Himachal Panchayat Elections Voting: पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में 80.34% मतदान, इस जिले में पड़े सबसे अधिक वोट

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 29, 2026 at 10:26 PM IST
|Updated : May 30, 2026 at 2:15 PM IST
हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं की चुनाव प्रक्रिया अब अपने अंतिम चरण में है. आज (शनिवार, 30 मई) पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के लिए प्रदेश की 1187 पंचायतों में वोटिंग थी, जो अब लगभग समाप्त हो चुकी है. वोटिंग प्रक्रिया सुबह 7 बजे शुरू हुई थी, जो दोपहर 3 बजे तक चली. मतगणना जारी है और परिणाम आना भी शुरू हो गए हैं. देर रात तक सभी पंचायतों के नतीजे साफ हो जाएंगे. इसके साथ ही प्रदेश की 1187 पंचायतों में प्रधान, उप प्रधान और वार्ड मेंबर का फैसला हो जाएगा. वहीं, पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के लिए डाले गए वोटों की गिनती 31 मई को होगी.
LIVE FEED
पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में 80.34% मतदान
- कुल राज्य स्तरीय मतदान: 80.34%
- महिलाओं का दबदबा: महिला मतदाताओं ने 83.30% वोटिंग की, जबकि पुरुषों का मतदान 77.44% रहा.
- सबसे आगे सिरमौर: सिरमौर जिले में सबसे अधिक 84.83% मतदान हुआ.
- सबसे पीछे लाहौल-स्पीति: लाहौल-स्पीति जिले में सबसे कम 71.05% मतदान रिकॉर्ड किया गया.
दोपहर 1 बजे तक जिलेवार मतदान प्रतिशत
जिलेवार मतदान की बात की जाए तो सिरमौर जिले में सबसे अधिक 72.04 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जहां 1,16,379 कुल मतदाताओं में से 83,842 मत पड़े. इसके बाद सोलन में 66.32 प्रतिशत, शिमला में 65.90 प्रतिशत, किन्नौर में 64.19 प्रतिशत और ऊना में 64.00 प्रतिशत मतदान रहा. हमीरपुर में 63.35 प्रतिशत, कुल्लू में 63.37 प्रतिशत, मंडी में 62.00 प्रतिशत तथा बिलासपुर में 61.54 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. चंबा में 60.17 प्रतिशत और लाहौल-स्पीति में 60.75 प्रतिशत मतदान रहा. कांगड़ा जिले में 3,70,630 मतदाताओं में से 2,25,250 मत पड़े और मतदान प्रतिशत 60.77 दर्ज हुआ. अधिकांश जिलों में महिला मतदान प्रतिशत पुरुषों से अधिक रहा, जो ग्रामीण लोकतंत्र में महिलाओं की मजबूत भागीदारी को दर्शाता है.

दोपहर 1:00 बजे तक 63.36 प्रतिशत मतदान
हिमाचल प्रदेश पंचायती राज चुनाव 2026 के तीसरे चरण का मतदान जारी है. राज्य में दोपहर 1:00 बजे तक कुल 63.36 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. राज्य की 1189 पंचायतों और 6615 पंचायत वार्डों में मतदान प्रक्रिया जारी रही. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार कुल 15,39,161 मतदाताओं में से 9,75,226 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया लिया है. इसमें पुरुष मतदाताओं में 7,76,223 में से 4,43,303 मत पड़े और मतदान प्रतिशत 57.11 रहा. वहीं, महिला मतदाताओं में 7,62,918 में से 5,31,922 ने मतदान किया और मतदान प्रतिशत 69.72 प्रतिशत दर्ज हुआ. महिलाओं की भागीदारी पुरुषों की तुलना में अधिक रही. राज्यभर में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा और अधिकांश जिलों में 60 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया.

