ETV Bharat / state

झारखंड नगर निकाय चुनाव का मतदान संपन्न, 61.24फीसदी वोटिंग, प्रत्याशियों की किस्मत बैलेट बॉक्स में बंद

MUNICIPAL ELECTIONS VOTING
ग्राफिक्स इमेज (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : February 23, 2026 at 10:40 AM IST

|

Updated : February 23, 2026 at 7:04 PM IST

Choose ETV Bharat

रांतीः झारखंड के 48 नगर निकायों के लिए मतदान संपन्न हो चुका है. सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं. राज्यभर के 43.43 लाख मतदाता 6,124 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला कर रहे हैं. 1,042 वार्डों में हो रहे इस चुनाव के लिए 4,307 मतदान केंद्र बनाए गए. रांची नगर निगम क्षेत्र की बात करें तो यहां मेयर पद के लिए 11 प्रत्याशी और पार्षद पद के लिए 364 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिससे मुकाबला काफी रोचक हो गया है.

LIVE FEED

7:27 PM, 23 Feb 2026 (IST)

झारखंड नगर निकाय चुनाव का मतदान संपन्न, ओवरऑल 61.24 फीसदी हुई वोटिंग

7:01 PM, 23 Feb 2026 (IST)

दुमका के नगर पंचायत बासुकीनाथ में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हो गया. 12254 मतदाताओं ने मतदान में लिया भाग. ओवर ऑल 74.10 प्रतिशत वोटिंग हुई. अध्यक्ष पद के लिए 6 और वार्ड पार्षद के लिए 74 प्रत्याशियों का भाग्य मतदाता पेटी में बंद हुआ.

5:06 PM, 23 Feb 2026 (IST)

जामताड़ा: झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने जामताड़ा नगर पंचायत के चुनाव में मतदान किया. उन्होंने कहा कि सरकार नगर के विकास के लिए काम कर रही है. मंत्री इरफान अंसारी वार्ड नंबर 13 के मतदाता हैं. अपने वार्ड नंबर 13 के मतदान केंद्र वरिष्ठ नागरिक भवन में जाकर अपने मत का प्रयोग किया.

4:16 PM, 23 Feb 2026 (IST)

झारखंड में 3 बजे तक ओवरऑल 50.61% हुआ मतदान, रांची में 34.16% वोटिंग हुई.

2:44 PM, 23 Feb 2026 (IST)

रांची: राज्य की 48 शहरी निकाय चुनाव में वार्ड पार्षद, मेयर और अध्यक्ष के चुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं. राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी विधायक पत्नी कल्पना सोरेन के साथ रांची के संत कुलदीप हाई स्कूल में वार्ड संख्या 26 के मतदान केंद्र संख्या 07 पर अपने मताधिकार का उपयोग किया. सुरक्षा के चाक चौबंद व्यवस्था के बीच मतदान केंद्र पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि निकाय चुनाव भी लोकतांत्रिक व्यवस्था का एक हिस्सा है. उन्होंने राज्यवासियों से आग्रह किया कि लोग अपने अपने घरों से निकलें और मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सहभागिता निभाएं.

2:08 PM, 23 Feb 2026 (IST)

कड़ी सुरक्षा के बीच वोटिंग जारी, दोपहर एक बजे तक लगभग 37 फीसदी वोटिंग

1:31 PM, 23 Feb 2026 (IST)

रांची: राज्य की कृषि , पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने रांची नगर निगम चुनाव के लिए अपना मतदान संत अजय मिडिल स्कूल, दहिसोत बनहोरा के मतदान केंद्र संख्या 6 पर किया. कृषि मंत्री ने आम जनता से निकाय चुनाव में बढ़चढ़ कर भाग लेने और मतदान करने की अपील की है. उन्होंने मतदान के बाद अपनी तस्वीर जारी करते हुए कहा है कि शहर की सरकार चुनने का ये लोकतांत्रिक माध्यम है. लोकतंत्र के इस महा पर्व में भाग लेकर अपने क्षेत्र के लिए शिक्षित, अनुभवी, दूरदर्शी और विकसित शहर बनाने की सोच रखने वाले जन प्रतिनिधि का चुनाव करें.

