कांग्रेस के अविश्वास प्रस्ताव पर सदन में हंगामा, कानून व्यवस्था और किसानों का मुद्दा गूंजा, वंदे मातरम पर कांग्रेस विधायकों और मार्शलों में हाथापाई

Published : December 19, 2025 at 11:19 AM IST
|Updated : December 19, 2025 at 12:55 PM IST
हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र का आज दूसरा दिन रहा. दूसरे दिन की कार्यवाही डबल सिटिंग में हुई. पहली सिटिंग में सदन में लिव इन रिलेशनशिप, परिवार पहचान पत्र, जलभराव, स्कूलों की जर्जर हालत का मुद्दा उठा. वहीं दूसरी सिटिंग में कांग्रेस ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया. हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन कार्यवाही से जुड़े अपडेट जानने के लिए पेज को रिफ्रेश करते रहें.
LIVE FEED
सीएम नायब सैनी बोले- रघुबीर कादियान को बली का बकरा बनाया
कांग्रेस के अविश्वास प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा "मेरे बोलने के बाद अब अविश्वास प्रस्ताव पर मतों की गिनती होगी. मेरा विपक्ष के साथियों से आग्रह है कि वे धैर्य से सुनें. अगर उन्हें टीका-टिप्पणी करनी है, तो वे बाद में करें. इससे पहले, हमारे विपक्ष के साथी 22 फरवरी 2024 को अविश्वास प्रस्ताव लेकर आए थे. मेरा विश्वास है कि जब उन्होंने वैसा किया, वैसा आज वे नहीं करेंगे. आपने अपनी बात रख ली है."
सीएम नायब सैनी ने कहा "मेरा मानना है कि विपक्ष ने सरकार पर जो आरोप लगाए हैं, वे तथ्यों पर आधारित होने चाहिए, लेकिन उन्होंने जो भी आरोप लगाए हैं, वे राजनीतिक कुंठा से लगाए हैं. मैंने इनके अविश्वास प्रस्ताव को पढ़ा है, मैं हैरान हूं कि कहीं इन्होंने ये प्रस्ताव हड़बड़ाहट में तो नहीं ले आए. मैं कहना चाहता हूं कि इन कांग्रेसियों ने अपने सीनियर नेता रघुवीर कादियान को बली का बकरा तो नहीं बना दिया."
"रघुवीर कादियान हमारे दादा है, मैं इनका बहुत सम्मान करता हूं, लेकिन ये करते हैं नहीं कि नहीं करते हैं ये पता नहीं."
इस पर रघुवीर कादियान ने कहा कि "मुझे ये नहीं पता, लेकिन आपने अठावले के सामने क्या कहा." सीएम ने कहा कि "मैं हर रोज 1000 लोगों से मिलता हूं, मेरे से वह सुबह मिला, मुझसे बोला कि मुझे आपके साथ फोटो खिंचाना है. मैंने कहा करवा ले. वह राहुल गांधी के साथ भी खड़ा था. मुझे नहीं पता कि उसको किसने फीड करके भेजा. मुझे नहीं पता कि ये किसने किया."
अर्जुन चौटाला बोले- ना हम कांग्रेस के साथ और ना बीजेपी के साथ
कांग्रेस के अविश्वास प्रस्ताव पर इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने कहा कि ना हम कांग्रेस के साथ हैं और ना हम बीजेपी के साथ हैं.
आदित्य देवीलाल बोले- जनता कांग्रेस को कोस रही
इनेलो विधायक आदित्य देवीलाल ने कहा कि "कांग्रेस हमेशा से बीजेपी के साथ रही है. इनकी गड़बड़ियों के कारण हमेशा कांग्रेस के नेता हारे हैं. अब बीजेपी की जब सूबे में तीसरी बार सरकार बनी है, तो ये भूपेंद्र हुड्डा की मेहरबानी है. अजय माकन को इन कांग्रेसियों ने राज्यसभा चुनाव हरवा दिया. कांग्रेस विधायक सच्ची बात कह रहे थे. वह कह रहे थे कि कांग्रेस क्यों हारी, तब भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपना मुंह फेर लिया. हरियाणा की जनता अब इनके कर्मों को कोस रही है. अगर ये सही होते तो ऐसा नहीं होता. ये मिले हुए हैं, इसी कारण ऐसा हो रहा है."
कांग्रेस पर बरसे महिपाल ढांडा
अविश्वास प्रस्ताव पर मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा "ये हमे संविधान की सीख देते हैं. मैं बताता हूं कि इनके कार्यकाल में जितनी संविधान की धज्जियां उड़ाई गईं, उतना किसी के कार्यकाल में नहीं हुआ. ये बाबा साहब का नाम लेने योग्य नहीं है. बाबा साहब का स्टेच्यू तक इन्होंने अपनी सरकार में हरियाणा की धरती पर नहीं लगने दिया. ये तो शुक्र करो जब हमारी सरकार सूबे में आई, तो हमने हर विधानसभा स्तर पर बाबा साहब की मूर्तियां लगाईं. जब इनकी सरकार थी, तो इन्होंने नe तो शिक्षा पर ध्यान दिया ना ही स्वास्थ्य सेवाओं पर. इन्होंने बेटियों को स्कूल तक नहीं जाने दिया. हमारी सरकार में हर जिलें में बेटियों के लिए स्कूल खोले गए."
