'शिक्षकों को सरकारी कर्मचारियों की तरह ही वेतन वृद्धि का लाभ मिलेगा' विधानसभा में बोले शिक्षा मंत्री

Published : February 17, 2026 at 11:30 AM IST
|Updated : February 17, 2026 at 1:31 PM IST
पटना: बिहार विधानसभा के बजट सत्र में आज ग्रामीण विकास विभाग के बजट पर चर्चा होगी और फिर सरकार के तरफ से मंत्री श्रवण कुमार जवाब देंगे. शिक्षा सहित एक दर्जन विभागों के प्रश्नों का उत्तर भी होगा. विपक्ष की ओर से आज भी कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी है. रामविलास को बेचारा कहने का मामला आज भी तूल पकड़ सकता है.
LIVE FEED
अंत्येष्टि का मामला विधानसभा में गूंजा
ध्यानाकर्षण में एलजेपी रामविलास के राजू तिवारी ने उठाया मामला. अंत्येष्टि को लेकर ग्रामीण क्षेत्र में समस्या है. लकड़ी नहीं मिल रहा है. दाह संस्कार में समस्या आ रही है, बहुत ही परेशानी है. उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि सभी नगर निकाय में विद्युत संविदागिरी समूल सिद्धांत का निर्माण किया जाएगा. 264 नगर निकायों में प्रस्तावित है. इसमें से 41 नगर निकाय में कार्य हो रहा है. 11 नगर निकाय में काम पूरा हो गया है. ग्रामीण क्षेत्र में भी ऐसी विद्युत शवदाह गृह करने की व्यवस्था होगी. पंचायती राज मंत्री ने कहा कि पंचायत स्तर पर इसकी व्यवस्था करवाई जा सकती है. 15वें वित्त आयोग के फंड से विधायक इसका निर्माण करवा सकते हैं. विधायक राजू तिवारी ने कहा कि इतनी राशि से यह संभव नहीं है. विभाग से एक गाइड लाइन बना दें जिससे यह काम हो सके. मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि आगे कोशिश रहेगी और इसे देखा जाएगा. प्रदूषण रोकथाम के लिए कई उपाय हैं, लेकिन प्रदूषण रोकथाम के लिए लकड़ी से अंत्येष्टि न हो इससे सहमत नहीं है. जदयू विधायक शीला मंडल शीला मंडल ने कहा लकड़ी की कमी के कारण ग्रामीण इलाकों में गौईठा से अंत्येष्टि हो रही है इसलिए बिजली से व्यवस्था हो जाएगी तो अच्छा होगा. उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यह आवश्यक और जरूरी विषय है. राज्यभर में प्रमुख शवदाह गृह चिन्हित कर सरकार इसे देखेगी और विचार करेगी.
शिक्षा मंत्री ने जांच का दिया आश्वासन
अस्थावां के विधायक जितेंद्र कुमार ने प्रश्नकाल में उठाया मुद्दा. वित्तीय वर्ष 2023-24 की योजना को 2025 में वित्तीय नियमावली का उल्लंघन कर नालंदा जिला में डेस्क बेंच खरीदने संबंधी एक खास एजेंसी को लाभ पहुंचाने से संबंधित मामला उठाया. कहा जांच के बाद उपविकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को इसे देखने और प्रपत्र क गठित करने का आदेश दिया था. भ्रष्ट डीईओ को पटना प्रमंडल का आरडीडीई बना दिया गया. शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि इसकी जांच कराई जाएगी.
शुभम कुमार को विधानसभा से बधाई
शुभम कुमार को विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने बधाई दी. शुभम कुमार ने जेईई मेन परीक्षा में बिहार का नाम रोशन किया है. संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी ने प्रेम कुमार से कहा आपको भी बधाई. शुभम गया के रहने वाले हैं और गया से ही प्रेम कुमार विधायक हैं.
बिहार में विशिष्ट शिक्षक के लिए बड़ी खबर
विधानसभा में राजद विधायक राहुल कुमार के सवाल पर शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि सरकारी शिक्षकों को सरकारी कर्मचारियों के तरह ही वेतन वृद्धि का लाभ मिलेगा. राहुल कुमार ने 266000 नियोजित शिक्षकों के सक्षमता परीक्षा उत्तीर्ण होने पर विशिष्ट शिक्षक का दर्जा मिलने के बाद वेतन वृद्धि का मामला उठाया था.
रामविलास को बेचारा कहने का मामला तूल पकड़ा
विधानसभा में राजद सदस्यों की ओर से रामविलास को बेचारा कहने का मामला सोमवार को खूब तूल पकड़ा था. लोजपा रामविलास के सदस्यों ने जमकर नारेबाजी की और राजद सदस्यों से माफी मांगने की मांग की. हालांकि राजद के सदस्यों ने भी उसके विरोध में नारेबाजी की. एक समय सदन के अंदर दोनों आमने-सामने दिख रहे थे. ऐसे में यह मुद्दा आज भी उठ सकता है. लोजपा माफी मांगने की मांग पर प्रदर्शन कर सकता है. वहीं कानून व्यवस्था, यूजीसी जैसे कई मुद्दों पर विपक्ष की ओर से हंगामा होने के आसार हैं. सबकी नजर इस पर भी रहेगी कि आज नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव विधानसभा की कार्यवाही में शामिल होते हैं या नहीं, क्योंकि पिछले कई दिनों से तेजस्वी सदन में नहीं आ रहे हैं.
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना पर घेरने की तैयारी
विपक्षी सदस्यों द्वारा मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 10000 रुपये बांटे जाने के बाद 200000 रुपये देने को लेकर जो सरकार ने वादा किया है उस पर घेरने की कोशिश भी होगी. ऐसे बिहार सरकार की ओर से अब तक 1 करोड़ 81 लाख से अधिक महिलाओं को दस-दस हजार की राशि दी जा चुकी है. रोजगार करने वाली महिलाओं को 200000 रुपये तक की राशि देने के लिए कैबिनेट से स्वीकृति ली जा चुकी है.
दूसरे हाफ में वित्तीय कार्य
दूसरे हाफ में वित्तीय कार्य होगा जिसमें ग्रामीण विकास विभाग, मद्य निषेध एवं उत्पाद एवं निबंधन विभाग, वित्त विभाग, वाणिज्य कर विभाग, ऊर्जा विभाग के बजट कुछ चर्चा के लिए सदन में लाया जाएगा. इसमें से ग्रामीण विकास विभाग के बजट पर चर्चा और फिर मंत्री श्रवण कुमार सरकार के तरफ से जवाब देंगे.
11 बजे से शुरू हुई कार्यवाही
विधानसभा की कार्यवाही 11 बजे से शुरू हो गई है. प्रश्न काल में एक दर्जन से अधिक विभागों के प्रश्नों का उत्तर होगा जिसमें शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन विभाग, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, समाज कल्याण विभाग, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, परिवहन विभाग, साइंस एंड टेक्नोलॉजी विभाग और अन्य विभाग से संबंधित सदस्य प्रश्न पूछेंगे और विभागीय मंत्री उसका जवाब देंगे.