हमीरपुर की 77 पंचायतों में मतदान जारी
जिला हमीरपुर में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के अंतिम चरण के तहत मंगलवार को 77 ग्राम पंचायतों में मतदान प्रक्रिया जारी है. सुबह 7 बजे से मतदान आरंभ हुआ, लेकिन बारिश के कारण शुरुआती घंटों में मतदान की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी रही. इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में लोकतंत्र के इस पर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और मतदाता लगातार मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. बारिश के चलते कई मतदान केंद्रों पर सुबह के समय भीड़ कम रही. स्वाहल पंचायत के एक मतदान केंद्र पर मतदाताओं ने बिना किसी लंबी कतार के अपने वोट डाले. प्रतिकूल मौसम के बावजूद ग्रामीणों का उत्साह कम नहीं हुआ और समय बढ़ने के साथ मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या भी बढ़ने लगी. चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.
बारिश के बीच लोकतंत्र का उत्सव
पहली बार मतदान करने पहुंची पिया शर्मा ने कहा कि, संविधान ने प्रत्येक नागरिक को अपने प्रतिनिधियों को चुनने का अधिकार दिया है और सभी युवाओं को अपने मत का प्रयोग अवश्य करना चाहिए. युवा शक्ति और ग्रामीण क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखकर मतदान किया है. युवा मतदाता अशोक कुमार ने कहा कि उन्होंने अपने क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए वोट डाला है. उन्होंने कहा कि बारिश के कारण मौसम सुहावना है, लेकिन लोगों में मतदान के प्रति उत्साह बना हुआ है और मतदाता धीरे-धीरे मतदान केंद्रों तक पहुंच रहे हैं. ध्यान चंद ने लोगों से अपने मताधिकार का उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि पंचायतों के विकास में मतदान की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसे प्रतिनिधि को चुनने के लिए वोट दिया है जो पंचायत की समस्याओं का समाधान कर विकास कार्यों को गति दे सके.
क्या है मतदाताओं की उम्मीदें?
महिला मतदाता शुक्ला देवी ने कहा कि इस बार पंचायत प्रधान का पद महिलाओं के लिए आरक्षित है, जिससे महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है. उन्होंने कहा कि महिला प्रधान के समक्ष महिलाएं अपनी समस्याएं और सुझाव खुलकर रख सकती हैं. उन्होंने क्षेत्र के विकास और महिलाओं के उत्थान को ध्यान में रखते हुए मतदान किया है. वहीं प्रीतम ने कहा कि उन्होंने ऐसे प्रतिनिधियों के पक्ष में मतदान किया है जो ग्रामीण समस्याओं के समाधान और पंचायत के विकास को प्राथमिकता दें. उन्होंने बताया कि बारिश के कारण सुबह मतदान धीमी गति से शुरू हुआ, लेकिन लोगों में मतदान को लेकर उत्साह लगातार बना हुआ है.

