ETV Bharat / state

मानसून सत्र के पहले दिन हंगामा करने वाले कांग्रेस के 8 विधायक सस्पेंड, धक्का-मुक्की के दो वीडियो सामने आए, सीएम बोले- 'लोग कपड़े नहीं, कारनामे देखते हैं'

Monsoon session Live Updates
Monsoon session Live Updates (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : August 27, 2026 at 9:03 AM IST

|

Updated : August 27, 2026 at 2:36 PM IST

Choose ETV Bharat

चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत सुबह 11 बजे से हुई. सोमवार दोपहर दो बजे तक इसे स्थगित कर दिया गया है. इससे पहले बुधवार को चंडीगढ़ में बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक हुई. बैठक के बाद नेता विपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि मानसून सत्र तीन दिन का होगा. इसकी अवधि को बढ़ाने की मांग थी, लेकिन नहीं बढ़ाया गया. मानसून सत्र 27 अगस्त से शुरू होगा, 3 दिन के अवकाश के बाद 31 और 1 सितंबर को सत्र होगा. मानसून सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही सोमवार को 11 बजे की बजाय 2 बजे शुरू किए जाने पर बीएसी में सहमति बनी है.

LIVE FEED

3:36 PM, 27 Aug 2026 (IST)

हरियाणा के नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने की प्रेस कांफ्रेंस

हरियाणा के नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कहा कि "सरकार हर मुद्दे पर विफल है. कानून व्यवस्था ,जल भराव है गुरूग्राम में,किसानों का मुद्दा या नौजवानों के मुद्दे पर सरकार चुप है. सभी मुद्दों को लेकर कांग्रेस सदन में प्रदर्शन कर रहे थी तो बेइज्ज़ती हुई ,मेरे कपड़े भी फाड़े गए. हमें वहां रोका गया जहां पार्किंग है. पंजाब विधानसभा की भी एंट्री है. सीएम ने हमें ही गुंडा कह दिया. कई बार जुबान फिसल जाती है तो माफी मांगी जा सकती थी लेकिन मुख्यमंत्री ने कोई माफी नहीं मांगी. स्पीकर की भूमिका तानाशाही जैसी थी. कांग्रेस काम रोको प्रस्ताव लेकर आ रही थी इसलिए ऐसा किया गया. हमारे विधायकों को नेम किया गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं की गई. सरकार आज कर्जे में नंबर एक है ,सफाई कर्मचारी धरने पर है लेकिन कोई सुध लेने वाला नहीं है.

3:34 PM, 27 Aug 2026 (IST)

सरकार जवाब देने से बच रही है: शकुंतला खटक

कांग्रेस विधायक शकुंतला खटक ने मीडिया से बातचीत में कहा कि विधानसभा में जब भी वे जनता के मुद्दे उठाती हैं, तो सरकार जवाब देने के बजाय उन्हें नेम (Name/निलंबित या कार्रवाई) कर देती है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं और लंबे समय से सड़कों पर हड़ताल कर रहे सफाई कर्मचारियों के साथ अन्याय किया है. शकुंतला खटक ने कहा कि वे विधानसभा में बेरोजगारी, किसानों और सरकारी कर्मचारियों के कई अहम मुद्दों पर आवाज उठा रही थीं. विधायक के अनुसार, सरकार के पास विपक्ष के सवालों और जनता की समस्याओं का कोई ठोस जवाब नहीं है, इसलिए कार्रवाई का सहारा लिया जा रहा है.

3:32 PM, 27 Aug 2026 (IST)

विधानसभा में जनता और कर्मचारियों की आवाज दबा रही सरकार: गोकुल सेतिया

विधायक गोकुल सेतिया ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने विधानसभा सदन के अंदर मुख्यमंत्री, मंत्रियों और विधायकों के सामने जनता की मांगों को प्रमुखता से रखा है. उन्होंने आरोप लगाया कि कड़ाके की धूप और गर्मी में अपनी मांगों के लिए सड़कों पर बैठे प्रदर्शनकारियों और कठिन परिस्थितियों में काम करने वाले सफाई कर्मचारियों के प्रति सरकार का रवैया संवेदनहीन है. सेतिया ने प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था तथा युवाओं में बढ़ते नशे के इस्तेमाल पर केंद्र और राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया. ​उन्होंने कहा कि बार-बार इन गंभीर मुद्दों को उठाने के बावजूद सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है और जब जनप्रतिनिधि जनता के हक की बात करते हैं, तो उनकी आवाज को दबाने का प्रयास किया जाता है.

