ETV Bharat / state

बिहार में सरकार गठन की तैयारी, मनोरमा देवी और श्रेयसी सिंह को मंत्री बनाने की मांग, नीतीश से मिले चिराग

Bihar Election Result
बिहार चुनाव 2025 (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : November 15, 2025 at 5:34 PM IST

Choose ETV Bharat

बिहार चुनाव 2025 के रिजल्ट आने के बाद अब सरकार बनाने की चर्चा तेज हो गयी है. राज्य में 243 सीटों में एनडीए ने 202 सीटों पर कब्जा जमाया. बीजेपी 89, जडयू 85, लोजपा रामविलास 19, हम 5 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा 4 सीट पर जीत हासिल की. महागठबंधन ने मात्र 35 सीटों पर जीत दर्ज कर सका. इसमें राजद 25 सीट, कांग्रेस 6 सीट, सीपीआई(ML) 2, सीपीआई (M) 01 और आईआईपी 01 सीटों पर सफलता पायी. सरकार बनाने के लिए 122 बहूमत जरूरी है, लेकिन एनडीए के पास 202 सीट है. बिहार में एकबार फिर एनडीए सरकार बनेगी हालांकि सीएम कौन होंगे, किस-किस को मंत्री बनाया जाएगा, इसको लेकर मंथन जारी है. चुनाव जीतने वाले एनडीए के तमाम विधायक अपने-अपने नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं.

LIVE FEED

8:14 PM, 15 Nov 2025 (IST)

बिहार की जनता को धन्यवाद-उपेंद्र कुशवाहा

बिहार में एनडीए की प्रचंड जीत पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि मैं शानदार जीत के लिए बिहार की जनता का धन्यवाद करता हूं. सभी लोगों ने NDA का समर्थन किया है. यह डबल इंजन की सरकार के विकास की जीत है. विकास के काम को और तेज गति से आगे बढ़ाएंगे. नौजवानों को रोजगार देंगे. बता दें कि उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेह लता कुशवाहा ने सासाराम विधानसभा सीट जीत हासिल की. उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी को कुल 4 सीटें मिली. बाजपट्टी से रामेश्वर कुमार महतो, मधुबनी से माधव आनंद, सासाराम से स्नेहलता और दिनारा से आलोक कुमार सिंह की जीत हुई.

7:58 PM, 15 Nov 2025 (IST)

अलौली विधानसभा से एनडीए उम्मीदवार रामचंद्र सदा की जीत

खगड़िया के अलौली विधानसभा से एनडीए उम्मीदवार रामचंद्र सदा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है. चारों विधानसभा क्षेत्रों में सबसे बड़ी बढ़त हासिल करते हुए 35,732 वोटों से जीत प्राप्त की. शनिवार को उनके आवास पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार स्वागत कियाय मिठाई बांटी गई और फूलों की मालाओं से उन्हें सम्मानित किया गया. पारंपरिक फूलों की मालाओं के साथ कार्यकर्ताओं ने उन्हें एक अनोखी माला पहनाई, जिसमें नींबू, हरी मिर्च, लहसुन, सुई और काला धागा पिरोया गया था. स्थानीय मान्यताओं के अनुसार ऐसे प्रतीक बुरी नजर से बचाने और शुभकामना देने के लिए प्रयोग किए जाते हैं. कार्यकर्ताओं का कहना था कि यह माला विधायक की जीत को सुरक्षित और शुभ बनाए रखने का प्रतीक है. रामचंद्र सदा ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत जनता के विश्वास और समर्थन की है. रामचंद्र सदा 2015 से 2020 अलौली विधानसभा से जदयू के विधायक थे. एक बार फिर पार्टी ने रामचंद्र सदा पर विश्वास जताया है.

अलौली विधानसभा से विजेता रामचंद्र सदा
अलौली विधानसभा से विजेता रामचंद्र सदा (ETV Bharat)

7:50 PM, 15 Nov 2025 (IST)

