सीएम नायब सैनी ने दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई, यमुनानगर में राज्यपाल असीम कुमार घोष ने किया ध्वजारोहण

Published : August 15, 2026 at 7:17 AM IST
चंडीगढ़: आज 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है. हरियाणा के मुख्यमंत्री ने हांसी में तिरंगा फहराया. वहीं राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष यमुनानगर में ध्वजारोहण किया. बिजली और परिवहन मंत्री अनिल विज ने अपने गृह जिले अंबाला में ही झंडा फहराया. खास बात ये है कि कांग्रेस से बागी हुए पांच विधायकों की भी स्वतंत्रता दिवस समारोहों में ड्यूटी लगाई गई. फतेहाबाद के रतिया में जरनैल सिंह, हथीन में मोहम्मद इसराइल, पुन्हाना में मोहम्मद इलियास, नारायणगढ़ में शैली चौधरी और बिलासपुर में रेणु बाला मौजूद रहीं. स्वतंत्रता दिवस पर हरियाणा पुलिस के 11 अधिकारियों-जवानों को मेडल देकर सम्मानित किया गया.
LIVE FEED
कुरुक्षेत्र के शहीद संजीव कुमार 19 साल की उम्र में देश के लिए शहीद हुए
कुरुक्षेत्र के शहीद की शौर्यगाथा: 15 अगस्त यानी हमारा स्वतंत्रता दिवस. यह दिन देश भर में बड़े ही धूमधाम, तिरंगे की आन और देशभक्ति के गीतों के साथ मनाया जाता है। लेकिन इस आजादी का जश्न मनाते समय हमें उन वीर सपूतों को कभी नहीं भूलना चाहिए, जिन्होंने देश की सरहदों की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी है. आजादी पाने से लेकर आजादी को कायम रखने तक, हमारे जवानों का त्याग अतुलनीय रहा है. ऐसे ही एक महान बलिदानी थे कुरुक्षेत्र के गांव कौलापुर के रहने वाले सिपाही संजीव कुमार, जिन्होंने 1999 के कारगिल युद्ध में मातृभूमि की रक्षा करते हुए मात्र 19 वर्ष की आयु में वीरगति प्राप्त की.
अदम्य साहस और सेना में जाने का जुनून: वर्ष 1980 में जन्मे संजीव कुमार का बचपन से ही भारतीय सेना में जाने का सपना था। वे देश सेवा के रंग में इस कदर रंगे थे कि दो बार सेना के शारीरिक मापदंडों में असफल होने के बावजूद उन्होंने कभी हिम्मत नहीं हारी. उनकी अटूट लगन का ही परिणाम था कि 24 फरवरी 1998 को उनका चयन भारतीय सेना की प्रतिष्ठित '8वीं सिख रेजीमेंट' में हुआ. ट्रेनिंग पूरी होने के कुछ ही समय बाद देश पर कारगिल युद्ध का संकट आ खड़ा हुआ. युद्ध शुरू होने से महज एक महीने पहले ही संजीव छुट्टी लेकर गांव आए हुए थे. घर में खुशियों का माहौल था और परिजन उनकी शादी की बात सोच रहे थे, लेकिन जैसे ही युद्ध की घोषणा हुई, संजीव शादी और निजी जीवन की खुशियों को दरकिनार कर तुरंत अपनी ड्यूटी पर मोर्चे के लिए रवाना हो गए.
द्रास सेक्टर में 4 दुश्मनों को उतारा मौत के घाट: संजीव के पिता रणजीत सिंह ने बताया कि "कारगिल युद्ध के दौरान संजीव कुमार की तैनाती बेहद दुर्गम और चुनौतीपूर्ण द्रास सेक्टर में हुई. लड़ाई के मैदान में 19 साल के इस नौजवान ने जिस वीरता का परिचय दिया, उसकी मिसाल आज भी दी जाती है. अत्यधिक गोलीबारी के बीच संजीव ने अदम्य साहस दिखाते हुए अकेले ही चार दुश्मन सैनिकों को मौत के घाट उतार दिया. जब वे इस मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल हो गए, तब भी उनका हौसला नहीं टूटा और उन्होंने घायल होते हुए एक और पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया. अंतिम सांस तक देश के लिए लड़ते हुए संजीव कुमार वीरगति को प्राप्त हो गए."

