यूपी में शांति और मुल्क की तरक्की की दुआ के साथ बकरीद की नमाज, गले मिलकर दी मुबारकबाद

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : May 28, 2026 at 9:35 AM IST
|Updated : May 28, 2026 at 6:58 PM IST
यूपी में बकरीद का पर्व गुरुवार को पारंपरिक उल्लास और कड़ी सुरक्षा के बीच मनाया जा रहा है. वहीं, लखनऊ में ऐशबाग ईदगाह, टीले वाली मस्जिद और बड़ा इमामबाड़ा में नमाज के समय को देखते हुए पुलिस ने पुख्ता ब्लूप्रिंट तैयार किया है. वहीं, मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में बकरीद (ईद-उल-अजहा) की नमाज पूरी अकीदत और शांतिपूर्ण माहौल के साथ अदा की गई.
LIVE FEED
अलीगढ़ में ईदगाह खाली रहने पर उठा विवाद
अलीगढ़ की ऐतिहासिक शाह जमाल ईदगाह पर ईद उल अजहा (बकरीद) की नमाज इस बार कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अदा की गई . प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. पूरे ईदगाह क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था. नमाज को दो चरणों में कराया गया, जबकि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शहर मुफ्ती और समाजवादी पार्टी नेताओं ने प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.
समाजवादी पार्टी के शहर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोषी ने आरोप लगाया कि नमाजियों को ईदगाह से करीब एक किलोमीटर पहले ही रोक दिया गया, जबकि ईदगाह के अंदर पर्याप्त जगह मौजूद थी. उनका कहना है कि इसी वजह से नमाज करीब 15 मिनट देरी से शुरू हुई. उन्होंने कहा कि हम लगातार कहते रहे कि ईदगाह के अंदर जगह खाली है, लेकिन लोगों को अंदर नहीं जाने दिया गया. करीब ढाई हजार लोग और नमाज अदा कर सकते थे.

मुजफ्फरनगर में अमन और भाईचारे के साथ अदा की गई नमाज
मुजफ्फरनगर में ईद-उल-अजहा का पर्व पूरे धार्मिक उल्लास, अमन और भाईचारे के साथ मनाया गया. शहर की विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में हजारों अकीदतमंदों ने नमाज अदा कर देश और प्रदेश में अमन-चैन की दुआ मांगी. शामली स्टैंड स्थित ईदगाह में नमाज से पहले शहर काजी तनवीर आलम ने मिम्बर से बयान करते हुए ईद-उल-अजहा के महत्व और कुर्बानी के फराइज पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि कुर्बानी सिर्फ एक रस्म नहीं, बल्कि अल्लाह की राह में त्याग, सब्र और इंसानियत का संदेश है.
बलिया में बकरीद पर 350 मस्जिदों में हुई नमाज अदा
बलिया मे बकरीद के त्यौहार को लेकर बलिया जिले में हाई अलर्ट जारी किया गया है. जिले की कुल 350 मस्जिदों में आज बकरीद की नमाज शांतिपूर्वक अदा की गई. सुरक्षा के मद्देनज़र 31 संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है.
संभल में बकरीद की नमाज सकुशल संपन्न
उत्तर प्रदेश के जनपद संभल में 838 मस्जिदों और ईदगाहों पर ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी कैमरों और पुलिस की निगरानी में शासन और प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से ईद की नमाज संपन्न हुई. जनपद में कहीं भी सड़क या सार्वजनिक स्थान पर नमाज अदा नहीं की गई. सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रही है. संभल ईदगाह पर जिला अधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई अधिकारियों के साथ पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया. प्रशासन की ओर से निर्देश जारी किए गए कि कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर कुर्बानी नहीं करेगा और शासन के निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए. यदि कोई व्यक्ति शासन-प्रशासन के आदेशों का उल्लंघन करेगा या शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.
फर्रुखाबाद में बकरीद पर मांगी गई दुआ
फर्रुखाबाद में आज को ईदुल-अजहा (बकरीद) का त्योहार अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया. बीबीगंज स्थित नई ईदगाह, पुरानी ईदगाह, जामा मस्जिद और शहर के विभिन्न मोहल्लों सहित जिले की मस्जिदों में हजारों की संख्या में लोग नमाज अदा करने पहुंचे. नमाज के बाद मुल्क में देश की तरक्की और अमन चैन, तरक्की की दुआ मांगी गई. थाना मऊदरवाजा बीबीगंज क्षेत्र में नई ईदगाह में सुबह मुफ्ती हाज़ी सैय्यद मोअज्जम अली ने नमाज अदा कराई. पुरानी ईदगाह में सुबह मौलाना शमशाद नमाज अदा कराई.
ईद की नमाज में युद्ध बंद करने के लिए मांगी गई दुआ
शाहजहांपुर: शाहजहांपुर ईद की नमाज का सकुशल संपन्न युद्ध को बंद करने के लिए सामूहिक दुआ की गई है. इसके साथ ही भारत में बेरोजगारी और महंगाई खत्म हो गई. शाहजहांपुर की बड़ी ईदगाह में नमाज का वक्त सुबह साढ़े सात बजे मुकर्रर किया गया था और सुबह से बच्चे बूढ़े और जवान खुशियों के साथ ईद की नमाज को अदा करने के लिए बड़ी ईदगाह में इकटठे हुए और शहर ईमाम ने लोगों को नमाज पढ़वाई गई.
बरेली के मस्जिदों और ईदगाहों में उमड़ी नमाजियों की भीड़
बरेली के मुख्य ईदगाह में सुबह 10 बजे काज़ी-ए-हिंदुस्तान मुफ्ती असजद रज़ा कादरी (असजद मियां) ने ईद की नमाज़ अदा कराई. नमाज़ के बाद खुत्बा पढ़ा गया और खास दुआ की गई. इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने एक-दूसरे से मुलाकात कर त्योहार की खुशियां साझा कीं. जमात रज़ा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान हसन खान (फरमान मियां) ने लोगों को ईद की मुबारकबाद देते हुए अपील की कि कुर्बानी के दौरान साफ-सफाई और सामाजिक सौहार्द का विशेष ध्यान रखा जाए तथा खुले में कुर्बानी न की जाए.
गोरखपुर में ईदगाह में उमड़ा अकीदतमंदों का सैलाब
गोरखपुर: ईद उल अजहा यानी बकरा ईद का पर्व गुरुवार को जिले में पूरी अकीदत, अमन और भाईचारे के माहौल में मनाया गया. शहर की विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में नमाजियों ने ईद की नमाज अदा कर मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और आपसी सौहार्द के लिए दुआ मांगी. नार्मल स्थित हजरत बाबा मुबारक खां शहीद के पास स्थित ईदगाह में बड़ी संख्या में नमाजियों ने ईद उल अजहा की नमाज अदा की गई. नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर बकरा ईद की मुबारकबाद दी.

