Himachal Monsoon Session: पहले दिन 12 मिनट ही चली सदन की कार्यवाही, विपक्ष के हंगामे पर विधानसभा अध्यक्ष का बड़ा बयान

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 21, 2026 at 8:53 AM IST
|Updated : August 21, 2026 at 2:28 PM IST
हिमाचल प्रदेश चौदहवीं विधानसभा का 12वां मानसून सत्र आज (शुक्रवार, 21 अगस्त) से शुरू हो रहा है. 3 सितंबर तक चलने वाले इस मानसून सत्र में कुल 10 बैठकें होंगी. सदन में विधायकों की ओर से 1036 सवाल भेजे गए हैं. सत्र की पहली बैठक आसुबह 11 बजे शुरू होगी. पहले दिन दिवंगत पूर्व विधायक विजेंद्र सिंह और राम चंद भाटिया के निधन पर शोकोद्गार होगा, इसके बाद सदन की नियमित कार्यवाही शुरू होगी. सत्र शुरू होने से पहले हिमाचल विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सत्र को सार्थक एवं उत्पादक बनाने के लिए सभी दलों से सहयोग की अपील की है.
LIVE FEED
'नियमों और परंपराओं के अनुसार ही चलेगी सदन की कार्यवाही'
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले ही दिन राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' को लेकर सदन में जमकर हंगामा देखने को मिला. विपक्ष के विरोध और नारेबाजी के बीच विधानसभा की कार्यवाही कुछ समय के लिए स्थगित करनी पड़ी. इस पूरे घटनाक्रम पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि, "विधानसभा की कार्यवाही किसी राजनीतिक दबाव या विरोध के आधार पर नहीं, बल्कि सदन के नियमों, प्रक्रियाओं और स्थापित परंपराओं के अनुसार ही संचालित होगी. देश के कई विधानमंडलों में सत्र की शुरुआत राष्ट्रगान से और समापन राष्ट्रगीत से करने की परंपरा रही है. लोकसभा समेत कई विधानसभाओं में भी ऐसी परंपराओं का पालन किया जाता है. हिमाचल प्रदेश विधानसभा भी अपने नियमों और परंपराओं के अनुसार कार्य करती है और इन्हीं के तहत सदन की कार्यवाही आगे बढ़ेगी."
राष्ट्रगीत पर हिमाचल विधानसभा में हंगामा
राष्ट्रगीत का मुद्दा हिमाचल तक पहुंच गया है. हिमाचल विधानसभा मानसून सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही महज 12 मिनट ही चली. सदन की कार्यवाही शुरू होने के साथ ही राष्ट्रगीत के मुद्दे पर भाजपा विधायकों ने नारेबाजी शुरू कर दी. इसके बाद सत्ता पक्ष के विधायक एवं मंत्री भी नारेबाजी करने लगे. सदन में हंगामे के कारण विधायनसभी की कार्यवाही को कल तक के लिए स्थगित कर दिया गया.
सदन की कार्यवाही कल 11 बजे तक स्थगित
मानसून सत्र के पहले दिन सदन में दोनों ओर से नारेबाजी चलती रही. भाजपा विधायकों की नारेबाजी के दौरान मंत्री भी अपनी सीटों पर खड़े होकर नारेबाजी करने लगे. सदन की कार्यवाही को कल (शनिवार, 22 अगस्त) सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित किया गया.
सदन में भाजपा विधायकों ने शुरू की नारेबाजी
मानसून सत्र के पहले दिन सदन में भाजपा विधायकों ने नारेबाजी शुरू कर दी. भाजपा विधायक सदन में राष्ट्रगीत की मांग कर रहे थे. सरकार की तरफ से भी विधायकों ने नारेबाजी शुरू कर दी.
विधानसभा अध्यक्ष की सदस्यों से सदन में जनहित के मुद्दे उठाने की अपील
सत्र शुरू होने से पहले विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सदस्यों से सदन में जनहित के मुद्दे उठाने की अपील की. विधानसभा के मानसून सत्र की कार्यवाही में हिस्सा लेने के पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, संसदीय कार्यमंत्री हर्षवर्धन चौहान, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, डिप्टी चीफ व्हिप केवल सिंह पठानिया, विधायक संजय अवस्थी, विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा, मुख्य सचिव और डीजीपी आदि ने स्वागत किया. मुख्यमंत्री ने सत्र शुरू होने से पहले विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से भी मुलाकात की. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक विनय कुमार और विधायक विवेक शर्मा मुख्यमंत्री के साथ ही विधानसभा पहुंचे.

मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर
हिमाचल विधानसभा मानसून सत्र के पहले दिन विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सदन में पहुंच गए हैं. सदन में पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया.

रोजगार को लेकर विधानसभा के बाहर विपक्ष का प्रदर्शन
कुछ देर में हिमाचल विधानसभा मानसून सत्र की शुरुआत होनेवाली है. वहीं, मानसून सत्र के पहले दिन विपक्ष ने विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया है. रोजगार को लेकर भाजपा विधायक प्रदर्शन कर रहे हैं. भाजपा विधायक विधानसभा सदन में पहुंच गए हैं.

मानसून सत्र को लेकर शिमला पुलिस की कड़ी सुरक्षा
हिमाचल विधानसभा मानसून सत्र 2026 के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संचालन को लेकर शिमला पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं. एसपी गौरव सिंह ने बताया कि, "मानसून सत्र के दौरान करीब 750 पुलिस कर्मियों एवं अन्य सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है. विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से तीन मुख्य सेक्टरों और विभिन्न उप-सेक्टरों में विभाजित किया गया है. प्रत्येक उप-सेक्टर की जिम्मेदारी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई है. सभी सेक्टरों में बहुस्तरीय चेकिंग और निगरानी व्यवस्था लागू की गई है."
एसपी गौरव सिंह ने बताया कि, विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ आम जनता को कम से कम असुविधा हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है. शिमला शहर के विभिन्न होटलों, सरायों और अन्य ठहरने के स्थानों की भी चेकिंग की जा रही है. इसके साथ ही पुलिस ने खुफिया एवं आसूचना तंत्र को भी सक्रिय किया है, ताकि संभावित सुरक्षा चुनौतियों की समय रहते पहचान कर जरूरी कार्रवाई की जा सके.

मानसून सत्र के पहले दिन सदन गूंजेंगे 67 सवाल
हिमाचल विधानसभा मानसून सत्र के पहले दिन (शुक्रवार, 21 अगस्त) सदन में 67 सवाल गूंजेंगे. इसमें 48 तारांकित और 19 अतारांकित सवाल पूछे गए हैं. विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान पहला सवाल झंडूता से भाजपा विधायक जीतराम कटवाल का पद पूर्ति को लेकर लगा है. उन्होंने पूछा है कि, प्रदेश में विभागों, बोर्डों, निगमों और सोसाइटियों के अंतर्गत कितने पद स्वीकृत हैं और इनमें से कितने पद भरे गए हैं. इन पदों को किस किस विभाग और सरकारी उपक्रम में नियमित, अनुबंध, दैनिक वेतन भोगी एवं आउटसोर्स के आधार पर भरा गया है. इन मुद्दों पर भाजपा विधायक ने विभागवार, संस्थानवार एवं पदवार ब्यौरा मांगा है.
मानसून सत्र के लिए आए 1,036 सवाल
हिमाचल विधानसभा मानसून सत्र के लिए विधानसभा सचिवालय को कुल 1,036 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं. इनमें 787 तारांकित और 249 अतारांकित प्रश्न हैं. विशेष बात यह है कि सभी प्रश्न ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुए हैं और सभी सवाल संबंधित विभागों को जवाब के लिए भेज दिए गए हैं. नियम 62 के तहत 13, नियम 63 के तहत 2, नियम 101 के तहत 5 और नियम 130 के तहत 15 सूचनाएं विधानसभा सचिवालय को मिली हैं. विधायकों ने सवालों के जरिए प्रदेश में भारी बारिश और आपदा से हुए नुकसान, सड़कों और पेयजल योजनाओं की स्थिति, शिक्षा विभाग में रिक्त पदों, CBSE स्कूलों में प्रधानाचार्यों और प्रवक्ताओं की तैनाती और स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ की कमी जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा है. मेडिकल कॉलेजों में आधुनिक मशीनों, दवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े सवाल भी सदन में उठने वाले हैं.

