बजट सत्र का 5वां दिन: विधानसभा की कार्यवाही स्थगित, "जी राम जी" योजना पर चर्चा, कांग्रेस ने किया सदन से वॉकआउट

Published : February 26, 2026 at 8:42 AM IST
चंडीगढ़: आज हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र का 5वां दिन है. सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ शुरू हुई. प्रश्नकाल के लिए सत्ता और विपक्ष के 20 विधायकों ने सवाल लगाए हैं. जिसमें आयुष्मान कार्ड से लेकर जलभराव की समस्याओं को शामिल किया गया. प्रश्नकाल के बाद शून्यकाल हुआ. जिसमें विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों की समस्याओं को उठाया. इसके बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी.
LIVE FEED
हरियाणा विधानसभा की कार्यवाही स्थगित
- सदन की कार्यवाही कल सुबह 11:00 तक के लिए स्थगित हुई
- शुक्रवार को कल विधानसभा बजट सत्र का छठा दिन होगा
जी राम जी योजना पर बोले सीएम
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सदन में कहा जी राम जी योजना का नाम कई बार बदला है. कृषि मंत्री शिवराज चौहान जब पंजाब में बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रो का दौरा कर रहे थे तो उस समय मनरेगा के मजदूरों ने शिकायत की. मजदूरों ने कहा काम नही मिलता ना पैसा मिलता है , इसके बाद ऑडिट में कई खामियां पाई गई.प्रधानमंत्री ने इसका नाम और समय बदला. इसके बाद कांग्रेस के मित्रों ने भ्रामक प्रचार किया. कांग्रेस इसे मनरेगा मजदूरो के साथ अन्याय बता रही है लेकिन पहले 100 दिन काम मिलता था अब 125 दिन मिलता है.
"जी राम जी" योजना पर सदन में च
बीजेपी विधायक रामकुमार कश्यप ने सदन में "जी राम जी" योजना के तहत रोजगार गारंटी 100 से बढ़ाकर 125 करने पर चर्चा का प्रस्ताव रखा. इस पर कांग्रेस विधायक बीबी बत्रा और गीता भुक्कल ने प्वाइंट आफ ऑर्डर का हवाला देकर कहा केंद्र का यह कानून है इसके ऊपर हरियाणा के सदन में चर्चा कैसे हो सकती है. इस पर विधानसभा स्पीकर ने व्यवस्था दी कि नियमों के आधार पर चर्चा हो सकती है. अतीत में भी विधानसभा में ऐसी चर्चाएं हुई है. कांग्रेस ने चर्चा के शुरू होते ही सदन से वॉकआउट कर दिया.
स्पीकर ने दिया आदेश
कांग्रेस विधायक बीबी बत्रा ने कहा कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कल सदन में गायत्री हुड्डा अहलावत के HCS चयन होने की बात अपने सम्बोधन में दिया था.इस पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा मैंने कल भी सदन में बोला था कि मैं किसी का नाम नही लेना चाहता था लेकिन सदन में सदस्यों ने बोला तब मैंने एक नाम लिया था. मैं किसी अधिकारी को ठेस नही पहुंचाना चाहता था. बाद में स्पीकर ने निर्णय दिया कि कृष्ण बेदी ने जिस अधिकारी का नाम लिया था उस शब्द को सदन की कार्यवाही से निकाल दिया जाए.
विनेश फोगाट ने खिलाड़ियों का मुद्दा उठाया
जींद की जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने सदन में खिलाड़ियों का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि जब-जब हरियाणा का नाम आता है तो सबसे पहले यहां के खिलाड़ियों की बात होती है. राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ी अपना और देश का नाम रोशन कर चुके हैं. फिर भी इस सरकार में खिलाड़ियों की उपेक्षा हो रही है. हर दस किलोमीटर पर प्राइवेट खेल एकेडमी है, लेकिन सरकार की ओर से कोई भी सुविधा नहीं दी गई है. खिलाड़ी अपने खेल का स्तर सुधारने के लिए प्राइवेट एकेडमी में जा रहे है. खिलाड़ियों को डाइट तक नहीं मिल रही है. मनोहर लाल खट्टर ने घोषणा की थी कि जिस गांव से भी कोई खिलाड़ी मेडल लाएगा तो वहां ओलंपिक लेवल स्टेडियम बनाया जाएगा, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ. लखनमाजरा स्टेडियम में एक खिलाड़ी की मौत हो जाती है, तो विभाग अपने आप को ही क्लीन चिट दे देता है.
लंच ब्रेक के बाद विधानसभा की कार्यवाही शुरू
लंच ब्रेक के बाद विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है.