कांग्रेस समर्थित मेयर पद की प्रत्याशी रमा खलखो ने किया मतदान

वहीं रांची मेयर पद के लिए कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार रमा खलखो ने हिनू स्थित लोयला स्कूल में वार्ड संख्या 42 के बूथ संख्या 03 पर मतदान किया. अब तक के मतदान की रफ्तार पर संतोष जताते हुए रमा खलखो ने कहा कि कई मतदाताओं का मतदान केंद्र बदल जाने से कुछ समस्याएं आ रही हैं. वहीं बैलेट की वजह से भी वोटिंग की रफ्तार थोड़ी धीमी है. रमा खलखो ने रांची की जनता से अपील की कि शहर में साफ सुधरी सरकार बनाने के लिए ज्यादा से ज्यादा मतदान करें.

MUNICIPAL ELECTIONS VOTING
मेयर प्रत्याशी रमा खलखो ने की वोटिंग (Etv Bharat)

1:27 PM, 23 Feb 2026 (IST)

गिरिडीहः मतदान शुरू होने के बाद गिरिडीह के वार्ड नंबर 18 के बूथ नंबर चार के पास हंगामा हो गया. यहां एक पक्ष के लोग सड़क पर बैठ गए. हंगामा की सूचना पर एसडीएम श्रीकांत विस्पुते के साथ पुलिस अधिकारी पहुंचे और माहौल को शांत किया. बताया गया कि यहां एक प्रत्याशी पक्ष के लोग और दूसरे प्रत्याशी पक्ष के समर्थक आपस में भिड़ गए. पहले नोंक झोंक हुई फिर बात धक्का मुक्की तक पहुंची. इसके बाद कुछ लोग सड़क पर बैठ गए. सड़क पर जाम किए जाने की सूचना पर एसडीएम के साथ थाना प्रभारी पहुंचे और सड़क पर बैठे लोगों को हटाने का काम किया. एसडीएम ने साफ कहा कि मतदान प्रभावित करने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

1:21 PM, 23 Feb 2026 (IST)

धनबाद नगर निकाय चुनाव के दौरान धनबाद नगर निगम के वार्ड संख्या 8 में बैलेट पेपर की गंभीर गड़बड़ी सामने आने से मतदान प्रक्रिया कुछ देर के लिए बाधित हो गई. मामला बूथ संख्या 345 और 354 का है, जहां वार्ड 8 की जगह वार्ड संख्या 9 के बैलेट पेपर से मतदान कराए जाने का खुलासा हुआ. एक मतदाता ने बैलेट पेपर को ध्यान से देखने पर पाया कि चुनाव चिन्ह तो सही है, लेकिन उसके सामने अंकित प्रत्याशी का नाम गलत है. इस पर उसने तत्काल आपत्ति दर्ज कराई. अधिकारियों द्वारा जांच करने पर स्पष्ट हुआ कि संबंधित बूथों पर वार्ड संख्या 8 के बजाय वार्ड संख्या 9 के बैलेट पेपर का उपयोग किया जा रहा था. गड़बड़ी सामने आने से पहले 37 मतदाता गलत बैलेट पेपर पर अपना वोट डाल चुके थे. बैलेट पेपर क्रमांक 1 से 11 तक वार्ड संख्या 8 अंकित था, जबकि 12 से 37 तक वार्ड संख्या 9 अंकित पाया गया. इसी प्रकार दूसरे बूथ पर भी 14 मतदाता मतदान कर चुके थे, जिसके बाद त्रुटि पकड़ में आई और संबंधित बैलेट पेपर से मतदान तत्काल रोक दिया गया. हंगामे के कारण कुछ देर के लिए मतदान प्रक्रिया स्थगित रही. मौके पर मौजूद अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए सही बैलेट पेपर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की. प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि प्रभावित मतों और प्रक्रिया की समीक्षा कर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा, ताकि मतदान की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनी रहे.