3:30 PM, 27 Aug 2026 (IST)

सदन में कांग्रेस विधायकों के आचरण पर कृष्ण बेदी ने उठाए सवाल

हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस के बागी विधायक जरनैल सिंह के हाथ से कांग्रेस विधायकों द्वारा पोस्टर छीने जाने के मामले पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. कृष्ण बेदी ने सदन के भीतर कांग्रेस विधायकों द्वारा किए गए इस व्यवहार की निंदा की और उनके आचरण पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि विधानसभा लोकतांत्रिक चर्चा और बहस का मंच है, जहां सभी सदस्यों को अपनी बात रखने का अधिकार है. मंत्री ने कांग्रेस के बागी विधायक जरनैल सिंह के हाथ से पोस्टर छीने जाने की घटना को लेकर कांग्रेस विधायकों के रवैये पर आपत्ति जताई. उन्होंने सदन की मर्यादा बनाए रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया.

2:22 PM, 27 Aug 2026 (IST)

सदन की कार्यवाही स्थगित

सोमवार दोपहर 2 बजे तक सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई है.

2:21 PM, 27 Aug 2026 (IST)

सीएम बोले- लोग कपड़े नहीं, कारनामे देखते हैं

सीएम नायब सैनी ने कांग्रेस पर तंज करते हुए कहा कि विपक्ष के साथी काले कपड़े पहनकर आए हैं, प्रदेश के लोग कपड़े नहीं, कारनामे देखते हैं. काले कपड़े पहनना इनका अधिकार है. इनके कार्यकाल में कानून व्यवस्था का जनाजा निकला हुआ था. कानून व्यवस्था के ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर सीएम नायब सैनी ने कहा 1999 से 2005 तक राजनीतिक दबाव में कानून प्रशासन को कमजोर किया गया. 2001 में लितानी गांव की घटना को कौन भूल सकता है? रेलूराम पूनिया के परिवार के 8 लोगों की निर्मम हत्या हुई थी.

1:03 PM, 27 Aug 2026 (IST)

कुल आठ कांग्रेस विधायकों को स्पीकर ने नेम कर सस्पेंड किया.

कांग्रेस विधायकों को मार्शल पड़कर बाहर ले जा रहे हैं. महिला विधायक शकुंतला कटक को महिला मार्शल लेने आई. शकुंतला खटक नहीं जाने पर अड़ी. कांग्रेस विधायकों को पकड़ कर बाहर ले गए मार्शल. कुल आठ कांग्रेस विधायकों को स्पीकर ने नेम कर सस्पेंड किया.

1:00 PM, 27 Aug 2026 (IST)

जस्सी पेटवाड़ को भी स्पीकर ने किया नेम

कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ को भी स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने नेम किया. स्पीकर ने कहा कि जिन विधायकों को मैंने नेम किया, वो पहले बाहर जाए. इसके बाद मैं आपकी बात सुनूंगा. कांग्रेस विधायकों के आरोपों पर स्पीकर ने कहा कि तानाशाही कैसे होती थी. ये भी मैं जानता हूं. आप बाहर जाइए.

12:53 PM, 27 Aug 2026 (IST)

कांग्रेस के 5 विधायक आज की कार्यवाही से सस्पेंड

कांग्रेस विधायक लगातार सदन में हंगामा कर रहे हैं. जिसके चलते स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल, शकुंतला खटक, गोकुल सेतिया, बलराम डांगी, आदित्य सुरजेवाला और देवेंद्र हंस को सदन की कार्यवाही से नेम किया, जिसके बाद उनको सस्पेंड किया गया.

12:52 PM, 27 Aug 2026 (IST)

इनेलो विधायक आदित्य चौटाला ने कानून का मुद्दा उठाया

इनेलो विधायक आदित्य चौटाला ने सफाई और कानून व्यवस्था के ऊपर लगाए गए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर कहा कि प्रदेश में अपराध तेजी से बढ़ रहा है. जो चिंता का विषय है. महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहा है. जिससे लोगों में भय है. इसलिए सरकार से अनुरोध है कि वो विस्तार से बताए कि कानून व्यवस्था का दुरुस्त करने के लिए कौन-कौन से कदम उठाए गए हैं?

12:51 PM, 27 Aug 2026 (IST)

सीएम विपक्ष से बोले- सदन को चलने दें

सीएम विपक्ष से बोले- सदन को चलने दें, जनता देख रही है कि ठीक क्या है और गलत क्या है.