ताजमहल से देश में अमन-चैन और तरक्की की दुआ
ताजमहल परिसर में स्थित शाही मस्जिद में गुरुवार सुबह ताजगंज और आसपास के बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी ने एक साथ बकरीद की नमाज अदा की. नमाजियों ने ताजमहल से देश में अमन-चैन और तरक्की की दुआ की. आगरा में ईद-उल-अजहा (बकरीद) की नमाज के ईदगाह के बाहर उत्तर प्रदेश मुस्लिम महापंचायत ने एक अनोखी पहल की है, जिसमें मुस्लिम महापंचायत ने गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग उठाई.

इटावा में सम्पन्न हुई बकरीद की नमाज
इटावा जनपद में बकरीद के मौके पर ईद-उल-अजहा की नमाज शांतिपूर्ण और सकुशल माहौल में सम्पन्न कराई गई, जिले की सभी ईदगाहों और मस्जिदों में नमाजियों ने अमन, भाईचारे और सौहार्द के साथ नमाज अदा की. सुबह से ही ईदगाहों और मस्जिदों के बाहर बड़ी संख्या में नमाजियों की भीड़ देखने को मिली. त्योहार को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर दिखाई दिया. सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जिलेभर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया. ईदगाहों और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी ड्रोन कैमरों के जरिए की गई, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके.
कानपुर की बड़ी ईदगाह में बकरीद की नमाज संपन्न
कानपुर के बेनाझावर स्थित बड़ी ईदगाह में गुरुवार को ईद-उल-अजहा का त्योहार बेहद शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया. इस दौरान करीब एक लाख मुस्लिम समाज के लोगों ने एक साथ ईदगाह परिसर के अंदर नमाज अदा की. धर्मगुरुओं की अपील का सम्मान करते हुए सभी नमाजियों ने परिसर के भीतर ही जगह ली और नमाज के बाद देश में खुशहाली, भाईचारे और सलामती के लिए विशेष दुआएं मांगी. नमाज संपन्न होने के बाद लोगों ने पारंपरिक अंदाज में एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी. इस बड़े धार्मिक आयोजन को सकुशल संपन्न कराने के लिए कानपुर जिला और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया. प्रशासनिक कैंप में खुद पुलिस कमिश्नर रघुबीर, एडिशनल कमिश्नर डॉ. विपिन टाडा, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह और सीएमओ हरिदत्त नेमी मौजूद रहे. अधिकारियों ने नमाजियों और ईदगाह कमेटी के पदाधिकारियों से हाथ मिलाकर त्योहार की शुभकामनाएं दीं.

रामपुर में ईद के त्यौहार को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
रामपुर में आज ईद-उल-अजहा का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ मनाया गया. पूरे जिले में सुबह से ही त्योहार को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला. ईद के मौके पर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके. सुबह शहर की ईदगाहों और मस्जिदों में हजारों नमाजियों ने ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की. नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी.

लखनऊ में बकरीद का पर्व पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया जा रहा
राजधानी लखनऊ में बकरीद का पर्व गुरुवार को पारंपरिक उल्लास और कड़ी सुरक्षा के बीच मनाया गया. ऐशबाग ईदगाह, टीले वाली मस्जिद और बड़ा इमामबाड़ा में नमाज के समय को देखते हुए पुलिस ने पुख्ता ब्लूप्रिंट तैयार किया है. सुरक्षा तंत्र को सुचारू रूप से चलाने के लिए पूरे शहर को 4 जोन और 5 सेक्टरों में बांट दिया गया है. इस व्यवस्था को बहाल रखने के लिए 24 वरिष्ठ पुलिस कप्तानों समेत 1347 जवानों और 6 कंपनी पीएसी (PAC) को मैदान में उतारा गया है
मेरठ में ईद-उल-अजहा की नमाज संपन्न
मेरठ में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व बेहद हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया. गुरुवार सुबह खुदा की इबादत में लाखों लोगों ने नमाज के लिए सजदा किया. मेरठ की ऐतिहासिक शाही ईदगाह में कड़ी सुरक्षा के बीच लाखों अकीदतमंदों ने नमाज अदा की. इसके अलावा जामा मस्जिद समेत शहर की तमाम छोटी-बड़ी मस्जिदों में ईद-उल-अजहा की नमाज मुकम्मल हुई. मस्जिदों और ईदगाहों में सुबह 5:30 बजे से लेकर 8:00 बजे के बीच अलग-अलग समय पर नमाज अदा की गई.