अगिआंव में मात्र 95 वोट से जीते महेश पासवान, मंत्री बनाने की मांग

भोजपुर के अगिआंव विधानसभा सीट से भाजपा (NDA) प्रत्याशी महेश पासवान ने महज 95 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की. भाकपा माले के मजबूत गढ़ माने जाने वाले इस क्षेत्र में भाजपा की यह जीत स्थानीय राजनीति के लिए बड़ा घटनाक्रम मानी जा रही है. शुक्रवार की शाम से श्रीपालपुर गांव में उतस्व मनाया जा रहा है. महेश पासवान के परिवार की खुशी देखते ही बन रहे हैं. पत्नी मीरा देवी, पुत्र शिवम कुमार (13), पुत्री शिवांगी कुमारी (10), बड़े भाई योगेंद्र प्रसाद, सुरेश राम और पवन कुमार भारती, जो झारखंड एवं बिहार पुलिस में कार्यरत हैं, सभी लोग जश्न में सराबोर दिखे. महेश पासवान ने कहा कि यह जीत अगिआंव की जनता की जीत है. सहयोगी लालबिहारी सिंह ने बताया कि महेश की आर्थिक परिस्थितियां इतनी कमजोर थीं कि मजबूरी में बेटे शिवम को आरा के निजी स्कूल से निकालकर गांव के सरकारी स्कूल में दाखिला कराना पड़ा था. पत्नी मीरा देवी ने कहा कि परिवार ने हर परिस्थिति में उनका साथ दिया है. आज पूरे गांव में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है. अगिआंव और कोईलवर क्षेत्र में मांग जोर पकड़ने लगी है कि महेश पासवान को मंत्री बनाया जाए.

परिवार के साथ महेश पासवान
परिवार के साथ महेश पासवान (ETV Bharat)

7:42 PM, 15 Nov 2025 (IST)

श्रेयसी सिंह को मंत्री बनाए जाने की मांग

जमुई विधानसभा से जीत दर्ज करने वाली श्रेयसी सिंह से पूछा गया कि दोबारा जीत दर्ज करने के बाद समर्थक दीदी को मंत्री बनाए जाने की मांग कर रहे हैं. जबाब में श्रेयसी सिंह ने कहा कि हम जब राजनीति में आऐ तो किसी पद की लालच में नहीं आए. ये निर्णय शीर्ष नेतृत्व का निर्णय है. हम शीर्ष नेतृत्व के साथ रहेंगे जो भी जिम्मेदारी दी जाऐगी उसे बखुबी निभाऐंगे. जमुई के 4 विधानसभा सीट पर एनडीए को 3 सीट पर कामयाबी मिली. चकाई से जदयू प्रत्याशी सुमित सिंह को करारी हार मिली. इसपर श्रेयसी सिंह ने कहा कि 4 में 3 सीट नहीं देखें. यह देखें बीजेपी, एनडीए के पास कितनी सीटें आयी.

जीत का प्रमाण पत्र लेतीं श्रेयसी सिंह
जीत का प्रमाण पत्र लेतीं श्रेयसी सिंह (ETV Bharat)

7:37 PM, 15 Nov 2025 (IST)

जदयू सांसद गिरिधारी यादव के पुत्र की हार की चर्चा तेज

बांका के जदयू सांसद गिरिधारी यादव के पुत्र चाणक्य प्रकाश रंजन बेलहर से चुनावी मैदान में उतरे थे. वहीं झारखंड सरकार के मंत्री संजय यादव के पुत्र रजनीश भारती भागलपुर के कहलगांव विधानसभा क्षेत्र से अपनी किस्मत आजमा रहे थे. दोनों युवा चेहरा, आधुनिक शिक्षा और परिवार की राजनीतिक पकड़ जैसे तत्वों का लाभ मिलने की उम्मीद थी, लेकिन मतदाताओं ने इस बार परंपरागत समीकरणों को दरकिनार करते हुए दोनों को स्पष्ट रूप से नकार दिया. गिरिधारी यादव ने पुत्र की हार पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी निष्ठा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ है. उनका बेटा स्वतंत्र विचार वाला युवा है, जो अपने फैसले खुद लेता है. दोनों प्रभावशाली नेताओं के पुत्रों की हार ने क्षेत्रीय राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है. इसे राजनीतिक विरासत के बदलते स्वरूप और जनता द्वारा योग्य प्रतिनिधित्व की स्पष्ट मांग के रूप में देखा जा रहा है.