गीता भुक्कल ने वोट चोरी के मुद्दे पर सरकार को घेरा
गीता भुक्कल ने कहा कि "बीजेपी ऐसी सरकार है, जो अपना दावा चंडीगढ़ पर दावा नहीं जता सकती. आज प्रदूषण लोगों का दम घोंट रहा है, लेकिन सदन में ठहाके लग रहे हैं. गीता भुक्कल ने कहा कि इलेक्शन कमीशन पूरी तरह भाजपा की कठपुतली बनी हुई है. एक काबिल आईपीएस अधिकारी को आत्महत्या करनी पड़ी, ऐसे हालात क्यों बने जिनकी पत्नी भी आईएएस हैं. इस मामले में तहकीकात की जगह एक एसएआई ने सुसाइड कर लिया. हरियाणा एचपीएससी आज रिजेक्शन बॉडी हो गया है. आप लोग रिजर्वेशन खत्म करना चाहते हैं."
वोट चोरी के मुद्दे पर सदन में हंगामा
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा "ये वोट चोरी का आरोप लगाते हैं, लेकिन सच्चाई ये है कि चुनाव में सिर्फ ये कांग्रेस नेता 90 विधानसभा सीटों में से 42 पर ही वोट मांगने गए. जबकि सीएम नायब सैनी चुनाव में 90 में से 78 विधानसभा में गए, वहां जनता से BJP को वोट देने की अपील की. ये कांग्रेसी चुनाव में शाम होते ही मस्त हो जाते थे. इनकी नीतियों के कारण ही इनके नेता पार्टी छोड़कर हमारी पार्टी में आ चुके हैं."
कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने धान घोटाले का मुद्दा उठाया
थानेसर से कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने सदन में धान घोटाले का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि "इस घोटाले में मिलर्स के साथ सूबे के कुछ बड़े नेता भी मिले हुए हैं. इस पूरे घोटाले की जांच सरकार को हाई कोर्ट के सिटिंग जज या CBI से करानी चाहिए. सरकार ये दावा कर रही है कि वह किसानों की 24 फसलें एमएसपी पर खरीद रही है, जबकि ये दावा झूठा है, ग्राउंड पर किसानों की फसलें एमएसपी से कम दाम पर बेचनी पड़ रही हैं. इसके अलावा भी कई मुद्दों पर सरकार पूरी तरह से फेल हुई है. ये कहा जाए कि सरकार हर मोर्चे पर विफल हुई है तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी. उन्होंने कुरुक्षेत्र को राजधानी बनाने का भी मुद्दा उठाया."
कादियान बोले- सीएम की पावर कौन ऑपरेट कर रहा?
कांग्रेस विधायक रघुवीर कादियान ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को लेकर कहा कि "वो कहते हैं कि मैं तो एक चपरासी भी नहीं बदल सकता. ये बताया जाए कि सीएम का कौन सा पावर सेंटर ऑपरेट कर रहा है." इस पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि "हम मुख्यमंत्री के बारे में कोई बात नहीं सुनेंगे. अबकी बार ये कहकर देखें. हम इसको कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे." इसके बाद डिप्टी स्पीकर डॉक्टर कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि "सभी सदस्यों से अनुरोध है कि वो अपने संबोधन में कोई भी अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल नहीं करेंगे."
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी और रघुबीर कादियान के बीच हुई बहस
कांग्रेस विधायक रघुबीर कादियान ने कहा कि "आरटीई में खुलासा हुआ है कि 10 से 12 करोड़ की इनकम है, क्योंकि बिना वेट ही ट्रक भेजे जा रहे हैं. इस पर कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि "मैंने खुद लिखकर दिया है. आरटीई ऑफिस में रेड करें, वहां गलत काम होता है, तो कार्रवाई की जाएगी." रघुबीर कादियान ने कहा कि "फसल बीमा में भिवानी में घोटाला हुआ है. मुख्यमंत्री कहते हैं मैं चपड़ासी को भी नहीं बदल सकता, ये केंद्रीय मंत्री के सामने कहा था."
इस पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने आपत्ति जताई और कहा कि "सीएम के खिलाफ गलत शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है. ये बर्दाश्त नहीं किया जा सकता." रघुबीर कादियान ने कहा कि "हरियाणा सरकार के प्रति बड़ा रोष था. दीवारें भी बोल रही थी कि कांग्रेस की सरकार बनेगी. मगर सुबह मशीनें खुली, तो रिजल्ट कुछ और था."
जनता का विश्वास खो चुकी सरकार- रघुबीर कादियान
कांग्रेस नेता ने कहा "ये सरकार लोगों में विश्वास खो चुकी है. इसलिए हम ये प्रस्ताव लाए हैं. युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल रहे हैं, युवा पलायन को मजबूर हो रहे हैं. सरकारी भर्तियां नहीं हो रही, उनको अटकाया जा रहा है, जो भर्ती हो रहे हैं, वो ज्यादातर बाहर के हैं. बेरोजगारी बढ़ती जा रही है. सरकार की नीतियां जनविरोधी हैं. कॉलेज और स्कूलों के ढांचे खस्ताहाल हैं, स्टाफ की कमी है. ऐसे में कौन वहां पढ़ने जाएगा. खिलाड़ियों की हालत खेल विभाग की लापरवाही से बेहाल है. दो खिलाड़ी बास्केटबाल के पोल गिरने से मर गए. ये चिंता का विषय है, जो सिस्टम पर सवालिया निशान लगता है."
