निकाय चुनाव: भवानीमंडी में पूर्व चेयरमैन रामलाल भाजपा छोड़ कांग्रेस में, झालरापाटन में 6 कांग्रेसी पार्षद 'आप' में शामिल
दोनों दलों में मान-मनौव्वल का दौर देर रात तक चला. अब नाम वापसी के बाद ही स्पष्ट होगा कि कौन बागी बनकर मैदान में है.

Published : September 1, 2026 at 1:24 PM IST
झालावाड़: निकाय चुनाव में नामांकन का शोर थम गया, लेकिन भाजपा-कांग्रेस में कलह, बागियों का खौफ और उम्मीदवारों में असमंजस बरकरार है. भवानीमंडी में पूर्व चेयरमैन रामलाल गुर्जर और पिंकी गुर्जर भाजपा छोड़ कांग्रेस में गए, तो झालरापाटन में कांग्रेस के छह पार्षद आप में शामिल हो गए.
टिकट वितरण को लेकर घमासान अंतिम दिन खुलकर सामने आया. कई दावेदारों ने पार्टी का दामन छोड़ बागी बनकर अधिकृत प्रत्याशियों के सामने ताल ठोक दी. बगावत का खौफ इस कदर हावी रहा कि कई वार्डों में देर रात तक तस्वीर साफ नहीं हो सकी, दावेदार असमंजस में रहे और दोनों दलों के जिलाध्यक्षों ने मौन धारण कर लिया.सबसे पहले भवानीमंडी नगरपालिका में नई तस्वीर सामने आई, जब भाजपा से पूर्व चेयरमैन रामलाल गुर्जर और पिंकी गुर्जर ने भाजपा छोड़ कांग्रेस का हाथ थाम लिया.
झालरापाटन में कांग्रेस के छह पार्षद आप में: टिकट वितरण से नाराज कांग्रेस के छह निवर्तमान पार्षद नदीम मंसूरी, अशोक पुष्पद, शकील अहमद, गीता कुमारी, मंगल गुर्जर और राजेश बैरवा ने कांग्रेस छोड़ आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया. छह पार्षदों के एक साथ पाला बदलने से नए सियासी समीकरण बन गए हैं. कांग्रेस के सामने अब अपने ही पुराने पार्षदों के प्रभाव वाले वार्डों में नुकसान रोकने की चुनौती है. झालावाड़ नगर परिषद में दोनों पार्टियों ने कई वार्डों में बागियों के डर से दो-दो नामांकन भरवाए, ताकि बागियों की संख्या कम की जा सके, जिसके बाद एक ही दल से दो-दो दावेदारों के नामांकन ने संगठन की चिंता बढ़ा दी. टिकट की उम्मीद लगाए कई दावेदारों ने आशंका के बीच निर्दलीय या वैकल्पिक प्रत्याशी के रूप में पर्चा दाखिल कर दिया.
देर तक चला मान-मनौव्वल का दौर: दोनों दलों में देर रात तक बैठकों और मान-मनौव्वल का दौर चला. अब जांच और नाम वापसी के बाद ही स्पष्ट होगा कि कौन अधिकृत प्रत्याशी मैदान में रहता है और कौन बागी बनकर मुकाबला रोचक करता है. दोनों दलों के सामने नाराज नेताओं को मनाने की अग्निपरीक्षा है. बागी डटे रहे तो सबसे बड़ा नुकसान अपने ही वोट बैंक को होगा. नाम वापसी के बाद की तस्वीर तय करेगी कि किसकी रणनीति सफल होती है और किसके बागी सबसे बड़ा सिरदर्द बनते हैं.
धौलपुर में प्रत्याशी के पति पर जानलेवा हमला: नगर परिषद चुनाव के बीच वार्ड 26 में पुरानी चुनावी रंजिश में पार्षद प्रत्याशी कल्पना शर्मा के पति रामू शर्मा पर जानलेवा हमला हुआ है. बीती रात कुक्कू शर्मा पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला किया, जिसमें रामू गंभीर घायल हो गए. जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया, परिजन ग्वालियर ले गए हैं. थाना प्रभारी रामकिशन यादव ने बताया कि कुक्कू शर्मा और रामू शर्मा के बीच पुरानी रंजिश थी. दोनों एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ते रहे हैं. इसी कारण भाजपा और कांग्रेस ने किसी को टिकट नहीं दिया, फिर भी दोनों निर्दलीय मैदान में उतर गए. बीती रात मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया.घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हमलावर फरार हो गए. पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दबिश शुरू कर दी है.

