ETV Bharat / state

RJD MLA कुमार सर्वजीत बोले- मैं माफी मांगने के लिए तैयार हूं पर मेरी एक शर्त है

Bihar Assembly Budget Session 2026
बिहार विधानसभा बजट सत्र (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 18, 2026 at 11:03 AM IST

|

Updated : February 18, 2026 at 2:04 PM IST

Choose ETV Bharat

पटना: बिहार विधानसभा में बुधवार को ग्रामीण कार्य विभाग के बजट पर चर्चा हुई. कई विभागों के प्रश्नों का संबंधित मंत्री ने जवाब दिया. वहीं, विपक्ष की ओर से आज भी सरकार को कई मुद्दों पर घेरने की कोशिश हुई. उधर, रामविलास पासवान को 'बेचारा' कहने के मामले में राजद से माफी मांगने को लेकर लोजपा रामविलास के विधायक आज भी आक्रोशित दिखे.

LIVE FEED

4:10 PM, 18 Feb 2026 (IST)

'मजाक का पात्र बना रहता था बिहार'

विधानसभा में मंत्री अशोक चौधरी ने विपक्ष पर निशाना साधा. कहा कि प्रचुर संसाधन होने के बावजूद एक समय बिहार मजाक का पात्र बना रहता था. बीजेपी के विधायक प्रमोद कुमार को लेकर अशोक चौधरी ने कहा कि विधायक तो बीजेपी के हैं लेकिन बोल रहे थे विरोधी दल की तरह. अशोक चौधरी ने कहा कि 2005 से पहले हम शर्मशार होते थे जब गड्ढे में सड़क है या सड़क में गड्ढा था.

4:10 PM, 18 Feb 2026 (IST)

ग्लोबल टेंडर पर घमासान

आईआईपी के इंद्रजीत गुप्ता ने कहा कि ग्लोबल टेंडर होने से छोटे ठेकेदार बेरोजगार हो रहे हैं. इससे पलायन बढ़ रहा है. इसलिए इसको ध्यान देने की जरूरत है. विपक्ष के कई सदस्यों ने भी ग्लोबल टेंडर को लेकर अपनी नाराजगी जताई.

4:09 PM, 18 Feb 2026 (IST)

कुमार सर्वजीत ने रखी शर्त

लोजपा (आर) के राजू तिवारी ने कहा कि हमारे नेता रामविलास पासवान के खिलाफ जिस प्रकार के शब्दों का प्रयोग किया है, उसके लिए आरजेडी के लोग माफी मांगें. राजू तिवारी ने कहा ना तो इन्हें अल्पसंख्यक से कोई लेना देना है ना दलितों से. कुमार सर्वजीत के टोकने पर राजू तिवारी ने कहा कि आपके पिताजी की हत्या किसके शासनकाल में हुई थी. बार-बार माफी मांगने की बात कहने पर राजद के कुमार सर्वजीत ने कहा कि हम माफी मांगने के लिए तैयार हैं, यदि ये लोग विधानसभा परिसर में रामविलास पासवान की एक आदम कद मूर्ति लगा दें.

3:09 PM, 18 Feb 2026 (IST)

ग्रामीण कार्य विभाग के बजट पर चर्चा

आज विधानसभा में ग्रामीण कार्य विभाग के बजट पर चर्चा हुई. इस दौरान बीजेपी विधायक प्रमोद कुमार ने अपने ही सरकार को घेरते हुए कहा कि ग्लोबल टेंडर लागू किए जाने से छोटे ठेकेदार धूल फांक रहे हैं. काम भी समय पर पूरा नहीं हो रहा है. उन्होंने कहा कि जिन्होंने ग्लोबल टेंडर लिया, वे पेटी कॉन्ट्रैक्टर को ढूंढ रहे हैं. लापरवाही पर कार्रवाई होनी चाहिए.

2:03 PM, 18 Feb 2026 (IST)

विधानसभा की कार्यवाही फिर से शुरू

विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो गयी है. ग्रामीण कार्य विभाग के बजट पर चर्चा हो रही है.

12:46 PM, 18 Feb 2026 (IST)

अशोक चौधरी और राजद विधान पार्षद सुनील सिंह के बीच झड़प

विधान परिषद में मंत्री अशोक चौधरी और राजद विधान पार्षद सुनील सिंह के बीच झड़प हो गयी. राजद विधान पार्षद सुनील सिंह ने मंत्री अशोक चौधरी को नकली डिग्री वाला बताया अशोक चौधरी ने कहा अगर मेरी डिग्री को नकली साबित कर देगा तो सदन से इस्तीफा दे दुंगा. नहीं तो सुनील सिंह इस्तीफा करें.

