ETV Bharat / state

बिहार विनियोग विधेयक पास, विधानसभा की कार्यवाही मंगलवार 11 बजे तक के लिए स्थगित

Bihar Assembly
बिहार विधानसभा बजट सत्र (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 23, 2026 at 11:20 AM IST

|

Updated : February 23, 2026 at 11:58 AM IST

Choose ETV Bharat

पटना: आज बिहार विधानसभा की कार्यवाही का 15वां दिन है. सदन की कार्यवाही शुरू होते ही आज बिहार में बढ़ते अपराध पर हंगामा हुआ. विपक्ष की ओर से आरजेडी ने पटना डबल मर्डर के मुद्दे पर सरकार से सवाल पूछा. विधायक फंड बढ़ाने के लिए पक्ष और विपक्ष ने एक सुर में आवाज उठाई. वहीं, विनियोग विधेयक 2026 पास हो गया है.

LIVE FEED

2:58 PM, 23 Feb 2026 (IST)

विनियोग विधेयक 2026 पारित

353000 करोड़ का बिहार विनियोग विधेयक-2026 बिहार विधानसभा में पास हो गया है. वित्त मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा, 'विधायक फंड बढ़ाना चाहते हैं तो उसमें साथ दिखाते हैं लेकिन बजट में साथ नहीं है. कथनी और करनी में अंतर है. 25 पर आ गए हैं अब तो शांत रहिए. असल में जब वित्त मंत्री विजेंद्र यादव बोल रहे थे, तब विपक्ष की तरफ से विधायक फंड बढ़ाने की मांग हुई थी. मंत्री ने कहा कि महिलाों को जब 10 हजार रुपये दिए जा रहे थे, उस समय कह रहे थे खजाना खाली हो जाएगा.

2:12 PM, 23 Feb 2026 (IST)

राबड़ी देवी ने लॉ एंड ऑर्डर पर सरकार को घेरा

पूर्व मुख्यमंत्री रावड़ी देवी ने बिहार में कानून व्यवस्था पर बड़ा बयान दिया है. कहा कि बिहार में रोज-रोज मर्डर हो रहा है, जंगलराज में उस तरह नहीं होता था, राम राज में इस तरह होता है.

1:08 PM, 23 Feb 2026 (IST)

पक्ष और विपक्ष विधायक फंड मामले पर एक साथ

विधानसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी विधायकों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया. विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा कि सांसदों का जब फंड बढ़ेगा तो विधायकों का बढ़ाया जाएगा लेकिन सदस्य नहीं माने. खड़ा होकर सरकार से विधायक फंड बढ़ाने की मांग करने लगे. सत्ता पक्ष और विपक्ष इस मामले पर एक साथ है.

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मंत्री इस पर विचार करेंगे लेकिन इस पर भी सदस्य नहीं मान रहे. कई सदस्यों ने कहा कि मुख्यमंत्री क्षेत्रीय विकास योजना के तहत दूसरे राज्यों में जो राशि दी जाती है वह 5 करोड़ से अधिक है. सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों ने खड़ा होकर विरोध किया. उपमुख्यमंत्री विजय सिंहा ने कहा कि मुख्यमंत्री के संज्ञान में देंगे लेकिन इसके बावजूद सदस्य नहीं माने. बिहार में मुख्यमंत्री क्षेत्रीय विकास योजना के तहत विधायकों को अभी हर साल 4 करोड़ रुपए अनुशंसा के लिए मिलता है.

1:08 PM, 23 Feb 2026 (IST)

विधायक फंड दोगुना किया जाए

विधानसभा में विधायक फंड 4 करोड़ से बढ़ाकर 8 करोड़ करने का मामला उठा. बीजेपी के विधायक प्रमोद कुमार ने सरकार से इसे बढ़ाने की मांग की. योजना विकास मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि अभी सरकार के पास कोई प्रस्ताव नहीं है

इस पर बीजेपी के विधायक नीरज कुमार बबलू ने कहा कि विजेंद्र प्रसाद यादव सबसे पुराने विधायक हैं, वह लगातार मंत्री रहे हैं, उन्हें विधायकों की समस्या नहीं पता है. जब मजदूरी सहित सभी तरह के खर्च बढ़ गए हैं. सरकार का बजट भी बढ़ रहा है तो विधायक का फंड बढ़ाने में क्या दिक्कत है?

1:08 PM, 23 Feb 2026 (IST)

जहरीली शराब पर सरकार जवाब दे- RJD

बिहार विधानसभा में जहरीली शराब से हो रही मौत का मामला राजद विधायक रणविजय साहू ने कार्य स्थगन के माध्यम से सदन में उठाया. कहा कि 2016 से अब तक बिहार में 300 से अधिक मौतें हो चुकी हैं. सरकार को सदन में इस पर चर्चा करनी चाहिए और जवाब देनी चाहिए.