'किसानों को सरकार पर अविश्वास', उन्हें जलभराव का उचित मुआवजा नहीं मिला
कांग्रेस विधायक रघुबीर कादियान ने कहा "किसी भी प्रदेश की अर्थव्यवस्था किसानों पर टिकी है. किसान मेहनत करता है. उसका एक बच्चा बर्फीली चट्टानों पर देश की रक्षा करता है. दूसरा बेटा जमीन पर सोना उगाता है. अगर वो किसान बदहाल है, तो गलत है. आज किसान आत्महत्या करने को मजबूर है. किसानों को गलत बीज दिया जा रहा है, गलत खाद दी जा रही है. आज तक एक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ. जलभराव के चलते किसानों की फसल बर्बाद हो गई. किसान खेत में बैठा रहा, तीन महीने बाद भी कोई समाधान नहीं हुआ. जबकि मुआवजा ना के बराबर मिला. 4 लाख 75 लाख किसानों को मुआवजा नहीं मिला."
रघुबीर कादियान ने कानून व्यवस्था का मुद्दा उठाया
कानून व्यवस्था के मुद्दे पर रघुबीर कादियान ने कहा कि "हरियाणा में कानून व्यवस्था चरमराई हुई है. सूबे में गैंगस्टर और उनके गिरोह पनप रहे हैं. फिरौती मांगी जा रही है. मर्डर किया जा रहा है. दिनदहाड़े गोलियां चल रही हैं. ये कोई मामूली चीज नहीं है. वाइन माफिया, प्रॉपर्टी माफिया फल फूल रहा है. कानून व्यवस्था पर अविश्वास के कारण एडीजीपी रैंक के अधिकारी और एक अन्य अधिकारी ने सुसाइड किया. हाई कोर्ट के जज से मामले की जांच होनी चाहिए, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो. पिछले पांच साल में 1446 फैक्ट्रियां पलायन कर गई. जबकि पंजाब, उत्तर प्रदेश में ये बढ़ी हैं."
कांग्रेस ने पेश किया अविश्वास प्रस्ताव
कांग्रेस विधायक रघुबीर कादियान ने नायब सैनी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया. स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए दो घंटे का वक्त दिया है.
शुक्रवार को सदन में 6 विधयेक पारित हुए
शुक्रवार को सदन में 6 विधयेक पारित हुए.
- हरियाणा श्री माता मनसा देवी पूजास्थल (संशोधन) विधेयक, 2025
- हरियाणा श्री माता शीतला देवी पूजास्थल (संशोधन) विधेयक, 2025
- हरियाणा श्री माता भीमेश्वरी देवी मंदिर (आश्रम), बेरी पूजास्थल (संशोधन) विधेयक, 2025
- हरियाणा अन्तरराष्ट्रीय गीता जयंती मेला प्राधिकरण (संशोधन) विधेयक, 2025
- हरियाणा श्री कपाल मोचन, श्री बद्री नारायण, श्री मन्तरा देवी तथा श्री केदार नाथ पूजास्थल (संशोधन) विधेयक, 2025
- हरियाणा नगर निगम (संशोधन) विधेयक, 2025
ऑर्डिनेंस पर सत्ता पक्ष और विपक्ष में बहस
कांग्रेस विधायक पूजा चौधरी ने कहा कि सदन में जो भी ऑर्डिनेंस पास होता है. उसकी प्रतियां हमें समय पर उपलब्ध नहीं कराई गई. हर कोई ऑर्डिनेंस को पढ़ना चाहता है, लेकिन वक्त पर कॉपी नहीं मिलने से ऐसा नहीं हो पाया.
आदित्य सुरजेवाला ने भी एक ऑर्डिनेंस का विरोध करते हुए कहा कि सरकार पार्षदों की पावर को कम कर रही है. नए ऑर्डिनेंस में कहा गया है कि "अगर पार्षद कोई भी फैसला लेते हैं, तो सरकार उसे किसी भी वक्त रद्द कर सकती है. जो कि गलत है. जिस जिले में अगर दूसरी सरकार होगी. अगर वो कोई बिल पास करेगी, तो सरकार आसानी से उसे रद्द कर देगी. जिससे लोगों को परेशानी होगी. अब नगर निगम, नगर परिषद से पावर छीनी जा रही है. सारी पावर सरकार अपने पास रखना चाहती है." जो गलत है. इस पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने सफाई दी और कहा कि ऐसा नहीं है. इसमें कोई आपत्ति नहीं है.
वंदे मातरम गीत पर कांग्रेस विधायकों का हंगामा
नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि "जिस तरह से राष्ट्रगीत पर चर्चा हुई. उस दौरान जो अन्कनवेशनल बातें हुई हैं, उनको हटा दिया जाए". स्पीकर ने कहा "सदस्यों का जो व्यवहार रहा वो किसी भी तरह एक्सेप्टेबल नहीं है, अगर असंसदीय बातें चर्चा के दौरान हुई है, तो वो सदन की कार्यवाही से हटा दी जाएंगी, लेकिन कांग्रेस सदस्यों का व्यवहार सही नहीं था."
