बजट सत्र का चौथा दिन : हरियाणा सीएम बोले- विपक्ष भ्रम फैला रहा, शेरो-शायरी से कांग्रेस विधायकों पर कसा तंज, अर्जुन चौटाला ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

Published : February 25, 2026 at 7:53 AM IST
|Updated : February 25, 2026 at 8:03 PM IST
आज हरियाणा विधानसभा बजट सत्र का चौथा दिन है. सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे से प्रश्नकाल के साथ शुरू हुई. प्रश्नकाल में सत्तापक्ष और विपक्ष के विधायकों ने सरकार से 20 सवालों के जवाब मांगे हैं.
LIVE FEED
हरियाणा विधानसभा की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित
हरियाणा विधानसभा की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित
कांग्रेस सरकार में प्रश्न पत्र तैयार करने की प्रक्रिया ही नहीं थी - सीएम
सीएम नायब सैनी ने कहा कि सच की धूप में चेहरों का रंग बदल जाता है. इसलिए कुछ लोग उजाले से डरते रहते हैं. प्रश्न पत्र तैयार करने की एक प्रक्रिया है. इसमें सरकार की कोई भूमिका नहीं होती है. लेकिन इनके समय में कोई प्रक्रिया नहीं थी, ये अपने आप तैयार करते थे. सीएम नायब सैनी ने एक वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि इनके पदाधिकारी ने ही आरोप लगाए हैं कि इनके यहां एक जिले में 50 प्रतिशत नौकरियां मिलती थीं.
हरियाणा सीएम बोले - विपक्ष भ्रम फैला रहा है
हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी ने सदन में बोलते हुए कहा कि हमारे विपक्ष के साथी सदन में काम रोको प्रस्ताव लेकर आए हैं. विपक्ष बहुत ज्यादा झूठ का भ्रम फैला रहा है. सीएम ने कहा कि अभी तो मैंने शुरू भी नहीं किया. रोजगार की धूप निकली है, मेहनत के आसमान में, पर जिन्हें अंधेरा पसंद हो, वो उजाला कहां पाते हैं. इन्हें उजाला पसंद नहीं है. इसके बहुत सारे उदाहरण मैं बताऊंगा. हमारे विपक्षी साथियों ने हरियाणा लोक सेवा आयोग, हरियाणा कर्मचारी आयोग की भर्तियों को लेकर बहुत सारे सवाल उठाए हैं. कई तो मंझे पर पड़े-पड़े ही ट्वीट कर रहे हैं. सीएम सैनी ने कहा कि मैं एक बात कहना चाहूंगा. जो कल तक फाइलों में सपने सजाते थे, वे आज रोजगार का मातम मनाते हैं. 2014 के बाद हमारी सरकार आई, हमने अवसरों के दरवाजे खोले. वो सिर्फ आंकड़ों को तोड़ मरोड़ कर सुनाते रहे, झूठ बोलते रहे. सीएम ने कहा कि इन्होंने जो प्रश्न उठाए हैं, मुझे ऐसा लगता है कि वो विपक्ष की निराशा है. ये घोर कुंठा में इन्होंने किया है. कुछ बचा नहीं है, हालत खराब हो गई है. जिनके हाथ में सौदों की स्याही के निशान हैं, वे आज हमें बताएं क्या सच और क्या ईमान है. हमने दफ्तर को दर्पण बनाया है, सब साफ साफ दिखाई देता है. सीएम ने कहा कि मैं सबसे पहले बताना चाहूंगा कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग और हरियाणा लोक सेवा आयोग ये दोनों स्वतंत्र इकाईयां हैं. इसमें किसी का कोई हस्तक्षेप नहीं है, लेकिन इनके शासनकाल में दवाब रहता था. हमारी सरकार के शासनकाल में ये दोनों बिना रूकावट के काम कर रही हैं.
अर्जुन चौटाला ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
- इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला बोले जब देश आजाद हुआ नेहरू जी का एक भाषण पढ़ते थे, जिसमें गरीबी खत्म करने की बात की जाती थी.
- हरियाणा के राज्यपाल के अभिभाषण में प्रदेश को 90 लाख करोड़ की अर्थव्यवस्था बनाने की बात की गई है.
- अर्जुन चौटाला ने कहा ये मार्केटिंग टाइप के शब्द हैं, इनमें तथ्य नहीं है.
- आज प्रदेश के गरीब और पिछड़े वर्ग पर ध्यान नही दिया जाता है - चौटाला
- अर्जुन चौटाला ने कहा कि बाढ़ में काफ़ी गरीब परिवारों के घरों की छत नहीं रही और बाद में सर्वे करवाने के लिए पैसे गरीबों से 100-100 रुपये लिए गए.