MUNICIPAL ELECTIONS VOTING
धनबाद नगर निगम के वार्ड संख्या 8 में बैलेट पेपर की गंभीर गड़बड़ी (Etv Bharat)

1:14 PM, 23 Feb 2026 (IST)

पाकुड़: मुकम्मल सुरक्षा इंतजामों के बीच शहरी क्षेत्र के 42 मतदान केंद्रों में वोटिंग जारी है. मतदान को लेकर महिलाओं और युवाओं में जबरदस्त उत्साह है. पहली बार आदर्श बूथ के बदले 10 थीम आधारित बूथ बनाये गये हैं, जहां मतदाता वोट देने के बाद सेल्फी ले रहे हैं. लोकतंत्र के इस पर्व में मतदाताओं में तो उत्साह है ही थीम आधारित बूथों पर लोकल टू वोकल के अलावे पारंपरिक पेंटिंग, फुलों का डेकोरेशन, ह्युमन ट्रैकिंग, सेव वाटर, सेव एनर्जी, चंद्रयान, सड़क सुरक्षा, बंबू क्राप्ट के दर्शाए गये थीम भी मतदाताओं के लिए आकर्षण का केंद्र है. बता दें कि पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र में कुल 42 बूथ हैं और 37 हजार 33 मतदाता है.

MUNICIPAL ELECTIONS VOTING
वोट डालने के बाद मतदाता (Etv Bharat)

1:11 PM, 23 Feb 2026 (IST)

जामताड़ा में नगर निकाय चुनाव की वोटिंग प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गया है. मतदान केंद्र में भारी सुरक्षा बल की इंतजाम किया गया है. मतदाता लंबे-लंबे कतार में अपने मतदान का प्रयोग कर रहे हैं. मतदाताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है. जामताड़ा नगर पंचायत में कुल मतदाता करीब 26467 एवं मिहिजाम नगर विकास परिषद में कुल मतदाता लगभग 35000 हैं जो अपने मत का प्रयोग कर नए जनप्रतिनिधि नए नगर की सरकार को चुनेंगे.

1:10 PM, 23 Feb 2026 (IST)

लातेहार में निकाय चुनाव में मतदान की प्रक्रिया आरंभ हो गई है. लातेहार नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 22 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां निर्धारित समय पर सभी मतदान कर्मी पहुंचकर आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरी करने के पश्चात मतदान को आरंभ कर दिया है. यहां कुल 22 मतदान केंद्रों में लगभग 19600 मतदाता अपने मतों का प्रयोग करेंगे. मतदान केंद्र में सुरक्षा की भी व्यापक व्यवस्था की गई है. दरअसल लातेहार नगर पंचायत क्षेत्र में अध्यक्ष पद के अलावे कुल 15 वार्ड पार्षद के चुनाव को लेकर 22 मतदान केंद्र पर मतदान की प्रक्रिया आरंभ है. अध्यक्ष पद के लिए कुल आठ तथा 15 वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 56 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं.

1:05 PM, 23 Feb 2026 (IST)

कोडरमा में मतदाता सुबह से ही नगर की सरकार के गठन को लेकर पोलिंग बूथों पर पहुंचने लगे हैं. नगर के सरकार को चुनने को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह दिख रहा है. बड़ी संख्या में महिला और पुरुष मतदाता कतारबद्ध होकर अपने-अपने मतदान का इंतजार करते नजर आ रहे हैं. कोडराम नगर पंचायत, डोमचांच नगर पंचायत और झूमरी तिलैया नगर परिषद के 3 अध्यक्ष पद के लिए 36 उम्मीदवार जबकि 54 वार्ड के लिए 236 पार्षद उम्मीदवार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं और कोडरमा के 1 लाख 13 हजार मतदाता इनके भाग्य का फैसला करेंगे.

MUNICIPAL ELECTIONS VOTING
कोडरमा में वोटिंग के लिए खड़ी महिला मतदाता (Etv Bharat)

12:58 PM, 23 Feb 2026 (IST)

गिरिडीह नगर निगम, धनवार एवं बड़की सरैया में नगर पंचयात में मतदान हो रहा है. गिरिडीह निगम क्षेत्र से 16 मेयर और 216 पार्षद प्रत्याशी मैदान में हैं. जबकि धनवार नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के 14 तो वार्ड पार्षद पद के 53 प्रत्याशी मैदान में हैं. इसी तरह बड़की सरैया में अध्यक्ष के 17 एवं पार्षद के 80 प्रत्याशी मैदान में हैं. वार्ड संख्या 36 के बूथ पर मंत्री सुदिव्य कुमार अपनी पत्नी के साथ पहुंचे और मतदान किया. मंत्री ने लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़ चढ़ कर मतदान करने की अपील की.

