'नेता प्रतिपक्ष गायब हैं.. कहां हैं, विपक्ष के लोग बताएं', राजू तिवारी के बयान पर हंगामा

Published : February 16, 2026 at 11:04 AM IST
पटना: बिहार विधानसभा के बजट सत्र का आज दसवां दिन है. आज स्वास्थ्य विभाग के बजट पर चर्चा होगी. चर्चा के बाद सरकार के तरफ से स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे जवाब भी देंगे. दो दिनों की छुट्टी के बाद विपक्ष कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश करेगा.
LIVE FEED
राजू तिवारी के बयान पर हंगामा
स्वास्थ्य विभाग पर चर्चा के दौरान लोजपा रामविलास के राजू तिवारी के बयान पर हंगामा हुआ. राजू तिवारी ने कहा कि विपक्ष सदन को लेकर गंभीर नहीं है, जबकि एनडीए के लोग नीतीश कुमार के नेतृत्व में पूरी गंभीरता से सब चीज को ले रहे हैं. राजू तिवारी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष गायब हैं, नेता प्रतिपक्ष कहां हैं, विपक्ष के लोग बताएं. राजू तिवारी के बयान पर राजद सदस्यों ने जमकर हंगामा किया.
सदन की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित हो गई थी.
बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान जोरदार हंगामा देखने को मिल रहा है. 2 बजे तक कार्रवाई स्थगित होने के बाद एक बार फिर से सदन की कार्रवाही शुरू हो गई है. विपक्ष लगातार सत्तापक्ष को घेरने की रणनीति बना रहा है.
सदन की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित
हंगामा के बीच सदन की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित. शून्य काल में लोजपा रामविलास ने रामविलास को अपमानित करने का मामला उठाया. राजद और लेफ्ट के सदस्यों ने यूजीसी का मामला उठाया सदस्यों के हंगामे के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने सदन को स्थगित कर दिया.
बिहार में बढ़ता सुखा नशा
विधायक इंद्रजीत प्रसाद गुप्ता ने बिहार में सुखा नशे को लेकर सवाल पूछा. उन्होंने कहा कि 14 से 25 साल के बच्चे सुखा नशा ले रहे हैं. सरकार सुखा नशा रोकने के लिए कौन सी कार्रवाई कर रही है. गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने जवाब दिया कि सुखा नशे के खिलाफ सरकार कार्रवाई कर रही है. सीएम नीतीश कुमार के निर्देश के बाद नारकोटिक्स डिपार्टमेंट बनाया गया है, जिससे पूरी तरह कार्रवाई की जा रही है. बॉर्डर पर एक डीआईजी के प्रति नियुक्ति की जा रही है. सुखा नशा पर हर हालत में सरकार कार्रवाई करेगी.
पत्रकार पेंशन नियमावली 2015 का मामला
बिहार विधानसभा में उठा पत्रकार पेंशन नियमावली 2015 का मामला, मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा मिनिमम सेवा सत्र के अनुसार ही पेंशन दिया जाता है और कई राज्यों से अधिक पेंशन बिहार में दिया जा रहा है. लेफ्ट विधायक अजय कुमार ने कहा पीएफ और टीडीएस के आधार पर पेंशन राशि दे रही है. अभी केवल 75 पत्रकारों को ही पेंशन दिया जा रहा है, जबकि पत्रकारों की संख्या कहीं अधिक है. अधिकांश पत्रकारों के पास 20 साल का अनुभव नहीं है. सरकार कोई नई कमेटी बनाकर इस पर विचार करेगी. मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि किसी भी राज्य में जहां पेंशन दिया जा रहा है वहां सेवा सत्र की यही पद्धति अपनाई गई है.
श्याम रजक ने इथेनॉल प्लांट पर उठाया सवाल
बिहार विधान सभा में इथेनॉल प्लांट से इथेनॉल खरीदने का मामला जदयू विधायक श्याम रजक ने उठाया और कहा कि तुरंत प्लांट के बंद होने का खतरा हो गया है. श्याम रजक ने कहा कि जब दूसरे राज्यों में ज्यादा इथनॉल खरीदा जा रहा है तब बिहार का कोटा आधा कर दिया गया. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद गए थे बक्सर इथनॉल प्लांट बावजूद इसके समस्या आई है. इथनॉल फैक्ट्री बंद हो रही है जबकि मजदूर बेरोजगार हो रहे हैं. मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि एग्रीमेंट के तहत 1060 किलो लीटर प्रतिदिन इथनॉल उत्पादन होने का था, बाद में 1602 से ज्यादा का उत्पादन यहां होने लगा. 1060 किलो लीटर लेने की ही बाध्यता है बावजूद इसके लिए पत्र लिखा है.
तेजस्वी लगातार रह रहे हैं अनुपस्थित
विधानसभा की कार्यवाही में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव लगातार अनुपस्थित रह रहे हैं. ऐसे में विपक्ष कारगर ढंग से सरकार को नहीं घेर पा रहा है. तेजस्वी यादव आज सदन में आते हैं कि नहीं इस पर सभी की नजर रहेगी. ऐसे विपक्ष के तरफ से सरकार को कानून व्यवस्था, बेरोजगारी, किसान सहित कई मुद्दों पर घेरने की कोशिश लगातार हो रही है.
दूसरे हाफ में विभागीय बजट पर चर्चा
दूसरे हाफ में वित्तीय कार्ड पर चर्चा होगी जिसमें आज स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग, विधि विभाग, परिवहन विभाग, योजना एवं विकास विभाग के बजट को लेकर चर्चा के लिए सदन में प्रस्ताव लाया जाएगा. स्वास्थ्य विभाग के बजट पर चर्चा के बाद विभाग के मंत्री सरकार के तरफ से जवाब देंगे.
11 बजे से कार्यवाही शुरू
बिहार विधानसभा के बजट सत्र की कार्यवाही 11:00 से शुरू हो गई है. पहले प्रश्न काल में गृह विभाग, वित्त विभाग, वाणिज्य कर विभाग, मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग, सिविल विमानन विभाग, निगरानी विभाग, उद्योग विभाग, गन्ना उद्योग विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, आईटी विभाग, निर्वाचन विभाग और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रश्न सदस्य पूछेंगे और उसका उत्तर संबंधित विभाग के मंत्री देंगे. सवाल पूछने में सत्ता पक्ष के सदस्य भी पीछे नहीं है, लेकिन कानून व्यवस्था के मुद्दे पर विपक्षी सदस्य सरकार की मुश्किल बढ़ा सकते हैं. प्रश्नकाल के बाद शून्य काल में भी सदस्य महत्वपूर्ण विषयों को सरकार के संज्ञान में लाएंगे और उसके बाद ध्यान कर्षण में भी कई विभागों के प्रश्न सदस्य पूछेंगे, जिसका विस्तृत उत्तर सरकार की तरफ से दी जाएगी.