- सुपर -100 की बात सरकार करती है इसकी शुरुआत 2018 में हुई थी, अब तक 450 बच्चों के एडमिशन आईटीआई औऱ मेडिकल में हुए हैं, ये रेशों काफ़ी चिंताजनक है - चौटाला
- प्रदेश में कानून व्यवस्था की हालत काफी ख़राब है - अर्जुन चौटाला
- अर्जुन चौटाला ने कहा कि पंजाब ,दिल्ली और राजस्थान से गंदा पानी हरियाणा में आ रहा है.
स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हुई
- हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग(HSSC) की हाल ही की भर्ती प्रकिया पर विपक्ष के मंजूर हुए स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हुई
- सदन में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने एचपीएससी और एचएसएससी की भर्ती प्रक्रिया को लेकर काम रोको प्रस्ताव चर्चा के किए सदन में रखा
- स्पीकर ने काम रोको प्रस्ताव पर चर्चा के लिए 2 घंटे का समय तय किया है
पूजा चौधरी ने सरकार को घेरा
मुलाना से कांग्रेस विधायक पूजा चौधरी ने कहा कि हरियाणा की मौजूदा सरकार चार मुद्दों पर फेल हो रही है. हजारों बुजुर्गों की पेंशन रोक दी गई. हजारों लाखों बजुर्ग अपनी पेंशन को लेकर परेशान हुए. मैं ये जानना चाहती हूं कि क्या वेरिफिकेशन बिना पेंशन रोके नहीं की जा सकती थी. मुख्यमंत्री द्वारा सीएम उत्थान परिवार योजना शुरू की गई. इसके तहत 11 लाख परिवार भी पहचाने गए, लेकिन इन परिवारों का क्या हुआ, इसका जवाब सरकार के पास नहीं है. सरकार के पास इसका कोई रिकार्ड नहीं है.
लंच ब्रेक के बाद सदन की कार्यवाही शुरू
लंच ब्रेक के बाद सदन की कार्यवाही शुरू हो गई है.
लंच के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित
लंच के लिए सदन की कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया है.
गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा के बीच कॉरिडोर बनेगा- सीएम सैनी
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सदन में बताया कि 24 फरवरी को एक बैठक हुई थी, जिसमें गुरुग्राम से फरीदाबाद और नोएडा के बीच बनने वाले रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम कॉरिडोर के अंतिम एलाइनमेंट को स्वीकृति दी गई. इस कॉरिडोर का 52 किलोमीटर का भाग हरियाणा में होगा. ये गुरुग्राम के इफको चौक से शुरू होकर फरीदाबाद और नोएडा को जोड़ेगा, जिससे ट्रांसपोर्ट की सुविधा मिलेगी. ये गुरुग्राम की मेट्रो लाइन से भी जुड़ेगा. फरीदाबाद में 16 किलोमीटर का इंटीग्रेटेड सेक्शन जुड़ेगा. इसकी जल्द ही डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाकर काम पूरा किया जाएगा.
छछरौली में लोगों को मालिकाना हक मिलेगा
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि "1887 से अब तक सरकार के पास मालिकाना हक रहा है. पूरा शहर सरकारी भूमि पर बसा है. ये गैर-मुमकिन आबादी के रूप में विकसित है. यहां सैकड़ों परिवार कई पीढ़ियों से रह रहे हैं. 2020 तक इन संपत्तियों की रजिस्ट्री होती रही. इसमें लोगों का विश्वास और अधिकार जुड़े रहे. तकनीकी आधार पर इन लोगों को असुरक्षित नहीं रखा जा सकता. मैं आज छछरौली गांव की जमीन का विस्तृत सर्वे और रिकॉर्ड के जरिए उनको मालिकाना हक दिए जाने की घोषणा करता हूं."
हरियाणा सचिवालय की बहुमंजिला इमारत से शख्स गिरा
हरियाणा सचिवालय की बहुमंजिला इमारत से शख्स गिरा. नीचे गिरने वाला सरकारी कर्मचारी है, जिसको अस्पताल ले जाया गया है. अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक घायल शख्स किसी आईएएस अधिकारी के कार्यालय में तैनात था.
कांग्रेस का सदन हाउस अरेस्टिंग के मुद्दे पर हंगामा और वॉकआउट
रोहतक से कांग्रेस विधायक बीबी बत्रा ने कांग्रेस नेताओं को हाउस अरेस्ट करने का मुद्दा उठाया. इसके बाद नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हमारी सुरक्षा पर सवाल है, सरकार को इस पर जवाब देना होगा. इस पर स्पीकर हरविंद्रर कल्याण ने कहा कि ये यूटी प्रशासन का फैसला है. ये विधानसभा परिसर में नहीं हुआ. इसलिए वो यहां का विषय नहीं है. इस पर भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि सरकार जवाब नहीं देगी, तो हम विधानसभा से मुख्यमंत्री को बाहर नहीं निकलने देंगे.