प्रशासन चौकस, बूथ पर विशेष सतर्कता
मतदान को लेकर जिला प्रशासन चौकस दिख रहा है. तीनों निकाय क्षेत्र के 165 बूथों ( गिरिडीह शहरी में 137, बड़की सरैया में 15 तो धनवार में 14 ) पर मतदान हो रहा है. डीसी रामनिवास यादव ने बताया कि इस कार्य में 940 कर्मी लगाए गए हैं. 110 मतदानकर्मी सुरक्षित हैं. तीनों निकाय क्षेत्र में 23 सेक्टर पदाधिकारी को लगाया गया है. एसपी डॉ बिमल कुमार ने बताया कि 700 पुलिसकर्मियों को सुरक्षा के दृष्टिकोण से लगाया गया है. दोनों अधिकारी ने दावा किया कि मतदान निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चल रहा है.

MUNICIPAL ELECTIONS VOTING
मंत्री सुदिव्य कुमार ने किया मतदान (Etv Bharat)

12:56 PM, 23 Feb 2026 (IST)

राज्य के 48 शहरी नगर निकाय क्षेत्र के लिए आज सुबह सात बजे से हो रहे मतदान के पहले दो घंटे में करीब 12% मतदान हुए हैं. राजधानी रांची के नगर निगम क्षेत्र में सुबह नौ बजे तक 7.28% मतदान हुए. इन सबके बीच केन्द्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने वार्ड नंबर 33 के हेहल डीएवी स्कूल में बने मतदान केन्द्र पर वोट डाला. इस मौके पर केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री ने निर्वाचन आयोग के द्वारा की गई व्यवस्था पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि एक तो मतपत्र के जरिए मतदान हो रहा है, वहीं दूसरी ओर एक ही बैलेट बॉक्स में पार्षद और मेयर का बैलेट पेपर डालने की व्यवस्था है, जो मतदाताओं को परेशानी खड़ा कर रही है. केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री ने मतदाताओं से इस चुनाव में मतदान करने के लिए घर से निकलने का आह्वान किया.

MUNICIPAL ELECTIONS VOTING
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री ने की वोटिंग (Etv Bharat)

12:21 PM, 23 Feb 2026 (IST)

देवघर में सांसद निशिकांत दुबे ने किया मतदान

गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे देवघर नगर निगम के पीएचडी कार्यालय बूथ में परिवार संग मतदान किया. इस दौरान उन्होंने बैलेट पेपर से मतदान को लेकर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि बैलेट पेपर की वजह से मतदान में काफी समय लगता है. उन्होंने हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की सरकार झारखंड को पीछे ले जाना चाहती है.

MUNICIPAL ELECTIONS VOTING
निशिकांत दुबे ने किया मतदान (Etv Bharat)

11:11 AM, 23 Feb 2026 (IST)

मतदान के दौरान गिरिडीह नगर निगम में हंगामा

मतदान शुरू होने के बाद नगर निगम के वार्ड नंबर 18 के बूथ नंबर चार के पास हंगामा हो गया. यहां एक पक्ष के लोग सड़क पर बैठ गए. हंगामा की सूचना पर एसडीएम श्रीकांत विस्पुते के साथ पुलिस अधिकारी पहुंचे और माहौल को शांत किया. एसडीएम ने कहा है कि मतदान प्रभावित करने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

11:10 AM, 23 Feb 2026 (IST)

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया वोट

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रांची के एटीआई सभागार स्थित मतदान केन्द्र संख्या 2 पर मतदान किया. राज्यपाल ने लोगों से इस चुनाव में बढ़ चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की. इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि मतदान अहम हिस्सा होता है. वोट किसे दें उनकी इच्छा है, लेकिन वोट जरूर करें.

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया वोट (Etv Bharat)
Last Updated : February 23, 2026 at 7:04 PM IST