'बिहार के विकास के लिए जो कुछ भी मेरी भूमिका होगी उसे मैं निभाऊंगा', विधानसभा में बोले नितिन नबीन

Published : February 10, 2026 at 11:14 AM IST
|Updated : February 10, 2026 at 1:44 PM IST
पटना: बिहार विधानसभा में बजट सत्र का आज मंगलवार को छठवां दिन है. सदन की कार्यवाही में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन हिस्सा ले रहे हैं. वहीं कानून व्यवस्था पर सदन के दोनों सदनों में विपक्ष का हंगामा आज भी जारी है.
LIVE FEED
सदन में क्या बोले नितिन नबीन?
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्षों के नवीन ने कहा कि सदन में जो हमें सम्मान मिला है उसके लिए मैं आदर व्यक्त करता हूं. 2006 में मैं पहली बार विधायक बना. मुख्यमंत्री जी ने बिहार की छवि को बदलने का काम किया है. बिहार अगर सम्मान पा रहा है तो हम लोगों के 30 साल के मेहनत का प्रतिफल है. देश के प्रधानमंत्री ने जहां सेवा भाव से काम किया वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सुशासन लाने में सफलता हासिल की. जनता से हम उसी रूप में जुड़े कि हम जब नहीं भी रहे तो हमारे काम को याद किया जाए. सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हैं. बिहार के विकास के लिए जो कुछ भी मेरी भूमिका होगी उसे मैं निभाने का काम करूंगा.
विधान परिषद में विपक्षी सदस्यों का हंगामा
विधान परिषद में विपक्षी सदस्य मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राबड़ी देवी की लेकर सोमवार को सदन में जो कहा गया था उस पर खेद प्रकट करने की मांग कर रहे है. सभापति ने कहा प्रश्न काल को बाधित नहीं किया जा सकता है सदन को विपक्ष बाधित नहीं करें. विपक्ष सदस्य बेल में पहुंचकर नारेबाजी कर रहे है. जिसके बाद सभापति ने दिन भर के लिए विपक्षी सदस्य को सदन से बाहर रहने का आदेश दिया. मंत्री अशोक चौधरी से विपक्षी सदस्यों की झड़प हुई. मार्शल ने बीच-बचाव किया.
नितिन नवीन जी हमारे बॉस हैं - सम्राट चौधरी
सम्राट चौधरी ने कहा कि इस सदन का कोई व्यक्ति इतने बड़े पद पर गया हो यह अपने आप में गौरव की बात है. प्रधानमंत्री जी ने जिस तरीके से कहा कि नितिन नवीन जी हमारे बॉस हैं यह सबसे बड़ी बात है. पूरे सदन की तरफ से मैं बधाई देता हूं और नितिन नवीन जी के उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं.
नितिन नबीन सदन की कार्यवाही में ले रहें हैं हिस्सा
संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी ने नीतीन नबीन का स्वागत किया है. विजय चौधरी ने कहा कि, केंद्रीय नेतृत्व ने सही फैसला किया है. हमारे नवीन सहज और कुशल हैं. मंत्री और विधायक के रूप में नितिन नवीन ने अपने दायित्वों का निर्वहन सही तरीके से किया है. इस उम्र में इतनी बड़ी उपलब्धि असाधारण है भाजपा नेतृत्व ने जो भरोसा किया है यह भी और असाधारण है. बिहार वासियों की तरफ से भाजपा नेतृत्व को बधाई देते हैं. हमारे नवीन भाजपा को भी नवीन कलेवर में डालकर ऊंचाई पर पहुंचा देंगे कि किसी बिहारी पर भरोसा करने में कोई दिक्कत नहीं होगी. हम अपने नवीन को शुभकामनाएं देते हैं कि आने वाले दिनों में पार्टी को और एनडीए को नई ऊंचाइयों पर ले जाएं
सदन से विपक्ष का वॉकआउट
बिहार विधानसभा में विपक्ष के हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने विधायकों से शांति बनाए रखने की अपील की. लेकिन विपक्ष का हंगामा जारी रहा, और सदन से वॉकआउट कर गए. इस पर संसदीय कार्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा कि, विपक्षी दल मुख्यमंत्री से जवाब की मांग कर रहे है और सरकार जवाब दे रही है.
कानून व्यवस्था और अपराध पर सियासी 'नोकझोंक'
सोमवार को सदन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राबड़ी देवी के बीच खूब तकरार हुई. इस मामले में मंगलवार को संदन के अंदर राष्ट्रीय जनता दल के विधायकों ने माफीनामे की मांग की है. वहीं कानून व्यवस्था और अपराध के मुद्दे पर विपक्षी सदस्यों ने सरकार को घेरा.
कांग्रेस विधायकों का बड़ा आरोप
प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के विधायकों का साफ-साफ कहना है कि बिहार में महिलाएं सुरक्षित नहीं है. जिस तरह का शासन यहां पर चल रहा है लगातार महिलाओं के साथ या छोटे बच्चियों के साथ दुष्कर्म हो रहा है लेकिन प्रशासन के लोग कुछ नहीं कर पा रहे हैं. उन्होंने साफ कहा कि सदन के अंदर भी हम लोगों को बोलने नहीं दिया जाता है.

CM का पुतला लेकर पहुंचे कांग्रेस विधायक
बिहार विधानसभा में विपक्ष का आज अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला है. कांग्रेस के विधायक अभिषेक रंजन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला लेकर पहुंचे हैं. पुतला में ही उन्होंने चूड़ियां भी बांध रखी है और बिहार में लगातार जो महिलाओं और बच्चियों के साथ दुष्कर्म हो रहा है उसकी चर्चा भी उन्होंने उस पुतले के साथ की है.