12:31 PM, 18 Feb 2026 (IST)

हल्ला करने से क्या होगा, संख्या बल होनी चाहिए- मंत्री अशोक चौधरी

मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि विपक्ष आरक्षण पर गुमराह कर रहा है. लोकतंत्र में जनता का विश्वास होता है, लेकिन जनता का विश्वास खो दिया है. संख्या बल होनी चाहिए, जब संख्या बल नहीं है तो हल्ला करने से क्या होगा? विपक्ष की ओर से राजद सदस्यों ने 85% आरक्षण को लेकर कार्यस्थगन दिया था, जो अस्वीकृत हो गया.

12:21 PM, 18 Feb 2026 (IST)

'प्रवासी मजदूरों के शव को घर तक पहुंचाइये'

विधान परिषद की कारवाई शुरू हो गयी है. सदन में अल्पसूचित प्रश्न पर चर्चा हो रही है. प्रवासी मजदूरों के कार्यस्थल पर निधन के बाद डेडबॉडी को पैतृक घर तक पहुंचाने के मुद्दे पर सदन में हंगामा हुआ. AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने कहा कि राज्य के बाहर अथवा विदेश में कार्य करने वाले असंगठित क्षेत्र के प्रवासी श्रमिकों की दुर्घटना के फलस्वरूप मृत्यु की दशा में पार्थिव शरीर को उनके पैतृक आवास तक पहुंचाने पर हुए व्यय का वहन राज्य सरकार द्वारा किया जाता है. स्वाभाविक मृत्यु की दशा में मृत प्रवासी श्रमिकों के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक आवास तक पहुंचाने का कोई प्रावधान विभाग स्तर पर नहीं है. अख़्तरुल ईमान ने कहा कि विधायकों की सैलरी रोक दीजिए लेकिन मजदूरों को घर तक पहुंचाइए.

इस पर राजद के विधायकों ने कहा की वोट लेने के लिए ट्रेन चलाइयेगा, लेकिन मजदूरों की डेडबॉडी को घर तक नहीं पहुंचाइयेगा. विवाद बढ़ता देख सम्राट चौधरी ने कहा कि भविष्य में इस पर विचार करेगी. सरकार इससे इनकार कब कर रही है. इसके बाद राजद के विधायक कुमार सर्वजीत ने पूछा अभी तक सरकार ने कितने लोगों को इस योजना का लाभ दिया है. 2025-26 में 258546 रुपये इस मद में खर्च किया गया है.

12:19 PM, 18 Feb 2026 (IST)

विपक्षी सदस्यों ने सदन का बहिष्कार किया

राजद और लेफ्ट के सदस्यों का विधानसभा में हंगामा. 65% आरक्षण को लेकर हंगामा किया. वेल में पहुंचकर कर नारेबाजी की. विपक्षी सदस्यों ने सदन का बहिष्कार किया और सरकार पर आरक्षण विरोधी होने के आरोप लगाये.

12:10 PM, 18 Feb 2026 (IST)

2013 से पानी की समस्या का नहीं हुआ समाधान- ज्योति देवी

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की समधन और बाराचट्टी से विधायक ज्योति देवी ने सवाल पूछा. बाराचट्टी में सिंचाई योजना को लेकर सवाल किया. जिसका मंत्री विजय कुमार चौधरी ने जवाब दिया. हालांकि ज्योति देवी ने कहा कि वे जवाब से संतुष्ट नहीं है. मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि जवाब से संतुष्ट नहीं है तो सरकार ने वैकल्पिक योजना बनाई है. विजय कुमार चौधरी ने कहा कि जहां पानी ले जाना है, बाराचट्टी में वह जगह ऊंची है. लिहाजा नहर के जरिए पानी नहीं ले जाया जा सकता है. पानी अपलिफ्ट कर पाइप के जरिए पहुंचाने की योजना है. ज्योति देवी ने कहा कि 2013 से सवाल उठा रहे हैं, कुछ नहीं हुआ. ज्योति देवी ने कहा कि उनका क्षेत्र पठारी और बरसात आधारित खेती वाला क्षेत्र है.

