पेंशनर को स्वतंत्रता दिवस पर CM ने दिया तोहफा, क्लास फोर कर्मियों की जेब में भी इसी माह आएगा एरियर का पैसा

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 15, 2026 at 7:47 AM IST
|Updated : August 15, 2026 at 12:45 PM IST
देशभर में 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही धूमधाम से मनाया गया. हिमाचल प्रदेश में भी इसे बड़े उत्साह के साथ मनाया गया. इस बार राज्यस्तरीय समारोह मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह जिले हमीरपुर के बड़सर में आयोजित हुआ. मुख्यमंत्री ने यहां राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली. वहीं प्रदेश के अलग-अलग जिलों में स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता विभिन्न मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने की.
LIVE FEED
धर्मशाला में कृषि मंत्री ने फहराया तिरंगा
कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने आज धर्मशाला के पुलिस मैदान में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली. इससे पूर्व उन्होंने शहीद स्मारक पहुंचकर देश की आजादी के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की. समारोह को संबोधित करते हुए कृषि एवं पशुपालन मंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व ही नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सैनिकों के त्याग, तपस्या और बलिदान को स्मरण करने का अवसर भी है, जिनके संघर्ष और बलिदान से देश को आजादी मिली. उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है. प्रदेश के वीर जवानों ने देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अदम्य साहस, पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान की गौरवशाली परंपरा कायम की है. उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश के सामने खाद्य सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा आर्थिक एवं सामाजिक विकास जैसी अनेक चुनौतियां थीं. देश ने इन क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है और आज भारत विश्व की तेजी से उभरती अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है. उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सरकार कड़े कदम उठा रही है. प्रदेशवासियों के सहयोग से ‘चिट्टा-मुक्त हिमाचल अभियान’ शुरू किया गया है और नशे के खिलाफ जनभागीदारी को और मजबूत किया जा रहा है. समारोह के दौरान विभिन्न टुकड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए. इसके साथ ही रेडक्रॉस के रैफल ड्रॉ भी निकाले गए. समारोह के दौरान विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की ओर से जरूरतमंद एवं पात्र लोगों को सहायक उपकरण भी प्रदान किए गए. इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को सम्मानित भी किया गया.

स्वतंत्रता दिवस के रंग में रंगा हिमाचल हाईकोर्ट
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट परिसर में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह का उत्साह और उल्लास देखने को मिला. कार्यक्रम की अध्यक्षता हिमाचल हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गुरमीत सिंह संधावालिया ने की. समारोह की शुरुआत मुख्य न्यायाधीश जी.एस. संधावालिया द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई. इसके बाद हिमाचल प्रदेश पुलिस बैंड की ओर से राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया. स्वतंत्रता दिवस के इस खास अवसर पर हाईकोर्ट परिसर भी देशभक्ति के रंग में रंगा हुआ नजर आया. राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद मुख्य न्यायाधीश ने गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया. इस दौरान हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के कई न्यायाधीश समारोह में मौजूद रहे. इनमें न्यायमूर्ति विवेक सिंह ठाकुर, न्यायमूर्ति संदीप शर्मा, न्यायमूर्ति ज्योत्सना रीवाल दुआ, न्यायमूर्ति सुशील कुकरेजा, न्यायमूर्ति वीरेंद्र सिंह, न्यायमूर्ति रंजन शर्मा, न्यायमूर्ति बिपिन चंद्र नेगी, न्यायमूर्ति राकेश कैंथला, न्यायमूर्ति जिया लाल भारद्वाज और न्यायमूर्ति रोमेश वर्मा शामिल रहे.
स्वतंत्रता दिवस समारोह में हाईकोर्ट परिसर में स्थित विभिन्न कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी भाग लिया. समारोह के दौरान न्यायपालिका से जुड़े अधिकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और महान विभूतियों को याद किया. राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने और राष्ट्रगान के साथ हाईकोर्ट परिसर में स्वतंत्रता दिवस के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना देखने को मिली. समारोह में मौजूद सभी लोगों ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व को स्मरण करते हुए राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान प्रकट किया.
