झारखंड में निकाय चुनाव की मतगणना, महुआ माजी के बेटे की हार, अरविंद राणा बने हजारीबाग के मेयर

Published : February 27, 2026 at 10:46 AM IST
|Updated : February 27, 2026 at 8:50 PM IST
रांचीः झारखंड के 48 नगर निकाय क्षेत्रों में मतगणना सुबह 8 बजे से जारी है. राज्य निर्वाचन आयोग ने इस प्रक्रिया के लिए व्यापक व्यवस्था की है. मतगणना सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक चलेगी. राज्य भर में कुल 1309 टेबलों पर एक साथ मतगणना होगी. पार्षद और मेयर/अध्यक्ष दोनों पदों के मतों की गिनती एक साथ की जाएगी. धनबाद नगर निगम को छोड़कर शेष सभी नगर निकायों के परिणाम शुक्रवार को ही देर शाम तक घोषित होने के आसार हैं.
रांची नगर निगम में मतगणना के लिए सबसे अधिक 225 टेबल बनाए गए हैं. यहां पांच राउंड में मतगणना पूरी हो जाएगी. वहीं धनबाद नगर निगम में सबसे अधिक समय लगेगा. यहां 117 टेबलों पर 9 चक्रों में गिनती पूरी होगी. पलामू जिला के मेदिनीनगर नगर निगम के लिए 22 टेबलों पर 6 राउंड में मतगणना कराई जा रही है. इसी तरह हजारीबाग नगर निगम में 50 टेबलों पर मात्र 2 राउंड में गिनती पूरी की जाएगी.
मतगणना की प्रक्रिया
बैलेट बॉक्स से मतपत्र निकालने के बाद सबसे पहले पार्षद और मेयर/अध्यक्ष के मतपत्रों को अलग-अलग किया जाता है. इसके बाद इन्हें बंडल बनाकर गिनती शुरू होती है. वार्ड पार्षद की गिनती सबसे पहले पूरी की जाएगी, जिसका परिणाम स्वाभाविक रूप से पहले घोषित होगा. इसके बाद मेयर/अध्यक्ष पद के मतों की गिनती पूरी की जाएगी. अंत में रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे.
LIVE FEED
सरायकेला नगर पंचायत के बहुचर्चित और रोचक मुकाबले का परिणाम आखिरकार घोषित हो गया है. झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित प्रत्याशी मनोज चौधरी ने इस चुनाव में शानदार जीत दर्ज की है. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और राजघराने से ताल्लुक रखने वाले आदित्य प्रताप सिंह देव को 449 मतों के अंतर से पराजित किया. मतगणना दो राउंड में संपन्न हुई, जिसमें मनोज चौधरी के पक्ष में कुल 1943 मत पड़े. वहीं, कड़े मुकाबले के बीच आदित्य प्रताप सिंह देव को 1494 वोट प्राप्त हुए. परिणामों की घोषणा के साथ ही मनोज चौधरी के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई.

गोड्डा जिला अंतर्गत महगामा नगर पंचायत में पहली बाऱ चुनाव हुआ, जिसमें अध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित प्रत्याशी प्रबोध सोरेन ने जीत दर्ज की. उन्होने राकेश सोरेन को पराजित किया. प्रबोध सोरेन भाजपा आदिवासी मोर्चा के जिलाध्यक्ष हैं. जीत के बाद प्रबोध सोरेन ने कहा उनकी जीत जनता की जीत है. उन्होंने कहा पिछली विधानसभा में जिले के सभी तीन सीट की हार के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर ये जीत पार्टी कार्यकर्ता के लिए संजीवानी का काम करेगी. हलाकि गोड्डा जिला परिषद अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार अनिल साह को हार का सामना करना पड़ा.

