Himachal Monsoon Update: चंबा में दर्दनाक हादसा, चलती कार पर गिरा पत्थर, 14 वर्षीय किशोरी की मौत

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : July 6, 2026 at 11:21 AM IST
|Updated : July 6, 2026 at 12:38 PM IST
हिमाचल प्रदेश में मानसून सीजन में बारिश मुसीबत बनकर बरस रही है. प्रदेश के विभिन्न जिलों में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. चंबा में फ्लैश फ्लड से 55 पंचायतों का संपर्क कट गया है. वहीं, कुल्लू जिले में लारजी सैंज सड़क मार्ग पर पागल नाले का मलबा आने से 15 पंचायतों का संपर्क कट गया है. मौसम विभाग के अनुसार, 11 जुलाई तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में भारी बारिश की संभावना है.
LIVE FEED
चंबा में दर्दनाक हादसा: चलती कार पर गिरा पत्थर, 14 वर्षीय किशोरी की मौत
चंबा जिले के भरमौर उपमंडल के अंतर्गत ढकोग-बन्नी मार्ग पर सोमवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ. यहां एक चलती कार पर अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण 14 वर्षीय एक किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा इतना खौफनाक था कि इसे देखकर प्रत्यक्षदर्शियों की चीख-पुकार निकल गई. जानकारी के अनुसार, धर्मशाला के नड्डी क्षेत्र से आए श्रद्धालु बन्नी माता मंदिर के दर्शन कर कार से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान औरा-कैंची मोड़ के पास पहाड़ी से एक भारी पत्थर सीधे उनकी कार पर आ गिरा. इस हादसे की चपेट में आने से 14 वर्षीय दीक्षिता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार अन्य लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने इस दर्दनाक हादसे की पुष्टि करते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं. साथ ही, उन्होंने आम जनता और पर्यटकों से अपील की है कि वे बरसात के मौसम में पहाड़ी रास्तों पर बेहद सावधानी से सफर करें और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें.
बारिश का कहर! इस पंचायत में नाला बनी सड़क, बह गया क्रिकेट ग्राउंड
शिमला के रामपुर उपमंडल में मानसून की शुरुआती बारिश ने तबाही शुरू कर दी है. बीती रात हुई भारी बारिश से ग्राम पंचायत नरैण का क्रिकेट ग्राउंड पानी के तेज बहाव में पूरी तरह बह गया. पंचायत प्रधान अनु पौंड ने खेल मैदान सहित क्षेत्र में भारी नुकसान की पुष्टि की है. दूसरी ओर, ग्राम पंचायत दरकाली में मलबे और गाद से सड़क किनारे बनी पुलिया (कलवर्ट) बंद हो गई है. जल निकासी न होने से बारिश का पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे सड़क ने नाले का रूप ले लिया है. इसके चलते क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है. स्थानीय ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) और प्रशासन से बंद पुलिया को तुरंत साफ करने की मांग की है ताकि कोई बड़ा हादसा न हो. मानसून की शुरुआत में ही बिगड़े इन हालातों ने प्रशासन के जल निकासी और आपदा प्रबंधन के दावों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.

शिमला के रिज मैदान के पास भूस्खलन
शिमला में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब दिखने लगा है. सोमवार सुबह रिज मैदान के पास स्थित क्राइस्ट चर्च के नीचे अचानक भूस्खलन हो गया. तेज बारिश के बाद हुए इस भूस्खलन से क्राइस्ट चर्च से सटी सड़क की सुरक्षा दीवार का एक हिस्सा ढह गया. हालांकि, इस घटना में किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा अत्यधिक बढ़ गया है. इसे देखते हुए प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें. इसके साथ ही, स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का सहयोग करने के लिए कहा गया है.

लारजी-सैंज सड़क मार्ग पर पागल नाले में आया सैलाब
जिला कुल्लू के विभिन्न इलाकों में सोमवार सुबह से भारी बारिश का दौर जारी है. उपमंडल बंजार की सैंज घाटी को जोड़ने वाला सड़क मार्ग भी बंद हो गया है. लारजी से सैंज सड़क मार्ग के बीच तीन नालों में मलबा आया है. सबसे अधिक मलबा पागल नाले में आया है. पागल नाले का मलबा सड़क पर आने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन कतारें लग गई है. नाले में लगातार मलबा आने के कारण लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है.

