एक क्लिक में देखें बिहार के विभिन्न जिलों की होली की तस्वीरें

Published : March 4, 2026 at 9:20 AM IST
पटना : देशभर में होली की धूम है. बिहार में भी लोग जमकर इसका लुत्फ उठा रहे हैं. वैसे भी बिहार की होली देशभर में प्रसिद्ध है. कहीं फगुआ गाया जा रहा है तो कहीं गुलाल उड़ाया जा रहा है. रंगों में लोग सराबोर नजर आ रहे हैं.
LIVE FEED
लालू अंदाज में कुर्ता फाड़ होली
आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव के अंदाज में वैशाली के भगवानपुर प्रखंड में राष्ट्रीय जनता दल नेता केदार प्रसाद यादव एवं अन्य कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज़ में 'कुर्ता फाड़' होली खेली. होली का यह खास रूप वर्षों से राजद की पहचान बन चुका है, जिसे पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने 1991 में शुरू किया था.

तेजस्वी ने बेटी के साथ खेली होली
आरजेडी का कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने आज बेटी कात्यायनी के साथ होली खेली. उन्होंने अपने फेसबुक हैंडल पर एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें दोनों पिता-पुत्री एक-दूसरे को अबीर लगा रहे हैं.
'होली आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का पर्व'
पटना में मंत्री अशोक चौधरी ने कहा, "होली का त्योहार रंगों का त्योहार है, साथ ही आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का भी पर्व है. सभी गिले-शिकवे और शिकायतें भुलाकर लोग एक नए वर्ष की शुरुआत करते हैं."
शिवहर में कपड़ा फाड़ होली
शिवहर में कपड़ा फाड़ होली का उत्साह देखते ही बन रहा है. गांव-टोले से लेकर नगर के चौक-चौराहों तक युवा पीढ़ी अलग-अलग भेष-भूषा में सड़कों पर नजर आ रहे है.
तेज प्रताप यादव की होली
पटना में जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने अपने आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ होली मनाई. इस मौके पर उन्होंने कहा, "बिहारवासियों और पूरे देश के लोगों को होली की ढेर सारी शुभकामनाएं. इस पावन होली के अवसर पर सभी लोग भाईचारे के साथ रहे. आज किसी से मनमुटाव नहीं करना चाहिए, चाहें दुश्मन भी हों तो उन्हें भी गले लगाना चाहिए. विश्व में जो युद्ध की स्थिति बनी हुई है, उसे लेकर हम भगवान से कामना करते हैं कि ये रुके. ये स्थिति नहीं होनी चाहिए."
बिहार वासियों को होली की शुभकामनाएं : शिवेश कुमार
बिहार से भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार शिवेश कुमार ने कहा, "सबसे पहले मैं समस्त बिहार वासियों को होली की शुभकामनाएं देता हूं. आज बिहार के लिए बहुत खुशी का दिन है. मैं सभी को बधाई देता हूं." उन्होंने आगे कहा, "पार्टी की ओर से मुझे (राज्यसभा चुनाव) प्रत्याशी बनाया गया है. हम लोगों के लिए सबसे खुशी की बात है कि बिहार से हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और बिहार से ही वे राज्यसभा में चुनकर जाने वाले हैं. पूरे बिहार को इसकी खुशी है. प्रधानमंत्री मोदी का लक्ष्य है कि 2047 तक देश विश्वगुरू बने और भारत विकसित भारत बने, उस ओर हम सब काम करेंगे."
बिहार वासियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं : श्रवण कुमार
बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा, "यही हमारे देश व बिहार की विशेषता है कि रंगों में रंग मिल जाते हैं और यहां लोग होली के त्यौहार को प्रेम व भाईचारे से मनाते हैं, गले मिलते हैं और शुभकामनाएं देते हैं. राज्य में अमन के लिए, शांति के लिए, प्रेम के लिए और भाई चारे के लिए मैं इस अवसर पर सभी देशवासियों और बिहार वासियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं."
मेरे पिता के सबसे पसंदीदा त्यौहारों में होली- चिराग पासवान
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, "ये खुशियों का रंग है, खुशियों का त्यौहार है. होली रंगों के साथ मनाया जाता है और ये रंग हर किसी के जीवन में खुशियां व उत्साह लेकर आते हैं. मेरे पिता के सबसे पसंदीदा त्यौहारों में से होली थी. वे जब थे तो खुशी से इस त्यौहार को मनाते थे. जब तक मेरे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के रंगों से मैं देश को रंगते ना देखूं तब तक भी मेरे लिए ये रंग फीके हैं."
हैप्पी होली.. रंग बरसे- लालू प्रसाद
होली के पावन अवसर पर पावन रंगों में रंगे अपने जीवन के अनुभव और सेवा का संकल्प आपके चरणों में अर्पित करता हूं. संघर्ष की धूप में तपकर जो कुछ भी मैंने सीखा, वह यह है की इंसान का सबसे सच्चा रंग उसका मानवता के प्रति समर्पण होता है. आइए, इस होली हम समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का वचन दोहराए. रिश्तों, नातों, भाईचारे और भविष्य के उज्जवल सपनों और मानवता की भलाई वाले रंग अपनाएं तथा एक दूसरे पर बस यही एक रंग चढ़ाएं. मेरी कामना है कि आपके घर में खुशियों का रंग बरसे, समाज में सेवा, सद्भाव और सुख का रंग कभी फीका न पड़े. आप सभी को होली की हृदय से शुभकामनाएं.
मटन की दुकानों पर उमड़ी भीड़
होली के अवसर पर लोग नॉन वेज खाना पसंद करते हैं. ऐसे में मीट दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है. सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें दुकानों के बाहर देखने को मिल रही है. लगभग सभी दुकानों में भीड़ की स्थिति बनी हुई है. पटना के भी सभी मटन की दुकानों में लंबी लाइन लाइन देखने को मिल रही है.