देवाज्ञा का पालन करने के लिए फर्श पर ही सजा दिया बूथ
हिमाचल पंचायत चुनाव के तीसरे चरण का मतदान जारी है. सैंज घाटी की तलाड़ा पंचायत के वार्ड नंबर एक में कण्ढा मतदान केंद्र में देवसंस्कृति और लोकतंत्र की भागीदारी सुनिश्चित करने की अनूठी मिसाल देखने को मिली. पंचायत के कण्ढा गांव में सज़े मतदान केंद्र में पोलिंग पार्टी फर्श पर बैठकर ही मतदान करवा रहे हैं. पोलिंग पार्टी ने कमरे के फर्श पर बैठकर मतदान करवाने का निर्णय देवता गर्ग ऋषि के सम्मान में किया.
इस गांव में कुर्सी पर बैठना और पलंग पर सोना वर्जित
दरअसल कण्ढा गांव के कुछ क्षेत्र में देव प्रथा के अनुसार कुर्सी पर बैठना और पलंग पर सोना मना है. इस प्रथा का पता जैसे ही पोलिंग पार्टी को देवपरंपरा का पता चला तो उन्होंने भी देव प्रथा का निर्वहन करने का फ़ैसला किया और बिना कुर्सी टेबल के बूथ सज़ा दिया. ऐसे में पोलिंग टीम के प्रिजाइडिंग ऑफिसर मनोज महाजन, पोलिंग ऑफिसर मनोज शर्मा, सोमदत्त व चरणजीत और सुरक्षा कर्मचारी भागादेई व ईश्वर दास ने भी देव परंपरा और प्राचीन मान्यता का निर्वहन करने का फ़ैसला किया और फर्श पर बैठ कर मतदाताओं के लिए मतदान प्रक्रिया निभाते रहे. मतदान टीम द्वारा देव परंपरा को महत्व दिए जाने के साथ-साथ क्षेत्रवासियों ने मतदान प्रक्रिया में भी बढ़चढ़ कर भाग लिया.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने किया मतदान
पंचायती राज चुनाव के तीसरे एवं अंतिम चरण में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने अपने गृह जिला बिलासपुर पहुंचकर लोकतंत्र के महापर्व में भाग लिया. उन्होंने अपनी गृह पंचायत विजयपुर में परिवार सहित मतदान किया. भारी बारिश के बावजूद केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने मतदान कर लोगों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का संदेश दिया. इस दौरान उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को मतदान अवश्य करना चाहिए. उन्होंने लोगों से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील भी की.

सुबह 11 बजे तक किस जिले में कितना प्रतिशत मतदान
हिमाचल पंचायत चुनाव के तीसरे चरण का मतदान जारी है. जिलेवार बात की जाए तो सबसे अधिक सिरमौर में और मंडी में सबसे कम मतदान प्रतिशत दर्ज किय गया है. बिलासपुर में 58 पंचायतों और 326 वार्डों में 39.98% मतदान दर्ज किया गया है. चंबा में 85 पंचायतों और 467 वार्डों में 39.06% मतदान हुआ. हमीरपुर की 77 पंचायतों और 429 वार्डों में 43.36% मतदान दर्ज किया गया. प्रदेश के सबसे बड़े जिले कांगड़ा में 277 पंचायतों और 1,525 वार्डों में 38.98% मतदान हुआ. किन्नौर की 26 पंचायतों और 130 वार्डों में 43.89% मतदान दर्ज किया गया.
वहीं, कुल्लू में 76 पंचायतों और 426 वार्डों में 41.16% मतदान हुआ. लाहौल-स्पीति की 14 पंचायतों और 70 वार्डों में 43.15% मतदान दर्ज किया गया. मंडी की 183 पंचायतों और 1,015 वार्डों में सबसे कम 38.90% मतदान हुआ. शिमला में 141 पंचायतों और 749 वार्डों में 43.32% मतदान दर्ज किया गया. सिरमौर की 89 पंचायतों और 515 वार्डों में सबसे अधिक 49.38% मतदान हुआ. सोलन में 82 पंचायतों और 492 वार्डों में 42.60% मतदान दर्ज किया गया, जबकि ऊना की 81 पंचायतों और 471 वार्डों में 43.03% मतदान हुआ.

सुबह 11 बजे तक 41.34 प्रतिशत मतदान
हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज तीसरे चरण का मतदान कुल 11,89 पंचायतों के 6,615 पंचायत वार्डों में जारी है. सुबह 11:00 तक प्रदेश में कुल मतदान प्रतिशत 41.34% दर्ज किया गया है. राज्यभर में कुल 15,39,161 मतदाताओं में से 6,36,312 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है, पुरुष मतदाताओं में 7,76,223 में से 3,04,153 (39.18%) तथा महिला मतदाताओं में 7,62,918 में से 3,32,158 (43.54%) ने मतदान किया है. अब तक महिलाओं की मतदान भागीदारी पुरुषों की तुलना में अधिक रही है. जिला स्तर पर सिरमौर सबसे आगे है जबकि मंडी और कांगड़ा में मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम दर्ज किया गया है.