कालांवाली से कांग्रेस विधायक शीशपाल ने मकानों को वैध बनाने का मुद्दा उठाया
कालांवाली से कांग्रेस विधायक शीशपाल कहरवाल ने शून्यकाल में पंचायत की जमीन पर बने मकानों को वैध करने का मुद्दा उठाया. इसका जवाब पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने दिया और बताया कि सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन है कि जहां पंचायत में फिरनी है, पौंड है या तालाब बने हैं, वहां आसपास लाखों मकान बने हैं. उन्हें मालिकाना हक नहीं दिया जा सकता, लेकिन सीएम नायब सैनी ने लोगों को राहत देते हुए एक बड़ा फैसला किया है. "यदि 2004 से पहले ऐसे मकान बने हुए उनकी डिटेल मेरे विभाग को भिजवा दें, तो हम उन्हें जरूर राहत देंगे. सरकार की ओर से इस मामले में कैंप भी लगा रही है."
सदन में एक बार फिर HCS अधिकारी गायत्री हुड्डा का नाम गूंजा
हरियाणा विधानसभा में एक बार फिर HCS अधिकारी गायत्री हुड्डा का नाम गूंजा. रोहतक से कांग्रेस विधायक बीबी बत्रा ने नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा की बेटी गायत्री हुड्डा को रिश्तेदार बताने का मुद्दा उठाया. बीबी बत्रा ने कहा "कल हमारे मंत्री बेदी साहब ने जो भी कहा है, वो सच नहीं है. मेरे पास रिकॉर्ड भी है. गायत्री अहलावत फौज में अफसर थी, अब रिटायर हो हो गई है. मैं सदन से कहूंगा कि सदन में इसके खिलाफ प्रिवलेज मोशन लाया जाएगा." कृष्ण बेदी ने कहा, मैं कल भी इसी बात पर था. मैं किसी का नाम नहीं लेना चाहता था, लेकिन मुझे यह कहा गया कि आप नाम लो. मैंने एक अखबार की कटिंग दिखाकर इस पूरे मामले का जिक्र किया था."
बता दें कि बुधवार को नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा को घेरने के लिए मंत्री कृष्ण बेदी ने गायत्री को उनके भतीजे की बेटी बताया. उन्होंने कांग्रेस राज में भर्ती हुए HCS अफसरों की लिस्ट पढ़कर सुनाई और कहा कि गायत्री राजेंद्र हुड्डा की बेटी हैं, जो पूर्व सीएम के भतीजे हैं. इस पर पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने सदन में मंत्री कृष्ण बेदी को चैलेंज किया कि वो इसे साबित करके दिखाएं. नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हम 5 भाई हैं, इनमें से किसी के भी बेटे का नाम राजेंद्र नहीं है.
असल में, गायत्री हुड्डा हिसार जिले के खोखा खरकड़ी गांव की बेटी हैं. उनके पिता राजेंद्र हुड्डा राई स्पोर्ट्स स्कूल के डायरेक्टर रहे हैं. गायत्री के पति प्रदीप अहलावत भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता हैं.
विधायक बलराम दांगी बोले- 9 हजार सें 1732 किसानों को ही मिला मुआवजा
कांग्रेस विधायक बलराम दांगी ने कहा, 30 गांवों के 9000 किसानों ने मुआवजा के लिए अप्लाई किया था. इन किसानों की फसलों को 90 से 95% फसलों को नुकसान हुआ. अभी तक 1732 किसानों को मुआवजा दिया गया है. बाकी का काट दिया गया है. इसका जवाब सीएम नायब सैनी ने दिया. उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों को जो नुकसान हुआ है. उसका 100% पैसा खाते में पहुंचाया गया है. कांग्रेस के शासनकाल में पटवारी एक जगह बैठ जाते थे. हमने लापरवाह पटवारियों पर कार्रवाई की है.
यमुनानगर में यूनिवर्सिटी बनाने की मांग
यमुनानगर के साढ़ौरा से कांग्रेस विधायक रेणुबाला ने यमुनानगर में यूनिवर्सिटी बनाने की मांग की. उन्होंने कहा कि यमुनानगर में पिछड़ा घाड़ एरिया है, जो शिक्षा के मामले में भी पीछे है.
करनाल विधायक ने कैंसर केयर सेंटर बनाने की मांग की
करनाल से बीजेपी विधायक जगमोहन आनंद ने करनाल कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में पीपीपी मोड में कैंसर डे केयर सेंटर बनाने की मांग की. इसका जवाब देते हुए स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कहा, हम हर जिले में कैंसर डे केयर सेंटर बना रहे हैं.
समालखा विधायक ने नए सेक्टरों को लेकर सवाल पूछा
समालखा से विधायक मनमोहन भड़ाना ने अपने क्षेत्र में नए सेक्टरों को लेकर सवाल किया. उन्होंने कहा कि इन सेक्टरों में 25 प्रतिशत ईडब्लूएस प्लॉटों का आवंटन लॉटरी से किया जाए. सबसे अहम बात ये है कि ये प्लॉट फ्री होल्ड ना हों, इनको वो सिर्फ अपने परिवार में ही ट्रांसफर कर सकें. इसका जवाब देते हुए, कृष्ण बेदी ने कहा, सीएम नायब सैनी खुद इस मामले को देख रहे हैं. इसके कारण हमारी सरकार 12 और 13 नए सेक्टर बनाने जा रही है, इसमें समालखा भी है.