कुल्लू में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने फहराया तिरंगा
जिला कुल्लू के मुख्यालय ढालपुर मैदान में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया. इस कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सामाजिक कार्यों से जुड़े हुए लोगों को भी सम्मान देकर सम्मानित किया गया. वहीं कार्यक्रम में सुरक्षा बलों के द्वारा मुख्य अतिथि को परेड की सलामी भी दी गई और उसके बाद विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए. वहीं नगर परिषद कुल्लू की अध्यक्ष आशा ठाकुर और उपाध्यक्ष शालिनी राय भारद्वाज के द्वारा भी मुख्य अतिथि और अन्य सभी उपस्थित जनसमूह को लड्डू बांटकर स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी गई. ढालपुर मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कुल्लू में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण कर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं. समारोह में विभिन्न विभागों की झांकियों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए. इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम के वीरों और देश की एकता एवं अखंडता के लिए किए गए उनके योगदान को याद किया गया. कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि देश की आजादी अनेक स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का परिणाम है. उन्होंने सभी से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और प्रदेश के विकास में अपना योगदान देने का आह्वान किया. वहीं इस दौरान जिला कुल्लू के विभिन्न स्कूलों में भी स्वतंत्रता दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए और आजादी में अपना योगदान देने वाले शूरवीरों को भी याद किया गया. इसके अलावा जिला कुल्लू के उपमंडल बंजार, आनी, मनाली और निरमंड में भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया.
शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में आज 80वां जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया. समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने ध्वजारोहण किया और भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली. ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के पश्चात मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया. समारोह में स्कूली विद्यार्थियों और विभिन्न सांस्कृतिक दलों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं।हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों और देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि पूरा राष्ट्र आज बड़े हर्षोल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस मना रहा है. इस मौके पर उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर सैनिकों के तप, ध्यान और त्याग को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और नमन किया।शिक्षा व्यवस्था में विचारधारा के प्रभाव और भर्तियों पर उठे सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि शिक्षा के क्षेत्र को किसी एक विचारधारा तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि मेरिट को प्राथमिकता देना अनिवार्य है. पिछली सरकार के कार्यकाल में हुई भर्तियों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय जैसी प्रमुख संस्थाओं में हुई भर्तियों पर उच्च न्यायालय (कोर्ट) ने भी संज्ञान लिया है. सरकार इन सभी भर्ती प्रक्रियाओं की गहन जांच करेगी ताकि पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सके.
100 पंचायतों को बनाया जाएगा ग्रीन
सीएम सुक्खू ने एलान करेत हुए कहा कि आने वाले समय में 100 पंचायतों को ग्रीन बनाया जाएगा. खाली पदों को भरा जाएगा. 1975 सरकारी स्कूलों में चौकीदारों का एक-एक पद भरा जाएगा. हमीरपुर में हिमाचल का पहला समर्पित साइंस कॉलेज स्थापित किया जाएगा. इसकी अनुमानित लागत 100 करोड़ आएगी.
सरकारी कर्मचारियों को हाथ लगी निराशा
सरकारी कर्मचारियों को डीए और एरियर को लेकर स्वतंत्रता दिवस पर निराशा हाथ लगी है. हालांकि सीएम ने पेंशनर्स के एरियर को भुगतान का ऐलान किया है. साथ ही क्लास फोर कर्मियों को वेतन एरियर के बीस हजार रुपए का भुगतान इसी माह किया जाएगा. दिसंबर 2016 से 2021 तक की अवधि में सेवानिवृत्त क्लास थ्री पेंशनर्स को पेंशन व पारिवारिक पेंशन के एरियर का 35 फीसदी भुगतान इसी माह होगा. Class-I एवं Class-II पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनर्स को उनके पेंशन/पारिवारिक पेंशन एरियर का 15 प्रतिशत भुगतान भी इसी माह किया जाएगा. वेतन व पेंशन एरियर के भुगतान पर लगभग ₹281 करोड़ व्यय होंगे. सीएम सुक्खू ने कहा कि वर्तमान सरकार के सत्ता में आने से पूर्व, पिछली सरकार वेतन व पेंशन एरियर के रूप में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की देनदारी छोड़ गई थी. प्रदेश की कठिन आर्थिक स्थिति के बावजूद अब तक लगभग ₹2170 करोड़ से अधिक वेतन व पेंशन एरियर का भुगतान कर्मचारियों एवं पेंशनर्स को किया जा चुका है.