पूर्णिया में एक छत के नीचे कई परिवारों ने मनायी होली
पूर्णिया में एक ही छत नीचे कई परिवार के बच्चे एवं युवा होली का उमंग मनाते दिखे. साथ ही साथ फिल्मी गाने पर ठुमके लगाते हुए दिखे. परिवार वालों से पूछने पर उन्होंने बताया कि इस पर्व को कुछ लोगों के द्वारा माहौल बिगाड़ने देखा गया है. बच्चे होली की उमंग मनाने में कतराते हैं. एक छत के नीचे जाने के बाद बच्चे इस पल का मजा लेते हैं और वैसे लोगों से बचते हैं.

होली की बधाई एवं शुभकामनाएं- नीतीश कुमार
सीएम नीतीश कुमार ने भी बिहारवासियों को होली की बधाई दी है. उन्होंने लिखा- ''रंगों के त्योहार होली की बधाई एवं शुभकामनाएं. होली सामाजिक समरसता का प्रतीक है. होली का यह पवित्र त्योहार राज्यवासियों के जीवन में खुशियों के नए रंग लेकर आए. यह पवित्र त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का भी प्रतीक है. होली का त्योहार प्रेम, भाईचारे एवं सद्भाव के साथ मनाएं.''
पटना के गांधी मैदान में रामकृपाल यादव की खास होली, देखें वीडियो
बिहार में जब भी राजनीतिक होली की बात होती है लालू प्रसाद यादव की कुर्ता फाड़ हुड़दंग होली सामने आ जाता है. देश दुनिया में लालू प्रसाद यादव की उस होली की चर्चा होती है. सालों तक लालू प्रसाद यादव कुर्ता फाड़ होली खेलते रहे और उस होली के आयोजन में जिनकी सबसे बड़ी भूमिका होती थी उसमें रामकृपाल यादव भी एक थे. स्वास्थ्य कारणों से लालू प्रसाद यादव अब कुर्ता फाड़ होली नहीं खेलते हैं लेकिन चर्चा अभी भी उस होली की खूब होती है. रामकृपाल यादव अब लालू प्रसाद यादव से अलग हैं. बीजेपी के नेता के तौर पर दानापुर से विधायक हैं और बिहार सरकार में कृषि मंत्री भी हैं लेकिन होली से दूरी नहीं बनाई है. रामकृपाल यादव अभी भी सुबह से होली में डूब जाते हैं. रामकृपाल यादव गांधी मैदान में सुबह में मॉर्निंग वॉक करने जाते हैं. इस बार होली मिलन समारोह गांधी मैदान में ही कर रहे हैं, जहां बड़ी संख्या में लोग उनके साथ होली पर झूम रहे हैं, गा रहे हैं. एक दूसरे को रंग गुलाल लगा रहे हैं. खुद मंत्री रामकृपाल यादव होली गीत गाते हुए सुबह से आज झूमते नजर आए.
गोपालगंज में होली का धूम-धड़ाका
गोपालगंज में भी होली के रंगों में लोग सरावोर हैं. एक-दूसरे को जमकर रंग लगाए जा रहे हैं. साथ ही एक टोली ढोलक और मंजीरा के थाप पर फगुआ के गीत गाकर समा बांध रहा है.
फगुआ के गीत पर झूमा भोजपुर
भोजपुर जिले के बाघाकोल गांव में भी होली की मस्ती छायी है, जहां आज भी फगुआ गा कर होली को उत्साह के साथ मनाया जाता है. बाबू कुंवर सिंह होली खेले... बाबा हरिहर नाथ सोनपुर में होली खेले.. अखियां लाले लाल..जैसे होली गीत के साथ झाल और ढोलक की थाप पर जोश के साथ गाते हैं.