इस पर नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने स्पीकर से कहा "कई बार उत्तेजना हो जाती है, राष्ट्रगीत का हम अपमान नहीं होने देंगे, आप से अनुरोध है अब विधायकों को बुला लो." इसके बाद सीएम नायब सैनी ने भी स्पीकर से किया आग्रह बाहर किए गए सभी सदस्यों को वापस बुला लें. इसके बाद स्पीकर ने फैसला किया कि नेम किए सभी नौ कांग्रेसी विधायक सदन में वापस आ सकते हैं.
स्पीकर ने नेम किए विधायकों को सदन में बुलाया
नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने स्पीकर से आग्रह किया कि सदन से बाहर किए गए विधायकों को बुलाया जाएगा. इसके बाद सीएम नायब सैनी ने भी स्पीकर से आग्रह किया. इसके बाद सभी 9 विधायकों को सदन में बुलाया गया.
कांग्रेस का फिर हंगामा, वंदे मातरम के नारे लगाए
CM नायब सैनी ने कहा "150 वर्ष पूरे होने पर हरियाणा में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. जब उस समय के प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को अपनी कुर्सी डोलती हुई नजर आई." ये सुनते ही कांग्रेस ने फिर हंगामा करना शुरू कर दिया और वो वेल तक आ गए. जिसके बाद स्पीकर ने चार से पांच बार वार्निंग दी, लेकिन कांग्रेस विधायक नहीं माने जिसके बाद स्पीकर ने नौ विधायकों को नेम किया और सभी नेम किए विधायकों सदन से बाहर जाने की अपील की. स्पीकर ने सख्ती से कहा कि या तो खुद बाहर चले जाएं, या मार्शल इन्हें बाहर करेंगे.
स्पीकर ने 9 विधायकों को किया नेम
हंगामा करने पर स्पीकर ने कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़, बलराम दांगी, गीता भुक्कल, कुलदीप वत्स और विकास सहारण समेत नौ विधायकों को नेम किया. स्पीकर ने कहा कि जिन विधायकों को नेम किया गया है, उन्हें सदन से बाहर जाना होगा, या तो उन्हें खुद जाना होगा, अन्यथा मार्शल के माध्यम से बाहर किया जाएगा. जिन विधायकों को नेम नहीं किया गया है, वो अपनी सीट पर बैठ जाएं."
कांग्रेस विधायकों और मार्शल में हाथापाई
स्पीकर हरविंदर कल्याण ने कांग्रेस के 9 विधायकों को नेम किया और उन्हें बाहर जाने को कहा. जिसके बाद मार्शल ने उन्हें बाहर जाने को कहा, लेकिन उन्होंने बाहर जाने से मना कर दिया. इस दौरान कांग्रेस विधायकों और मार्शल के बीच हाथापाई हुई. इस बीच स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने मार्शलों को साफ कहा कि 'जिन विधायकों को नेम किया गया है, वो सदन में नहीं रहने चाहिए.'
सीएम नायब सैनी ने सभी सदस्यों का किया धन्यवाद
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने वंदे मातरम पर चर्चा के दौरान कहा "ये गर्व की बात है कि ये महान सदन वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर इस पर चर्चा कर रहा है. इसके लिए मैं सदन के सभी सदस्यों को बधाई देना चाहता हूं, जिन्होंने इस चर्चा में भाग लिया. इसमें विपक्ष के नेता भी शामिल हैं. वंदे मातरम एक ऐसा मंत्र है, जिसके जयघोष ने देश की आजादी के आंदोलन में एक नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया."
सीएम नायब सैनी ने कहा कि "आज हम ऐसे कालखंड में खड़े हैं, जब राष्ट्र कई गौरवशाली इतिहासों को एक साथ स्मरण कर रहा है. हमने हाल ही में अपने संविधान के 75 वर्ष पूरे किए हैं. इसी प्रकार, सरदार पटेल की 150वीं जयंती पूरे देश में मनाई जा रही है. एक महीने तक हमने गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी दिवस मनाया. हम सब जानते हैं कि 1907 में कोलकाता में वंदे मातरम् का अंग्रेजी अखबार शुरू हुआ. ब्रिटिश सरकार ने इसे सबसे खतरनाक माना."
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने वंदे मातरम् के इतिहास पर चर्चा करते हुए कहा, "हमारे कुछ सदस्यों ने कहा कि इस पर चर्चा नहीं होनी चाहिए, ये तो सबके लिए वंदनीय है. मैं कहना चाहता हूं कि ये चर्चा होना बहुत आवश्यक है, इससे युवाओं को वंदे मातरम् की जानकारी मिलेगी. सदन में अभी कुछ कहा गया है, मैं इस पर चर्चा करना चाहता हूं. वंदे मातरम् हमारे देश के लोगों की चेतना है. भारत कभी भी अपने मूल्यों से समझौता नहीं करेगा. वंदे मातरम् ने भारत को देश की आजादी दिलाने में अहम भूमिका निभाई है."
लंच के बाद सदन की कार्यवाही जारी
लंच के बाद सदन की कार्यवाही शुरू हो गई है. भूपेंद्र हुड्डा ने पूछा कि 'जब कोई इसके विरोध में नहीं, तो इस पर चर्चा की कोई जरूरत नहीं थी, क्योंकि सभी इससे सहमत हैं. ये राष्ट्रगीत है. ये सभी के लिए सम्मानित है. जो इसका सम्मान नहीं करता तो वो देशभक्त नहीं हो सकता है. इसलिए इस पर चर्चा की जरूरत ही नहीं.'