खूंटी नगर पंचायत चुनाव में मतदाताओं ने एक बार फिर भरोसा जताते हुए भाजपा समर्थित प्रत्याशी रानी टूटी को अध्यक्ष चुना है. रानी टूटी ने कांग्रेस समर्थित मनोनीत बोदरा को 3879 मतों से पराजित कर लगातार दूसरी बार अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया. झामुमो समर्थित सोनम बागे तीसरे स्थान पर रहीं. अध्यक्ष चुने जाने के बाद रानी टूटी ने कहा कि नगर पंचायत का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता रहेगी.
नगर पंचायत के 19 वार्डों से निर्वाचित पार्षद इस प्रकार है.
वार्ड 01- दिनेश कुमार महतो (121)
वार्ड 02- सुमित्रा कुमारी (11)
वार्ड 03 - दिनेश कुमार महतो (116)
वार्ड 04- हेमंती कुमारी (249)
वार्ड 05 - अनिता टूटी (124)
वार्ड 06 - शिखा देवी (57)
वार्ड 07-अनूप कुमार साहू (5)
वार्ड 08- शशांक शेखर (45)
वार्ड 09- विनन नायक (106)
वार्ड 10-खालिद हुसैन (134)
वार्ड 11- संदीप स्मिथ होरो (166)
वार्ड 12 -अनिल कच्छप (50)
वार्ड 13-जूही प्रियंका टोपनो (103)
वार्ड 14- सेरोफिना मड़की (201)
वार्ड 15-कविता वर्मा (429)
वार्ड 16- एंजेलिना हेमरोम (273)
वार्ड 17-आनंद मसीह तीडू (92)
वार्ड 18-गंगू टूटी (148)
वार्ड 19-ममता कुमारी (41)
कोडरमा के डोमचांच नगर पंचायत से भाजपा समर्थित उम्मीदवार उमेश वर्मा की जीत हुई है. उमेश वर्मा ने अपने निकटम प्रतिद्वंदी पप्पू मेहता को 925 वोटों से पटकनी दी. जीत के बाद उमेश वर्मा उत्साह से लबरेज दिखे. बता दें कि डोमचांच नगर पंचायत से अध्यक्ष पद पर 7 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे थे, जहां भाजपा समर्थित उम्मीदवार उम्मीदवार उमेश वर्मा ने बाजी मारी.
गोड्डा में सबसे बुजुर्ग सुशील रमानी ने सबसे युवा उम्मीदवार को हरा कर गोड्डा नगर परिषद अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की. सुशील रमानी ने 251 मतों से जीत दर्ज की. उन्होंने गोड्डा नगर परिषद मे भाग लें रहे सबसे युवा प्रत्याशी मो कामरान असर्फी को हराया.

नगर पंचायत बासुकीनाथ में हुए अध्यक्ष पद के चुनाव में वीणा देवी ने जीत हासिल की. जीत के बाद उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र की जनता ने मुझ पर जो विश्वास किया है, उन्हें निराश नहीं करूंगी. प्राथमिकताओं के आधार पर सभी कार्यों को पूरा करने की कोशिश करूंगी. वीणा देवी ने मधुमिता देवी को 2164 वोटो से हराकर जीत दर्ज की. वीणा देवी को 4065 वोट मिले, जबकि मधुमिता देवी ने 1901 वोट लाकर दूसरा स्थान प्राप्त किया.

गिरि़डीह के धनवार नगर पंचायत के नगर अध्यक्ष पद पर विनय कुमार संथालिया ने विजय प्राप्त की है. विनय को 3133 मत मिला. जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी रोबिन कुमार को 1635 मत. वहीं मंजू देवी को 1102 लोगों ने अपना समर्थन दिया था. जीत के बाद विनय को सर्टिफिकेट भी मिल गया. विनय ने जीत के बाद कहा कि 'वे भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के विधानसभा क्षेत्र के मुख्यालय धनवार से चुनावी मैदान में थे. जनता ने उनका साथ दिया, साथ ही साथ यह जवाब दिया कि अब काम का हिसाब देना होगा और लूट का जवाब भी'.