एनएचएम कर्मियों का बढ़ा वेतन
अपने भाषण में सीएम ने कहा कि स्टाफ नर्सों के 468 पद हमारी सरकार ने भरे हैं. ऑपरेशन थियेटर असिस्टेंट के 176 पद भी भर रही है. मेडिकल कॉलेज में पीजी की 330 सीटें बढ़ाने का फैसला किया है. इसके अलावा रोगी मित्रों के 500 पद भरे जा रहे हैं. सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने एनएचएम के तहत 9 हजार आशा वर्कर का वेतन 5 हजार 800 से बढ़ाकर 6 हजार 800 करने का आश्वासन दिया था. मैं इसे लागू करने की घोषणा करता हूं. सीएम सुक्खू ने कहा कि एनएचएम हिमाचल में तैनात कर्मचारियों के वेतन में युक्तिकरण के बाद सात साल पूरे कर चुके कर्मचारियों को 1 अप्रैल 2026 से संशोधित वेतन देने की घोषणा करता हूं. बजट घोषणा के अनुरूप एनएचएम के तहत हिमाचल में तैनात आउटसोर्स के आधार पर तैनात स्टाफ नर्स, पैरा फार्मासिस्ट, ऑपरेशन थियेटर असिस्टेंट, LAB टेकनिशियन का वेतन 25 हजार करने का ऐलान किया. 1 सितंबर से ये नया वेतनमान लागू हो जाएगा. इसके साथ ही डाटा एंट्री ऑपरेटर्स को भी 18 हजार वेतन मिलेगा. मल्टी टेस्ट वर्कर्स और आउटसोर्स कर्मियों के लिए नीति लाने का ऐलान सीएम ने किया है.
सभी मेडिकल कॉलेज में मिली रोबोटिक सर्जरी की सुविधा
जनता को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि प्रदेश में पहली बार बच्चों और शिक्षकों को विदेशों में शैक्षणिक भ्रमण पर भेजा गया है. सरकार आगे एक्सपोजर विजिट के लिए डॉक्टरों को भी विदेशों में भ्रम पर भेजेगी. शिक्षा विभाग में 7 हजार से अधिक पद भरे जाएंगे. जेबीटी के 1700 पद भरे जा रहे हैं. अस्पतालों में आधुनिक उपकरणों को उपलब्ध करवाया गया है. हमारे प्रयासों से पहली बार सभी मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी शुरू की गई है. आम आदमी भी इस आधुनिक तकनीक का लाभ उठा सकता है. आईजीएमसी, टांडा मेडिकल कॉलेज छह हाईएंड अल्ट्रासाउंड मशीनें लगाई जाएंगी. टांडा और हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में पैट स्कैन खरीद के लिए टेंडर हो चुके हैं. चमियाणा अस्पताल के साथ सभी मेडिकल कॉलेज में आधुनिक ऑटोमेटिक लैब स्थापित होंगी. दिसंबर तक सभी मेडिकल कॉलेज में वही सुविधाएं मिलेंगी जो चमियाणा में मिलती है. हमने आईजीएमसी और टांडा में पैरा मेडिकल सीटों जैसे रेडियॉलजी और लैब टैक्नीशियन सीटों को 18 से बढ़ाकर 50 तक किया है. हमने इंदिरा गांधी मातृ शिशु योजना लागू करने का निर्णय लिया है, ताकि हम माता-बच्चों को पौष्टिक आहार दे सकें. पायलट स्तर पर 21 ब्लॉक में इसे 2 अक्तूबर से इसे लागू कर दिया जाएगा. छह माह बाद ये पूरे प्रदेश में लागू होगी. इसमें माताओं-बहनों और छह माह से तीन साल तक बच्चे के लिए दाल, तेल, पंजीरी मिल्क पाउडर देने का प्रावधान होगा. साथ ही सप्ताह में तीन बार अंडा दूध और ओट्स युक्त तीन से छह साल के बच्चों के लिए दिया जाएगा. रोबोटिक सर्जरी का खर्चा सरकारी अस्पतालों में 30 से 80 हजार तक आ रहा है, लेकिन प्राइवेट संस्थानों में ये पांच लाख तक है. हमारी सरकार ने अब तक 400 मेडिकल ऑफिसर के पद भरे हैं. 350 पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है.