सीएम नायब सैनी और भूपेंद्र हुड्डा में वंदेमातरम पर बहस
सीएम सैनी ने कहा कि 'वंदेमातरम गीत को सुनकर हमारा खून उबलने लगता है. हमने देखा है कि वंदेमातरम को बोलकर कई फंदा चूमकर शहीद हो गए. ये हमारे लिए गर्व की बात है.' इस पर पूर्व सीएम हुड्डा ने कहा कि 'वंदेमातरम तो मेरे दादा ने भी कहा था. ये कहते हुए हुड्डा भड़क गए. और कहा कि 'संविधान सभा के मेरे पिता मेंबर थे, ये मेरे को बताएंगे वंदेमातरम.'
बीबी बत्रा की घनश्याम दास अरोड़ा से बहस
कांग्रेस विधायक बीबी बत्रा ने वंदेमातरम पर चर्चा के दौरान कहा कि 'सदन में इसे तोड़-मरोड़ कर रखा है. बीजेपी विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने जो बोला है, उसमें कांग्रेस को कुछ पंक्तियों पर आपत्ति है. विधायक घनश्याम ने कहा है कि 'कांग्रेस पर इसे बांटने का आरोप लगाया गया है. ये विधायक हैं, उन्हें सोच समझकर बोलना चाहिए." इस पर बीजेपी विधायक ने पूछा कि क्या 1975 में आपातकाल नहीं लगा? बीबी बत्रा ने कहा कि "ऐसी भाषा तो संसद में भी प्रयोग नहीं की गई. सबने वंदेमातरम के नारे लगाए."
इस पर कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने आपत्ति प्रकट की. उन्होंने अपनी सीट पर खड़े होकर कहा कि आपने वंदेमातरम को बिल्कुल तोड़ दिया.
बीबी बत्रा और अनिल विज में बहस
सदन में वंदेमातरम पर चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक बीबी बत्रा के बयान पर अनिल विज ने कहा कि आजादी की लड़ाई देश की जनता ने लड़ी है, आपने नहीं लड़ी है. हम देश की जनता है.
अनिल विज ने कहा कि 'हमारे साथी वंदेमातरम को बांटने की बात को जस्टीफाई कर रहे हैं. क्या आज तक किसी ने गीता को काटा? क्या किसी ने रामायण को काटा? क्या कुरान को काटा? इस बीबी बत्रा ने कहा कि 'आप बैठ जाओ, सरकार में आपकी चलती तो है नहीं, आप बैठ जाओ.'
सदन की कार्यवाही लंच तक के लिए स्थगित
सदन की कार्यवाही लंच तक के लिए स्थगित कर दी गई है. सदन में सत्तापक्ष-विपक्ष ने वंदे मातरम के जोर-जोर से नारे लगाए. सीएम ने कहा 'वंदे मातरम गीत से युवाओं में जोश आता है. हमारे युवाओं ने फांसी के फंदे चूमे हैं. विपक्ष के नेता ने भी नारेबाजी में वंदे मातरम कहा था, इसलिए आदित्य सुरजेवाला अपनी प्रजेंटेशन ठीक करें. वंदे मातरम पर चर्चा में इसको गंदे पानी और प्रदूषण से मत जोड़ा जाए."
इस पर नेता विपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा '1921 में महात्मा गांधी जब रोहतक आए तब मेरे दादा ने वंदे मातरम बोला था. इसलिए आप हमें वंदे मातरम के महत्व को ना बताएं."
आदित्य सुरेजवाल ने कहा 'हम भारत माता को प्रणाम कर रहे, जबकि पॉल्यूशन से गैस का चेंबर बन चुके हैं. जिस पार्टी का चिन्ह कमल है. अगर नदियों को नहीं बचाया गया, तो ये कमल ही नहीं बचेगा. वंदे मातरम बोलना आसान है, लेकिन जीना मुश्किल है. वंदे मातरम को विभाजनकारी ना बनाए. वंदे मातरम का सम्मान करें. नदियां हवा और जीवन को बचाने का काम करें, जो हमारी धरती माता का हिस्सा है."
राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 साल पूरा होने के प्रस्ताव पर सदन में हंगामा
राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 साल पूरा होने के प्रस्ताव पर सदन में हंगामा हुआ. आदित्य सुरजेवाला ने वंदे भारत गीत पर जब अपना संबोधन शुरू किया, तो उन्होंने प्रदेश की समस्याओं को वंदे भारत गीत से जोड़ दिया. आदित्य सुरजेवाला ने गंदे पानी और पॉल्यूशन से जोड़ दिया. वंदेमातरम पर चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि "जब हम वंदेमातरम कहते हैं, तो हम किसी नारे को नहीं कहते बल्कि हम अपनी मां को नमन करते हैं. मैं सरकार से पूछना चाहता हूं कि क्या सरकार इस पर चल रही है? वंदेमातरम में स्वच्छ जल उल्लेख किया गया है, क्या आज लोगों को साफ पानी मिल रहा है? हमने आज पहाड़ों को उद्योगपतियों को बेच दिया है. अरावली पहाड़ों को काटा जा रहा है. इस पर अनिल विज ने आपत्ति जताई.