12:44 PM, 27 Aug 2026 (IST)

कांग्रेस विधायकों का सदन में हंगामा जारी

सदन में संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा ने प्रस्ताव रखा. दूसरी तरफ कांग्रेस विधायकों की नारेबाजी निरंतर जारी. कांग्रेस विधायक बोले- मुख्यमंत्री अपने बयान के लिए माफी मांगे. नारेबाजी करते हुए स्पीकर की कुर्सी तक पहुंचे कांग्रेस विधायक. कई विधानसभा कर्मचारी भी सामने आकर हुए खड़े. भाजपा के विधायकों ने भी कागज दिखाया. जिसमें लिखा 1984 सिख हत्यारे को दोस्त मानने वाले माफी मांगे.

12:41 PM, 27 Aug 2026 (IST)

सीएम ने मेरे समेत सबको गुंडा कहा- हुड्डा

नेता विपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि सीएम ने मेरे समेत सबको गुंडा कहा जबकि महिला विधायक भी मौजूद थी. विधानसभा स्पीकर ने कहा कि बाहर जो हुआ उसे स्क्रीन पर दिखाया जाए. अनिल विज ने कहा सदन को सच जानने का अधिकार है. उसे दिखाया जाए, लेकिन स्पीकर ने नियमों का हवाला देते हुए मना कर दिया.

12:40 PM, 27 Aug 2026 (IST)

कांग्रेस के निलंबित विधायक जरनैल सिंह ने पर्चा दिखाया

कांग्रेस के निलंबित विधायक जरनैल सिंह ने पर्चा दिखाया. जिस पर लिखा था 1984 सिख हत्यारे को दोस्त मानने वाले माफी मांगे. कांग्रेस विधायक इंदूराज नरवाल ने उनके हाथ से पर्चा छीना.

12:34 PM, 27 Aug 2026 (IST)

सदन की कार्यवाही फिर से शुरू हो गई है

स्पीकर ने कहा कि आज सदन में जो भी बातें हुई, मैं उससे आहत हुआ हूं. जो वीडियो मैंने देखे हैं उसमें नेता विपक्ष तख्ती लेकर दिखाई दिए हैं. जो गलत है. अगर विधानसभा का स्टाफ अपनी ड्यूटी कर रहा है. अगर रूल्स के अंदर लिखा हुआ है कि कोई तख्ती लेकर या प्रदर्शनकारी अंदर नहीं आ सकता है. तो उन्होंने सिर्फ रोकने का काम किया है. विधानसभा स्टाफ ने अपना काम किया है. इस बात को बढ़ावा नहीं देना चाहिए. मैं वो वीडियो सदन में नहीं दिखा सकता. क्योंकि सदन के भी नियम कायदे कानून होते हैं. इस बीच कांग्रेस विधायकों ने बीजेपी सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाए.

11:57 AM, 27 Aug 2026 (IST)

सदन की कार्यवाही 30 मिनट के लिए स्थगित

भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि सीएम सैनी ने अनपार्लियामेंट्री शब्द गुंडा बोला है. इसे सदन की कार्यवाही से निकाला जाए. इस पर सीएम ने बोला मैंने कोई ऐसा शब्द नहीं बोला. इसके बाद स्पीकर ने कहा कि दो सदस्य बीजेपी की तरफ से आए और दो सदस्य कांग्रेस की तरफ से. हम सारी वीडियो देखने के बाद नतीजे पर आएंगे. इस दौरान सभी मर्यादा बनाए रखें.

11:54 AM, 27 Aug 2026 (IST)

गुंडागर्दी ये लोग कर रहे हैं, हम नहीं- सीएम नायब सैनी

सीएम नायब सैनी ने कहा कि मैंने जानकारी ली है. जो बातें सदन को गुमराह करने के लिए की गई कि कोहनी मार दी. धक्का मुक्की की. ये झूठी बातें हैं. इसपर कांग्रेस विधायकों ने फिर हंगामा किया और नारे लगे 'तानाशाही नहीं चलेगी'. इसके बाद सीएम ने कहा कि मेरा सुझाव है आप सभी को चेंबर में बुला लें और वीडियो देखें. गुंडागर्दी तो ये लोग कर रहे हैं. हम नहीं.

11:52 AM, 27 Aug 2026 (IST)

फिर से सदन की कार्यवाही शुरू

फिर से सदन की कार्यवाही शुरू हो गई. अभी भी कांग्रेस के धक्का-मुक्का करने वाले मुद्दे पर हंगामा हो रहा है.