पलामू के हरिहरगंज नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कुमारी शीला चौधरी जीतीं
लातेहार नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार महेश सिंह चुनाव जीत गए हैं. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित उम्मीदवार बिलासी टोपनो को लगभग एक हजार वोटों से हराया. महेश सिंह को लगभग 5500 वोट मिले जबकि बिलासी टोपनो को 4500 वोट आए. लातेहार के 15 वार्ड में विजयी प्रत्याशियों की घोषणा हो चुकी है. वार्ड एक से नसरुद्दीन मियां, वार्ड 2 से सुगंधी देवी, वार्ड 3 से विमला देवी, वार्ड चार से जयराम कपूर, वार्ड 5 से सब्बू परवीन, वार्ड 6 से मनोज कुमार, वार्ड 7 से मनोज दास, वार्ड 8 से आशा देवी, वार्ड 9 से संयुक्ता कुंवर, वार्ड 10 मुंद्रिका मांझी, वार्ड 11 में संतोष रंजन, वार्ड नंबर 12 में मुस्तरी बीवी, वार्ड नंबर 13 में अल्मा पन्ना, वार्ड नंबर 14 में इंद्रदेव उरांव और वार्ड नंबर 15 में गुड़िया सिन्हा चुनाव जीते.

महगामा नगर परिषद से भाजपा समर्थित उम्मीदवार प्रबोध सोरेन जीते, प्रबोध सोरेन भाजपा आदिवासी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष हैं. उन्होने अखबार हॉकेर दुर्गा सोरेन को हराया. जीत के बाद कहा- भाजपा के लिए संजीवनी का करेगी काम.
देवघर नगर निगम के वार्ड 1 से 8 तक के परिणाम
वार्ड 1: संदीप विश्वकर्मा
वार्ड 2: प्रतिभा देवी
वार्ड 3: किशोर राव
वार्ड 4: पंकज पासवान
वार्ड 5: टिप चटर्जी
वार्ड 6ः सीमा सिंह
वार्ड 7: रूबी देवी
वार्ड 8: मंजू देवी
मेदिनीनगर नगर निगम के वार्ड 1-7 तक के पार्षद का परिणाम
वार्ड 1 - मंजू देवी
वार्ड 2 - सुनील राम
वार्ड 3 - राहुल कुमार
वार्ड 4 - बिंदिया देवी
वार्ड 5 - नीरा देवी (पूर्व से निर्विरोध निर्वाचित)
वार्ड 6 - आशना पांडेय
वार्ड 7 - रीता शुक्ला
पाकुड़ में अध्यक्ष पद सबरी पाल ने जीता, झामुमो की शेख सेलीना सुल्ताना को 2353 मत से हराया. तीसरे स्थान पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी संपा साहा.
नगर परिषद साहिबगंज में वार्ड 1 से 8 तक का रुझान, जीत पर जश्न
साहिबगंज नगर परिषद में वार्ड नंबर के एक से विनीता देवी ने वार्ड पार्षद के लिए जीत हासिल की है. इसी तरह वार्ड दो से सुशील भरतिया जीत हासिल की, वार्ड तीन से निर्विरोध संजू देवी जीती हैं. वार्ड चार से रौशन कुमारी ने जीत हासिल की, वार्ड पांच से बेबी खातून, वार्ड छह से शेखर पासवान, वार्ड सात से सुनीता सिन्हा, वार्ड आठ से रश्मि चौखानी ने निर्विरोध जीत हासिल की है.
रांची नगर निगम में मतगणना जारी, मेयर पद पर रौशनी खलखो को बढ़त
रांची नगर निगम में मतगणना जारी है. मेयर पद पर रौशनी खलखो बढ़त बनाए हुए हैं। वार्ड 20 के बूथ 6A से रौशनी खलखो को 136 वोट मिले, जबकि रमा खलखो को 35 और देवीदयाल मुंडा को 5 मत प्राप्त हुए. वार्ड 20 में पार्षद पद पर सुनील यादव करीब 100 वोट से आगे चल रहे हैं. वहीं वार्ड 37 से पार्षद प्रत्याशी परमेश्वर कुमार बढ़त पर हैं. मतगणना जारी है, अंतिम परिणाम आना बाकी है.
