ETV Bharat / state

बिहार विधानमंडल का बजट सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

Bihar budget session 2026 live
बिहार विधानसभा बजट सत्र (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 27, 2026 at 10:20 AM IST

Choose ETV Bharat

पटना: बिहार विधानसभा बजट सत्र का आज 19वां और अंतिम दिन है. आज गैर सरकारी संकल्प पर चर्चा होगी. वहीं अमित शाह के बिहार दौरे पर बिहार में सियासी हलचल बढ़ी हुई है. घुसपैठिए को लेकर बयान बाजी जारी है.

LIVE FEED

2:41 PM, 27 Feb 2026 (IST)

मालदा-मुर्शिदाबाद के लोगों पर कार्रवाई!

विधायक गोपाल अग्रवाल के मुद्दे पर मंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि इस तरह के कोई सबूत नहीं मिले हैं कि इन जमीनों पर मालदा-मुर्शिदाबाद के लोगों का कब्जा है. साक्ष्य मिला तो कार्रवाई करेंगे. गैर सरकारी संकल्प पर चर्चा चल रही है. राजद के आलोक मेहता विधानसभा का संचालन कर रहे हैं. अध्यक्ष के आसन पर बैठे हुए हैं. प्रेम कुमार ने संचालन का निर्देश दिया है.

2:39 PM, 27 Feb 2026 (IST)

मालदा और मुर्शिदाबाद के लोगों पर जमीन कब्जा करने का आरोप

विधानसभा में गैर सरकारी संकल्प पर चर्चा के दौरान ठाकुरगंज के विधायक गोपाल अग्रवाल ने बिहार में मालदा और मुर्शिदाबाद के लोगों के द्वारा जमीन कब्जा करने का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि ये इलाका चिकन नेक है और काफी संवेदनशील है.

12:37 PM, 27 Feb 2026 (IST)

धर्म परिवर्तन को लेकर कड़े कानून की मांग

धर्म परिवर्तन को लेकर कड़े कानून बनाने का सवाल आज विधान सभा में उठा. ध्यानकर्षण के माध्यम से सत्ता पक्ष के कई सदस्यों ने इस सवाल को उठाया है. जब बीजेपी सदस्य इस मामले में फिर से हंगामा करने लगे तो विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि, मैंने नियमन दे दिया हैं, सरकार समीक्षा करेगी और जरूरत पड़ेगा तो कानून बनाएगी. अब इस पर चर्चा नहीं होगी.

12:36 PM, 27 Feb 2026 (IST)

घरों के ऊपर से बिजली के तार हटाने का मुद्दा सदन में उठा

बड़हरा विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने ग्रामीण और शहरी इलाके में घरों से सटे या ऊपर से गुजरे बिजली तार हटाने के लिए सरकार फैसला लें. इस पर मंत्री विजयेंद्र यादव ने कहा कि, तार लगने के बाद घर बनाये गए हैं, इसे हटाने के लिए निर्धारित राशि देनी होगी, फिलहाल इसे हटाने की कोई योजना नहीं है. इस पर राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए. हमारे सवालों को ऐसे ही टाल दिया जा रहा है. सरकार इस पर गंभीरता से विचार करे. राघवेंद्र सिंह के अलावा सत्ताधारी और विपक्ष के कई विधायकों ने इसकी मांग की. इसके बाद स्पीकर ने कहा कि होली के बाद मंत्री इस मामले पर समीक्षा कर लेंगे.

12:36 PM, 27 Feb 2026 (IST)

बक्सर के पर्यटन के विकास पर सवाल

विधानसभा में बक्सर के पर्यटन के विकास को लेकर आनंद मिश्रा ने सवाल किया था. इस पर आनंद मिश्रा ने कहा बक्सर जिला भगवान वामन की अवतरण स्थल तथा प्रभु श्री राम की शिक्षा स्थली होने के कारण विशिष्ट धार्मिक महत्व रखता है. सोमेश्वर मंदिर का विकास कर दिया जाए, उसी से पूरे इलाके का विकास हो जाएगा. इस पर बीजेपी के मिथिलेश तिवारी ने कहा कि अयोध्या का विकास हो गया. मां जानकी की जन्म स्थली का भी विकास हो रहा है, उस मामले में बक्सर पीछे छूट गया है. बक्सर के लिए विशेष डीपीआर बनाने की जरूरत है. इस पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा कि क्या लाइट और साउंड की व्यवस्था वहां हो गई है?. पर्यटन मंत्री अरुण शंकर ने कहा कि लाइट एंड साउंड की व्यवस्था हो गई है और रामायण सर्किट में पूरे इलाके के विकास पर काम हो रहा है. कई सुविधा को विकसित किया जा रहा है. बक्सर महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है. इससे कोई इनकार नहीं कर सकता है. बीजेपी के सुनील कुमार ने कहा, मंत्री जी मेरे साथ चलिए आपको बताएंगे, वहां क्या-क्या होना है. विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सब लोग समय लेकर चले जाइए.