अंबाला में कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने झंडा फहराया
80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अंबाला में केबिनेट मंत्री अनिल विज ने फराया तिरंगा झंडा. बारिश भी देश भक्ति को कम नहीं कर पाई. इस मौके पर केबिनेट मंत्री अनिल विज ने प्रेड की सलामी भी ली.
यमुनानगर में राज्यपाल असीम कुमार घोष ने किया ध्वजारोहण
यमुनानगर: जगाधरी नई अनाज मंडी में हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष ने किया ध्वजारोहण. राज्यपाल असीम कुमार घोष ने परेड की सलामी ली. स्वतंत्रता दिवस समारोह में देशभक्ति के रंग में रंगा जगाधरी. परेड में जवानों और स्कूली बच्चों ने शानदार अनुशासन दिखाया. समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए देशभक्ति की झलक दिखी. ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान से पूरा समारोह स्थल गूंजा. स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद. शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को किया गया नमन.
हांसी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फहराया तिरंगा
हरियाणा के हांसी में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजकीय महाविद्यालय में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया. इसके बाद उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं. इस दौरान स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत ‘वंदे मातरम’ गीत की शानदार प्रस्तुति भी दी.
चरखी दादरी में राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने फहराया झंडा
चरखी दादरी में राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने झंडा फहराया. दादरी में धूमधाम से मनाया जा रहा आजादी का पर्व. नई अनाज मंडी में आयोजित किया गया भव्य समारोह. ध्वजारोहण से पहले रोजगार में स्थित शाहिद सम्मानित पर शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किया.
रेवाड़ी में कैबिनेट मंत्री राजेश नागर ने किया ध्वजारोहण
रेवाड़ी में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर ने किया ध्वजारोहण. मुख्य अतिथि ने परेड का भी निरीक्षण किया. यह कार्यक्रम रेवाड़ी शहर की नई अनाज मंडी में किया गया.
सीएम सैनी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस की दी शुभकामनाएं
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा "80वें स्वतंत्रता दिवस की समस्त देशवासियों हार्दिक शुभकामनाएं. आज का दिन उन अमर वीरों को नमन करने का अवसर है, जिन्होंने अपने साहस, त्याग और बलिदान से भारत को स्वतंत्रता का अमूल्य उपहार दिया। स्वतंत्रता केवल एक तिथि नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों के संघर्ष, स्वाभिमान और संकल्प का प्रतीक है। आइए, इस पावन अवसर पर हम सभी राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देने का संकल्प लें। जय हिंद!"
चंडीगढ़ में 37 लोगों को मिलेगा प्रशंसा प्रमाण पत्र
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर चंडीगढ़ प्रशासन शहर में बेहतर काम करने वाले सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ नागरिकों और स्वयंसेवकों को भी सम्मानित करेगा. प्रशासन ने इस बार कुल 37 लोगों को प्रशंसा प्रमाण पत्र देने का फैसला किया है. गृह विभाग की ओर से 14 अगस्त को जारी आदेश के मुताबिक, इन लोगों ने अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय और सराहनीय काम किया है. इनमें सरकारी अधिकारी और कर्मचारी, स्वयंसेवक तथा अलग-अलग क्षेत्रों में योगदान देने वाले नागरिक शामिल हैं. इन सभी को 15 अगस्त को सेक्टर-17 में होने वाले राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान प्रशंसा प्रमाण पत्र दिए जाएंगे. प्रशासन की ओर से समारोह में सम्मानित होने वाले लोगों के लिए अलग से बैठने की व्यवस्था करने और उन्हें निमंत्रण पत्र भेजने के निर्देश भी जारी किए गए हैं.