हिमाचल पंचायत चुनाव 2026: पूर्व CM जयराम ठाकुर ने डाला वोट
हिमाचल पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के लिए मतदान जारी है. हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुरहाग पंचायत के आहुण बूथ पर पहुंच कर मतदान किया. इस दौरान उन्होंने लोगों से वोट करने की अपील की.
वोट डालने के बाद जयराम ठाकुर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा है, "लोकतंत्र के इस महापर्व में आज अपने गृह ग्राम पंचायत मुरहाग में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सहभागिता निभाई. पंचायतें ग्रामीण विकास और जनभागीदारी की सबसे मजबूत कड़ी हैं. मेरा सभी मतदाताओं से आग्रह है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें और अपने क्षेत्र के विकास, सुशासन तथा समृद्ध भविष्य के लिए योग्य प्रतिनिधियों का चयन करें. मजबूत पंचायत, सशक्त गांव और विकसित हिमाचल के निर्माण में आपका एक वोट महत्वपूर्ण है."

एक साथ मतदान करने पहुंचीं चार पीढ़ियां
तीसरे चरण के पंचायत चुनाव में शिमला जिले के ग्राम पंचायत खड़ाहन के वार्ड नंबर-3 से लोकतंत्र की एक प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई. यहां एक ही परिवार की चार पीढ़ियों ने एक साथ मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है. परिवार के सबसे वरिष्ठ सदस्य 101 वर्षीय पदम दास मेहता ने मतदान कर युवाओं को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया. उनके साथ दूसरी पीढ़ी के केवल राम मेहता (76 वर्ष), तीसरी पीढ़ी के महेंद्र सिंह मेहता (47 वर्ष) और चौथी पीढ़ी के दीपक मेहता (24 वर्ष) ने भी अपने मत का प्रयोग किया.
चार पीढ़ियों का एक साथ मतदान केंद्र पहुंचना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा. मतदान केंद्र पर मौजूद लोगों ने इस पल को लोकतंत्र के प्रति परिवार की आस्था और जागरूकता का बेहतर बताया. 101 वर्षीय पदम दास मेहता ने कहा कि, "मतदान प्रत्येक नागरिक का अधिकार और कर्तव्य है और सभी लोगों को चुनाव में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए."

लोकतंत्र के प्रति लोगों में गजब का उत्साह
कुल्लू जिले के बाशिंग में बुजुर्ग महिला मतदाता शुकरी देवी ने मतदान केंद्र पहुंच कर अपना वोट डाला. साथ ही लोगों से लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लेने की अपील की.
पालमपुर में भी रिमझिम बारिश की फुहारों के बीच मतदान जारी है. बारिश के बावजूद यहां हर वर्ग के मतादाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है.
झंडूता विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नघियार में बुजुर्ग महिलाओं में भी बढ़-चढ़कर मतदान में भाग लिया. उम्र और मौसम की चुनौतियों के बावजूद उनके उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी. क्षेत्र में बारिश होने के बावजूद मतदाताओं का हौसला नहीं टूटा और लोग लगातार मतदान केंद्रों तक पहुंचते रहे.
झंडूता विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नघियार में लोकतंत्र के प्रति लोगों का उत्साह देखने को मिला. यहां एक मतदाता को परिजन पालकी में बैठाकर मतदान केंद्र तक लेकर पहुंचे, ताकि वह अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके. यह दृश्य लोकतंत्र के प्रति लोगों की जागरूकता और जिम्मेदारी का प्रतीक बना.
बिलासपुर जिले में मतदाताओं ने साबित कर दिया कि लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है. नघियार पंचायत में युवा, बुजुर्ग और महिलाएं सभी पूरे जोश के साथ मतदान करते नजर आए, जिससे मतदान केंद्रों पर उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा.
मंडी जिले में तीसरे चरण के लिए मतदान जारी है. ग्राम पंचायत गुम्मा में 85 वर्षीय छिड़की देवी और 86 वर्षीय चनेहनी देवी ने मतदान किया.