12:36 PM, 27 Feb 2026 (IST)

चौरासन रोपवे हादसा में अब तक क्या कार्रवाई हुई?

मुरारी प्रसाद गौतम ने रोहतास के चौरासन में रोपवे ट्रायल के दौरान ध्वस्त होने के मामले में दोषियों पर कार्रवाई का मामला उठाया. मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने जवाब देते हुए कहा कि इस घटना के बाद जिस कंपनी ने निर्माण किया था उसे ब्लैकलिस्टेड कर दिया गया है. और साथ ही इंजीनियरों पर भी कार्रवाई की गई है. आईआईटी पटना से इस मामले की जांच कराई जा रही है. साथ ही उन्होंने कहा कि इसका 6 महीने में निर्माण कराया जाएगा.

12:36 PM, 27 Feb 2026 (IST)

अनुमंडल में होगी SDRF की तैनाती, क्या बोले मंत्री?

मंत्री विजय चौधरी ने विधानसभा में बताया कि SDRF की कल्पना और गठन इसी सरकार की सोच है. इसका विस्तार कार्यक्रम चल रहा है. इसका मुख्यालय बिहटा में बनाया गया है. अब कैडर्स को राष्ट्रीय से अंतर्रास्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग दी जा रही है. अनुमंडल स्तर तक इसका विस्तार किया जाएगा.

12:36 PM, 27 Feb 2026 (IST)

अनुमंडल में होगी SDRF की तैनाती का मामला

बेगूसराय के विधायक कुंदन कुमार ने अनुमंडल में SDRF की तैनाती का मामला उठाया. उन्होंने बताया कि 2024-25 में 2547 लोगों की डूबने से मौत हुई है. इसके लिए उन्होंने पूछा कि क्या जिला मुख्यालय की जगह अनुमंडल स्तर पर SDRF टीम की तैनाती की जाये. साथ ही उन्हें अपग्रेड किया जाये. इसके बाद सीतामढ़ी, छातापुर समेत कई विधायकों ने इस पर राय रखी. उन्होंने सरकार से कहा कि SDRF की कमी और उनके पास पर्याप्त संसाधनों की कमी के कारण लोगों की मौत हो रही है.

11:30 AM, 27 Feb 2026 (IST)

डाउन सिंड्रोम पर क्या बोले स्वास्थ्य मंत्री?

डाउन सिंड्रोम पर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने कहा, प्रत्येक 880- 1000 जीवित जन्मे बच्चों में से एक बच्चे में डाउन सिंड्रोम होने की संभावना होती है. डाउन सिंड्रोम के साथ जन्मे बच्चों में मानसिक विकास देरी के साथ-साथ शारीरिक विकास भी धीमा होता है. ऐसी अवस्था में स्पीच थेरेपी, स्पेशल एजुकेशन आदि की सुविधा प्रदान कर उनके जीवन को बेहतर बनाया जा सकता है. राज्य के 9 प्रमंडलीय जिले पटना, मुजफ्फरपुर, सहरसा, गया, मुंगेर, सारण, पूर्णिया, दरभंगा और भागलपुर में जिला अर्ली इंटरवेंशन सेंटर क्रियाशील है. जहां ऐसे बच्चों को मेडिकल सर्विसेज, डेंटल सर्विसेज, ऑक्यूपेशनल थेरेपी, फिजियोथैरेपी स्पीच, थेरेपी ऑडियोलॉजी विजुअल इंपेयरमेंट और काउंसलिंग आदि किया जाता है. इस प्रकार की सुविधा एवं जांच हेतु विस्तृत कार्य योजना बनाकर कार्रवाई की जाएगी. मंगल पांडे ने कहा कि पहले तो काउंसलिंग की भी सुविधा नहीं थी. स्वास्थ्य मंत्री ने आरजेडी विधायक से यह भी कहा कि यदि आपके पास कोई और जानकारी है तो उसे उपलब्ध करा सकते हैं.

