ETV Bharat / state

'चिराग पासवान की सुरक्षा बढ़ाई जाए', जान से मारने की धमकी के बाद DGP से मिला LJPR का प्रतिनिधिमंडल

जान से मारने की धमकी मिलने के बाद एलजेपीआर नेताओं ने डीजीपी से चिराग पासवान की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की. रिपोर्ट- राजीव रंजन पाठक

Chirag Paswan
चिराग पासवान को धमकी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : September 2, 2026 at 4:22 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग को लेकर पार्टी का सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बुधवार को बिहार के डीजीपी विनय कुमार से मिलने सरदार पटेल भवन स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचा. प्रतिनिधिमंडल ने चिराग को मिली जान से मारने की धमकी के मामले में पुलिस की कार्रवाई और उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी चिंता जाहिर की.

डीजीपी से मिले एलजेपीआर के नेता

प्रतिनिधिमंडल में विधायक राजू तिवारी और विधान परिषद सदस्य अशरफ अंसारी समेत पार्टी के सात नेता शामिल थे. प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक ने किया. नेताओं ने डीजीपी से मुलाकात के दौरान चिराग पासवान की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की.

DGP से मिला LJPR का प्रतिनिधिमंडल (ETV Bharat)

धमकी मामले में कार्रवाई की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस मुख्यालय को ज्ञापन सौंपकर धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की. इसके साथ ही चिराग पासवान की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर उसे और पुख्ता करने की बात भी रखी गई.

डीजीपी ने दिया आश्वासन

डीजीपी विनय कुमार से मुलाकात के बाद पार्टी नेताओं ने कहा कि बिहार पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और पुलिस मुख्यालय की ओर से पूरा सहयोग किया जा रहा है. प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक और विधायक राजू तिवारी ने बताया कि पुलिस महानिदेश ने मामले को लेकर सकारात्मक तरीके से बात सुनी है.

"पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है. धमकी भरा पत्र भेजने वाले व्यक्ति की तलाश की जा रही है. पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही धमकी देने वाले तक पहुंचने की उम्मीद है."- राजू तिवारी, विधायक, लोजपा (रामविलास)

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पार्टी गंभीर

पार्टी नेताओं का कहना है कि चिराग पासवान एक केंद्रीय मंत्री होने के साथ-साथ बिहार के प्रमुख राजनीतिक नेताओं में शामिल हैं. ऐसे में उन्हें मिली जान से मारने की धमकी को सामान्य घटना के तौर पर नहीं देखा जा सकता. पार्टी की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन के सामने अपनी चिंता रखी गई है.

LJPR
बिहार डीजीपी से मिले एलजेपीआर नेता (ETV Bharat)

"हमारी मांग है कि चिराग पासवान जी के बिहार दौरे और सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की विशेष समीक्षा की जाए. साथ ही धमकी के स्रोत का पता लगाकर जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए. पुलिस मुख्यालय की ओर से सहयोग का आश्वासन मिला है और धमकी देने वाले व्यक्ति की तलाश की जा रही है." सुरेंद्र विवेक, प्रदेश अध्यक्ष, लोजपा (रामविलास)

ये भी पढ़ें: केन्द्रीय मंत्री चिराग पासवान को मिली जान से मारने की धमकी, गृह मंत्रालय तक पहुंची बात