11:52 AM, 27 Aug 2026 (IST)

एक नजर में देखें अभी तक की कार्यवाही

पैदल कूच के दौरान विधानसभा परिसर में गेट पर रोके जाने पर कांग्रेस विधायकों का सदन में हंगामा

  • संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा- हम भी आएं हैं. किसी ने नहीं रोका. ये काले कपड़े पहनकर आएं हैं. इसके पैसे नहीं दिए. कोई कांड तो नहीं हुआ?
  • भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा- मेरा सवाल एक ही है कि हमें रोका गया. जो किसी का अधिकार नहीं. हमें सस्पेंड नहीं किया था. फिर क्यों रोका गया?
  • हरियाणा विधानसभा में प्रश्नकाल से पहले कांग्रेस के विधायक रघुबीर कादियान ने धक्के मारने पर नाराजगी जाहिर की
  • भूपेंद्र हुड्डा ने कहा- 4 बार सांसद रहा हूं, 6 बार विधायक रहा हूं, ऐसा मैंने नहीं देखा है.
  • भूपेंद्र हुड्डा ने कहा- आपने गुंडे भेजे थे. हमें रोकने के लिए?
  • भूपेंद्र हुड्डा ने कहा- तानाशाही नहीं होने दी जाएगी
  • स्पीकर ने कहा- मुझे जानकारी मिली है. विधानसभा के स्टाफ ने व्यवस्था के लिए जो जिम्मेदारी थी निभाई है. इसके बाद कांग्रेस का जोरदार सदर में हंगामा.

11:41 AM, 27 Aug 2026 (IST)

सरकार ने संविधान और लोकतंत्र का गला घोंटने में कसर नहीं छोड़ी- हुड्डा

नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा हरियाणा की भाजपा सरकार ने आज देश के संविधान और लोकतंत्र का गला घोंटने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी. हरियाणा की जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों को भी विधानसभा भवन में घुसने से बलपूर्वक रोका गया. बेहद शर्मनाक और निंदनीय.

भूपेंद्र हुड्डा बोले- 'सुरक्षकर्मियों ने धक्का-मुक्की की, हमें रोकने के लिए गुंडे भेजे' (null)

11:39 AM, 27 Aug 2026 (IST)

काले कपड़े पहनकर आए कांग्रेस विधायकों का पुलिसकर्मियों पर धक्का-मुक्की का आरोप

भूपेंद्र हुड्डा का आरोप है कि विधानसभा के बाहर विपक्ष के विधायकों के साथ सदन के सुरक्षा कर्मियों ने धक्का मुक्की की. जिसके खिलाफ विपक्ष ने विरोध जताया. इस मुद्दे पर विपक्ष ने जमकर हंगामा किया. इस पर स्पीकर ने कहा कि अगर सदन के सदस्यों को विशेष अधिकार मिले तो हैं, उनसे सही व्यवहार भी अपेक्षित है, मुझे जो जानकारी मिली है. उसके मुताबिक सुरक्षा कर्मी अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे.

11:31 AM, 27 Aug 2026 (IST)

सदन की कार्यवाही 20 मिनट तक के लिए स्थगित

हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र में सदन की कार्यवाही 20 मिनट तक के लिए स्थगित कर दी गई है. कांग्रेस ने दावा किया कि पुलिसकर्मियों ने उनको रोकने की कोशिश की. जिसमें कई विधायकों को चोट आई. हुड्डा ने कहा कि हमें रोकने का अधिकार किसने दिया? इस पर कांग्रेस विधायकों ने जमकर हंगामा किया. उन्होंने कार्यवाही को चलने नहीं दिया. जिसके बाद सदन की कार्यवाही 20 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई.

11:29 AM, 27 Aug 2026 (IST)

सीएम बोले- ये सुनने को तैयार नहीं, इन्होंने एजेंडा फिक्स किया

चंदा चोरी और जंतर-मंतर पर हुए युवाओं के साथ अत्याचार को लेकर विधानसभा के बाहर हुए प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष और विधायकों के साथ भी धक्का मुक्की का आरोप है. भूपेंद्र हुड्डा बोले कि इसमें विधायकों को भी चोटें आई. इसपर सीएम ने कहा कि ये सुनने को तैयार नहीं, इस पर भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि किसके आदेश पर ऐसा हुआ. किसने आदेश दिए.

11:25 AM, 27 Aug 2026 (IST)

हुड्डा ने पुलिसकर्मियों पर लगाए धक्का-मुक्की के आरोप

कांग्रेस विधायक सदन में काले कपड़े पहनकर पहुंचे. भूपेंद्र हुड्डा ने दावा किया कि पुलिसकर्मियों ने उनको सदन में आने से रोका और उनके साथ धक्का-मुक्की की. इसके बाद शिक्षा मंत्री ने कहा कि हमें तो किसी ने नहीं रोका, ये झूठ बोल रहे हैं. इस पर कांग्रेस विधायकों ने हंगामा किया. भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि किसे अधिकार है हमें रोकने का. इसपर स्पीकर ने कहा कि मैं मामले में जांच करूंगा. इसके बाद कांग्रेस विधायकों ने सदन ने हंगामा किया.