विज ने कहा कि 'वंदेमातरम लाखों लोगों की भावनाओं से जुड़ा है, लाखों लोगों ने इसको पढ़कर बलिदान दिया है. आज हम हवा पानी से इसकी तुलना कर रहे हैं. क्या ये सही है? आपकी सरकार ने कभी भी वंदेमातरम को उचित स्थान नहीं दिया." इस पर कांग्रेस ने हंगामा शुरू कर दिया. विज ने कहा कि 'आपने वंदेमातरम को काट दिया जिन्ना के कहने पर'. इसके बाद सीएम नायब सैनी ने कहा कि "हमारा सिर्फ इनता कहना है कि इस गीत को पॉल्यूशन और गंदे पानी नहीं जोड़ना चाहिए. ये बहुत पवित्र गीत है. इसमें लाखों-करोड़ों लोगों की आस्था है."
हरियाणा कैडर की नियुक्तियां जल्द पूरी हो- कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़
कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ ने कहा कि "हरियाणा कैडर की जो भी नियुक्तियां होती हैं, उनकी भर्ती प्रक्रिया पूरी हो जाती है, लेकिन मेवात कैडर में ऐसा नहीं हो रहा. इसके कारण यहां शिक्षकों की कमी है, इससे शिक्षा व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है. इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए." कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ ने कहा कि "हाल ही में आई बारिश से हरियाणा के अधिकांश जिलों में जलभराव की स्थिति रही. मेरी सरकार से मांग है कि अभी तक सरकार के पास जो भी पाइप लाइन से संबंधित एजेंडे आए हैं, उनको मंजूरी दी जाए. इसके अलावा बाढ़ के पानी से कई जगह खालों में कटाव हुआ है. इसे भी सरकार को सही कराना चाहिए."
गुरुग्राम बस अड्डे को हाईटेक बनाने की मांग
गुरुग्राम से विधायक मुकेश शर्मा ने सदन में बताया कि गुरुग्राम का बस अड्डा बहुत खराब है. इस बस अड्डे को शहर के हिसाब से बनाना चाहिए. यहां शॉपिंग मॉल होना चाहिए. खाने पीने के लिए अच्छे रेस्टोरेंट होने चाहिए. हमारे शहर में पूरे देश से लोग आते हैं, ऐसे में बस अड्डे का हाईटेक होना जरूरी है. इसके अलावा शहर में 200 ई-बसों की चलाने की जरूरत है. सरकार को इन मांगों को गंभीरता से लेकर, उन्हें पूरा करना चाहिए.
कांग्रेस विधायक ने उठाया सब्जी मंडी और बेरोजगारी का मुद्दा
हथीन से विधायक मोहम्मद इजरायल ने सब्जी मंडी का मुद्दा सदन में उठाया. उन्होंने कहा "हमारे यहां सब्जी मंडी नहीं है. जिसके चलते सड़क के किनारे सब्जी बेची जा रही है. इससे यात्रियों को काफी परेशानी होती है." विधायक ने कहा "नूंह से होडल तक फोर लेन किया जाए, इससे स्थानीय लोगों के साथ बाहर से आने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी. युवाओं को रोजगार देने के लिए यहां एक आईएमटी खोला जाए. हमारी हथीन विधानसभा में स्कूलों बच्चों को आने जाने में बहुत दिक्कत होती है, जिसके लिए यहां बसों की संख्या बढ़ाई जाए. इसके अलावा हमारे यहां 25 गांव ऐसे हैं, जहां लगातार पानी भरा हुआ है. किसान सालों से अपने खेतों पर खेती नहीं कर पा रहे हैं. इस समस्या का समाधान होना चाहिए."
विनेश फोगाट ने उठाई जलभराव की समस्या
कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने सदन में जलभराव की समस्या उठाई. शून्यकाल के दौरान कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने कहा कि "हमारे यहां रेलवे फाटक की बहुत दिक्कत है. यहां से हर रोज करीब 50 हजार लोग निकलते हैं. मेरा भी आने जाने का यही रास्ता है. मुझे भी कई बार आधा घंटे तक यहां फंसना पड़ा है. मेरे हलके में जलभराव की दिक्कत है. इसलिए मेरी सरकार से गुजारिश है कि इन समस्याओं का निदान करें."
कांग्रेस विधायक अकरम ने उठाईं कई समस्याएं
कांग्रेस विधायक चौधरी अकरम ने कार्यवाही के दौरान अपनी विधानसभा क्षेत्र की कुछ समस्याओं को उठाया. उन्होंने कहा कि, " कई साथियों ने पानी की बात करी, हमारे यहां भी भूमि कटाव की दिक्कत हैं, कई जगह पानी भी भरता है. हमारे यहां यमुना है, आने वाले बजट सत्र में इसको लेकर अलग से बजट का प्रावधान किया जाए, ताकि इन दिक्कतों को दूर किया जा सके." इसके साथ ही विधायक ने खिजराबाद के भीतर स्कूली बसों की कमी का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि, "सरकार से मेरी मांग है कि मेरे क्षेत्र में स्कूली बसों की संख्या बढ़ाई जाए. हमारे यहां एक ही नेशनल पार्क है, इसके अपग्रेडेशन के लिए सरकार को आने वाले बजट सत्र में बजट आवंटित किया जाए.