11:29 AM, 27 Feb 2026 (IST)

सदन में उठा डाउन सिंड्रोम वाले बच्चे का मामला

विधानसभा में डाउन सिंड्रोम वाले बच्चे का मामला उठा. राजद के विधायक राहुल कुमार ने इसे उठाते हुए कहा कि राज्य में लगभग 40,000 से 50,000 लोग अनुवांशिक डाउन सिंड्रोम से ग्रसित है. 3000 से 4000 बच्चे इस लक्षण के साथ ही जन्म लेते हैं. राहुल कुमार ने कहा, गर्भावस्था के दौरान इसका परीक्षण हो जाने से समय पर स्पीच थेरेपी, स्पेशल एजुकेशन आदि की सुविधा प्रदान करने से ग्रसित बच्चे सामान्य जीवन यापन करने में सक्षम हो जाते हैं. इसलिए सरकार अनुवांशिक सिंड्रोम रोग की जांच के लिए सुविधा उपलब्ध कराएं.

11:29 AM, 27 Feb 2026 (IST)

RJD MLC का आरोप कंपनियों से 250 करोड़ का चंदा लिया

आरजेडी एमएलसी सुनील सिंह ने जेडीयू पर लगाया बड़ा आरोप. उन्होंने कहा कि, बिहार में स्मार्ट मीटर लगानेवाली कंपनी को फायदा पहुंचाकर 250 करोड़ का चंदा लिया गया. जिस कंपनी का टर्नओवर 27 करोड़ का सालाना है, उससे 24 करोड़ चंदा लिया. उन्होंने कहा कि, ये लोग हिरण के रूप में भेड़िया है, समाजवादी चोला पहनकर इन लोगों ने भ्रष्टाचार किया. कैश में इससे कई गुना ज्यादा पैसा लिया गया. साथ ही उन्होंने कहा कि, बिहार में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार करनेवाला दल जेडीयू है

10:15 AM, 27 Feb 2026 (IST)

बिहार विधानसभा बजट सत्र का 19 वां दिन

विधानसभा का बजट सत्र 2 फरवरी से शुरू हुआ था वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट के साथ विभिन्न विभाग के बजट और कई विधेयक पास हुए हैं. लंबे अरसे के बाद विधानसभा में प्रश्नकाल बिना बाधा के चला है और प्रश्नों का उत्तर हुआ है. विपक्ष के तरफ से सरकार को घेरने की कोशिश जरूर हुई है लेकिन प्रश्न काल में इस बार हंगामा नहीं हुआ है. सदन में विपक्षी सदस्यों की संख्या कम होने के साथ नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अधिकांश दिन अनुपस्थित रहे, जिससे सदन संचालन में सत्ता पक्ष को मुश्किलों का सामना नहीं करना पड़ा. विपक्ष से ज्यादा सत्ता पक्ष के सदस्य ही इस बार सरकार के लिए परेशानी पैदा करते रहे हैं. अंतिम दिन सीएजी जैसे मुद्दे पर हंगामा होने के आसार हैं.

10:14 AM, 27 Feb 2026 (IST)

चर्चा में अमित शाह का बिहार दौरा

केंद्रीय मंत्री अमित शाह बिहार के घुसपैठियों को लेकर सीमांचल के दौरे पर हैं. तीन दिवसीय दौरे का उनका आज अंतिम दिन है लेकिन उनके दौरे से बिहार का सियासी पारा चढा हुआ है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से लेकर विपक्ष के सदस्य उनके दौरे को लेकर निशाना साध रहे हैं. सीमांचल का दौरा पश्चिम बंगाल से जोड़कर देखा जा रहा है. वहीं घुसपैठिए को लेकर भी बयान बाजी हो रही है. ऐसे में आज भी यह मुद्दा छाया रहेगा.

10:14 AM, 27 Feb 2026 (IST)

गैर सरकारी संकल्प पर चर्चा

भोजन अवकाश के बाद दूसरे हाफ में गैर सरकारी संकल्प पर चर्चा होगी. विधानसभा के सदस्य अपने क्षेत्र की विकास से संबंधित योजनाओं को उठाएंगे. सरकार के तरफ से उत्तर दिया जाएगा. जरूरत पड़ी तो वोटिंग भी होगी.

10:13 AM, 27 Feb 2026 (IST)

11 बजे से कार्यवाही

विधानसभा की कार्यवाही 11:00 बजे से शुरू होगी प्रश्न काल में ऊर्जा विभाग, पर्यटन विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग, योजना एवं विकास विभाग, संसदीय कार्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग से संबंधित प्रश्न सदन में ले जाएंगे जिसका संबंधित विभाग के मंत्री जवाब देंगे. ध्यान कर्षण में स्वास्थ्य विभाग गृह, विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग से संबंधित प्रश्न का उत्तर होगा. इसके अलावा बिहार विधानसभा के विभिन्न समितियो का प्रतिवेदन भी सदन पटल पर रखा जाएगा. उसके अलावा जो जरूरी कामकाज होंगे उसे निपटाया जाएगा.