11:58 AM, 18 Feb 2026 (IST)

'प्रवासी मजदूरों के शव को घर तक पहुंचाइये'

प्रवासी मजदूरों के कार्यस्थल पर निधन के बाद डेडबॉडी को पैतृक घर तक पहुंचाने के मुद्दे पर सदन में हंगामा. AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने कहा कि राज्य के बाहर अथवा विदेश में कार्य करने वाले असंगठित क्षेत्र के प्रवासी श्रमिकों की दुर्घटना के फलस्वरूप मृत्यु की दशा में पार्थिव शरीर को उनके पैतृक आवास तक पहुंचाने पर हुए व्यय का वहन राज्य सरकार द्वारा किया जाता है. स्वाभाविक मृत्यु की दशा में मृत प्रवासी श्रमिकों के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक आवास तक पहुंचाने का कोई प्रावधान विभाग स्तर पर नहीं है. अख़्तरुल ईमान ने कहा कि विधायकों की सैलरी रोक दीजिए लेकिन मजदूरों को घर तक पहुंचाइए.

इस पर राजद के विधायकों ने कहा की वोट लेने के लिए ट्रेन चलाइयेगा, लेकिन मजदूरों की डेडबॉडी को घर तक नहीं पहुंचाइयेगा.

विवाद बढ़ता देख सम्राट चौधरी ने कहा कि भविष्य में इस पर विचार करेगी. सरकार इससे इनकार कब कर रही है.

इसके बाद राजद के विधायक कुमार सर्वजीत ने पूछा अभी तक सरकार ने कितने लोगों को इस योजना का लाभ दिया है.

11:14 AM, 18 Feb 2026 (IST)

विधानसभा में प्रश्न काल शुरू

विधानसभा में प्रश्न काल शुरू हो गया है. ग्रामीण कार्य विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, जल संसाधन विभाग, लघु जल संसाधन विभाग, पथ निर्माण विभाग, भवन निर्माण विभाग और श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग से प्रश्न पूछे जाएंगे.

11:08 AM, 18 Feb 2026 (IST)

65% आरक्षण के मुद्दे पर राजद और लेफ्ट का प्रदर्शन

बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो गयी है. सदन शुरू होते ही 65% आरक्षण के मुद्दे पर राजद और लेफ्ट के विधायकों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है.

11:07 AM, 18 Feb 2026 (IST)

पटना में रहने के बाद भी नहीं आ रहे हैं तेजस्वी

विधानसभा की कार्यवाही में लगातार नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अनुपस्थित रह रहे हैं. पटना में रहने के बावजूद विधानसभा की कार्यवाही में भाग नहीं ले रहे हैं. हालांकि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की अनुपस्थिति में भी विपक्ष की ओर से सरकार को कई मुद्दों पर घेरने की कोशिश हो रही है. कानून व्यवस्था, किसान, बेरोजगारी, आरक्षण और बिहार के पिछड़ेपन जैसे मुद्दों पर विपक्ष हंगामा कर सकता है.

11:06 AM, 18 Feb 2026 (IST)

दूसरे हाफ के बाद वित्तीय कार्य होंगे

दूसरे हाफ़ में भोजन अवकाश के बाद वित्तीय कार्य होगा. आज ग्रामीण कार्य विभाग, सहकारिता विभाग, पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, गन्ना उद्योग विभाग और डेयरी संसाधन विभाग के अनुदान मांगों पर चर्चा होगी. जिसमें ग्रामीण कार्य विभाग के बजट पर चर्चा के बाद सरकार के तरफ से उत्तर होगा. मंत्री अशोक चौधरी सवाल का जवाब देंगे. विधानसभा से सरकार ग्रामीण कार्य विभाग का बजट पास करायेगी.साथ ही विधानसभा की विभिन्न समितियां की तरफ से सदन पटल पर प्रतिवेदन भी रखा जाएगा.

11:05 AM, 18 Feb 2026 (IST)

11:00 से विधानसभा की कार्यवाही शुरू होगी

11 से विधानसभा की कार्यवाही शुरू होगी. प्रश्न काल में सदस्य कई विभागों के प्रश्न पूछेंगे. ग्रामीण कार्य विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, जल संसाधन विभाग, लघु जल संसाधन विभाग, पथ निर्माण विभाग, भवन निर्माण विभाग और श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग शामिल हैं. उसके बाद ध्यान कर्षण में पीएचडी, नगर विकास एवं आवास विभाग और स्वास्थ्य विभाग से संबंधित प्रश्न भी लाया जाएगा, जिसका उत्तर संबंधित विभाग के मंत्री विस्तृत रूप से देंगे. ध्यानाकषर्ण में सभी प्रश्न सत्ता पक्ष के सदस्यों के तरफ से ही उत्तर के लिए दिया गया है.

Last Updated : February 18, 2026 at 2:04 PM IST