11:07 AM, 27 Aug 2026 (IST)

इन मुद्दों को लेकर सरकार को सदन में घेरेगी कांग्रेस

कांग्रेस जिन प्रमुख मुद्दों को सदन में उठाने की तैयारी में है, उनमें गुरुग्राम जलभराव, बैंक घोटाले, सफाई कर्मचारियों का लंबा आंदोलन, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग और प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था शामिल हैं. कांग्रेस नेताओं का दावा है कि इन जनहित के मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा. वहीं पार्टी की ओर से सदन में स्थगन प्रस्ताव लाने की भी तैयारी की बात कही जा रही है. वहीं इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने उनके साथ बदलुकी किए जाने का भी आरोप लगाया.

11:05 AM, 27 Aug 2026 (IST)

मानसून सत्र की शुरुआत हंगामेदार अंदाज़ में हुई.

हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत हंगामेदार अंदाज़ में हुई. सत्र शुरू होने से पहले ही कांग्रेस सड़क पर उतर आई और सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अगुवाई में कांग्रेस के सभी विधायक काले कपड़े पहनकर और हाथों में तख्तियां लेकर विधानसभा परिसर तक मार्च करते हुए पहुंचे. इस दौरान सरकार विरोधी नारे लगाए गए और कई मुद्दों पर बीजेपी सरकार को घेरने की कोशिश की गई. कांग्रेस का कहना है कि वो इस सत्र में सरकार को कई अहम मुद्दों पर घेरने की पूरी तैयारी के साथ आई है. विपक्ष का आरोप है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती जा रही है और जनता कई समस्याओं से जूझ रही है.

10:42 AM, 27 Aug 2026 (IST)

विधानसभा भवन तक कांग्रेस का मार्च

विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले कांग्रेस ने विधानसभा भवन तक काले कपड़े पहनकर विरोध प्रदर्शन किया है. इस दौरान सभी विधायकों के हाथ में 'सफाई कर्मचारियों की मांग पूरी करो, युवाओं को रोजगार दो' के पोस्टर थे. पेपर लीक और राम मंदिर में चोरी के मुद्दे पर भी कांग्रेस ने प्रदर्शन किया.

8:55 AM, 27 Aug 2026 (IST)

शुरुआत में शोक प्रस्ताव रखा जाएगा

  • चौधरी सही राम बिशनोई संयुक्त पंजाब विधानसभा के भूतपूर्व सदस्य
  • राजपाल भूखड़ी, हरियाणा विधानसभा के भूतपूर्व सदस्य
  • हरियाणा के शाहिद
  • डी-पार्क बाजार, रोहतक में अग्निकांड
  • कुएं में जहरीली गैस की वजह से हुई दुखद घटना
  • अन्य के देहावसान का उल्लेख करेंगे

8:55 AM, 27 Aug 2026 (IST)

पहले दिन का कार्यवाही में क्या होगा खास?

विधानसभा में शोक प्रस्ताव के बाद प्रश्न पृथक सूची में दर्ज पूछे जाएंगे. जिसके जवाब भी दिए जाएंगे, उसके बाद नियम 121 के तहत प्रस्ताव पेश होगा. वहीं कार्य सलाहकार समिति की पहली रिपोर्ट पेश की जाएगी. उसके बाद ध्यानाकर्षण प्रस्ताव जोकि इनेलो के विधायक आदित्य चौटाला और अर्जुन चौटाला की तरफ से राज्य की बिगड़ती स्थिति के संबंध में रखा गया है. उसके बाद अन्य विधायी कार्य होंगे. उसके बाद नेवा पोर्टल पर विशेषाधिकार हनन कमेटी की रिपोर्ट पेश होगी.

8:54 AM, 27 Aug 2026 (IST)

आज चार विधेयक भी विधानसभा में रखे जाएंगे

आज चार विधेयक भी विधानसभा में रखे जाएंगे. जिनमें हरियाणा न्यायालय संशोधन विधेयक 2026, हरियाणा नगरपालिका संशोधन विधेयक 2026, हरियाणा नगर निगम संशोधन विधेयक 2026, हरियाणा बाबा श्री खाटू श्याम चुलकाना धाम पूजास्थल विधेयक 2026.

Last Updated : August 27, 2026 at 2:36 PM IST