7:00 PM, 15 Nov 2025 (IST)

रामगढ़ से बसपा विजेता सतीश सिंह यादव का आरोप-5 घंटे लेट से मिला सर्टिफिकेट

कैमूर के रामगढ़ से विजेता बसपा के सतीश सिंह यादव ने बड़ा आरोप लगाया. कहा कि उन्हें हराने के लिए कई तरीके अपनाए गए. अंत में वे 30 मतों से बीजेपी के अशोक सिंह को हरा दिया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जीत के बाद उन्हें देर से प्रमाण पत्र दिया गया. जानबूझकर देरी किया गया. पोस्टल वॉलेट को दोबारा गिना गया. सर्टिफिकेट मिलने में देर होने पर रामगढ़ की जनता उग्र हो गई और हंगामा करने लगी, जिसके बाद पुलिस और जनता के बीच नोंक झोंक हुई. स्थानीय लोग घायल हो गए. हालांकि वरीय अधिकारियों के तत्परता से मामले को शांत कराया गया और शतीश यादव को जीत का सर्टिफिकेट दिया गया. सतीश यादव ने बताया कि उन्हें 5 घंटे लेट से सर्टिफिकेट मिला.

बसपा विजेता सतीश सिंह यादव (ETV Bharat)

6:31 PM, 15 Nov 2025 (IST)

गाड़ी की मीटर की तरह मतगणना को सेट किया गया-उदयनारायण चौधरी का आरोप

जमुई विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की श्रेयसी राजद के शमशाद को 54,772 वोट से हराया, सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र से हम पार्टी के प्रफुल्ल मांझी ने राजद के उदयनारायण चौधरी को 23903 वोट से हराया, झाझा विधानसभा क्षेत्र से दामोदर रावत जदयू ने राजद के जय प्रकाश नारायण यादव को 4383 वोट से हराया. उक्त तीनों सीट एनडीए के खाते में गई. लेकिन चकाई विधायक क्षेत्र में राजद की सावित्री देवी ने जदयू के मंत्री सुमित सिंह को 12965 वोट से हरा दिया. उदयनारायण चौधरी ने आरोप लगाते हुए कहा कि सिकंदरा में 18-19 वें राउंड के बाद जिस तरह से गाडी का मीटर फीट कर दिया जाता है कि इतनी स्पीड के बाद गाडी नहीं बढेगी. उसी तरह रिजल्ट सुनाया जा रहा था. उस समय दो हजार से अधिक का अंतर नहीं आ रहा था. जब अंतिम राउंड के बाद बाइंड अप हो रहा था तो हमने कहा कि अंतिम क्षण ( अंतिम राउंड ) तक गिनती करवाइये और हमलोगों को रिजल्ट बताइये.

उदयनारायण चौधरी
उदयनारायण चौधरी (ETV Bharat)

6:09 PM, 15 Nov 2025 (IST)

बेलागंज से विजेता जदयू की मनोरमा देवी को मंत्री बनाए जाने की मांग

बेलागंज से जीत हासिल करने वाली जदयू की मनोरमा देवी को मंत्री बनाए जाने की मांग हो रही है. बेलागंज में 34 सालों के राजद के गढ़ को जदयू ने पूरी तरह से ध्वस्त किया. मनोरमा देवी ने सुरेंद्र प्रसाद यादव के पुत्र विश्वनाथ सिंह यादव को हराया. गया जिले के 10 विधानसभा सीटों में 3 सीट ' इमामगंज , बाराचट्टी , अतरी ' हम पार्टी ने जीत दर्ज की है. भाजपा ने भी अपनी तीनों सीटों ' गया टाउन, वजीरगंज और गुरुआ ' सीट जीत दर्ज कर ली है. एक सीट शेरघाटी पर लोजपा आर का कब्जा हुआ है. राजद ने टिकारी और बोधगया सीट पर जीत दर्ज की है. बेलागंज में मनोरमा देवी की जीत हुई. जदयू नेता इकबाल हुसैन ने कहा कि इनाम में मनोरमा देवी को मंत्री बनाना चाहिए.

प्रमाण पत्र लेतीं मनोरमा देवी
प्रमाण पत्र लेतीं मनोरमा देवी (ETV Bharat)

6:03 PM, 15 Nov 2025 (IST)

सीएम के लिए नीतीश कुमार के अलावा कोई ऑप्शन नहीं है- श्याम रजक

पटना के फुलवारी शरीफ से चुनाव जीतने वाले श्याम रजक ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से आशीर्वाद लिया. श्याम रजक पहले आरजेडी में थे, लेकिन जदयू में शामिल होने के बाद चुनाव लड़े. मुख्यमंत्री आवास पहुंचने पर श्याम रजक ने कहा कि बिहार में सीएम के लिए कोई दूसरा चेहरा नहीं है. बिहार में मुख्यमंत्री की वैकेंसी ही नहीं है. नीतीश कुमार के अलावा दूसरा कोई ऑप्शन नहीं है. इसलिए नीतीश कुमार ही एक बार फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे.