कांग्रेस विधायकों ने सदन में हाउस अरेस्ट किए गए नेताओं की फोटो दिखाई. इस पर मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि ये जो फोटो दिखा रहे हैं, वो कोई और हो सकते हैं. उन्होंने आशंका जताई कि हो सकता है सिक्योरिटी गार्ड खड़े कर फोटो खिंचवाई गई हो. उन्होंने इसकी जांच की मांग की.
इस बीच कांग्रेस विधायकों ने फिर से सदन में हंगामा शुरू कर दिया. मामले को शांत करते हुए स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा कि यूटी प्रशासन कोई कदम उठाएगा, तो हम उसे नहीं रोक सकते. एक सीमा में रहकर विरोध प्रदर्शन करना ठीक रहता है. हालात खराब होते हैं तो इसकी जिम्मेदारी सबकी है.
इसके बाद भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हाई कोर्ट ने ट्रैफिक जाम पर संज्ञान लिया है. हमारे प्रदर्शन से किसी को परेशानी नहीं हुई. मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात कहने का अधिकार है. सीएम ने कहा कि हाउस अरेस्ट किसी को नहीं किया है. इसके बाद सदन में जमकर हंगामा हुआ और कांग्रेस ने वॉकआउट किया.
चंडीगढ़ में कांग्रेस को प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिली, कांग्रेस ऑफिस के बाहर धारा 163 लागू
चंडीगढ़ में कांग्रेस को विधानसभा तक प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिली है. प्रशासन ने सेक्टर 25 में चिन्हित जगह पर कांग्रेस से प्रदर्शन करने की अपील की है. चंडीगढ़ पुलिस ने हरियाणा कांग्रेस कार्यालय के पास बीएनएस की धारा 163 लगा दी है. कांग्रेस ऑफिस के बाहर नोटिस चिपकाया गया है. कांग्रेस ने हरियाणा पुलिस पर नेताओं को हाउस अरेस्ट करने का आरोप लगाया है.
सिरसा को ड्रग प्रभावित जिला घोषित करें- कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया
सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने सदन में सवाल पूछा कि सिरसा को ड्रग प्रभावित जिला घोषित क्यों नहीं किया जा रहा? सिरसा जिला ड्रग का हॉट स्पॉट बना है. एसपी अच्छा काम कर रहे हैं, बावजूद इसके कंट्रोल नहीं हो रहा. कैमिस्ट शॉप संचालकों पर सीसीटीवी लगाने के निर्देश हैं. बावजूद इसके नशे के केस बढ़ क्यों रहे हैं?
गोकुल सेतिया के इस सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने जवाब दिया. उन्होंने कहा कि सिरसा में 174 कैमिस्ट शॉप पर रेड की है. 1708 में से 1650 शॉप पर सीसीटीवी लगे हैं. सीएम ने संतों से भी सहयोग की अपील की है. ऐलनाबाद और रानियां में क्रमशः 20 व 10 बेड का नशा मुक्ति केंद्र प्रस्तावित है. डबवाली में सीएम ने नशे के प्रति सचेत करने के लिए कार्यक्रम किया था. जिसमें 64 हजार लोगों ने भाग लिया.
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस मुद्दे पर सदन में बताया कि सरकार नशे के खिलाफ लगातार गंभीरता से कार्रवाई कर रही है. हरियाणा में उत्तर भारत के राज्यों का संयुक्त सचिवालय भी बनाया गया है. जिसमें लगातार सभी सरकारें मिलकर नशे के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की मॉनिटरिंग करती हैं. केंद्र के स्तर पर भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इसके लिए लगातार सक्रियता के साथ कार्य कर रहे हैं. केंद्र सरकार मानस पोर्टल के जरिए नशे की सप्लाई चैन तोड़ने का कार्य किया जा रहा है. हरियाणा सरकार ने भी नशे के कारोबार में लिप्त लोगों की संपत्ति कुर्क करने के अलावा उनको जेल तक भेजने का कार्य किया है. हमनें साइक्लॉथान, मैराथन जैसे कार्यक्रम चलाकर एवं खाप पंचायतों और संतों को साथ लेकर नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया है.
चंडीगढ़ कांग्रेस कार्यालय के बाहर सुरक्षा कड़ी
चंडीगढ़ कांग्रेस कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जुटे हुए हैं. चंडीगढ़ पुलिस ने भी कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया. पुलिस कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को कार्यालय से आगे नहीं जाने दे रही है.