सीएम के शेर पर कांग्रेस का हंगामा
सीएम नायब सैनी लगातार कांग्रेस पर तंज कसते रहे. इस बीच वो कई बार शायराना अंदाज में नजर आए. जिस पर कांग्रेस ने जमकर हंगामा भी किया. सीएम ने शायराना अंदाज में कहा कि, "कांग्रेस को हुड्डा पर यकीन नहीं, देश की जनता को कांग्रेस पर नहीं, पर सदन में विपक्ष चाहिए था, हम तो हुड्डा साहब ही चाहते थे, चाहे कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व चाहे या न चाहे. हुड्डा साहब ही सही, हुड्डा साहब ही सही. हुड्डा साहब को हार्दिक शुभकामनाएं." इस पर कांग्रेस ने काफी हंगामा किया.
लिव इन को लेकर कानून बनाने की मांग
कार्यवाही के दौरान विधायक लक्ष्मण यादव ने लिव इन रिलेशनशिप का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि, " इससे हरियाणा प्रदेश की परंपरा खराब हो रही है. जिस तरह उत्तराखंड सरकार ने इसको लेकर कानून बनाया है. उसी के तहत हरियाणा में भी कानून बनाना चाहिए."
सदन में शून्यकाल की कार्यवाही शुरू, नारायणगढ़ को जिला बनाने की मांग
सदन में शून्यकाल की कार्यवाही शुरू हो चुकी है. इस दौरान विधायक शैली चौधरी ने नारायणगढ़ को जिला बनाने की मांग रखी. उन्होंने स्कूलों में सफाई व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए कहा कि, "हाल ही में गवर्नर ने भी इसको लेकर चिंता जताई है. हमारे पंचकूला में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है." लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर विधायक ने कहा कि, "जब लाडो लक्ष्मी योजना की शुरुआत हुई थी तो सब महिलाओं को इसका लाभ देने की बात कही गई थी, लेकिन अब इसमें नाम महिलाओं के काटे जा रहे हैं. राशन कार्ड काटे जा रहे हैं."
स्पीकर पर भड़के अनिल विज
मंत्री अनिल विज कार्यवाही के दौरान स्पीकर पर भड़क गए. विज ने कहा कि, "आप मुझे अपनी बात नहीं रखने देते." इस पर स्पीकर ने कहा कि आप गंभीर बात ही करते हैं." स्पीकर को जवाब देते हुए विज ने कहा कि, "मैं गंभीर बात ही करता हूं, मेरी बात से कई गंभीर हो जाते हैं."
हुड्डा का सीएम को जवाब, बोले- "इन्हें मेरी पाटी से क्या मतलब"
नेता प्रतिपक्ष व पूर्व CM भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने सीएम सैनी को जवाब देते हुए कहा कि, "मुझे बहुत अफसोस है कि दोनों तरफ से सांमजस्य रहेगा, लेकिन इन्हें मेरी पाटी से क्या मतलब है. मुझे तो ऐसी ऐसी बातें पता है कि...? जो भी कानून है, उसके तहत ही अविश्वास प्रस्ताव लेकर आए हैं." वहीं, विधायक बीबी बत्रा ने कहा, "सीएम का कोई हक नहीं है कि वह अविश्वास प्रस्ताव पर सवाल उठाएं. इस पर स्पीकर ने जवाब दिया कि हुड्डा साहब ये पहले बोल चुके हैं. इस पर सीएम नायब सैनी ने कहा कि, "हम अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए तैयार हैं."
कांग्रेस नेता ने शुरू किया हंगामा
सीएम के कांग्रेस के अविश्वास प्रस्ताव पर हुड्डा को दिए हुए जवाब पर कांग्रेस ने हंगामा शुरू कर दिया. कांग्रेस नारेबाजी करने लगे. इस दौरान स्पीकर ने वापस नेताओं को सीट पर जाने को कहा. इस बीच काफी देर तक हंगामा जारी रहा.
सीएम ने कहा- "अविश्वास प्रस्ताव पर विपक्ष के नेता के साइन ही नहीं"
सीएम सैनी ने आगे कहा कि, "अविश्वास प्रस्ताव लाने से अच्छा मैसेज जनता के बीच नहीं गया. दो घंटे बाद ही कांग्रेस अविश्वास प्रस्ताव लेकर आ गई. इसलिए मैंने अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस को ध्यान से पढ़ा. मैंने देखा कि उसके ऊपर हमारे विपक्ष के नेता के साइन नहीं है. मैंने फिर अपने चश्मे को ध्यान से देखा लेकिन मुझे विपक्ष के नेता के साइन नहीं दिखे. मुझे लगता है कि विपक्ष के नेता सदन में अपने आप को विपक्ष का नेता ही नहीं मान रहे हैं."
सीएम का शायराना अंदाज
सीएम नायब सैनी ने सदन में कहा कि, "विपक्ष सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर आ रही है, मैं ये जानता हूं कि ये परंपरा के अनुरुप नहीं है. चर्चा से पहले मैं इसको लेकर अपनी बात रखना चाहता हूं. कल का दिन इस महान सदन के लिए बहुत ही साधारण दिन नहीं था. कल सदन में जो भी घटा है, वह पूरे हरियाणा ने देखा है और सुना है. मैंने हमारे विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा का स्वागत किया. आज तक मैंने कभी नहीं देखा कि किसी विपक्ष के नेता का इस प्रकार स्वागत हुआ हो. विपक्ष की आवाज को दबाएंगे नहीं. ये लोकतंत्र है, यहां आवाज दवाई नहीं जा सकती. यह सही भी है, यही स्वस्थ्य लोकतंत्र की निशानी भी है." सीएम ने भूपेन्द्र हुड्डा पर तंज कसते हुए शायराना अंजाद में कहा कि, "लाओ तो कत्लनामा मेरा, लाओ तो कत्लनामा मेरा.. मैं भी देख लूं ,किस-किस की मुहर है सरेमजर लगी हुई..."सीएम ने ये शायरी कहते हुए कहा कि नोटिस पर ध्यान से देखा कि किस किस के साइन हैं, किस किस की मुहर है, लेकिन हुड्डा साहब के मुझे कहीं साइन नहीं दिखाई दिए. मुझे लगता है कि ये हुड्डा साहब को विपक्ष का नेता नहीं मान रहे हैं. मैंने उनके स्वागत में एक शेर भी पढ़ा था. उनको लगता है कि एक साल के लंबे अंतराल के बाद हमे विपक्ष का नेता मिला है."
