ETV Bharat / state

निकाय चुनाव 2026: भाजपा में बगावत, महिला मोर्चा का जिला कार्यालय में धरना, प्रदेश अध्यक्ष ने पदाधिकारियों को जयपुर बुलाया

महिला मोर्चा पदाधिकारियों का कहना था कि जब टिकट ही नहीं दिया जाएगा तो वे आगे कैसे बढेंगी?.

Civil Poll 2026
भाजपा महिला मोर्चा पदाधिकारी (ETV Bharat Bhilwara)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : August 29, 2026 at 5:25 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

भीलवाड़ा: नगर निगम के 70 वार्डों में बीजेपी प्रत्याशियों की घोषणा से पहले ही विरोध शुरू हो गया. भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने शुक्रवार शाम से जिला कार्यालय में धरना शुरू कर दिया. इनका आरोप है कि नेताओं के परिजनों को टिकट दिया जा रहा है, जमीनी महिला कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज किया जा रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि शनिवार तक मांग नहीं मानी गई तो वे आत्महत्या करेंगी. मामला प्रदेश संगठन तक पहुंचने पर प्रदेश भाजपा ने शहर के पूर्व विधायक एवं प्रत्याशी रहे विट्ठल शंकर अवस्थी, जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा और महिला मोर्चा की चार पदाधिकारियों को जयपुर बुलाया है. शनिवार शाम प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ भीलवाड़ा के प्रत्याशियों की घोषणा पर पुनर्विचार करेंगे.

भाजपा महिला मोर्चा शास्त्रीनगर मंडल महिला मोर्चा अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद इंदु बंसल ने कहा कि जमीनी कार्यकर्ताओं को टिकट मिलना चाहिए. अभी तक पता चला है कि नेताओं के परिजनों और रिश्तेदारों को प्रत्याशी बनाया गया है, जबकि मोर्चे से जुड़ी कई पदाधिकारी 20 साल से कार्यकर्ता हैं.

महिला मोर्चा का जिला कार्यालय में धरना (ETV Bharat Bhilwara)

पढ़ें: टिकट वितरण को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने लगाए आरोप, दी कार्यालय पर आत्मदाह की चेतावनी

उन्होंने कहा कि वे भी वार्ड 43 से पार्षद रह चुकी हैं. मोदी ने विकास किया तभी जनता ने तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाया. बंसल ने कहा कि उन्होंने वार्ड में विकास किया है, उन्हें जनता पसंद करती है. उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि अब जिसे टिकट दी जा रही है. वह भाजपा से निष्कासित है. भितरघात करने वालों के साथ नहीं रह सकते.

जिला महामंत्री ने कहा कि महिला मोर्चा को टिकट नहीं दिया गया और नेता संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे. इसी प्रकार कार्यकर्ता मधुबाला महाजन ने कहा कि 70 वार्ड हैं, अधिक से अधिक महिलाओं को प्रत्याशी बनाना चाहिए. इस बार सामान्य महिला के 15 टिकट आरक्षित हैं, लेकिन दूसरे वार्डों में भी महिलाएं खड़ी हो सकती हैं, टिकट वितरण में 35 प्रतिशत महिलाओं को मौका मिलना चाहिए. एक अन्य कार्यकर्ता ने कहा कि मांग नहीं मानी गई तो आत्महत्या करेंगी. महिलाएं घर छोड़कर पार्टी के लिए समय देती हैं. महाजन ने कहा,' मोदी कहते हैं, बहनें आगे आएं, लेकिन जब टिकट ही नहीं मिलेगा तो वे आगे कैसे आएंगी'?. इधर, पूर्व पार्षद इंदु बंसल ने कहा कि उनकी चेतावनी के बाद भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने उनकी बात सुनी है. भीलवाड़ा की सूचियों पर पु​नर्विचार का भरोसा दिया है.