हजारीबाग से आया पहला नतीजा, वार्ड 27 से निर्वाचित हुईं सोनी
हजारीबाग में पहला नतीजा सामने आया है. यहां वार्ड संख्या 27 से सोनी छेत्री जीत गयी हैं.
मानगो, जुगसलाई और चाकूलिया में शहर की सरकार के लिए गिनती शुरू
जमशेदपुर के मानगो नगर निगम,जुगसलाई नगर परिषद और चाकुलिया नगर पंचायत में हुए चुनाव की मतगणना शुरू हो गई है जमशेदपुर के करनडीह स्थित प्रखंड विकास कार्यालय परिसर मे बने स्टेट फूड कॉरपोरेशन के गोदाम मे बनाये गए मतगणना केंद्र पर मतों की गिनती की जा रही है. देर शाम 8 बजे तक तमाम नतीजे आने के आसार हैं.
दुमका नगर परिषद और बासुकीनाथ नगर पंचायत के दो अध्यक्ष और 33 वार्ड पार्षदों के लिए मतगणना
दुमका नगर परिषद के अध्यक्ष और 21 वार्ड पार्षद, साथ ही बासुकीनाथ नगर पंचायत के अध्यक्ष और 12 वार्ड पार्षदों के चयन के लिए वोटों की गिनती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. दुमका के इंजीनियरिंग कॉलेज में मतगणना केंद्र बनाया गया है. दुमका नगर परिषद के अध्यक्ष पद के वोटो की गिनती के लिए 12 टेबल और बासुकीनाथ नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए 10 टेबल बनाये गए हैं.
पलामू में मतगणना, सुरक्षा पुख्ता
मेदिनीनगर नगर निगम के लिए 27 टेबल है और 5 राउंड में वोटो की गिनती हो रही है. बिश्रामपुर के लिए 13 टेबल 3 राउंड, छतरपुर के लिए 12 टेबल दो राउंड, हुसैनाबाद के लिए 15 टेबल दो राउंड और हरिहरगंज के लिए 12 टेबल दो राउंड की. मेदिनीनगर नगर निगम में मेयर के साथ-साथ 35 वार्ड आयुक्त कर वोटों की गिनती हो रही है.
रामगढ़ में मतगणना, तीन और दो-दो राउंड में काउंटिंग
रामगढ़ में तीन हॉल में मतों की गिनती, पहले और दूसरे हॉल में 15-15 टेबल तथा तीसरे हॉल में 11 टेबल सहित कुल 41 टेबलों पर मतों की गिनती. पहले हॉल में तीन राउंड में जबकि दूसरे और तीसरे हॉल में दो-दो राउंड में मतगणना पूरी की जाएगी.
लोहरदगा में काउंटिंग, 24 टेबल में दो राउंड में मतगणना
लोहरदगा के कृषि बाजार समिति परिसर को मतगणना केंद्र बनाया गया है. यहां पर प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला उन्हें सुनाया जाएगा. नगर परिषद चुनाव को लेकर 29643 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया था. इसके बाद शुक्रवार को कुल 24 टेबल में दो राउंड में मतगणना की जा रही है.
कोडरमा के माइनिंग कॉलेज में मतगणना, प्रत्याशियों की धड़कने हुई तेज
कोडरमा के बागीटांड स्थित माइनिंग कॉलेज के पुराने भवन में बने मतगणना केंद्र में मतों की गिनती का कार्य शुरू हो गया है। जिले के झुमरी तिलैया नगर परिषद के लिए 17, डोमचांच नगर पंचायत के लिए 11 और कोडरमा नगर पंचायत के लिए 12 टेबल लगाए गए हैं,
चास नगर निगम- पांच राउंड 28 टेबल, फूसरो नगर परिषद का चार राउंड में 18 टेबल में मतगणना
चास नगर निगम का पांच राउंड 28 टेबल और वही फूसरो नगर परिषद का चार राउंड में 18 टेबल मतगणना की गिनती के लिए सजाए गए है. बोकारो जिले के दोनों निकायों में कुल मतदाताओं की कुल संख्या 2,27,155 है. इसमें चास नगर निगम क्षेत्र में कुल मतदाता – 1,62,073 है, जिसमें पुरूष मतदाता 83,106, महिला मतदाता 78,950 अन्य मतदाता शामिल हैं. इसी तरह, फुसरो नगर परिषद क्षेत्र में कुल मतदाता 65,082 है, जिसमें पुरूष मतदाता 33,292 एवं महिला मतदाता 31,790 शामिल है.