प्रश्नकाल के साथ शुरू हुई सदन की कार्यवाही
प्रश्नकाल के साथ सदन की चौथे दिन की कार्यवाही शुरू हुई. मुलाना से कांग्रेस विधायक पूजा ने सड़कों में गड्ढों का मुद्दा उठाया. इस पर PWD मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रदेश के अंदर गड्ढा मुक्त सड़कें हैं. गड्ढा मुक्त सड़कें सूबे में हो. यही हमारा मकसद है.
'चंडीगढ़ आ रहे पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को पुलिस ने हाउस अरेस्ट किया'
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि "हमारी पार्टी का चंडीगढ़ में विधानसभा घेराव का कार्यक्रम था, लेकिन इस तानाशाही सरकार ने चंडीगढ़ आ रहे पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया. हम सवाल करना चाहेंगे कि क्या इस लोकतंत्र में मजदूर की आवाज को उठाना गलत है? अगर ये गलत है, तो कांग्रेस पार्टी ये बार-बार करेगी. कांग्रेस पार्टी जुल्मों और जेल जाने से डरने वाली पार्टी नहीं है. कांग्रेस पार्टी का देश को आजाद करने में भी पूरा योगदान रहा. बीजेपी की सरकार जिस तरीके का व्यवहार हमारे साथ कर रही है. वो बहुत ही शर्मनाक है. कांग्रेस पार्टी इसकी कड़ी निंदा करती है. हम जनता की आवाज को उठाते रहेंगे."
पुलिस पर कांग्रेस नेताओं को हाउस अरेस्ट करने का आरोप
कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. सुरजेवाला ने कहा कि "अब कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन रोकने हेतु हरियाणा की भाजपा सरकार की मदद में चंडीगढ़ पुलिस भी आ खड़ी हुई है. जिलों में हमारे नेताओं और साथियों को हाउस अरेस्ट किया और कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय- 140, सेक्टर 9- में ऐसे उलजलूल नोटिस और पुलिस भेज हमारे अध्यक्ष और साथियों को रोकने की साजिश कर रहे हैं. भाजपा सरकार का ये व्यवहार पूरी तरह कायराना है, तानाशाही है और असल में सरकार की गुंडागर्दी है. जान लें, सत्ता स्थायी नहीं पर जनता बलवान है और लोगों की आवाज़ दबाने की सज़ा सत्ता की शहतीर पर बैठे हुक्मरानों को अवश्य मिलेगी. कांग्रेस के साथी ना रुकेंगे, ना झुकेंगे."
विरोध प्रदर्शन के लिए जुटने लगे कांग्रेस विधायक और कार्यकर्ता
हरियाणा कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता चंडीगढ़ में जुट रहे हैं. कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है. जिसके तहत वो आज हरियाणा विधानसभा का घेराव करने जा रहे हैं. ये विरोध प्रदर्शन हरियाणा प्रदेश कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र के नेतृत्व में किया जाएगा. इस प्रदर्शन के तहत पैदल मार्च चंडीगढ़ स्थित सेक्टर 9 पार्टी कार्यालय से किया जाएगा, लेकिन हालात ये हैं कि शायद चंडीगढ़ पुलिस उन्हें मार्च करने की इजाजत ही नहीं देगी. इस बात की आशंका है कि पुलिस प्रदर्शन के लिए आए कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं को पार्टी कार्यालय में ही घेरने की कोशिश करेगी. क्योंकि कल भी कांग्रेस के विधानसभा मार्च के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था बाधित होने को लेकर हाई कोर्ट ने स्वयं संज्ञान लेते हुए डीजीपी चंडीगढ़ को तलब किया था.
हरियाणा विधानसभा बजट सत्र का चौथा दिन आज
आज हरियाणा विधानसभा बजट सत्र का चौथा दिन है. सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे से प्रश्नकाल के साथ शुरू होगी. प्रश्नकाल में सत्तापक्ष और विपक्ष के विधायकों ने सरकार से 20 सवालों के जवाब मांगे हैं.
विधानसभा भवन का घेराव करेंगे कांग्रेस विधायक
सदन की कार्यवाही से पहले हरियाणा कांग्रेस विधायकों की ओर से सुबह विधानसभा घेराव किया जाएगा. इसका नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा करेंगे. बजट सत्र के तीसरे दिन कांग्रेस विधायकों ने एमएलए हॉस्टल से विधानसभा भवन तक पैदल मार्च किया था.
कांग्रेस के कार्य स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा होगी
दोपहर बाद सदन में कांग्रेस के कार्य स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा होगी. कांग्रेस ने हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (HSSC) और हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन (HPSC) में भर्ती को लेकर सवाल उठाए हैं. दोपहर 3 बजे से सदन में दो घंटे इस पर चर्चा होगी.

