्यक है और इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है.

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला (ETV Bharat Bundi)

पढ़ें: लोकसभा स्पीकर ओम बिरला बोले, 'साल 2026 में कोटा को बनाएंगे स्लम और नशा फ्री, काम शुरू

बूंदी में मिलेगी सुपर स्पेशलिटी सेवाएं: बूंदी जिले के अस्पतालों की बदहाल स्थिति का जिक्र करते हुए ओम बिरला ने कहा कि अब हालात तेजी से बदल रहे हैं. एक साल बाद स्थिति यह होगी कि इलाज के लिए कोटा ले जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. उन्होंने कहा कि बूंदी में सुपर स्पेशलिटी सेवाएं उपलब्ध होंगी. मरीजों और उनके परिजनों के लिए बेहतर इंतजाम किए जाएंगे. एसी में ठहरने की व्यवस्था, सर्दियों में कंबल और गद्दे, अटेंडरों के लिए सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी. उन्होंने कहा कि गरीब वर्ग को हर सरकारी योजना से जोड़ा जाएगा. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र और हर घर तक चिकित्सा वैन पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी.

यह भी पढ़ें: केंद्र ने कोटा एयरपोर्ट को दिए 1507 करोड़ रुपए, जानिए कैसा होगा हवाई अड्डे का विकास

सभी को मिलेगा पीने का पानी: बिरला ने कहा कि बूंदी क्षेत्र में वर्षों से पीने के पानी की समस्या रही है. पूर्ववर्ती सरकारों ने इस दिशा में ठोस योजना नहीं बनाई, लेकिन वर्तमान सरकार ने शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए व्यापक योजनाएं तैयार की हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले दो वर्षों में सभी इलाकों तक पीने का पानी पहुंचाया जाएगा और नहरी पानी हर टेल तक पहुंचेगा. गरड्ढ़ा बांध का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विधायक रहते हुए यह बांध उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम था. अब शुद्धिकरण कार्य पूर्ण होने के बाद गरड्ढ़ा नहरों का विस्तार किया जाएगा और अधूरे कार्यों को पूरा किया जाएगा. बिरला ने बताया कि पीने और सिंचाई दोनों के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध कराया जाएगा तथा असिंचित क्षेत्रों को सिंचित किया जाएगा.

बूंदी के स्कूलों को डिजिटल बनाया जाएगा: बिरला ने कहा कि बूंदी के स्कूलों को डिजिटल बनाया जाएगा. डाबी में कन्या कॉलेज के भवन निर्माण कार्य शुरू हो चुका है. हायर सेकेंडरी स्कूलों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित होंगी. अब तक 125 डिजिटल लाइब्रेरी बनाई जा चुकी हैं और लक्ष्य है कि हर ग्राम पंचायत में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जाए. इससे ग्रामीण छात्रों को भी आधुनिक शिक्षा संसाधन मिल सकेंगे. उन्होंने बताया कि बूंदी जिले में 1,000 करोड़ रुपए से अधिक की सड़क कनेक्टिविटी के कार्य जारी हैं. हर गांव को बेहतर सड़कों से जोड़ा जाएगा. उन्होंने कहा कि फॉरेस्ट क्लियरेंस का कार्य पूरा हो चुका है, जिससे विकास परियोजनाओं को गति मिली है.

यह भी पढ़ें: कोटा एयरपोर्ट निर्माण के लिए 468 करोड़ का पहला टेंडर जारी, रनवे की तरफ के काम होंगे शुरू

20.47 करोड़ रुपए की लागत से बना टाउन हॉल: बिरला ने बताया कि मदर डेयरी अब सफल मटर खरीदेगी, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा. कोटा–बूंदी को इंडस्ट्रीज का सबसे बड़ा हब बनाने की दिशा में काम हो रहा है. तालेड़ा में 19 एग्रो-बेस्ड प्लांट लगाए जा रहे हैं. डाबी में सैंड स्टोन पार्क भी विकसित किया जाएगा. नगर परिषद सभापति सरोज अग्रवाल ने कहा कि छोटी काशी बूंदी अब केवल अपने गौरवशाली इतिहास से नहीं, बल्कि विकास की नई पहचान से जानी जा रही है. सभापति ने बताया कि 20.47 करोड़ रुपए की लागत से टाउन हॉल और 8 करोड़ रुपये की सीसी सड़कों का लोकार्पण किया गया. 850 सीटों की क्षमता वाला आधुनिक टाउन हॉल शहर के बड़े आयोजनों का नया केंद्र बनेगा.