12:08 PM, 23 Feb 2026 (IST)

सदन में मठ मंदिरों के घेराबंदी पर हंगामा

बिहार में बिना धार्मिक न्यास परिषद से निबंध मठ मंदिरों के घेराबंदी और चार दिवारी निर्माण का सवाल सदन में उठा. पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने सरकार से सवाल पूछा. उन्होंने मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना से मठ मंदिरों के चार दिवारी और घेराबंदी के निर्माण करने की मांग की. इस पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि, बिना धार्मिक न्यास बोर्ड में निबंधित मठ मंदिरों की घेराबंदी का सरकारी तौर पर नहीं किया जा सकता है. बीजेपी के इंजीनियर सुनील कुमार ने पूछा, जब कब्रिस्तानों की घेराबंदी हो सकती है तो मठ मंदिरों की घेराबंदी निर्माण क्यों नहीं?. कब्रिस्तान के घेराबंदी के कारण बिहार शरीफ के गगन दीवान में रांची रोड सड़क अवरुद्ध हो गया है. अल्पसंख्यकों के कब्रिस्तान के घेराबंदी की जाती है लेकिन बहुसंख्यक के लिए मंदिरों की घेराबंदी के लिए धार्मिक न्यास बोर्ड के निबंधित होने अनिवार्य क्यों?. कब्रिस्तान की चर्चा करने पर भाई वीरेंद्र ने आपत्ति जताई

12:08 PM, 23 Feb 2026 (IST)

एक भी एथेनॉल प्लांट बंद नहीं होंगे- बिहार सरकार

बिहार विधानसभा में एक सवाल के जवाब में एक बार फिर से दिलीप जायसवाल ने कहा कि, बिहार में एक भी एथेनॉल प्लांट बंद नहीं होगा.

12:07 PM, 23 Feb 2026 (IST)

लड्डू, रसगुल्ला, लाय.. GI टैग का मामला सदन में गूंजा

बिहार विधानसभा में बाढ़ के प्रसिद्ध मिठाई खोबी लाई के जी आई टैग का मामला उठा. बाढ़ के विधायक सियाराम सिंह ने बाढ़ के खोबी लाई को GI टैग दिलाने को लेकर सदन में सवाल पूछा. जवाब में उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल की तरफ से देने के बाद अध्यक्ष प्रेम कुमार ने गया जी के तिलकुट को GI टैग देने की मांग की. इसके बाद डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने बड़हिया के रसगुला की भी चर्चा की. इस पर उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि आपने कभी रसगुल्ला खिलाया नहीं है. इस पर सदन में जोरदार ठहाका लगा. जिसके बाद हर इलाके के सदस्य अपने-अपने इलाके की मिठाई को टैग देने की मांग करने लगे. राजद के भाई वीरेंद्र ने कहा कि मनेर का लड्डू को भी जी आई टैग मिले. जवाब में मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि, हर इलाके के विधायक अपने इलाके की मिठाई का नाम बता दें. GI टैग दिलाने का काम किया जायेगा. इस पर विजय कुमार सिन्हा ने कहा एक दिन, सब का प्रदर्शनी भी लगा दिया जाए. विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि, ठीक है इसकी व्यवस्था की जाएगी.

11:56 AM, 23 Feb 2026 (IST)

सदन में पटना डबल मर्डर का जिक्र

बिहार विधानसभा में आज बार फिर बढ़ते अपराध पर हंगामा देखने को मिला. सदन में दो भाइयों की हत्या का मामला उठा. विपक्ष की ओर से आरजेडी ने पटना डबल मर्डर का जिक्र किया और इस मुद्दे पर नीतीश सरकार से जवाब मांगा.

11:56 AM, 23 Feb 2026 (IST)

सदन में उठा कमजोर EWS अभ्यर्थियों का मुद्दा

भाजपा विधायक देवेश कांत सिंह ने कहा कि, बिहार सरकार के सरकारी सेवाओं और प्रतियोगिता परीक्षाओं में आर्थिक रूप से कमजोर ईडब्ल्यूएस के अभ्यर्थियों को अनारक्षित वर्गों के समान अधिकतम आयु सीमा में छूट देने की मांग की. उन्होंने कहा कि, सवर्ण आयोग ने भी 37 वर्ष से बढ़ाकर 40 करने की अनुशंसा की है. मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि फिलहाल इस तरीके का कोई नियम नहीं है .किसी दूसरे राज्य में भी कोई छूट नहीं दी गई है.

11:55 AM, 23 Feb 2026 (IST)

बच्चों का अत्यधिक मोबाइल देखना चिंताजनक

सिकटा विधायक ने कहा कि, डब्लूएचओ के आंकड़े के अनुसार बच्चों का स्क्रीन टाइम बढ़ गया है, यह आने वाली पीढ़ी और भविष्य के लिए बहुत बड़ा खतरा है. ऑनलाइन गेम्स बच्चों के विकसित होते दिमाग को नष्ट कर रहा है, बच्चों में काग्रता कम और आक्रामकता बढ़ रही है. इस पर मंत्री श्रेयसी सिंह ने जवाब दिया. उन्होंने कहा कि, बच्चों द्वारा अत्यधिक मोबाइल का उपयोग चिंताजनक है. इस मामले से संबंधित राष्ट्रीय संस्थान के रिपोर्ट का इंतजार है. इसमें कई विभागों का समन्वय होना है. उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि, पॉलिसी बनाना है, इसे बनाकर जनता को समर्पित करेंगे.