मतदान केंद्रों पर मतादताओं की कतार
हिमाचल में पंचायती राज चुनावों के तीसरे और अंतिम चरण के लिए मतदान जारी है. प्रदेश की 1187 पंचायतों में सुबह सात बजे से मतदान की प्रक्रिया जारी है. मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. कांगड़ा जिले के सुलह समेत विभिन्न पंचायतों में बारिश का बावजूद लोग लगातार अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए मतदान केंद्र पहुंच रहे हैं.

सुबह 9 बजे तक जिलेवार मतदान प्रतिशत
पंचायत चुनाव के तीसरे एवं अंतिम चरण के लिए सुबह 7 बजे से मतदान जारी है. जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो सिरमौर सबसे आगे है, जहां 23.78 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है और कुल 27,626 वोट पड़े हैं. इसके बाद कुल्लू में 20.50 प्रतिशत मतदान के साथ 20,304 वोट, शिमला में 20.24 प्रतिशत मतदान के साथ 31,139 वोट और किन्नौर में 20.10 प्रतिशत मतदान के साथ 3,426 वोट पड़े हैं. सोलन में 19.86 प्रतिशत मतदान के साथ 21,329 वोट, हमीरपुर में 19.85 प्रतिशत मतदान के साथ 22,680 वोट, ऊना में 19.69 प्रतिशत मतदान के साथ 22,783 वोट तथा बिलासपुर में 19.22 प्रतिशत मतदान के साथ 16,738 वोट दर्ज किए गए हैं.
चंबा में 18.82 प्रतिशत मतदान के साथ 20,256 वोट पड़े हैं, जबकि कांगड़ा में 18.19 प्रतिशत मतदान के साथ 67,172 वोट दर्ज किए गए हैं. मंडी में 17.96 प्रतिशत मतदान के साथ 43,728 वोट पड़े हैं. सबसे कम मतदान लाहौल-स्पीति में दर्ज किया गया है, जहां 17.35 प्रतिशत मतदान हुआ है और कुल 916 वोट पड़े हैं.

सुबह 9 बजे तक 19.41 फीसदी मतदान
हिमाचल प्रदेश पंचायती राज चुनाव के लिए आज चरण का मतदान हो रहा है. सुबह 9:00 तक राज्य में कुल 19.41% मतदान दर्ज किया गया है. राज्य में कुल 1,189 पंचायतें, 6,615 पंचायत वार्ड और 99 डेटा वार्ड हैं . अब तक 2,98,097 मत पड़े हैं, जिनमें 1,63,320 पुरुष और 1,34,776 महिला मतदाता शामिल हैं.
राज्य स्तर पर अब तक कुल 2,98,097 वोट पड़े हैं, जिनमें 1,63,320 पुरुष और 1,34,776 महिला मतदाता शामिल हैं. सिरमौर सबसे अधिक मतदान वाला जिला बना हुआ है, जबकि लाहौल-स्पीति सबसे कम मतदान वाले जिले के रूप में दर्ज हुआ है.

पूर्व CM जयराम ठाकुर की माता ने किया मतदान
हिमाचल पंचायत चुनाव के तीसरे एवं अंतिम चरण के लिए सुबह 7 बजे से मतदान जारी है. मतदान केंद्रों पर लगी कतारें दोखने को मिल रही हैं. हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की माता बिक्रमू देवी ने पोलिंग स्टेशन 04 औहान-1 GP मुरहाग में अपना वोट डाला है. इस दौरान उन्होंने लोगों से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की.

