बोर्ड एग्जाम में पारदर्शिता के लिए 'लाइव' निगरानी, लापरवाही बरतने पर होगी सख्त कार्रवाई!
परीक्षा से पहले बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने सख्त निर्देश दिए हैं कि, बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 28, 2026 at 3:19 PM IST
धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) की वार्षिक परीक्षाएं 3 मार्च से शुरू हो रही हैं.हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और गोपनीय बनाने के लिए कमर कस ली है. बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने शनिवार (28 फरवरी) को परीक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए. उन्होंने घोषणा की है कि परीक्षा केंद्र अधीक्षकों और उप-केंद्र अधीक्षकों की ड्यूटी लिस्ट संबंधित विद्यालयों के लॉगिन पोर्टल पर 'लाइव' कर दी गई है.
एक दिन पहले सामग्री की जांच अनिवार्य
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) धर्मशाला अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने स्पष्ट किया है कि, "परीक्षा की गरिमा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा. सभी केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा शुरू होने से ठीक एक दिन पहले केंद्र समन्वयक की मौजूदगी में परीक्षा सामग्री और अधीक्षक पैकेट की गहनता से जांच करें. बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए, अन्यथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी."
त्रुटि मिलने पर फौरन सूचित करने के आदेश
डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि, यदि सामग्री की जांच के दौरान किसी भी प्रकार की कमी या तकनीकी त्रुटि पाई जाती है, तो इसकी सूचना तत्काल बोर्ड कार्यालय को दी जाए. समय रहते सूचना देने से आवश्यक सुधार किए जा सकेंगे, ताकि परीक्षा प्रक्रिया बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से संचालित हो सके. एग्जाम से पहले परीक्षा सामग्री की जांच से बहुत सारी परेशानियों सा बचा जा सकता है.
शिक्षण बोर्ड का संकल्प: निष्पक्ष और व्यवस्थित परीक्षा
बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि, हमारा प्राथमिक लक्ष्य एग्जाम देने वाले सभी विद्यार्थियों को एक भयमुक्त और पारदर्शी परीक्षा वातावरण प्रदान करना है. ऐसे में परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से पूर्ण सहयोग की अपील है, ताकि बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न किया जा सके.
ये भी पढ़ें: Board Exams: एग्जाम में आंसर शीट में न करें ये गलतियां, ये मिस्टेक करने से बचें
ये भी पढ़ें: HP Board Exam 2026: लास्ट दिनों में कैसे करें ENGLISH की परीक्षा की तैयारी, ऐसे करें अच्छा स्कोर