11:54 AM, 23 Feb 2026 (IST)

आईपी गुप्ता सम्राट चौधरी के जवाब से प्रभावित

आईआईपी इंद्रजीत गुप्ता गृह मंत्री सम्राट चौधरी के जवाब से काफी प्रभावित हैं और विधानसभा में इसकी जमकर तारीख की. आईपी गुप्ता ने कहा, पहली बार जवाब इतना शानदार मिला है कि पूरक सवाल खोज पाए. इंद्रजीत गुप्ता ने राज में फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री को लेकर सवाल किया था. 14 करोड़ की आबादी वाले बिहार में प्रत्येक जिला में कम से कम एक फोरेंसिक साइंस लैबोरेट्री नहीं होने से पुलिस को सटीक अपराधिक रिपोर्ट बनाने में परेशानी होती है और इसके कारण अपरादिख घटनाओं की रिपोर्ट आने में काफी देर लगता है. सरकार की ओर से कहा गया कि पर सरकार गंभीरता से काम कर रही है.

11:51 AM, 23 Feb 2026 (IST)

छात्रों के शिक्षा ऋण का मामला

विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने छात्रों को शिक्षा ऋण का मामला सदन में उठाया. उन्होंने कहा कि, शिक्षा ऋण नहीं मिलने से 5 हजार विद्यार्थियों के नाम कटने का खतरा मंडरा रहा है. राज्य के 5254 छात्र छात्राओं के बैंक खाते में स्वीकृत डीबीटी राशि अंतरित नहीं होने से समस्या आ गई है. इस पर मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि छात्रों का ऋण दिया जा रहा है, कोई समस्या नहीं है.

11:18 AM, 23 Feb 2026 (IST)

विपक्ष की ओर से सरकार को घेरने की कोशिश

विपक्ष की ओर से कानून व्यवस्था के मुद्दे पर लगातार सरकार पर फेल होने का आरोप लगाया जा रहा है. इस पर विपक्ष प्रदर्शन भी कर रहा है . ऐसे में विपक्ष की ओर से इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश आज भी होगी. इसके अलावे किसान बेरोजगारी यूजीसी जैसे मुद्दे पर अभी विपक्ष के तरफ से लगातार प्रदर्शन किया जा रहा है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव शुक्रवार को विधानसभा की कार्यवाही में कुछ देर के लिए ही आए थे उसके बाद मीडिया से बात कर निकल गये कानून व्यवस्था पर सरकार पर कई तरह के आरोप लगाने के बावजूद गृह विभाग के बजट पर चर्चा में शामिल नहीं हुए. ऐसे में आज आते हैं या नही इस पर भी नजर रहेगी.

11:16 AM, 23 Feb 2026 (IST)

विधायक फंड 8 करोड़ करने के सवाल पर सरकार का होगा उत्तर

विधायक फंड की राशि 4 करोड़ से बढाकर 8 करोड़ करने की मांग सत्ता पक्ष और विपक्ष की तरफ से हुई है. पिछले दिनों इसका उत्तर नहीं हो पाया था. बिजेंद्र प्रसाद यादव के सदन में नहीं रहने के कारण ध्यानाकषर्ण प्रश्न का उत्तर प्रभारी मंत्री के तौर पर ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने दिया था लेकिन उत्तर से सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्य सन्तुष्ट नहीं हुये. तब विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने प्रश्न को स्थगित कर दिया था. बिजेंद्र प्रसाद यादव उसका उत्तर देंगे. विधायक फंड बढ़ाने की मांग पर सत्ता पक्ष और विपक्ष एक साथ दिख रहा है. ऐसे में सरकार का रुख क्या होता है यह भी देखना दिलचस्प होगा.

11:15 AM, 23 Feb 2026 (IST)

11 बजे से शुरू हुई कार्यवाही

विधानसभा की कार्यवाही 11:00 से शुरू हो गई है. प्रश्न काल में गृह विभाग, वाणिज्य कर विभाग, वित्त विभाग, मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग, सिविल विमानन विभाग, निगरानी विभाग, गन्ना उद्योग विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, आई टी विभाग, निर्वाचन विभाग और उद्योग विभाग से संबंधित प्रश्न सदस्य पूछेंगे और उसका उत्तर संबंधित विभाग के मंत्री या प्रभारी मंत्री देंगे. ध्यानाकषर्ण में कृषि विभाग, योजना एवं विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग और उद्योग विभाग से संबंधित प्रश्न का विस्तृत उत्तर होगा.

Last Updated : February 23, 2026 at 11:58 AM IST