कुल्लू में 76 पंचायतों में मतदान
जिल पंचायती राज चुनावों के तृतीय चरण में ज़िला कुल्लू की 76 पंचायतों में मतदान जारी है. डीसी कुल्लू अनुराग चंद्र ने बताया कि, ज़िला प्रशासन द्वारा तृतीय चरण में विकास खण्ड नग्गर की 13 पंचायतों में 87 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां 19,442 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. विकास खण्ड कुल्लू की 11 पंचायतों में 61 मतदान केन्द्रों पर 15,046 मतदाता मतदान करेंगे. विकास खण्ड भुंतर की 17 पंचायतों में 89 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जहां 21,223 मतदाता मतदान करेंगे.
विकास खण्ड बंजार की 12 पंचायतों में 64 मतदान केन्द्रों पर 14,608 मतदाता, विकास खण्ड आनी की 12 पंचायतों में 66 मतदान केन्द्रों पर 16,329 मतदाता और विकास खण्ड निरमण्ड की 11 पंचायतों में 59 मतदान केन्द्रों पर 12,959 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. उन्होंने कहा कि, तृतीय चरण में कुल 426 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं तथा 1,704 मतदान कर्मियों एवं 852 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है. इस चरण में कुल 99,607 मतदाता मतदान करेंगे. मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं.
- विकास खण्ड कुल्लू की नेउली, बल्ह, पीज, जरडभट्टी कॉलोनी, खडिहार, कोठीसारी, बाशिंग, बस्तोरी, माशना, पुईद तथा चौकी डोभी पंचायतों में मतदान जारी है.
- विकास खण्ड नग्गर की शलीण, जगतसुख, नसोगी, सोयल, दुआड़ा, ब्रांण, अरछण्डी, जाणा, काईस, कराड़सू, नगर, सलिगांचा तथा नथान पंचायतों में भी सुचारू रूप से वोटिंग चल रही है.
- विकास खण्ड भुंतर की जिया, कसोल, जरी, चोंग, शाट, तलपीणी, पीणी, तलाड़ा, काठीभलाण, शियाह, हुरला, रोट, मंझली, बड़ाभुईंन, हाट, परागणु तथा तेगूबेहड़ पंचायतों में मतदान हो रहा है.
- विकास खण्ड बंजार की देउरीधार, कनोन, धाउगी, लारजी, देउठा, मंगलौर, कलवारी, नोहांडा, शरची, कंडीधार, शिकारीघाट तथा मोहनी पंचायतों में वोटिंग चल रही है.
- विकास खण्ड आनी की लगौटी, कोटासेरी, बखनाओं, रोपा, तलूणा, कुंगश, बटाला, देउठी, शिल्ली, बैहना, नमहोंग तथा आनी पंचायतों में मतदान होगा.
- विकास खण्ड निरमण्ड की बाहवा, बखन, ब्रौ, कोटी, नोर, लोट, निशानी, दुराह, पोशना, शिशवी तथा गडेज पंचायतों में मतदान के लिए मतदाता लगातार पहुंच रहे हैं.

बारिश पर भारी मतदाताओं का जुनून!
पंचायत चुनाव के तीसरे एवं अंतिम चरण के लिए सुबह सात बजे से मतदान जारी है. करसोग में हो रही बारिश के बीच मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. करसोग में बारिश में भी 80 वर्षीय चैत्री देवी ग्राम पंचायत केलोधार पोलिंग बूथ नंबर 4 डीपीएफ शिल्ह में अपना मतदान करने पहुंचीं.

मतदान को लेकर फर्स्ट टाइम वोटर्स बेहद उत्साहित
हिमाचल पंचायत चुनाव के तीसरे एवं अंतिम चरण के लिए सुबह सात बजे से मतदान जारी है. अंतिम चरण में पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने वाले मतदाता यानी फर्स्ट टाइम वोटर्स में मतदान को लेकर गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है. युवा मतदाता सुबह-सुबह पोलिंग बूछ पर पहुंचकर पहली बार मतदान करने को लेकर बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं. लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा लेकर अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं.