166 बूथों के लिए 192 कर्मी कर रहे हैं मतों की गिनती, शाम तक रिजल्ट आने की संभावना
गिरिडीह नगर निगम, धनवार नगर पंचायत एवं बड़की सरैया नगर पंचायत के लिए अलग अलग हॉल की व्यवस्था की गई है. गिरिडीह नगर निगम के लिए दो हॉल है. हॉल एक में वार्ड संख्या 1 से 18 तक की गणना हो रही है. यहां 16 टेबल में गणना हो रहा है जो पांच चक्र तक चलेगा. इसी तरह हॉल दो में वार्ड संख्या 19 से 36 तक की गणना होगी. यहां भी 16 टेबल की व्यवस्था की गई है जो 4 चक्र तक चलेगा. बड़की सरैया नगर पंचायत में वार्ड संख्या 1 से 12 तक की गणना 8 टेबल होगी जो दो चक्र तक चलेगी. इसी तरह धनवार नगर पंचायत के वार्ड संख्या 1 से 11 तक की गणना 8 टेबल में 2 चक्र) तक चलेगी. कुल 166 मतदान केंद्र के बूथों के मतों की गणना के लिए 192 192 मतगणना कर्मियों को तैनात किया गया है.
लातेहार में कुल 15 टेबल में मतगणना, दो राउंड में मतगणना
जिला मुख्यालय के पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र पर कुल 15 टेबल में मतगणना की जा रही है. दो राउंड में मतगणना पूरी होगी. पहले राउंड की मतगणना आरंभ है. लातेहार नगर पंचायत चुनाव में अध्यक्ष पद के आठ और वार्ड पार्षद के 15 पदों के लिए कुल 56 उम्मीदवार मैदान में है. सभी के भाग्य का फैसला थोड़ी देर बाद हो जाएगा.
रांची में पहले राउंड की मतगणना शुरू, कई वार्डों के बूथों पर गिनती तेज
रांची में पहले राउंड की मतगणना शुरू, कई वार्डों के बूथों पर गिनती तेज. पहले राउंड में वार्ड संख्या 1 के सभी बूथों की मतगणना शुरू. इसके साथ ही वार्ड 2 के बूथ नंबर 1 से 10 तक की गिनती जारी है. वार्ड 7, 13, 19, 25, 31 और 37 के सभी बूथों की मतगणना भी पहले राउंड में शुरू कर दी गई है. वहीं वार्ड 8 के बूथ संख्या 1 से 11 तक बैलेट पेपर की छंटाई और गिनती का काम चल रहा है. अन्य वार्डों में भी चरणबद्ध तरीके से मतगणना जारी है. वार्ड 14 के बूथ 1 से 5, वार्ड 20 के बूथ 1 से 6, वार्ड 26 के बूथ 1 से 13, वार्ड 32 के बूथ 1 से 8, वार्ड 38 के बूथ 1 से 10, वार्ड 43 के बूथ 1 से 8 तथा वार्ड 49 के बूथ 1 से 12 तक की मतगणना पहले राउंड में शुरू हो चुकी है. बुंडू नगर पंचायत के सभी 16 बूथों की मतगणना भी एक साथ शुरू कर दी गई है। वहां भी पहले राउंड की गिनती शांतिपूर्ण तरीके से जारी है.

