ETV Bharat / state

Himachal Budget 2026: एक्सीडेंटल CM बोलने पर भड़के नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सुंदर सिंह के साथ जमकर नोकझोंक

Himachal Assembly Budget Session 2026
हिमाचल विधानसभा बजट सत्र 2026 (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 17, 2026 at 8:32 AM IST

|

Updated : February 17, 2026 at 7:47 PM IST

Choose ETV Bharat

आज हिमाचल विधानसभा बजट सत्र का दूसरा दिन है. आज भी सदन में RDG बहाली के मुद्दे पर चर्चा होगी. वहीं, राज्यपाल के अभिभाषण पर आज से चर्चा हो रही है.

LIVE FEED

7:39 PM, 17 Feb 2026 (IST)

एक्सीडेंटल सीएम बोलने पर भड़के नेता प्रतिपक्ष जयराम

हिमाचल विधानसभा में RDG को लेकर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह के बीच जमकर नोकझोंक देखने को मिली. आरडी जी को लेकर चर्चा में हिस्सा लेते हुए कुल्लु से कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ने जयराम ठाकुर को कहा कि, "वे एक्सीडेंटल चीफ मिनिस्टर बने थे." विपक्ष की तरफ से विपिन परमार ने इसे सदन की कार्यवाही से हटाने का आग्रह किया, जिसके बाद धीरे धीरे विवाद जुबानी जंग तक पहुंच गया. सुंदर सिंह ठाकुर और जयराम ठाकुर के बीच एक दूसरे पर जमकर छींटाकशी शुरू हो गई. जयराम ठाकुर ने सदन में सुंदर सिंह पर तंज कसते हुए कहा कि, "आपकी मंत्री बनने की इच्छा है, लेकिन मुझे लगता है कि आप इस जन्म में मंत्री कभी नहीं पाएंगे."

6:11 PM, 17 Feb 2026 (IST)

सुक्खू सरकार को एक सप्ताह का अल्टीमेटम

RDG बंद होने पर हिमाचल बजट सत्र के दूसरे दिन सदन में सियासी घमासान जारी है. इसी बीच राजधानी शिमला में पेंशनर ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया. पेंशनरों का कहना है कि, "मुख्यमंत्री ने निगम बोर्ड में चेयरमैन नियुक्त किए हैं, जो रिटायर्ड हैं उन्हें दोबारा रिइम्पलॉयमेंट दी जा रही है. अपने चहेतों को लाभ दे रहे हैं. हिमाचल प्रदेश सरकार के लिए वित्तीय संकट है तो हम कर्मचारियों, पेंशनर्स और आम लोगों के लिए हैं. अभी-अभी जो 10 गाड़ियां खरीदी हैं सरकार ने ये पैसे कहां से आए हैं. मुख्यमंत्री की कोई व्यवस्था ठीक नहीं है. इनकी न कोई दिशा है, न विजन है न सोच है, न निर्देश हैं, एक सप्ताह के अंदर अगर हमारी मांगें नहीं मानी जाती तो जिस दिन बजट पेश 18 संगठनों के हजारों पेंशनर चौड़ा मैदान से शुरू कर विधानसभा तक उग्र प्रदर्शन करेंगे."

सूक्खू सरकार को पेंशनर्स का अल्टीमेटम (ETV Bharat)

5:27 PM, 17 Feb 2026 (IST)

रात 8 बजे तक सदन की कार्य़वाही

बजट सत्र के दूसरे दिन विधानसभा में RDG पर चर्चा जारी है. हिमाचल विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने सदस्यों की सहमति से कार्यवाही का समय रात 8 बजे तक बढ़ाया है.

4:20 PM, 17 Feb 2026 (IST)

हम प्रदेश सरकार के दोहरे चरित्र से दुखी: विक्रम सिंह ठाकुर

भाजपा विधायक विक्रम सिंह ठाकुर ने सदन में कहा कि, "जितनी चादर है उतने ही पैर पसारने चाहिए. आप खर्च कम करने की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं. जब RDG कम हो रही थी तो आप क्या कर रहे थे. भाजपा भी RDG बंद होने से खुश नहीं है, लेकिन हम आपके दोहरे चरित्र से दुखी हैं. आपने हिमाचल सदन और भवन का किराया बढ़ाए जाने को लेकर कहा कि आपने कमरे का किराया 800 रुपए बढ़ाया और दूसरी तरफ चेयरमैन का मानदेय हजारों में बढ़ा दिया. आपकी ऐश में कोई अंतर नहीं है."