मतदान केंद्रों पर पहुंच कर बुजुर्गों ने किया मतदान
हिमाचल पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के लिए मतदान सुबह 7 बजे से जारी है. अंतम चरण के चुनाव में मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है. ग्राम पंचायत किन्नू रामपुर में 100 वर्षीय बुजुर्ग मतदाता ने मतदान किया है.
कोटखाई के बागडुमहर पंचायत चुनाव में दल्सार निवासी 94 साल वर्षीय महिला दसोदा देवी ने अपने मत का प्रयोग किया.
पंचायत चुनाव का अंतिम चरण आज, सिरमौर की 89 ग्राम सभाओं में सुबह 7 बजे से मतदान जारी है. पंचायती राज चुनाव के तीसरे व अंतिम चरण में लोकतंत्र के महापर्व के अवसर पर भूतपूर्व सैनिक नायब सूबेदार केशो राम ने 96 साल की उम्र में अपना वोट डाला. ग्राम पंचायत सुरला के वार्ड नंबर 6 के अंतर्गत पोलिंग स्टेशन चासी धोबघाट में अपना वोट कास्ट किया.

पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के लिए वोटिंग आज
हिमाचसल पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के लिए आज (शनिवार, 30 मई) मतदान होने जा रहा है. अब से बस कुछ देर में वोटिंग शुरू होने वाली है. मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए पोलिंग बूथ पर पहुंचने लगे हैं. मतदान में बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके इसको लेकर सुरक्ष का कड़े इंतजाम किए गए हैं.
ब्रांदली वार्ड में आज फिर होगा मतदान
हिमाचल पंचायत चुनाव के दो चरणों के लिए मतदान हो गया है, जबकि आज (शनिवार, 30 मई) तीसरे चरण के लिए वोटिंग होनी है. इसी कड़ी में विकासखंड रामपुर की ग्राम पंचायत नरेण के वार्ड नंबर-1 ब्रांदली में चुनाव प्रक्रिया के दौरान हुई बड़ी लापरवाही के चलते अब आज को पुनर्मतदान (Re-polling) करवाया जाएगा. ब्रांदली वार्ड में मतदान के दौरान ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों द्वारा एक बड़ी लापरवाही सामने आई थी.पहले चरण में 124 मतदाता पहले ही कर चुके हैं वोटिंग. इन मतदाताओं की दोबारा पहचान सुनिश्चित करने के लिए इस बार सामान्य उंगली के बजाय मध्यमा उंगली (Middle Finger) पर चुनावी स्याही लगाई जाएगी, ताकि मतदान की पारदर्शिता बनी रहे. जांच में दोषी पाए जाने पर चुनावी ड्यूटी पर तैनात 4 अधिकारियों और कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है.
मतदान के बाद तुरंत छोड़ना होगा पोलिंग बूथ
राज्य निर्वाचन आयोग सभी मतदाताओं से स्वतंत्र एवं निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने और किसी भी प्रकार के प्रलोभन से दूर रहने की अपील की है. आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल वही मतदाता मतदान केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे जिनका नाम उस मतदान केंद्र की मतदाता सूची में शामिल हैं. मतदाताओं के अतिरिक्त केवल वही व्यक्ति मतदान केंद्र में प्रवेश कर सकेगा, जिसे राज्य निर्वाचन आयोग, जिला निर्वाचन अधिकारी, रिटर्निंग अधिकारी एवं पीठासीन अधिकारी द्वारा प्राधिकृत किया गया हो. आयोग ने मतदाता से यह भी अपील की है मतदाता मतदान के बाद तुरंत मतदान केंद्र से प्रस्थान करें.
17 लाख मतदाता करेंगे मतदान
पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में करीब 17 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. हजारों उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम और मतपेटियों में कैद होगी. मतदान खत्म होने के बाद पंचायत वार्ड सदस्य, प्रधान और उपप्रधान पद के लिए मतगणना शुरू होगी और देर शाम तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे.