सावित्री जिंदल ने रखी रेलवे ओवर ब्रिज बनाने की मांग
निर्दलीय विधायक सावित्री जिंदल ने सदन में रेलवे ओवर ब्रिज बनाने की मांग रखी. इस पर जवाब देते हुए कैबिनेट मंत्री रणवीर गंगवा ने कहा कि, "मुझे इस समस्या का पता है. क्योंकि हम दोनों एक ही शहर के हैं. हमने इसके लिए रेलवे को लेटर लिखा है, जल्द ही इसकी स्वीकृति मिल जाएगी." इस पर निर्दलीय विधायक जिंदल ने कहा कि, "ओआरबी नहीं बनने से शहर में जाम लग जाता है, इससे लोगों को काफी दिक्कत होती है. अगर वह इस काम को जल्दी करा देंगे तो लोगों को जाम से मुक्ति मिल जाएगी."
प्रमोद विज के सवाल पर अनिल विज का जवाब
पानीपत से बीजेपी विधायक प्रमोद विज ने शहर में चार्जिंग स्टेशन को लेकर सवाल किया. उन्होंने कहा कि, " 50 ई बसें पानीपत को मिलनी है, अभी 15 बसें ही मिल पाई हैं, बाकी की बसें कब मिलेंगी." इसका जवाब देते हुए परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि, "सरकार पूरा प्रयास कर रही है कि सूबे में बसों के बेड़े में वृद्धि हो. सरकार इस मुहिम में लगी हुई है. ई-बसों की संख्या को लेकर एक बड़ा सवाल है कि जब तक चार्जिंग स्टेशन नहीं होंगे, तब तक ई बसों को लेकर थोड़ी दिक्कत रहेंगी. मैंने वाहन बनाने वाली कंपनियों को ये सलाह दी है कि वाहन बनाने से पहले बड़ी संख्या में सारी सुख सुविधाओं से लैस चार्जिंग स्टेशन बनाएं. कंपनियों के अलावा सरकार भी इस मामले में कार्रवाई कर रही है.हमने बिजली विभाग को इसकी जिम्मेदारी दी है."
कांग्रेस विधायक आफताब अहमद ने किसानों का मुद्दा उठाया
नूंह से कांग्रेस विधायक आफताब अहमद ने किसानों का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि, "जिन किसानों को मुआवजा नहीं मिला है, क्या उनको दोबारा सरकार मुआवजा देगी.क्या सरकार इन किसानों को मुआवजा देने के लिए दोबारा से सर्वे कराएगी." इस पर सरकार की ओर से इसका जवाब देते हुए यूएलबी मिनिस्टर विपुल गोयल ने कहा कि, "अब सरकार कोई भी मुआवजा नहीं देगी. फसल कटने के बाद या बिकने के बाद मुआवजे का कोई प्रावधान नहीं है."
कांग्रेस विधायक पूजा ने डॉक्टरों की कमी का उठाया मुद्दा
कांग्रेस विधायक पूजा चौधरी ने डॉक्टरों की कमी का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि, "प्रदेश के अस्पतालों में डॉक्टरों की नियुक्ति नहीं होने से जनता को सही से इलाज नहीं मिल पा रहा है. डॉक्टरों की पोस्टिंग तक सही ढंग से सरकार नहीं कर पा रही है."इस पर स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने बताया कि, "आज के दिन हरियाणा सरकार ने हमने माना है कि हेल्थ एक सुविधा नहीं अधिकार है. हम इसी उद्देश्य को लेकर काम कर रहे हैं."
विधायक बीबी बत्रा के आरोप पर सीएम का पलटवार, कहा- "अब ये फ्रसटेट हो रहे हैं."
पहली सिटिंग में कांग्रेस विधायक बीबी बत्रा ने परिवार पहचान पत्र (PPP) का मुद्दा उठाया.उन्होंने कहा कि, " प्रदेश में लगातार राशन कार्ड काटे जा रहे हैं, सरकार इनको काटने की वजह बताएगी.चुनाव से पहले सरकार ने फर्जी राशन कार्ड बनवाए और उन्हें राशन का प्रलोभन दिया है.अब जब चुनाव हो गए हैं तो राशन कार्ड काटे जा रहे हैं. यही तो वोट चोरी है. इस पर सीएम नायब सैनी ने कहा कि, "ये झूठे आरोप हैं.ये सिर्फ सदन में हाजरी लगाने के लिए ये झूठे आरोप लगा रहे हैं. मैं इससे पहले भी सदन में इसको लेकर डिटेल में जवाब दे चुका हूं. जनता ने इनको नकार दिया है, अब ये फ्रसटेट हो रहे हैं."