अपना परिवार सुखी परिवार गरीबों के लिए लाएगी सरकार
सीएम ने कहा कि गरीब परिवारों की सही से पहचान हो इसके लिए हमने आठ चरणों में सर्वे किया. इसमें एक लाख ऐसे परिवार ऐसे थे जिनके लिए हमे संवेदनशील होने की जरूरत है. डीसी ने इन परिवारों को नोटिफाई किया है. इन परिवारों के लिए हम अपना परिवार और सुखी परिवार योजना ला रहे हैं. इसके जरिए हम इन परिवारों की आर्थिक स्थिति को दो सालों में मजबूत करेंगे. केंद्र और राज्य सरकारों की योजनाओं का फोक्स हम इन परिवारों पर करेंगे. इस योजना के तहत आने वाले 31 मार्च 2026 तक के कृषि ऋणों में किस तरह से रियायत देंगे इस पर विचार किया जाएगा. इसके अलावा हम बीपीएल लिस्ट में किसी भी प्रकार का परिवर्तन नहीं करेंगे
हमारी सरकार ने समझा किसानों बागवानों का दर्द: सीएम
सीएम ने कहा कि हमने हिमाचल में 156 स्कूलों में सीबीएसई की पढ़ाई शुरू करवाई है. हमारी सरकार गांव में रहने वाले किसानों की आय की बढ़ोतरी के लिए संकल्पबद्ध है. हमारी सरकार ने पहली बार प्राकृतिक खेती पर एमएसपी दिया है. पूरे प्रदेश में दूध का सबसे अधिक खरीद मूल्य हमारे प्रदेश ने दिया है. 61 रुपये गाय और 71 रुपये प्रति किलो के हिसाब से हम भैंस का दूध खरीद रहे हैं. डेढ़ लाख लीटर दूध की प्रोसेसिंग करने वाला मिल्क प्लांट कांगड़ा के ढंगवार में शुरू हो जाएगा. हमारी सरकार ने किसानों, बागवानों का दर्द समझा है.
आरडीजी बंद होने के बाद भी आर्थिक संकट से बाहर आया प्रदेश: सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल के इतिहास की सबसे बड़ी आपदा 2023 और 2025 में देखी गई. हमने आपदा प्रभावितों को देशभर में सबसे बड़ा पैकेज दिया. आपदा के लिए दिया गया पैकेज ही असली व्यवस्था परिवर्तन है. हमने पहली बार सही तरीके से आर्थिक संसाधनों को बढ़ाया है. केंद्र ने प्रदेश को मिल रही आठ से दस हजार करोड़ की आरडीजी को बंद कर दिया, लेकिन प्रदेश इस वित्तिय संकट से बाहर आ चुका है. हिमाचल अपने पैरों पर खड़ा हो चुका है.
भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस: सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने प्रदेश के हितो की रक्षा की है और पहली बार प्रदेश के हितों को केंद्र और कोर्ट के सामने रखा. मेरा मानना है कि हमें हमारा अधिकार मिले तो हमें किसी के आगे झुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी. हम 2032 तक आत्मनिर्भर हिमाचल के सपने को साकार कर सकते हैं. हमने भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति का अपनाया है. हमारी सरकार में भ्रष्टाचार का एक भी मामला सामने नहीं आया है. हमारी सरकार का साफ संदेश है कि कोई भी भ्रष्टाचार नहीं बच पाएगा. दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. बीजेपी सरकार में हिमकेयर में पुरुषों की बच्चेदानी के ऑपरेशन के बिल बना दिए गए. प्रदेश के संसाधनों पर हिमाचल का हक है, जिन्हें लुटने नहीं दिया जाएगा.
सीएम सुक्खू ने फहराया तिरंगा
हिमाचल सरकार भारत का 80वां राज्य स्तरीय समारोह बड़सर में मना रही है. सीएम सुक्खू बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में पहुंचे. यहां उन्होंने तिरंगा फहराया और परेड का निरीक्षण किया. इस कार्यक्रम में पुलिस, होमगार्ड, अग्निशमन जवानों के साथ एनसीसी कैडेट, स्काउट एंड गाइड, एनएसएस के वॉलंटियर परेड में शामिल हैं

छोटे सपने अब काफी नहीं: पीएम
स्वतंत्रता दिवस पर अपना भाषण देते हुए पीएम मोदी ने कहा, "आज भारत का एक बड़ा सपना है कि 2047 तक वह एक विकसित देश बन जाए. जब दुनिया का सबसे ज़्यादा आबादी वाला देश विकसित देश बनने का संकल्प लेता है, तो यह हमारी हिम्मत का परिचय बन जाता है, और दुनिया हमें एक अलग नजरिए से देखने पर मजबूर हो जाती है." पीएम ने कहा कि छोटे सपने अब काफी नहीं होंगे. हमें बड़े सपने देखने चाहिए, क्योंकि बड़े सपने हमारी सोच को बड़ा करते हैं और हमारे नजरिए का दायरा बढ़ाते हैं. हमारा इरादा पक्का होना चाहिए. जब हमारा इरादा पक्का होता है, तो मुश्किलों और मुसीबतों के बीच भी आगे बढ़ने की ताकत अपने आप आ जाती है..."
2047 तक हम भारत को एक विकसित देश में बदल देंगे: पीएम मोदी
लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि,"हमने भी एक बड़ा सपना देखा है, एक ऐसा सपना जिसे पक्के इरादे और नई ऊंचाइयों को छूने के मकसद के साथ पूरा किया जाए. यह विजन है कि जब तक हम आजादी के 100 साल पूरे करेंगे, 2047 तक हम भारत को एक विकसित देश में बदल देंगे. हमें यह लक्ष्य अपने 1.4 बिलियन नागरिकों की मिलकर कोशिश और मेहनत से हासिल करना होगा. जब दुनिया का सबसे ज़्यादा आबादी वाला देश डेवलप्ड देश बनने का फैसला करता है, तो यह वैश्विक समूहों की नजर में हमारी हिम्मत का सबूत होता है. दुनिया हमारे प्रति अपना नजरिया बदलने के लिए मजबूर हो जाती है..."
पीएम मोदी ने कहा हमारे संकल्प दृढ़ होने चाहिए
पीएम मोदी ने कहा हमारे संकल्प दृढ़ होने चाहिए. जब संकल्प दृढ़ होता है, तो कठिनाइयों से, आपदाओं के बीच से रास्ते निकालने का सामर्थ्य अपने आप उभरकर सामने आता है. पीएम मोदी ने कहा, "पिछले 12 सालों में रक्षा उत्पादन चार गुना बढ़ा है. खादी और ग्रामोद्योग का प्रोडक्शन पांच गुना बढ़ा है. इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग सात गुना बढ़ी है. मोबाइल फोन का प्रोडक्शन 33 प्रतिशत बढ़ा है, और डिजिटल ट्रांजैक्शन 100 प्रतिशत बढ़ा है."
पीएम मोदी ने लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया.कैप्टन सोनिया सिंह चौहान राष्ट्रीय ध्वज फहराने में PM की मदद कर रही हैं.

