हिमाचल में मानसून का कहर! भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, अगले 24 घंटे के लिए इन जिलों में येलो अलर्ट

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 20, 2026 at 10:38 AM IST
|Updated : August 20, 2026 at 12:00 PM IST
हिमाचल में मानसून ने अपना रौद्र रूप दिखाया है. प्रदेश के कई जिलों में पिछले 48 घंटों के दौरान भारी बारिश हुई है. मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान 25.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 222 फीसदी अधिक है. भारी बारिश के कारण कई जिलों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है. मूसलाधार बारिश, और जगह-जगह लैंडस्लाइड से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. मौमस विभाग ने प्रदेश के छह जिलों ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर जिले में एक-दो जगहों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है.
LIVE FEED
मानसून से हिमाचल में अब तक ₹1,085.32 करोड़ का नुकसान, 205 लोग बने काल का ग्रास
हिमाचल प्रदेश में इस बार भी मानसून की भारी बारिश ने खासा कहर बरपाया है. मानसून की शुरुआत से अब तक, यानी 30 जून 2026 से 19 अगस्त 2026 तक प्रदेश में भारी बारिश और प्राकृतिक आपदाओं से करीब 1,085.32 करोड़ रुपए की निजी व सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा है. इसमें सबसे ज्यादा क्षति लोक निर्माण विभाग (PWD) को 802.96 करोड़ रुपए की हुई है. इसके अलावा जल शक्ति विभाग को 258.61 करोड़ रुपए, बिजली विभाग को 5.30 करोड़ रुपए, कृषि विभाग को 72.04 लाख और बागवानी विभाग को 6.92 लाख रुपए का नुकसान हुआ है.
वहीं, मानसून सीजन के दौरान अब तक विभिन्न घटनाओं में 205 लोगों की मौत हुई है, इसमें सबसे ज्यादा चंबा और शिमला जिले में 27 लोग काल का ग्रास बने, जबकि प्रदेशभर में 318 लोग घायल हुए हैं और 3 लोग लापता हैं. भारी बरसात के चलते प्रदेशभर में 85 घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि 325 घरों को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है. इसके अलावा 14 दुकानें/फैक्ट्रियां, 296 गौशालाएं और 5 श्मशान घाट क्षतिग्रस्त हुए हैं.
मयाड क्षेत्र में बाढ़ से बढ़ी लोगों की परेशानी
जिला लाहौल स्पीति के केलांग की उपमंडल अधिकारी नागरिक कुनिका एकर्स ने बताया कि, "मयाड क्षेत्र करपट में हाल ही में आई बाढ़ की स्थिति के बाद राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है. वर्तमान में नाले का जलस्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है, जिससे क्षेत्र में स्थिति में सुधार हो रहा है. प्रभावित ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक खाद्य सामग्री, चिकित्सा सहायता एवं अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है. करपट गांव में कुल 95 लोग मौजूद थे. इनमें से 92 लोग, जिनमें 7 नेपाली नागरिक भी शामिल हैं, बाढ़ की घटना से पहले ही अपने घर खाली कर राहत शिविर में सुरक्षित स्थानांतरित हो चुके थे. गांव में शेष तीन लोग, जिनमें दो चरवाहे तथा एक स्थानीय महिला शामिल थी, फंसे हुए थे. स्थानीय महिला को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है, जबकि दोनों चरवाहों को भेड़-बकरियों/पशुधन के चराने से लौटने के बाद शाम के समय झूला के माध्यम से सुरक्षित वापस लाने की व्यवस्था की गई है. राहत शिविर में प्रभावित लोगों के लिए भोजन एवं ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है."
कुनिका एकर्स ने बताया कि, नायब तहसीलदार विनय रशपा एवं राजस्व विभाग की टीम ने राहत शिविर के लिए आवश्यक राशन सामग्री उपलब्ध करवाई गई, जिसमें 120 किलोग्राम चावल, 80 किलोग्राम आटा, 10 किलोग्राम दाल, 2 लीटर खाद्य तेल, 2 किलोग्राम हल्दी, 2 किलोग्राम नमक, 5 किलोग्राम प्याज तथा 4 किलोग्राम टमाटर शामिल हैं. करपट गांव में फंसे दोनों चरवाहों के लिए झूला के माध्यम से भोजन भी भेजा गया है.
पानी में डूबा करपट पुल
करपट पुल अभी भी पानी में डूबा हुआ है, हालांकि जलस्तर में धीरे-धीरे कमी आ रही है. झूला भी कुछ ढीला हुआ है, जिसकी मरम्मत का कार्य जारी है. ठीक होने के बाद ग्रामीणों को गांव और अपने खेतों के बीच आवश्यक आवागमन में सुविधा मिल सकेगी. उन्होंने बताया कि, पटवारी से प्राप्त सूचना के अनुसार पांच मकानों के संबंध में अभी तक किसी प्रकार की क्षति अथवा अन्य सूचना प्राप्त नहीं हुई है. मयाड मुख्य सड़क वर्तमान में 22.600 किलोमीटर तक यातायात के लिए खुली है. उडगोस नाला पुल की मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया गया है, हालांकि पुल को पूरी तरह यातायात के लिए खोलने से पहले आवश्यक सेटिंग के लिए कुछ समय देना होगा.
धुंधल नाला में झूला ठीक है. इसके अलावा सड़क मार्ग से वाहनों की आवाजाही भी जारी है. हालांकि, नाले में जलस्तर लगातार बढ़ने की स्थिति में सड़क को सुरक्षा की दृष्टि से बंद कर दिया जाता है. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क कनेक्टिविटी फिलहाल अस्थिर बनी हुई है. जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है

दो मोटरसाइकलि की टक्क में एक की मौत, एक घायल
शाहतलाई थाना क्षेत्र में बरठी-निहारी सड़क मार्ग पर मोहिं के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए सिविल अस्पताल बरठीं पहुंचाया गया, जहां से एक युवक की गंभीर हालत को देखते हुए एम्स बिलासपुर रेफर किया गया. उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. वहीं, हादसे में घायल दूसरे युवक विनोद कुमार निवासी बड़गांव का उपचार चल रहा है. वहीं दुर्घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है.पुलिस दोनों मोटरसाइकिलों की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने में जुटी है.