फुलवारी शरीफ से चुनाव जीतने वाले श्याम रजक (ETV Bharat)

6:02 PM, 15 Nov 2025 (IST)

श्रवण कुमार, महेश्वर हजारी सीएम से मिले

नालंदा से चुनाव जीतने वाले श्रवण कुमार मुख्यमंत्री से मिलकर आशीर्वाद लिए. समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर से चुनाव जीतने वाले महेश्वर हजारी ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की. जदयू के कई विधायक एक-एक कर मुख्यमंत्री आवास पहुंचते रहे.

5:59 PM, 15 Nov 2025 (IST)

नीतीश कुमार से मिले नव निर्वाचित विधायक

नव निर्वाचित विधायक सबसे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से आशीर्वाद ले रहे हैं. उपमुख्यमंत्री और तारापुर से चुनाव जीतने वाले सम्राट चौधरी कल ही मुख्यमंत्री आवास में जाकर नीतीश कुमार से आशीर्वाद ले चुके हैं. शनिवार की सुबह जदयू और बीजेपी के विधायक मुख्यमंत्री से मिले.

5:56 PM, 15 Nov 2025 (IST)

राजद का MY समीकरण धराशायी-चिराग

चिराग पासवान ने राजद के MY समीकरण पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस MY समीकरण की बात RJD करती थी वो धराशायी हो गया. तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए चिराग पासवान ने कहा कि महागठबंधन में सीएम की दावेदारी कर हो रहा था. एक उप मुख्यमंत्री का दावा कर रहे थे. उनके साथ क्या हुआ?

5:53 PM, 15 Nov 2025 (IST)

नीतीश से अनबन पर क्या बोले चिराग?

चिराग पासवान ने कहा कि 2024 में NDA ने हम पे भरोसा किया. एक सांसद वाली पार्टी को 5 सीटें दी गई. पूरे चुनाव में ये नैरेटिव सेट किया था कि नीतीश और चिराग में अनबन है. चिराग ने कहा 'हमने अपनी मेहनत के आधार पर चुनाव लड़ने का काम किया. हमारी पार्टी ने 100% के स्ट्राइक रेट से सभी सीटों पर जीत हासिल की. 2020 में ये नैरेटिव सेट किया गया की मैंने JDU को हराया अगर ये है तो फ़ायदा किसका हुआ?

5:51 PM, 15 Nov 2025 (IST)

सीएम नीतीश कुमार से मिले चिराग पासवान

चिराग पासवान ने सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात की. चिराग ने कहा कि आने वाले समय में गठबंधन की क्या रूप रेखा होगी उसपर भी चर्चा हुई. चिराग पासवान ने कहा की कार्यकर्ताओं ने परिश्रम से चुनाव लड़ने का काम किया जिसका नतीजा है कि हमारे 19 विधायक जीत के आए.

चिराग पासवान
चिराग पासवान (ETV Bharat)

5:46 PM, 15 Nov 2025 (IST)

राजू तिवारी ने बहुत ही बेहतरीन काम -चिराग पासवान

केंद्रीय मंत्री सह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने राजू तिवारी को विधायक दल के नेता चुने जाने की घोषणा की. चिराग पासवान ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर राजू तिवारी ने बहुत ही बेहतरीन काम किया है. अब पार्टी के विधायक दल के नेता के तौर पर उम्मीद की जा रही है कि वह सदन में पार्टी का और सरकार का मजबूती से पक्ष रखेंगे.

5:40 PM, 15 Nov 2025 (IST)

राजू तिवारी लोजपा रामविलास में विधायक दल के नेता

एनडीए की प्रचंड जीत के बाद शनिवार को लोजपा रामविलास के विधायक दल की बैठक हुई. इसमें चिराग पासवान शामिल हुए. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी विधायक दल के नेता बनाए गए. राजू तिवारी ने पूर्वी चंपाण के गोविंदगंज से जीत दर्ज की है. उन्होंने कांग्रेस से शशिभूषण राय उर्फ गप्पू राय को पराजित किया. राजू तिवारी को 96034 वोट और गप्पू राय को 63351 वोट मिले.

राजू तिवारी लोजपा रामविलास में विधायक दल के नेता
राजू तिवारी लोजपा रामविलास में विधायक दल के नेता (Raju Tiwari Social Media)