4:17 PM, 17 Feb 2026 (IST)

RDG को एक दम से बंद करना गलत: राजेश धर्माणी

कांग्रेस की तरफ से नगर नियोजन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने नियम 102 के तहत लाए गए संकल्प पर कहा कि, "RDG को एक दम से बंद नहीं किया जाना चाहिए. हिमाचल धीरे-धीरे राजस्व बढ़ाने की तरफ कदम। बढ़ा रही है. हमें अपने खर्च भी कम करने होंगे. अगर आप हमारे साथ नहीं जाना चाहते आप अपने स्तर पर भी जा सकते हैं."

3:38 PM, 17 Feb 2026 (IST)

सरकार नहीं चला सकते तो छोड़ दीजिए: भाजपा विधायक

भाजपा विधायक प्रकाश राणा ने सदन में कहा कि, "आप सरकार नहीं चला सकते तो छोड़ दीजिए. कर्ज लेकर घी आप पी रहे हैं, हम आपके साथ क्यों चलें. कर्ज की शुरुआत वर्ष 1993-94 में हुई, उस वक्त हिमाचल में किसकी सरकार थी. भाजपा ने अपनी सरकारों के समय में 30 से 40 हजार करोड़ का कर्ज लिया है. वहीं, कांग्रेस सरकारों के समय में 60 से 70 हजार करोड़ का कर्ज लिया है. हम आपके साथ दिल्ली नहीं जाते. अगर आपने अपने खर्च कम किए होते तो हम आपके साथ जरूर जाते. RDG से हमारा गुजारा नहीं होने वाला है."

3:10 PM, 17 Feb 2026 (IST)

भाजपा को कांग्रेस विधायक भवानी सिंह की पठानिया

कांग्रेस विधायक भवानी सिंह पठानिया ने भाजपा विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि, "RDG पर ज्ञान बांटने की जरूरत नहीं है. आप ये बताएं कि आप RDG के पक्ष में है या नहीं. मैं जानता हूं कि आप RDG के खिलाफ नहीं बोल सकते हैं, जिसने केंद्र सरकार के खिलाफ बोला उसका टिकट कट जाएगा. आप खिलाफ नहीं बोल सकते कम से कम हमारा समर्थन तो कर दीजिए."

3:06 PM, 17 Feb 2026 (IST)

हिमाचल को हक से अधिक मिला: विनोद कुमार

सदन में नाचन के विधायक विनोद कुमार ने कहा कि, "केंद्र में जब भाजपा की सरकार आई थी, तब से हिमाचल को हक से अधिक मिला है. कांग्रेस ने हिमाचल को 40 सालों में 20,956 करोड़ दिया, वहीं, पीएम नरेंद्र मोदी ने 12 सालों में ही हिमाचल को 89,254 करोड़ दिया है. फिर आप कह रहे हैं कि हिमाचल के साथ भेदभाव हो रहा है."

1:17 PM, 17 Feb 2026 (IST)

दिल्ली पैसा रुकवाने जाते हैं जयराम ठाकुर: डिप्टी सीएम

डिप्टी सीएम ने कहा कि जयराम ठाकुर दिल्ली पैसा रुकवाने को जाते हैं. जल जीवन मिशन का केंद्र सरकार से 1227 करोड़ नहीं आ रहा है. हम कई बार केंद्रीय मंत्रियों से मिल चुके हैं. जिसके बाद सदन में विपक्ष की तरफ से फिर शोर शराबा शुरू हो गया है.

12:59 PM, 17 Feb 2026 (IST)

70 हजार करोड़ मिलने के बाद भी पूर्व जयराम सरकार ने कर्मचारियों का एरियर नहीं चुकाया: डिप्टी सीएम

हिमाचल विधानसभा बजट सत्र के दूसरे दिन सदन में नियम 102 के तहत RDG पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को घेरते हुए डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि आपकी सरकार को 54 हजार करोड़ RDG मिली और 16 हजार का GST कंपनसेशन मिला. इस तरह से आपको 70 हजार करोड़ मिला, लेकिन आपने कर्मचारियों का एरियर नहीं चुकाया. डिप्टी सीएम ने कहा हम अपने खर्चों में कटौती करेंगे.

12:47 PM, 17 Feb 2026 (IST)

सदन में RDG पर चर्चा शुरू, डिप्टी सीएम ने नेता प्रतिपक्ष को घेरा, कहा-राज्य को कमजोर करने की कोशिश

हिमाचल विधानसभा बजट सत्र के दूसरे दिन सदन में नियम 102 के तहत RDG पर चर्चा शुरू हो गई है. चर्चा के दौरान डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि RDG बंद होने पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने एक बार भी अफसोस प्रकट नहीं किया. उन्होंने कहा कि RDG को लेकर अगर सदन का माहौल बिगड़ता है तो मुझे इसकी चिंता नहीं हैं. इसके बाद सदन में शोर शराबा शुरू हो गया. डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि RDG को बंद करके राज्यों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है. पहले GST का कंपनसेशन बंद किया गया. जिसका भी हिमाचल को भारी नुकसान हुआ है. उन्होंने कहा कि RDG पर हिमाचल की 13 फीसदी निर्भरता है.

