निकाय चुनाव 2026: शहर कांग्रेस अध्यक्ष शर्मा बोले- जयपुर का मिजाज बदल रहा, इस बार नगर निगम चुनाव में इतिहास बदलेगा
कांग्रेस जयपुर नगर निगम चुनाव के प्रत्याशियों की सूची जल्द जारी हो सकती है.

Published : August 27, 2026 at 8:15 PM IST
जयपुर: निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और कांग्रेस में प्रत्याशी चयन पर मंथन अंतिम दौर में है. जयपुर में कांग्रेस ने मिशन-100 का लक्ष्य तय किया है. पार्टी का दावा है कि वह जयपुर नगर निगम में बहुमत लाकर बोर्ड बनाएगी. टिकट वितरण, युवा चेहरों को मौका, पाला बदलने वाले पार्षदों की दावेदारी और महापौर के चेहरे समेत तमाम मुद्दों पर जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा ने ईटीवी भारत से बातचीत की. यहां पेश है बातचीत के प्रमुख अंश—
सवाल: प्रत्याशी चयन को लेकर क्या तैयारी है?
शर्मा: जयपुर के तमाम नेता साथ हैं. सभी के साथ बैठकर सामूहिक रूप से चयन की प्रक्रिया बढ़ाई है. आदर्श नगर, किशनपोल, सिविल लाइंस और सांगानेर में प्रत्याशियों पर सर्वसम्मति बन गई है. बाकी चार विधानसभा क्षेत्रों में भी करीब 50 प्रतिशत तक सहमति बनी है. हमारा प्रयास है कि सभी को लगे यह सामूहिक सूची है. कांग्रेस सामूहिक नेतृत्व की भावना से आगे बढ़ रही है.
सवाल: जयपुर में अब तक कांग्रेस का बोर्ड नहीं बना, क्या इस बार भाजपा के गढ़ में सेंध लगेगी?
शर्मा: बिल्कुल, इस बार परिस्थितियां बदली हैं. जिस तरह का रिस्पॉन्स मिल रहा है, उससे कह सकता हूं कि आधे राजस्थान के भाजपा कार्यालयों में जितनी भीड़ नहीं आ रही, उससे ज्यादा मेरे घर पर आ रही है. अब तक 20 हजार से ज्यादा लोगों ने संपर्क किया है. जयपुर का मिजाज और टेंपरेचर बदल रहा है. हम मिशन-100 के लक्ष्य के साथ बहुमत से बोर्ड बनाएंगे.
सवाल: पाला बदलने वाले पार्षदों को मौका मिलेगा?
शर्मा: नहीं, ऐसे लोगों को मौका नहीं देंगे. पार्टी को उन लोगों के साथ खड़ा होना चाहिए जो पार्टी के साथ रहे और काम किया. हालांकि कुछ बातें विधायकों पर भी छोड़नी होंगी, लेकिन प्राथमिकता 100 से ज्यादा सीटें जीतकर मिशन-100 कामयाब करना है. यह जयपुर के इतिहास में नया अध्याय होगा. नुकसान होता है तो मैं जिम्मेदार होऊंगा, जीत होगी तो सबकी होगी.
सवाल: महापौर का चेहरा कौन होगा?
शर्मा: हम 150 युवा नेताओं को ला रहे हैं, इनमें 140 युवा चेहरे होंगे. जिनमें कुछ कर गुजरने की इच्छा, विजन और जयपुर को नेतृत्व देने की क्षमता हो, उन्हें मौका मिलेगा. 20 से 25 लोग नेतृत्व की क्षमता वाले होंगे. कांग्रेस की लोकतांत्रिक परंपरा है, चुने हुए पार्षद ही अपने बीच से महापौर चुनेंगे. भाजपा की तरह पर्ची से चयन नहीं होगा.
सवाल: रायशुमारी में विवाद सामने आ रहा है?
शर्मा: जयपुर में ऐसी कोई बात नहीं. आठों विधानसभा क्षेत्रों के नेता हमारे लीडर हैं और सहयोग कर रहे हैं. मैंने सभी के घर जाकर बात की है. कांग्रेस का मतलब ही लोकतंत्र है. हम सर्वसम्मति बना रहे हैं और बन भी रही है. यह सौभाग्य है कि सभी मिलकर काम कर रहे हैं.
सवाल: कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची कब आएगी?
शर्मा: रक्षाबंधन शुभ और पवित्र दिन है. मेरा मानना है कि इसी दिन कांग्रेस जयपुर में प्रत्याशियों की सूची जारी करेगी.