गुहला से कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस ने सीवरेज परियोजना की समस्या रखी
कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस ने पूछा कि 2016-17 में सीवन में शुरू हुई सीवरेज परियोजना 9 वर्ष बाद भी अधूरी पड़ी है. इस परियोजना में हुई अनियमितताओं तथा देरी के लिए सरकार द्वारा इसकी कोई जांच शुरू नहीं की, उन्होंने पूछा कि इनकी जांच कब तक कराने की संभावना है? इसका जवाब देते हुए मंत्री रणवीर गंगवा ने कहा कि ये गलत कह रहे हैं. हम किसी भी जांच के लिए मना नहीं करते. क्वालिटी के साथ हम कोई समझौता नहीं करते. जिस एजेंसी ने ये काम किया है. हमने एक करोड़ रुपये से ज्यादा का जुर्माना भी लगाया है.
कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने जलभराव का मुद्दा उठाया
जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने जलभराव का मुद्दा सदन में उठाया. विनेश फोगाट ने कहा, मैं सदन में इस समस्या को लेकर कुछ फोटो लेकर आई हूं, लोगों को पानी निकालने के लिए बाल्टी का इस्तेमाल करना पड़ता है. इसका जवाब देते हुए कैबिनेट मंत्री कृष्ण पाल पंवार ने कहा कि सरकार इसपर काम कर रही है. एक कमेटी भी बनाई है, जो इस मामले में काम कर रही है.
इस पर स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा, मंत्री जी, विनेश का विशेष ख्याल रखो. मंत्री कृष्ण पंवार ने विनेश के सवाल पर बताया कि जिस गांव का ये मामला है. वो निचाई पर है. इस वजह से पालिका का सारा पानी वहां चला जाता है. इस पर संज्ञान ले लिया गया है. इसके समाधान के लिए एस्टीमेट बनाया जा रहा है.
निर्दलीय विधायक देवेंद्र कादियान ने नगर पालिका का मुद्दा उठाया
गन्नौर से निर्दलीय विधायक देवेंद्र कादियान ने नगर पालिका का मुद्दा उठाया. इसका जवाब देते हुए मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि अभी संबंधित शहर की जन सख्या करीब 48 हजार है, जो नियमों के विपरीत है. ये जरूर है कि आने वाले समय यानी 2027 में जब परिसीमन होगा, तो इसकी जनसंख्या में करीब 50 हजार होने के आसार हैं, जिसके बाद विभाग इस ओर काम शुरू कर देगा.
प्रश्नकाल के साथ शुरू हुई सदन की कार्यवाही
प्रश्नकाल के साथ सदन की कार्यवाही शुरू हो चुकी है. सदन में कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने पाइपलाइन का मुद्दा उठाया. इसके अलावा उन्होंने पीने के पानी की बोलत की क्वालिटी चेक करने की मांग की. इस पर रणबीर गंगवा ने कहा कि सभी पाइप लाइनों को चेक किया जा रहा है. इसके लिए सरकार ने अलग से बजट रखा है. हर घर में नल से जल पहुंचाने का लक्ष्य सरकार ने रखा है.
पांचवें दिन की कार्यवाही शुरू
हरियाणा विधानसभा के पांचवें दिन की कार्यवाही शुरू हो गयी है. प्रश्नकाल से सदन की कार्यवाही शुरू हुई है.
मंत्रियों और विधायकों के साथ बैठक करेंगे सीएम सैनी
सदन की शुरुआत होने से पहले मुख्यमंत्री नायब सैनी मंत्रियों और विधायकों के साथ बैठक करेंगे. इस बैठक में प्रश्नकाल के दौरान पूछे जाने वाले सवालों के जवाब को लेकर मंथन किया जाएगा. लंच ब्रेक के बाद सदन में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी. सीएम नायब सैनी राज्यपाल अभिभाषण पर विपक्ष के सवालों का जवाब देंगे.
चौथे दिन कांग्रेस ने किया था प्रदर्शन
बजट सत्र के चौथे दिन यानी कल कांग्रेस ने चंडीगढ़ में जमकर हंगामा किया. मनरेगा के मुद्दे पर कांग्रेस ने विधानसभा के घेराव की कोशिश की, लेकिन चंडीगढ़ पुलिस ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को एमएलए हॉस्टल के पास ही बैरिकेड्स लगाकर रोक लिया. इसके बाद पुलिस ने भूपेंद्र हुड्डा समेत सभी नेताओं को हिरासत में लिया. इसके बाद सभी विधानसभा में वापस आए और बजट सत्र में हिस्सा लिया. इस दौरान सीएम और विपक्ष के बीच तीकी नोकझोंक देखने को मिली.