12:23 PM, 17 Feb 2026 (IST)

विधायकों को कब मिलेगी विधायक निधि? सीएम सुक्खू ने दिया ये जवाब

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हिमाचल विधानसभा बजट सत्र के दूसरे दिन विधायक क्षेत्र विकास निधि न मिलने का मामला सदन में उठाया. जयराम ने कहा कि हमने लोगों को पैसे देने की घोषणा की है, लेकिन विकास निधि जारी न होने से हमें दिक्कत हो रही है. इसके जवाब में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हम विधायक निधि पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं. सीएम ने कहा कि इसको लेकर विधायकों के साथ बैठ कर पूरी स्थिति बताई जाएगी. हम सभी बैठकर इसको लेकर चर्चा करेंगे.

11:49 AM, 17 Feb 2026 (IST)

बागवानों को अभी सब्सिडी के लिए करना होगा इंतजार, बागवानी मंत्री ने कही ये बात

हिमाचल प्रदेश में अभी जिन बागवानों की सब्सिडी पेंडिंग है, उन्हें सब्सिडी के लिए इंतजार करना होगा. ये बात बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने हिमाचल विधानसभा बजट सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही के दौरान कही. उन्होंने कहा कि बागवानों को जो सब्सिडी दी जानी है, वह वर्तमान बजट के ऊपर निर्भर करेगी. कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी ने ये जानकारी करसोग से भाजपा विधायक दीपराज के सवाल के उत्तर में दी.

11:23 AM, 17 Feb 2026 (IST)

सदन में गूंजा दिव्यांगजनों का मामला, नाचन विधायक ने पूछा कितने पद आरक्षित?

हिमाचल विधानसभा बजट सत्र के दूसरे दिन सदन में दिव्यांगजनों के लिए आरक्षित पदों का मामला गरमाया. नाचन के विधायक विनोद कुमार का सवाल था कि दिव्यांगजनों के आरक्षित कितने पद खाली है? इसके साथ ही उन्होंने सचिवालय के बाहर धरने पर प्रदर्शन पर बैठे दिव्यांगजनों का भी मामला उठाया. विनोद कुमार ने कहा कि सरकार को दिव्यांगजनों के पास जाकर उनकी बात सुननी चाहिए. जिसपर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनी राम शांडिल ने सदन में जानकारी दी कि विभाग में खाली पड़े पदों को चरणबद्ध तरीके से जल्द भरा जाएगा.

11:07 AM, 17 Feb 2026 (IST)

Himachal Budget 2026: हिमाचल विधानसभा बजट सत्र का दूसरा दिन, RDG बहाली पर होगी चर्चा

हिमाचल विधानसभा बजट सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू हो गई है. इसके साथ ही सदन में प्रश्नकाल शुरू हो गया है. विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि अभी विधानसभा सत्र की तीन दिन की नोटिफिकेशन हुई है. अभी तक सदन में 125 प्रश्न आ चुके हैं, जिन्हें लिस्ट किया जा रहा है. वहीं, आज भी सदन में RDG बहाली करने को लेकर चर्चा जारी रहेगी. जिसमें सरकार और विपक्ष के सदस्य अपने-अपने तर्क सदन में रखेंगे.

8:33 AM, 17 Feb 2026 (IST)

हिमाचल विधानसभा बजट सत्र, दूसरे दिन RDG बहाली पर चर्चा रहेगी जारी, आज होगी वोटिंग

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का दूसरा दिन आज बेहद अहम रहने वाला है. सुबह 11 बजे विधानसभा की कार्यवाही शुरू होगी, जिसमें नियम-102 के तहत लाए गए सरकारी संकल्प पर RDG (Revenue Deficit Grant) को लेकर चर्चा जारी रहेगी. सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्य RDG बहाली के मुद्दे पर अपने-अपने तर्क रख रहे हैं. चर्चा पूरी होने के बाद प्रस्ताव को मतदान के लिए रखा जाएगा. प्रस्ताव पारित होने की स्थिति में केंद्र सरकार से RDG बहाल करने की सिफारिश की जाएगी.

Last Updated : February 17, 2026 at 7:47 PM IST